इंदौर
इंदौर की 66 ग्राम पंचायतों में वोटिंग चल रही है। 3 बजे तक का निर्धारित समय खत्म होने के बाद भी मतदान केंद्रों पर लोगों की कतार लगी हुईं हैं।
– इंदौर की 66 ग्राम पंचायतों में दोपहर 1 बजे तक 53.63 प्रतिशत मतदान। 1,51577 मतदाताओं में से 81289 वोटर्स ने किया मतदान। इनमें 41663 महिलाएं और 39626 पुरुष शामिल हैं।
– इंदौर जनपद में सुबह 11 बजे तक 46065 मतदाता वोट डाल चुके हैं।
– इंदौर के 303 मतदान केंद्रों सुबह 9 बजे तक 12 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। इसमें 10 हजार 254 पुरुष और 8 हजार 536 महिलाएं वोट डाल चुकी हैं।
इस बार गांव की सरकार चुनने के लिए 6.72 लाख वोटर्स जिला और जनपद सदस्य, सरपंच तथा पंच पदों के 4962 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान के लिए जिले में 1217 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 212 संवेदनशील एवं 70 अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र हैं। इन केन्द्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। मतदान के लिए अलग-अलग रंगों के मतपत्र रहेंगे।
इंदौर जनपद में महिलाएं वोट डालने के लिए बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही हैं।
मत पेटी में डाले जाएंगे मतपत्र
वोटिंग के लिए पंच, सरपंच, जनपद और जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए अलग-अलग रंग के मतपत्र रहेंगे। मतदाता अपने मतपत्र मतांकन के पश्चात मत पेटी में डालेंगे। मतदाता को पंच, सरपंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य पदों के चुनाव के लिए चार मतपत्र दिए जाएंगे। पंच पद के लिए सफेद, सरपंच के लिए नीला, जनपद सदस्य के लिऐ पीला और जिला पंचायत सदस्य के लिये गुलाबी रंग के मतपत्र दिये जाएंगे। मतदाता को पंच व सरपंच के दो मतपत्र एक साथ दिए जाएंगे, जिन पर सर्कल-1 में मतांकन के बाद मतपत्र मतपेटी में डाले जाएंगे।

