किसानों के चेहरे पर मुस्कान, चार बार बारिश होने के बाद करेंगे बोवनी
देपालपुर
गुरुवार को अंचल के देपालपुर, बेटमा और बनेड़िया में बारिश हुई। इस दौरान आंधी भी चली। आंधी में देपालपुर क्षेत्र में जहां बिजली के पोल गिर गए। इससे जाम लग गया और कुछ गांवों की बिजली गुल हो गई तो लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वहीं बनेड़िया में घर के चद्दर उड़ गए वहीं बेटमा में भी एक घंटे तेज बारिश हुई। किसानों का कहना है कि तीन-चार बार और बारिश होने के बाद बोवनी करेंगे। देपालपुर में बूंदाबांदी से माहौल खुशनुमा हुआ मौसम बदलने से ठंडक महसूस हुई। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। दिनभर की तपन के बाद बारिश से वातावरण ठंडा हो गया।
देपालपुर : विद्युत आपूर्ति बाधित हुई, जाम भी लगा
गुरुवार शाम को क्षेत्र के गोकलपुर, फरकोदा क्षेत्र में आंधी के साथ एक घंटे तक तेज बारिश हुई। इस दौरान देपालपुर-गौतमपुरा मार्ग पर बिजली के पोल गिर कर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे रोड पर जाम लग गया। इससे आसपास के गांवों की बिजली बंद हो गई। पोल गिरने से इस रोड पर जाम भी लग गया। सूचना पर गौतमपुरा व फरकोदा के बिजली कंपनी के कर्मचारी पहुंचे और पहले पोल हटवाए और यातायात शुरू करवाया। इसके बाद दूसरे ग्रिड से बिजली प्रदाय शुरू किया।
बेटमा : बारिश के कारण नालों में पानी भर गया
गुरुवार शाम 4 बजे बादलों की गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश हुई। इसके साथ जोरदार तेज आंधी भी चली। कई लोगों के घरों के चद्दर अस्त-व्यस्त हो गए। तेज बारिश के कारण नालों में पानी भर गया और खेत में काफी पानी हो गया। किसानों ने बताया चार-पांच बार अच्छी बारिश होने पर वे बोवनी करेंगे। बारिश के दौरान शेड का सहारा लेने वाले लोग सोशल डिस्टेंसिंग भूल गए और बिना मास्क के ही पास-पास खड़े रहे। इसके पहले बुधवार रात को भी बारिश हुई थी।
पीथमपुर : बेटमा मार्ग पर 8 से ज्यादा पेड़ गिरे
गुरुवार दोपहर 3.30 बजे आधे घंटे तेज हवा के साथ बारिश हुई। आंधी चलने से कुटी से बेटमा जाने वाले मार्ग पर टीडीएस काॅलोनी के पास बबूल के 8 से ज्यादा बबूल के पेड़ गिर गए। पेड़ गिरने से देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। सागौर, कुटी और बिल्लोद क्षेत्र में भी इस दौरान तेज पानी बरसा। कुटी के सर्विस मार्ग पर पानी की निकासी नहीं होने के कारण बड़े-बड़े गड्ढे में पानी भर गया, इससे आने-जाने वाले वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

