लखनऊ, मथुरा
मथुरा से भाजपा की सांसद और फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी ने लोगों से कोरोना को हराने के लिए घर में रोज हवन करने की अपील की है। दरअसल, हेमा मालिनी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। शुक्रवार को जारी इस वीडियो में सांसद हेमा मालिनी हवन से कोरोना को हराने का संदेश दे रही हैं। वह कह रही हैं कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सभी ब्रजवासी घरों में रहकर पूरे परिवार के साथ हवन करें।
वीडियो में क्या कह रही हैं भाजपा सांसद
हेमा ने कहा कि, ‘प्राचीन काल से ही भारत मे हवन करने की प्रथा को लाभदायक एवं नकारात्मक शक्तियों को शुद्ध करने का सही उपाय माना गया हैं। आज पूरा विश्व महामारी और पर्यावरण के संकट को झेल रहा हैं, ऐसे में केवल पर्यावरण दिवस पर ही नहीं, बल्कि जब तक इस महामारी का अंत न हो जाए तब तक हर दिन हवन करें।’
संघ ने बनाई है हवन की योजना
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) ने 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर घर-घर में हवन की योजना बनाई है। इसी को लेकर मथुरा में एक ऑनलाइन समन्वय बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक में संघ के पदाधिकारियों के साथ मथुरा की सांसद हेमा मालिनी भी मुंबई से जुड़ी थीं। इस मौके पर सांसद ने वीडियो संदेश जारी किया। इसमें हेमा मालिनी ने विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर हर घर में हवन करने की अपील की।
सांसद प्रतिनिधि ने किया सांसद के बयान का बचाव इस मामले को लेकर दैनिक भास्कर ने सांसद हेमा मालिनी से बात करने की कोशिश की। सांसद से बात तो नहीं हो पाई, लेकिन उनके प्रतिनिधि ने अपने सांसद का बचाव करते हुए कहा कि 5 जून के विश्व पर्यावरण दिवस को लेकर सांसद ने लोगों को हवन करने के लिए जागरुक किया है।
इस वक्त देश में कोरोना महामारी चल रही है। हवन करने से वातावरण शुद्ध होता है। लिहाजा बचाव के लिए हवन किया जाना चाहिए। सांसद ने लोगों से मास्क लगाने और दो गज दूरी के मंत्र को भी फॉलो करने का अनुरोध किया है।

