झारखंड विधानसभा के विंटर सेशन के चौथे दिन मॉब लिंचिंग पर मौत की सजा देने वाला बिल पास हो गया। संसदीय कार्यमंत्री आलमगीर आलम ने यह बिल पेश किया। चर्चा के दौरान BJP विधायकों ने हंगामा किया।
BJP ने सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया। पार्टी के तीन विधायकों ने संशोधन प्रस्ताव भी रखा, लेकिन सभी खारिज हो गए। BJP विधायक अमित मंडल ने कहा कि सरकार का ये काला अध्याय पूरे झारखंड में लिखा जाएगा।
बिल के मुताबिक, राज्य में भीड़ के हाथों किसी की हत्या होती है तो दोषियों को मौत की सजा मिलेगी। इसके साथ ही 10 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया जा सकता है। हमले में चोट आने पर दोषी को तीन साल तक की सजा मिलेगी। उस पर एक से तीन लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा। गंभीर चोट पर 10 साल की सजा होगी। इस तरह का कानून पश्चिम बंगाल में पहले से लागू है।
टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन शीतकालीन सत्र से सस्पेंड, सदन में रूल बुक फेंकने पर हुई कार्रवाई
टीएमसी के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन को मौजूदा शीतकालीन सत्र से सस्पेंड कर दिया गया। डेरेक ओ ब्रायन ने चुनाव कानून (संशोधन) विधेयक, 2021 का विरोध करते हुए सदन में रूल बुक फेंकी थी। ओ ब्रायन की हरकत के बाद उपसभापति हरिवंश ने उन्हें मौजूदा सत्र से सस्पेंड कर दिया। बता दें इस सत्र की शुरुआत में ही हंगामा करने पर 12 सांसदों को निलंबित कर दिया गया था।
बंगाल के हल्दिया में इंडियन ऑयल परिसर में भीषण आग, 3 लोगों की मौत, 35 घायल
आग लगने का कारण मॉक ड्रिल के दौरान विस्फोट को बताया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल के हल्दिया में सरकारी पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) के परिसर में भीषण आग लग गई है। आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है, लेकिन आजतक की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक इस दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 35 लोग घायल हैं। करीब 10 फायर गाड़ियों की मदद से बेहद कठिनाई के बावजूद आग पर काबू पा लिया गया है।
सूत्रों से मिली खबरों के मुताबिक, घायलों में भी अधिकतर लोग आग की चपेट में आकर 60% से ज्यादा जल चुके हैं और उनकी हालत गंभीर है। हालांकि अभी तक IOCL या जिला प्रशासन की तरफ से कोई पुष्टि नहीं की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, आग की चपेट में आकर घायल होने वालों को IOCL के अस्पताल और कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने आग लगने के लिए मॉक ड्रिल को कारण बताया है। IOCL कैंपस के भीतर आयोजित मॉक ड्रिल के बाद एक प्लांट को शटडाउन किया जा रहा था। इसी दौरान ड्रिलिंग करते समय विस्फोट हो गया, जिससे आग लग गई।
चुनाव सुधार बिल को राज्यसभा की भी मंजूरी, अब वोटर ID कार्ड को आधार से लिंक किया जाएगा
देश में चुनाव सुधार का बिल राज्यसभा में पास हो गया है। बिल को विपक्ष के हंगामे के बीच पारित किया गया। इससे पहले लोकसभा ने इसे सोमवार को ही मंजूरी दे दी थी। दोनों सदनों की मंजूरी के बाद इलेक्शन रिफॉर्म के बिल को राष्ट्रपति के दस्तखत के लिए भेजा जाएगा। इसके तहत वोटर ID कार्ड से आधार नंबर को लिंक किए जाने का प्रावधान है।
इससे पहले, कैबिनेट ने जब इस बिल को मंजूरी दी थी, तब कहा गया था कि आधार को वोटर कार्ड से जोड़ने से फर्जी वोटर ID कार्ड से होने वाली गड़बड़ी रोकी जा सकेगी। सरकार ने चुनाव आयोग की सिफारिश के आधार पर ही यह फैसला किया था।
इधर, लोकसभा में लड़कियों की शादी की कानूनी उम्र 18 से बढ़ाकर 21 साल करने का बिल पास नहीं हो सका। लोकसभा में विपक्ष के हंगामे के बीच यह बिल संसदीय को समिति के पास विचार के लिए भेज दिया गया। समिति इस बिल की विस्तृत जांच करेगी। सदन में महिला व बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी बाल विवाह निषेध (संशोधन) अधिनियम, 2021 को पेश किया था। हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही 22 दिसंबर तक स्थगित कर दी गई है।
जी एंटरटेनमेंट और सोनी पिक्चर्स के विलय को बोर्ड की मंजूरी, बनेगी देश की सबसे बड़ी एंटरटेनमेंट कंपनी
जी एंटरटेनमेंट के सोनी पिक्चर्स के साथ विलय को बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। जी और सोनी के विलय से देश की सबसे बड़ी एंटरटेनमेंट कंपनी बनेगी। दोनों कंपनियों के बीच विलय का ऐलान 22 सितंबर 2021 को किया गया था। विलय के बाद बनने वाली कंपनी के MD और CEO पुनीत गोयनका रहेंगे। विलय के बाद ZEEL के पास 47.07% हिस्सेदारी रहेगी। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के पास 52.93% हिस्सेदारी होगी।
भारतीय सेना को मिला 7 लाख स्वदेशी एंटी-पर्सनल माइन्स ‘निपुण’, चीन-पाक सीमा पर होगा इस्तेमाल
भारतीय सेना 7 लाख स्वदेशी रूप से विकसित ‘निपुण’ एंटी-पर्सनल माइन्स को शामिल करने जा रही है। इन माइन्स में आरडीएक्स का शक्तिशाली मिश्रण होगा। इससे भारतीय सेना को घात लगाकर बैठे दुश्मन के खिलाफ लड़ने में बड़ी सफलता मिल सकती है। दरअसल कई बार दुश्मन सेना पर हमला करने के लिए माइन्स का इस्तेमाल करते हैं। अब इससे निपटने के लिए सेना ने भी अपना तरीका ढूंढ़ निकाला है। सेना के अधिकारी ने बताया कि भारतीय सेना के कोर ऑफ इंजीनियर्स को पहली डिफेंस लाइन के रूप में तैयार किए गए एंटी पर्सनल और एंटी टैंक माइंस का एक नया सेट मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इससे सेना को दुश्मन के द्वारा पहले से लगाई गई किसी लैंड माइन को विफल करने के काम आएगी। इसके साथ ही निकट भविष्य में उल्का, प्रचंड और पार्थ जैसे अन्य एंटी लैंड माइन्स भी सेना के मिलेंगे। इसे DRDO के सहयोग से बनाया गया है।
संसद की कार्यवाही लाइव देखने के लिए मोबाइल एप लॉन्च, यूजर्स संसदीय दस्तावेज भी देख पाएंगे
लोक सभा स्पीकर ओम बिड़ला ने मंगलवार को एक नए मोबाइल एप्लीकेशन के लॉन्च का ऐलान किया, जिसके जरिए लोग संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही लाइव देख पाएंगे। इसके साथ ही यूजर्स संसद के कई दस्तावेज भी उपलब्ध होंगे। इन दस्तावेजों में कई कमेटियों की रिपोर्ट और लिखित सवाल-जवाब भी शामिल होंगे। बिड़ला ने प्रश्नकाल के दौरान इस मोबाइल ऐप के बारे में संसद को बताया और सदस्यों से इसे डाउनलोड करने की अपील की। उन्होंने सदस्यों से यह भी कहा कि वे अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों को भी यह ऐप डाउनलोड करने को कहें, ताकि लोग संसद में अपने सांसद का व्यवहार देख सकें।
PAK प्रायोजित फेक न्यूज पर एक्शन, 20 यूट्यूब चैनल बैन, देश विरोधी गतिविधियों का आरोप
सरकार ने इंटरनेट पर देश विरोधी गतिविधियों और फेक न्यूज फैलाने वाली 2 वेबसाइट्स और 20 यूट्यूब चैनल को ब्लॉक कर दिया है। इंटेलिजेंस एजेंसियों और सूचना और प्रसारण मंत्रालय के साझा प्रयास से इन चैनल और साइट्स की पहचान की गई। सरकार ने जिन यूट्यूब चैनल को बैन किया है उनमें द पंच लाइन, इंटरनेशनल वेब न्यूज, खालसा टीवी, द नेकेड ट्रुथ अहम हैं।
इन्हें पाकिस्तान से ऑपरेट किया जा रहा था। इनका इस्तेमाल कश्मीर, आर्मी, भारत में अल्पसंख्यक समुदायों, राम मंदिर, CDS जनरल बिपिन रावत जैसे विषयों पर गलत और भड़काऊ पोस्ट करने में किया जा रहा था। वहीं, यूट्यूब चैनल्स ने कृषि कानूनों और CAA के खिलाफ प्रदर्शन के मुद्दों पर भी पोस्ट किया था। इन चैनलों के जरिए 5 राज्यों में होने वाले आगामी चुनावों में माहौल खराब करने की आशंका थी।
प्रियंका गांधी ने UP सरकार पर लगाया अपने बच्चों का इंस्टा अकाउंट हैक करने का आरोप, कहा- उनके पास कोई काम नहीं है क्या?
फोन टैपिंग को लेकर UP सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बीच प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। प्रियंका ने कहा है कि उनके बच्चों के इंस्टाग्राम अकाउंट हैक किए गए हैं। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या उनके पास कोई और काम नहीं है। इससे पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फोन टैप कराते हैं। उन्होंने कहा था कि पार्टी ऑफिस में होने वाली सारी बातों को मुख्यमंत्री खुद शाम को सुनते हैं।
लखीमपुर केस में विपक्ष ने मांगा मंत्री अजय मिश्रा का इस्तीफा, राहुल बोले- किसानों को मारने वाले को बचा रही सरकार
लखीमपुर हिंसा मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को संसद और इसके बाहर जोरदार हंगामा हुआ। विपक्ष ने संसद में यह मामला उठाने की कोशिश की। जब सदन की कार्यवाही स्थगित हो गई, तो पूरे विपक्ष ने मंत्री को हटाने की मांग को लेकर विरोध मार्च किया। विपक्षी दलों के नेताओं ने संसद से विजय चौक तक पैदल मार्च निकाला।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, यह एक मंत्री है जिसके बेटे ने किसानों को मारा है। जीप के नीचे कुचला है। रिपोर्ट आई है कि यह एक कॉन्सपिरेसी है। प्रधानमंत्री उस मंत्री के बारे में कुछ नहीं करते हैं। मैं जानता हूं कि जैसे ही मैं यहां बोलना बंद करूंगा तो आप लोग कुछ न कुछ दूसरे सवाल करके अटेंशन डाइवर्ट करने की कोशिश करेंगे। न मीडिया अपना काम कर रही है, न सरकार अपना काम कर रही है। राहुल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि मैं किसानों से माफी मांगता हूं, दूसरी तरफ किसानों को मारने वाले मंत्री को बचाते हैं। उसे अपनी कैबिनेट से हटाते भी नहीं हैं।
कोलकाता निगम चुनाव में दीदी का खेला; 144 में से 89 सीटों पर TMC की जीत, 44 सीटों पर बढ़त बरकरार
लगातार बढ़ती सीटों को देखते हुए कोलकाता में विक्ट्री साइन दिखाती ममता बनर्जी।
कोलकाता नगर निगम चुनाव (KMC) में वोटों की काउंटिंग जारी है। निगम चुनाव में तृणमूल कांग्रेस(TMC) ने 144 में से 89 सीटों पर जीत हासिल की है और 44 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं BJP ने 1 सीट जीती है ओर 3 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस ने 2 और CPI ने 1 सीट पर जीत हासिल की है। 3 इंडिपेंडेंट कैंडिडेट्स ने भी जीत दर्ज की है।
KMC चुनाव में 144 सीटों पर फैसला होना है। पिछली बार के निगम चुनाव में TMC ने 114 सीटों पर जीत दर्ज की थी। काउंटिंग सेंटर पर कांग्रेस और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की जानकारी भी सामने आई है।
19 दिसंबर को हुए निगम चुनाव में BJP ने TMC पर वोट लूटने का आरोप लगाया था। बंगाल विधासभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को राज्य के चुनाव आयोग से दोबारा चुनाव कराने की मांग की थी। सुनवाई न होने पर वे भाजपा प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्य चुनाव आयुक्त कार्यालय के अंदर धरने पर बैठ गए थे। कोलकाता में कुल 1,776 पोलिंग बूथ पर वोटिंग हुई थी।
पाकिस्तान में हिंदू मंदिर तोड़ा गया, 1 व्यक्ति गिरफ्तार
पाकिस्तान में हिंदू मंदिर को तोड़े जाने का मामला सामने आया है। सोमवार को कराची के रणछोड लाइन इलाके में एक व्यक्ति मंदिर में घुसा और देवी की मूर्ति को तोड़ दिया। उसने हथौड़े से देवी की मूर्ति पर हमला किया था। पाकिस्तानी पत्रकार वीनगास के मुताबिक, पिछले 22 महीने में पाकिस्तान में हिंदू मंदिरों पर 9वीं बार हमला हुआ है।
केरल हाई कोर्ट ने वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट से PM की तस्वीर हटाने वाली याचिका खारिज; 1 लाख का जुर्माना भी लगाया
केरल हाई कोर्ट ने कोविड वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट से PM मोदी की तस्वीर हटाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने पेटिशनर पर 1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। कोर्ट ने कहा कि यह यह याचिका राजनीति से प्रेरित है और पब्लिसिटी पाने के लिए दाखिल की गई है। पेटिशनर ने हाईकोर्ट से कहा था कि वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट पर PM की तस्वीर का होना मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है।
मेघालय में आतंक विरोधी अभियान; पुलिस ने गोला बारूद बरामद किया
मेघालय पुलिस ने राज्य के पश्चिमी गारो जिले मे आतंक विरोधी अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने डुमागिटोक गांव से एक ग्रेनेड और 6 7.62 एमएम कारतूस बरामद किए हैं।
अगली पीढ़ी के बख्तरबंद टोही व्हीकल को सेना में शामिल करेंगे आर्मी चीफ
आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे देश में बने अगली पीढ़ी के बख्तरबंद इंजीनियर टोही व्हीकल के पहले सेट को आर्मी में शामिल करेंगे। इंडियन आर्मी के अफसर ने बताया कि यह सिस्टम आर्मी की मौजूदा टोही कैपिसिटी को बढ़ाएगी और भविष्य की चुनौतियों से निपटने में गेम चेंजर साबित होगी।
अरुणाचल प्रदेश में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 6.2 तीव्रता दर्ज की गई
अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग में मंगलवार करीब 10:34 बजे में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4 .2 तीव्रता दर्ज की गई है। भूकंप का केंद्र चांगलांग से 44 किमी दक्षिण पूर्व दिशा में जमीन से 10 किमी अंदर था। भूकंप में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।
बेअदबी के आरोपी का पोस्टमॉर्टम आज; 72 घंटे बाद भी नहीं हुई शिनाख्त, दोबारा लिया जाएगा बायोमीट्रिक रिकॉर्ड
बेअदबी और लिंचिंग की घटना के 72 घंटे बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। इसलिए आज उसका पोस्टमार्टम होगा और एक बार फिर प्रयास करते हुए बायोमीट्रिक रिकॉर्ड लेकर आधार कार्ड डेटाबेस के साथ मिलाया जाएगा। वहीं पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए लोगों से सहयोग करने की अपील की है।
अमेरिका में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 6.2 तीव्रता दर्ज की गई
भूकंप के बाद जनरल स्टोर में बिखरा सामान।
अमेरिका के कैलिफोर्निया में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.2 तीव्रता दर्ज की गई है। अमेरिकी समय के मुताबिक, सोमवार दोपहर 12 बजे आए भूकंप का केंद्र सैन फ्रांसिस्को शहर से उत्तर-पश्चिम में करीब 337 किमी दूरी पर था।
US जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, सैक्रामेंटो और सैन फ्रांसिस्को खाड़ी इलाके के निवासियों ने झटके की सूचना दी। भूकंप से किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। कैलिफोर्निया के एक जनरल स्टोर संचालक जेन डेक्सटर ने बताया कि उन्हें करीब 20 सेकंड तक झटके महसूस हुए। झटके की वजह से स्टोर की आलमारियों से रखी कांच की बोतलें गिरकर टूट गईं।
पंजाब ड्रग्स केस में बड़ी कार्रवाई; अकाली नेता बिक्रम मजीठिया के खिलाफ मोहाली में NDPS एक्ट में FIR दर्ज
पंजाब की सियासत में नया धमाका हो गया है। पंजाब की कांग्रेस सरकार ने आधी रात को अकाली नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। यह केस मोहाली में ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (BOI) की तरफ से स्टेट क्राइम पुलिस थाने में दर्ज किया गया है। मजीठिया के खिलाफ ड्रग्स केस को लेकर लगातार आरोप लगाए जा रहे थे। यह केस NDPS एक्ट की धारा 25/27A/29 के तहत केस दर्ज हुआ है।
राजस्थान के गोदाम में आग, 44 हजार AC जले; 10 घंटे में 225 फायर ब्रिगेड भी आग पर नहीं पा सकीं काबू
राजस्थान में अलवर के नीमराणा इंडस्ट्रियल एरिया में डाइकिन एयर कंडीशनिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के वेयर हाउस में सोमवार देर रात आग लग गई। आग इतनी बेकाबू हो गई कि कई फायर दमकल सुबह तक भी आग पूरी तरह से नहीं बुझा सकीं। गोदाम में करीब 44 हजार एयर कंडिशनर (AC) थे, जो जल गए हैं। आग से करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है, हालांकि अभी तक कंपनी की ओर से अधिकृत जानकारी नहीं मिली है।
पंजाब के DGP को लेकर खींचतान; UPSC की अहम मीटिंग आज
सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय ने 4 दिन पहले ही DGP का चार्ज लिया है।
पंजाब के नए DGP की नियुक्ति को लेकर नए सिरे से खींचतान शुरू हो गई है। अब यह मुद्दा पंजाब सरकार और UPSC के बीच फंसने लगा है, जिसमें दोनों के बीच पैनल बनाने के लिए कट ऑफ डेट को लेकर सहमति नहीं बन पा रही। UPSC दिनकर गुप्ता को हटाने के बाद की तारीख को मान रही है। वहीं पंजाब सरकार कह रही कि जब लेटर भेजा गया है तो UPSC उसी के हिसाब से फैसला ले।
दिल्ली की हवा बिगड़ी, एयर क्वालिटी इंडेक्स खराब कैटेगरी में
वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान तथा अनुसंधान प्रणाली (SAFAR) के मुताबिक, मंगलवार को राजधानी दिल्ली की एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 316 दर्ज की गई, जो कि ‘बहुत खराब’ कैटेगरी में है। यहां एयर क्वालिटी लगातार बिगड़ती जा रही है। मुंबई और पुणे शहरों की भी एयर क्वालिटी इंडेक्स ‘खराब’ कैटेगरी में है। वहीं राजधानी में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली का न्यूनतम तापमान आज 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 सेल्सियस रहेगा।
नागालैंड में दो उप-मंडलों को जिले का दर्जा, एक नए जिले को भी मंजूरी
नागालैंड सरकार ने दो उप-मंडलों को जिलों का दर्जा दिया है। निउलैंड और सेमिन्यू उप-मंडल को जिले का दर्जा दिया गया है। वहीं चुमूकेडिमा नाम के नए जिले को भी मंजूरी दी गई है।
प्रयागराज में ‘मातृशक्ति के महाकुंभ’ में शामिल होंगे PM मोदी, करीब 2 लाख महिलाएं हिस्सा लेंगी
उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश के हर कोने तक पहुंचने के प्रयास में लगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आज प्रयागराज जाएंगे। वह यहां ‘मातृशक्ति के महाकुंभ’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। संगमनगरी प्रयागराज में PM मोदी स्वयं सहायता समूहों (SHG) के बैंक खाते में एक हजार करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर करने के साथ 202 सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन मैन्युफैक्चिरिंग यूनिट का भी शिलान्यास करेंगे। इस दौरान उनका समूह में काम करने वाली 75 विशिष्ट महिलाओं से संवाद का भी कार्यक्रम है। इस प्रोग्राम में 2 लाख महिलाओं के जुटने का अनुमान है।

