बांग्लादेश ने जीत के साथ एशिया कप 2025 में अपने अभियान का आगाज किया है। टूर्नामेंट के तीसरे मैच में अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम पर बांग्लादेश का सामना हांगकांग से हुआ। इस मैच में लिटन दास की टीम ने 7 विकेट से अपने नाम किया।
अबू धाबी: बांग्लादेश ने जीत के साथ एशिया कप 2025 में अपने अभियान का आगाज किया है। टूर्नामेंट के तीसरे मैच में अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम पर बांग्लादेश का सामना हांगकांग से हुआ। इस मैच में लिटन दास की टीम ने 7 विकेट से अपने नाम किया। पहले बैटिंग करते हुए हांगकांग ने 7 विकेट पर 143 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश ने 18वें ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस हार से हांगकांग के सुपर-4 में जाने की उम्मीद लगभग खत्म हो गई है।
हांगकांग के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल पाए
नए कप्तान लिटन दास के साथ उतरी बांग्लादेश ने पहले गेंदबाजी करते हुए पावरप्ले में ही दबाव बना दिया था। स्पिनर मेहदी हसन ने पहला ओवर डाला लेकिन तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद और तंजीम हसन साकिब ने हांगकांग के शीर्षक्रम को सबसे ज्यादा परेशान किया। नयी गेंद से सीम और स्विंग दोनों मिल रही थी जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया। तस्कीन ने अंशुमान रथ (चार) को अपने पहले ओवर में विकेट के पीछे लपकवाया जबकि तंजीम ने बाबर हयात (14) को आउट किया । इससे पहले हयात ने उन्हें स्ट्रेट छक्का जड़ा था ।
पावरप्ले में हांगकांग का स्कोर दो विकेट पर 34 रन था। सलामी बल्लेबाज जीशान अली (34 गेंद में 30 रन ) ने कुछ अच्छे स्ट्रोक्स लगाये जिसमें लेग स्पिनर रिशाद हुसैन को एक्स्ट्रा कवर पर जड़ा छक्का शामिल है। उन्हें मुस्तफिजुर रहमान ने 12वें ओवर में आउट किया। हांगकांग के कप्तान यासिम मुर्तजा ने 19 गेंद में 28 रन बनाये। उनकी इस पारी की मदद से ही हांगकांग टीम 140 रन के पार जा सकी।
कप्तान लिटन दास ने फिफ्टी ठोकी
बांग्लादेश के लिए कप्तान लिटन दास ने अर्धशतकीय पारी खेली। यह पिछली चार पारियों में उनकी तीसरी फिफ्टी है। लिटन ने 39 गेंद पर 59 रनों की पारी खेली। उन्होंने 6 चौके और एक छक्का लगाया। जीत से दो रन पहले वह बोल्ड हो गए। इससे पहले बांग्लादेश के दोनों ओपनर बड़ी पारी नहीं खेल पाए। परवेज हुसैन इमोन 19 जबकि तंजिद हसन तमीम 14 रन बनाकर आउट हो गए। 47 रनों पर दो विकेट गिरने के बाद लिटन दास ने तौहिद ह्रदोय के साथ तीसरे विकेट के लिए 95 रन जोड़े। तौहीद ने 35 रनों की नाबाद पारी खेली।

