देश की आर्थिक चाल कैसी है, इस बारे में आज अहम आंकड़ा आएगा
Ramswaroop Mantri
Share
देश की आर्थिक चाल कैसी है, इस बारे में आज अहम आंकड़ा आएगा। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) तीसरी तिमाही के लिए नवीनतम जीडीपी डेटा जारी करेगा। मंगलवार को ही बिहार विधानसभा में राज्य का बजट पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी बजट पेश करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बजट के बाद के वेबिनार (विषय: अनलीशिंग द पोटेंशियल: ईज ऑफ लिविंग यूजिंग टेक्नोलॉजी)को संबोधित करेंगे। वहीं, डेनमार्क के क्राउन प्रिंस फ्रेडरिक और क्राउन प्रिंसेस मैरी आज शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात करेंगे।
अफगानिस्तान और तजाकिस्तान में भूकंप के झटकेअफगानिस्तान और तजाकिस्तान में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। नैशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, अफगानिस्तान में भूकंप की तीव्रता 4.1 रही जबकि तजाकिस्तान में रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.3 आंकी गई।
सुप्रीम कोर्ट में होगी अंतरिक्ष सोसायटी केस की सुनवाईगाजियाबाद: एनएच-9 के अंतरिक्ष सोसायटी के बिल्डर और बायर्स के विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई होनी है। अंतरिक्ष संस्कृति परियोजना के पीड़ित खरीदार ने बताया कि राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग की तरफ से बायर्स के पक्ष में जो फैसला सुनाया गया है, उसके खिलाफ बिल्डर ने सुप्रीम कोर्ट में कैवियट दायर किया है। इस कैवियट के विरोध में बायर्स ने भी अपना पक्ष रखा है। आयोग ने बायर्स के पक्ष में यह फैसला दिया है कि तीन महीने के भीतर 9 फीसदी ब्याज के साथ बिल्डर बायर्स को पैसा वापस करें। यदि ऐसा नहीं करता है तो 12 फीसदी ब्याज के साथ पैसा वापस करना होगा।
अफवाहों को लेकर CBSE ने किया सावधानसेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने बोर्ड एग्जामिनेशन को लेकर पेपर लीक की अफवाहों से लोगों को सावधान किया है। सोमवार को बोर्ड ने पब्लिक अलर्ट जारी कर कहा है कि सीबीएसई को पता चला है कि कुछ असामाजिक तत्व नियमित रूप से पेपर लीक होने की अफवाह यूट्यूब, फेसबुक, ट्विटर और बाकी सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर फैला रहे हैं। वे 2023 एग्जामिनेशन के क्वेश्चन पेपर होने का दावा कर रहे हैं। सीबीएसई लगातार दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल को सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म का इस्तेमाल कर फर्जी समाचार प्रसारित करने में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए सूचित कर रहा है। बोर्ड ने कहा कि ये व्यक्ति, समूह और एजेंसियां स्टूडेंट्स और अभिभावकों को लूटने का इरादा रखते हैं और बदले में पैसे की मांग कर रहे हैं।
उमेश पाल हत्याकांड का एक आरोपी मुठभेड़ में ढेरउमेश पाल हत्याकांड के एक आरोपी अरबाज को पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ में मार गिराया। DCP नवेंदु कुमार ने बताया कि प्रयागराज के नेहरू पार्क के जंगल में दोपहर करीब तीन बजे पुलिस की अरबाज से मुठभेड़ हुई। अरबाज के साथ और दो-तीन लोग थे जो मौके से भाग गए। उन्होंने बताया कि उमेश पाल पर हमले के लिए हमलावरों ने जिस कार का इस्तेमाल किया था, अरबाज उस कार का ड्राइवर था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। बता दें शुक्रवार को विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और उनके सुरक्षाकर्मी संदीप निषाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पवन खेड़ा को मिली राहत 3 मार्च तक जारी रहेगीपीएम नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा की अंतरिम राहत सुप्रीम कोर्ट ने तीन मार्च तक के लिए बढ़ा दी है। मामले में असम पुलिस की सूचना पर 23 फरवरी को नई दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से पवनखेड़ा को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी उस वक्त हुई थी जब वह कांग्रेस अधिवेशन में भाग लेने छत्तीसगढ़ जाने वाले थे। जिसके बाद पवन खेड़ा ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत दी थी। असम और यूपी की तरफ से कहा गया कि प्रदेश की पुलिस मामले में अपना जवाब दाखिल करना चाहती हैं। बता दें मामले में पवन खेड़ा के खिलाफ यूपी और असम में तीन केस दर्ज किए गए हैं। अगली सुनवाई 3 मार्च को होगी।
प्रचंड के सबसे बड़े सहयोगी ने छोड़ा साथनेपाल की दो महीने पुरानी प्रचंड सरकार को बड़ा झटका लगा है। सत्ताधारी गठबंधन के सबसे बड़े दल, के.पी. शर्मा ओली की पार्टी सीपीएन-यूएमएल ने पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ की अगुआई वाली सरकार से सोमवार को समर्थन वापस लेने का फैसला किया। इस सियासी घटनाक्रम के बीच प्रधानमंत्री प्रचंड ने 3 मार्च का कतर का अपना दौरा रद्द कर दिया है। (पीटीआई)
विस्तारा के विलय के बाद भी एयरलाइन का नाम एयर इंडिया ही होगा: सीईओ
टाटा समूह की विमानन कंपनी एयर इंडिया के प्रमुख कैंपबेल विल्सन ने कहा कि विस्तारा एयरलाइन का विलय होने के बाद भी एयरलाइन को एयर इंडिया के नाम से ही जाना जाएगा। विल्सन ने मीडिया के साथ एक वर्चुअल संवाद में कहा कि समूह की योजना एक पूर्ण-सेवा एयरलाइन और एक किफायती सेवा एयरलाइन बनाने की है। इस योजना के तहत एयर इंडिया और विस्तार को मिलाकर पूर्ण-सेवा एयरलाइन बनाई जाएगी। पिछले साल जनवरी में सरकार से एयर इंडिया का नियंत्रण अपने हाथ में लेने के बाद से ही टाटा समूह इसके फिर से गठन की कोशिशों में लगा है। इसी कड़ी में विस्तारा का विलय एयर इंडिया के साथ करने जबकि एयरएशिया इंडिया का विलय एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ किया जा रहा है। (पीटीआई)