Site icon अग्नि आलोक

हिमाचल प्रदेश में भारी भूस्खलन, 6 लोगों की मौत

Share

शिमला हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मणिकर्ण में गुरुद्वारा के पास बड़ा भूस्खलन हो गया। इस घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। राहत और बचाव कार्य जारी है। अधिकारी मलबा हटा रहे हैं और जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं। भारी बारिश के कारण भूस्खलन होने का संदेह है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भूस्खलन के दौरान पहाड़ी से तेज रफ्तार में सरकता मलबा नीचे आ गिरा और एक पेड़ से टकरा गया। झटके के साथ पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर पड़ा, जिसके नीचे कई लोग बैठे हुए थे। इस हादसे में एक रेहड़ी संचालक सहित छह लोगों की जान चली गई। इनमें से दो लोग एक सूमो कार में सवार थे, जबकि तीन अन्य पर्यटक थे जो मौके पर ही दब गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुल्लू के एडीएम अश्वनी कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Exit mobile version