Site icon अग्नि आलोक

आज के ताजा समाचार:अमेरिका में मोदी बोले- लोकतंत्र भारत के DNA में:बिहार में विपक्षी दलों की बैठक आज; भारत में बनेंगे फाइटर जेट के इंजन

Share

कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी संयुक्त राज्य अमेरिका की यात्रा के बाद दिल्ली पहुंचे।रात 12.15 बजे होगा अमेरिका की संसद में PM मोदी का संबोधन,पटना में आज बिहार की राजधानी पटना में 20 विपक्षी पार्टियों की बैठक है। इस बैठक को सीएम नीतीश कुमार ने बुलाया है।, बिहार पहुंचने लगे नेता,मणिपुर हिंसा पर चर्चा के लिए गृहमंत्री अमित शाह ने 24 जून को बुलाई सर्वदलीय बैठक

 PM मोदी ने व्हाइट हाउस में कहा कि लोकतंत्र भारत के DNA में है और हम इसे जीते हैं। इधर, बिहार में आज लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर विपक्षी दलों की बैठक होगी।

आज के प्रमुख इवेंट्स,

अमेरिकी पत्रकार ने मानवाधिकार पर सवाल किया, PM मोदी बोले- भारत में किसी तरह का भेदभाव नहीं

व्हाइट हाउस में पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मीडिया के सवालों के जवाब दिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इसके बाद अमेरिकी पत्रकार ने PM से मानवाधिकार को लेकर सवाल किया। इस पर PM मोदी ने कहा कि लोकतंत्र भारत के DNA में है। भारत में किसी भी तरह का भेदभाव नहीं किया जाता। इससे पहले व्हाइट हाउस में PM मोदी का राजकीय स्वागत हुआ। यहां उन्हें रेड कार्पेट वेलकम दिया गया। उन्हें अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन ने रिसीव किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देर रात अमेरिका के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय चर्चा की। इसके दोनों ने साझा बयान जारी किया और प्रेस के सवालों के जवाब दिए। पीएम मोदी ने भारत में मानवाधिकारों के उल्लंघन पर उठाए गए एक सवाल के जवाब में कहा- लोकतंत्र भारत के DNA में है, भारत में किसी आधार पर भेदभाव नहीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि भारत नासा के आर्टेमिस अकॉर्ड का हिस्सा बनेगा। इसके तहत 2024 में भारतीय अंतरिक्ष यात्री को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में भेजा जाएगा। एयर इंडिया अमेरिका से 200 बोइंग विमान खरीदेगा। इस दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर और नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर भी उनके साथ मौजूद रहे। देर रात PM मोदी अमेरिकी संसद को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ द्विपक्षीय चर्चा करते हुए।

PM मोदी को मिला रेड कार्पेट वेलकम
इससे पहले PM मोदी को व्हाइट हाउस में रेड कार्पेट वेलकम दिया गया। उन्हें अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन ने रिसीव किया। इसके बाद बाइडेन ने स्वागत भाषण दिया। इस दौरान वहां मौजूद भारतीय मूल के लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए।

वहीं, बाइडेन के स्वागत भाषण के जवाब में PM मोदी ने कहा- व्हाइट हाउस में हुआ शानदार स्वागत समारोह एक तरह से भारत के 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान और गौरव है। अमेरिका में रहने वाले 4 मिलियन से अधिक भारतीय लोगों का भी सम्मान है।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन के साथ व्हाइट हाउस की बालकनी में आकर लोगों का अभिनंदन स्वीकार करते हुए PM मोदी।

व्हाइट हाउस पहुंचने के बाद PM मोदी को रिसीव करते हुए जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन।

बाइडेन के स्वागत भाषण पर PM बोले– ‘मैं 30 साल पहले साधारण नागरिक के तौर पर अमेरिका आया था। तब व्हाइट हाउस को सिर्फ बाहर से देखा था। यह पहली बार है जब व्हाइट हाउस के दरवाजे इतनी बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकियों के लिए खोले गए हैं’।

उन्होंने अमेरिका में रह रहे भारतीयों को दोनों देशों के बीच की अहम कड़ी बताया। प्रधानमंत्री ने कहा- आज हम जो फैसले करेंगे वो हमारे भविष्य के लिए अहम होंगे। मैं आज दूसरी बार अमेरिकी संसद को संबोधित करूंगा। मैं उम्मीद करता हूं भारत का तिरंगा और अमेरिका के तारे एक साथ नई ऊंचाइयों को छूएंगे।

व्हाइट हाउस पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति जो बाइडेन ।

बाइडेन ने कहा- भारत और अमेरिका का रिश्ता 21वीं सदी में सबसे अहम
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा- प्रधानमंत्री आपका फिर से स्वागत है। मैंने हमेशा विश्वास किया है कि संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच यह रिश्ता 21वीं सदी के सबसे अहम संबंधों में से एक है। आपके सहयोग से हमने स्वतंत्र, खुले, सुरक्षित और समृद्ध इंडो-पैसिफिक के लिए क्वाड को मजबूत किया है।

स्टेट विजिट पर व्हाइट हाउस पहुंचने के बाद कमला हैरिस और वहां मौजूद नेताओं से मिलते हुए पीएम मोदी।

PM मोदी के स्वागत के लिए व्हाइट हाउस पहुंचीं उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन।

व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में PM मोदी के स्वागत के लिए खड़े भारतीय मूल के लोग।

अमेरिकी संसद में पीएम मोदी के भाषण के बायकॉट की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी संसद के जॉइंट सेशन को दूसरी बार संबोधित करेंगे। इससे पहले दो अमेरिकी सांसदों ने उनके भाषण के बायकॉट की अपील की है। दोनों मुस्लिम महिला सांसद बाइडेन की ही डेमोक्रेटिक पार्टी से हैं।

पहली सांसद इल्हान उमर हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है- ‘प्रधानमंत्री मोदी की सरकार अल्पसंख्यकों का दमन करती है और हिंसक हिंदू राष्ट्रवादी समूहों को प्रोत्साहित करती है। मोदी सरकार ने पत्रकारों, मानवाधिकारों और वकीलों को निशाना बनाया है, इसलिए मैं मोदी के भाषण में शामिल नहीं रहूंगी।

वहीं, रशीदा तलीब ने लिखा, ‘यह बहुत ही शर्मनाक है कि नरेंद्र मोदी को हमारे देश में बोलने के लिए मंच दिया गया है। मोदी के कार्यकाल में मानवाधिकारों का हनन, मुसलमानों और धार्मिक अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने का लंबा रिकॉर्ड रहा है। मैं संसद में मोदी के संबोधन का बहिष्कार करूंगीं।”

ये खबर अहम क्यों है: PM मोदी का ये दौरा दोनों देशों के बीच व्यापार संबंधों को लेकर बेहद अहम है। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार आज रिकॉर्ड 130 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। अमेरिका, भारत का सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर बन गया है। दोनों देशों के बीच बाइलैट्रल ट्रेड 2022-23 में 7.65% बढ़कर 128 बिलियन डॉलर हो गया। वहीं, चीन के साथ कारोबार 1.5% घटकर 113.83 बिलियन डॉलर हो गया है।

भारत में ही बनेंगे हमारे लड़ाकू विमानों के इंजन, GE और HAL के बीच समझौता हुआ

अमेरिका की GE एयरोस्पेस और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के बीच फाइटर प्लेन के F414 इंजन बनाने का समझौता हो गया है। इसके तहत अब भारतीय लड़ाकू विमानों के इंजन भारत में ही बनेंगे। पहले GE इन्हें सप्लाई करती थी।

न्यूज एजेंसी ANI ने व्हाइट हाउस के हवाले से जानकारी दी है कि राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रधानमंत्री मोदी के साझा बयान में भारत को हथियारबंद ड्रोन बेचे जाने का ऐलान होगा।

GE तेजस लड़ाकू विमान के लिए F404 इंजन की सप्लाई करती है। 83 तेजस विमानों में इस इंजन का इस्तेमाल हो रहा है।

डील से भारत के Mk2 प्रोग्राम को होगा फायदा
GE ने बताया है कि डील से दोनों देशों को इकोनॉमिक और सुरक्षा से जुड़े फायदे होंगे। GE और HAL के बीच हुई डील भारतीय एयरफोर्स के हल्के लड़ाकू विमान बनाने के प्रोग्राम Mk2 में अहम भुमिका निभाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे पर भारत और अमेरिकी कंपनियों के बीच कई समझौते होंगे।

इसके अलावा भारत में एलन मस्क ने भी टेस्ला की फैक्ट्री लगाने की बात कही है। कल प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मस्क ने कहा था कि वे इस साल के आखिर तक भारत में टेस्ला फैक्ट्री के लिए लोकेशन फाइनल कर लेंगे। उन्होंने स्टारलिंक को भी भारत लाने की उम्मीद जताई। इससे भारत के दूरदराज के गांवों तक इंटरनेट पहुंचाने में मदद मिल सकती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ही GE के CEO एच लॉरेंस कल्प जुनियर से मुलाकात की थी।

नासा के स्पेस प्रोग्राम आर्टेमिस अकॉर्ड से जुड़ेगा भारत
अमेरिका के एक सीनियर अधिकारी के मुताबिक भारत नासा के चांद पर जाने के लिए तैयार किए गए मिशन आर्टेमिस अकॉर्ड को साइन करेगा। इसकी घोषणा भी बाइडेन और पीएम मोदी कर सकते हैं। इसके अलावा माइक्रोन टेक्नोलॉजी और भारत नेशनल सेमीकंडक्टर मिशन मिलकर भारत में सेमीकंडक्टर बनाने के लिए 800 मिलियन डॉलर का निवेश करेंगे। भारत सरकार की तरफ से भी 2.75 बिलियन डॉलर की टेस्ट फैसिलिटी सेटअप की जाएगी।

बाइडेन ने मोदी के लिए प्राइवेट डिनर होस्ट किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका दौरे के दूसरे दिन बुधवार को रात करीब 9 बजे (अमेरिकी समय के मुताबिक) प्राइवेट डिनर के लिए व्हाइट हाउस पहुंचे। यहां राष्ट्रपति बाइडेन और फर्स्ट लेडी ने उनका स्वागत किया। डिनर में भारतीय NSA अजित डोभाल और अमेरिका के NSA जेक सुलिवन मौजूद थे। डिनर मेन्यू में बाइडेन का पसंदीदा पास्ता और आइसक्रीम शामिल थी।

PM मोदी ने उन्हें मैसूर के चंदन से बना एक खास बॉक्स गिफ्ट दिया, जिसे जयपुर के कारीगरों ने बनाया है। इस बॉक्स के अंदर भगवान गणेश की एक मूर्ति और एक दिये के साथ छोटी-छोटी डिब्बियों में 10 गिफ्ट्स हैं। ये सभी गिफ्ट्स भारतीय परंपरा के मुताबिक तय किए गए हैं।

दौरे के दूसरे दिन PM मोदी वॉशिंगटन पहुंचे; फ्लाइट लाइन सेरेमनी के साथ स्वागत, CEOs से मिले
अमेरिका दौरे के दूसरे दिन PM मोदी वॉशिंगटन पहुंचे। भारतीय समय के मुताबिक, बुधवार रात करीब 12:00 बजे जॉइंट बेस एंड्रयूज पर मोदी का स्वागत फ्लाइट लाइन सेरेमनी के साथ किया गया। इस दौरान अमेरिकी एयरफोर्स ने दोनों देशों के राष्ट्रगान की धुन बजाई। PM मोदी को अमेरिका के चीफ प्रोटोकॉल ऑफिसर रूफस गिफर्ड ने रिसीव किया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

वॉशिंगटन के जॉइंट बेस एंड्रयूज पर मोदी को फ्लाइट लाइन सेरेमनी दी गई। इस दौरान बारिश हो रही थी। इस पर PM ने कहा- इंद्रदेवता की कृपा से यह दौरा और विशेष हो गया है।

न्यूयॉर्क से वॉशिंगटन पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी के होटल के बाहर भारतीय मूल के लोगों ने उनका स्वागत किया।

मोदी से मिले अप्लाइड मटीरियल और माइक्रोन टेक्नोलॉजी के CEO

मोदी ने माइक्रोन टेक्नोलॉजी के अध्यक्ष-CEO संजय मेहरोत्रा से मुलाकात की। उन्होंने कंपनी को भारत में सेमीकंडक्टर्स मेन्यूफैक्चर करने के लिए इनवाइट किया।

मोदी ने अप्लाइड मटीरियल के CEO गैरी डिकर्सन से भी मुलाकात की। दोनों के बीच स्किल्ड वर्कफोर्स तैयार करने के लिए भारत में शैक्षणिक संस्थानों के साथ अप्लाइड मैटेरियल्स के सहयोग पर चर्चा हुई।

फर्स्ट लेडी के साथ नेशनल साइंस फाउंडेशन पहुंचे PM मोदी
इससे पहले भारतीय समय के मुताबिक, बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे, PM मोदी ने जिल बाइडेन के साथ अलेक्जेंड्रिया (वर्जीनिया) में नेशनल साइंस फाउंडेशन का भी दौरा किया। PM मोदी ने कहा- भारत और अमेरिका, दो ऐसे इन्क्लूसिव देश हैं जो सस्टेनेबल ग्रोथ का इंजन बनेंगे। इस दौरान अमेरिका में भारतीय राजदूत तरणजीत सिंह संधू और भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी भी मौजूद रहे।

PM मोदी ने अमेरिका और भारत के छात्रों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा- मुझे बेहद खुशी है कि यहां आते ही मुझे इतने युवा और क्रिएटिव लोगों से जुड़ने का मौका मिला। जिल बाइडेन ने इतना व्यस्त होने के बावजूद इस कार्यक्रम का आयोजन किया, मैं इसके लिए आभारी हूं। उनके साथ शामिल होना सम्मान की बात है।

तस्वीर वर्जीनिया में नेशनल साइंस फाउंडेशन की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन ने यहां भारतीय और अमेरिकी छात्रों को संबोधित किया।

नेशनल साइंस फाउंडेशन में PM मोदी के संबोधन की 4 बड़ी बातें…

व्हाइट हाउस ने कहा- मोदी-बाइडेन की मुलाकात दोनों देशों के बीच 10-15 साल की पार्टनरशिप की शुरुआत
अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (NSC) के स्ट्रैटजिक कम्युनिकेशन कॉर्डिनेटर और व्हाइट हाउस प्रवक्ता जॉन किर्बी ने राष्ट्रपति बाइडेन से PM मोदी की होने वाली द्विपक्षीय बैठक पर कहा कि अगले कुछ दिनों में दोनों नेता कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

यह मुलाकात दोनों देशों के बीच अगले 10 से 15 सालों की पार्टनरशिप को परिभाषित करने जा रही है। हम रक्षा सहयोग, साइबर, स्पेस, सप्लाई चेन और क्लाइमेट चेंज जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।. इससे भारत के साथ द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे। हमें इससे बहुत उम्मीदें हैं।

ये खबर अहम क्यों है: पूरी दुनिया में अभी तक सिर्फ चार देश अमेरिका, रूस, इंग्लैंड और फ्रांस में ही फाइटर जेट्स के इंजन बनते हैं। GE कंपनी अब इंजन बनाने का काम HAL को दे सकती है। टेक्नोलॉजी और डिजाइन भी शेयर कर सकती है। ऐसा होने से भारत में आसानी से फाइटर जेट्स के इंजन उपलब्ध होंगे।

लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर विपक्षी एकता के लिए बैठक आज,ममता ने पैर छूकर लालू से लिया आशीर्वाद:बिहार पहुंचे 4 राज्यों के सीएम, 1 पूर्व मुख्यमंत्री

पटना में ममता बनर्जी ने राबड़ी आवास पहुंचकर लालू यादव के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकता की बैठक आज बिहार में मुख्यमंत्री आवास में होगी। इसमें 2024 लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। मीटिंग में नीतीश कुमार के न्योते पर 7 राज्यों के मुख्यमंत्री और 6 पूर्व मुख्यमंत्री शामिल होंगे। माना जा रहा है कि मीटिंग में 15 विपक्षी पार्टियां शामिल होंगी।

पटना आने के बाद ममता बनर्जी राबड़ी आवास पहुंचीं। राबड़ी देवी ने बुके देकर उनका स्वागत किया। ममता बनर्जी ने लालू प्रसाद का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। मुलाकात के बाद वे पटना के सर्किट हाउस चली गईं।

माले राज्य कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने माले के राज्य सचिव दीपंकर भट्टाचार्य से मुलाकात की।

पटना पहुंचने से पहले AAP ने दिया था अल्टीमेटम

इससे पहले न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से गुरुवार को बताया कि AAP ने केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ कांग्रेस को साथ देने के लिए कहा है। पार्टी ने कहा कि अगर कांग्रेस हमारा साथ नहीं देती है तो हम विपक्ष की मीटिंग में शामिल नहीं होंगे।

वहीं, बुधवार को भी अरविंद केजरीवाल ने नीतीश कुमार समेत सभी पार्टियों को चिट्‌ठी लिखकर कहा था- मीटिंग में सबसे पहले केंद्र के अध्यादेश पर चर्चा होनी चाहिए। दिल्ली का अध्यादेश एक प्रयोग है, यह सफल हुआ तो केंद्र सरकार गैर भाजपा राज्यों के लिए ऐसे ही अध्यादेश लाकर राज्य सरकारों का अधिकार छीन लेगी।

महबूबा पहुंची बोधगया तो केजरीवाल ने गुरुद्वारे टेका मत्था

PDP सुप्रीमो महबूबा मुफ्ती गुरुवार सुबह 10:20 बजे पटना पहुंचीं। इसके बाद वे बोधगया चली गईं और महाबोधी मंदिर में पूजा अर्चना की। इधर, पटना पहुंचने के बाद अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान पटना सिटी के तख्त श्रीहरिमंदिर साहिब गुरुद्वारा पहुंचे और मत्था टेका और प्रार्थना की।इससे पहले भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और भाकपा महासचिव डी.राजा भी पटना पहुंचे।

ममता बोलीं- लालू अभी भी बहुत तगड़े, बीजेपी से अकेले लड़ सकते हैं
पटना आने के बाद ममता बनर्जी राबड़ी आवास पहुंचीं। राबड़ी देवी ने बुके देकर उनका स्वागत किया। ममता बनर्जी ने लालू प्रसाद का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। मुलाकात के बाद ममता ने कहा- मुझे बिहार में आकर बहुत अच्छा लगता है। हम लालू जी की बहुत इज्जत करते हैं। उनसे मिलकर मुझे बहुत अच्छा लगा। लालू जी देश के काफी सीनियर लीडर हैं। वे बहुत दिन जेल में थे। उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। उनसे बात कर लगा कि लालू जी अभी भी बहुत तगड़े हैं और बीजेपी के खिलाफ लड़ सकते हैं।

जब संसद में लालू ने कहा- सबसे ज्यादा भाव राबड़ी का है
ममता ने लालू यादव से जुड़े एक वाकये को याद करते हुए कहा- एक दिन लालू जी संसद में भाषण दे रहे थे। हम भी एमपी थे, तब प्याज-आलू का भाव बढ़ गया था। लालू जी बोल रहे थे, तब हमने पूछा-राबड़ी जी का भाव क्या है? लालू जी ने कहा कि सबसे ज्यादा भाव है राबड़ी जी का। बैठक के बारे में ममता बनर्जी ने कहा कि हम लोग इकट्ठा लड़ेंगे। वन इज टू वन लड़ेंगे।

ममता बनर्जी ने कहा कि हम लोग कलेक्टिव फैमिली की तरह लडे़ंगे। अभी हम कुछ नहीं कह सकते हैं। मीटिंग में जो नीति तैयार होगी, वह सब के लिए होगी। बाकी सवालों पर कहा कि कल मीटिंग में बात करेंगे। 23 जून की मीटिंग में शामिल होने के बाद ममता शाम 4 बजे कोलकाता के लिए रवाना हो जाएंगीं।

ये खबर अहम क्यों है: बिहार में विपक्षी एकता की बैठक का मकसद 2024 लोकसभा चुनाव में एक साथ मिलकर भाजपा को हराना है। बिहार के मंत्री विजय चौधरी ने स्पष्ट कर दिया है कि बैठक में सीट शेयरिंग और पीएम चेहरे के मुद्दे पर चर्चा नहीं होगी। ​​​​​​इससे पहले दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ कांग्रेस को साथ देने के लिए कहा था। उन्होंने कहा था कि अगर कांग्रेस हमारा साथ नहीं देती है तो इस मीटिंग में शामिल नहीं होंगे।

असम के 20 जिलों में बाढ़, 1 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित; बंगाल-बिहार में 11 लोगों की मौत

मौसम विभाग (IMD) ने MP समेत 8 राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई है। उधर, असम के 20 जिलों में आई बाढ़ से 108 गांव पूरी तरह से डूब चुके हैं। इससे 1 लाख 20 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा नलबाड़ी जिले में बाढ़ से 45 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल और बिहार में बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हुई है।

ये खबर अहम क्यों है: असम का कुल क्षेत्रफल 78,438 वर्ग किमी है, लेकिन इसका 40 फीसदी हिस्‍सा बाढ़ की चपेट में रहता है। बिजनेस इनसाइडर के मुताबिक, पहाड़‍ियों से आने वाले पानी की वजह से ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों का जलस्‍तर बढ़ता है। बाढ़ आने की ये सबसे बड़ी वजह है। ब्रह्मपुत्र से 49 सहायक नदियां जुड़ी हैं, जो हर साल तबाही लाती हैं।

भारतीय कोच ने पाकिस्तानी खिलाड़ी से फुटबॉल छीनी, रेफरी ने रेड कार्ड दिखाया

भारत की फुटबॉल टीम ने इस मुकाबले में पाकिस्तान को 4-0 से हरा दिया।

SAFF चैम्पियनशिप में भारत-पाकिस्तान के मैच में बुधवार देर रात झड़प हो गई। पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ी भारतीय टीम के हेड कोच और मैनेजर इगोर स्टीमाक से लड़ने पहुंच गए। हालात को मैच के रेफरी और भारतीय खिलाड़ियों ने बीच में आकर संभाला।

इस दौरान खेल करीब 4 मिनट तक रुका रहा। स्टीमाक को फील्ड से दूर ले जाया गया और रेफरी ने उन्हें रेड कार्ड दिखाया। स्टीमाक को अब भारत के अगले मैच में स्टेडियम से बाहर रहने की सजा दी गई है।

भारतीय टीम के हेड कोच और मैनेजर इगोर स्टीमाक ट्रैक सूट में। वे फोटो में ठीक बाएं खड़े हैं।

झड़प के दौरान मैच के रैफरी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को शांत कराया।

अब समझिए मैदान पर हुआ क्या…
बुधवार शाम 7:30 बजे बेंगलुरु के कांतीरावा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान की टीमें ग्रुप-ए का मुकाबला खेलने उतरी थीं। यहां हाफ टाइम के ठीक पहले 15 मिनट के अंदर ही भारत ने 2 गोल की बढ़त बना ली थी। 45वें मिनट में पाकिस्तानी खिलाड़ी हाफ लाइन से टीम इंडिया के गोल पोस्ट की ओर बॉल लेकर दौड़ा। भारतीय खिलाड़ी उसके सामने आया और बॉल खिलाड़ी से लगकर आउट-लाइन के बाहर चली गई।

पाकिस्तान प्लेयर को लगा कि बॉल भारतीय खिलाड़ी के पैर से लग कर बाहर गई है, इसीलिए उसने थ्रो-इन करने के लिए बॉल को जल्दी से उठा लिया। तभी नजदीक खड़े टीम इंडिया के हेड कोच इगोर स्टीमाक ने पाकिस्तानी खिलाड़ी के हाथ से फुटबॉल नीचे गिरा दी।

कोच के बीच में आने पर फील्ड पर मौजूद सभी पाकिस्तानी प्लेयर्स स्टीमाक की ओर दौड़ पड़े, तभी भारतीय खिलाड़ी और रेफरी बीच में आ गए। विवाद बढ़ा तो रेफरी और दोनों कप्तानों ने अपनी टीम के खिलाड़ियों को शांत कराया। करीब 4 मिनट तक खेल रुका रहा। नेपाल के रेफरी प्रज्वोल छेत्री ने कोच स्टीमाक को रेड कार्ड दिखा दिया। इस दौरान पाकिस्तानी कोचिंग स्टाफ के भी एक मेंबर को यलो कार्ड दिखाया गया।

ये खबर अहम क्यों है: सितंबर 2018 के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच ये पहला मुकाबला था। भारत की फुटबॉल टीम ने इस मुकाबले में पाकिस्तान को 4-0 से हरा दिया। इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने शानदार हैट्रिक लगाई। वे अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं।

विपक्षी एकता बैठक से कौन-कौन, किन-किन बहानों से दूर, AAP ने भी दे दी टेंशन

पीएम मोदी का मुकाबला 2024 में कैसे करना है इसको लेकर विपक्षी दलों की पटना में शुक्रवार को मीटिंग होने वाली है। इस बैठक में शामिल होने के लिए कई नेता पहुंच भी गए हैं लेकिन इसके पहले आपसी मनमुटाव की भी कुछ खबरें सामने आई हैं। आम आदमी पार्टी की ओर से कांग्रेस से खास डिमांड इस मीटिंग से पहले की गई है।

Exit mobile version