Site icon अग्नि आलोक

राजगढ़ में किसानों से ठगी:मछली पालन के लिए तालाब बनाया, 5-5 लाख रुपए डिपॉजिट करवा कर दिया दोगुनी कमाई का लालच, फिर न बीज मिला और न राशि

Share

राजगढ़

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में मछली पालन से दोगुनी कमाई का लालच देकर कई किसानों से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। बाकायदा अनुबंध कर कागजात बनाए गए थे। जब किसानों को ठगी का एहसास हुआ, तो करनवास थाने में शिकायत दर्ज कराई।

जिले के कुछ किसानों ने हरियाणा के गुरुग्राम की फिश फॉर्च्यून प्रोड्यूज कंपनी के खिलाफ शिकायत की है। कंपनी द्वारा किसानों से पांच-पांच लाख रुपए डिपॉजिट के नाम पर लेकर उनसे अनुबंध किया, किसान खेत में तालाब बनाकर मछली पालेगा। बीज, दवा सब कंपनी देगी और मछली कंपनी लेगी। इसके 60 हजार रु प्रतिमाह कंपनी किसान को देगी। कंपनी के लुभावने लालच में कई किसान आ गए। कंपनी ने विश्वास में लेने से पहले तालाब बनवाने वाले किसानों को शुरू के दो-चार महीने की राशि दे दी। जिससे लालच के चलते कंपनी के जाल में किसान फंसते गए।

मछली पालन के लिए बाकायदा अनुबंध कर कागजात बनाए गए थे।

जिले के कचनारिया गांव के निवासी धीरज उपमन्यु में भी इस कंपनी की ठगी का शिकार हुए हैं। इनसे कंपनी द्वारा साढ़े पांच लाख रु जमा करवाए गए थे। धीरज उपमन्यु कंपनी के झांसे में आ गए। कर्ज लेकर मछली पालने के लिए तालाब को उनकी खेत की जमीन पर बनाया लिया। उसके बाद न तो मछली के बीज मिले न तय प्रतिमाह की राशि मिली। धीरज उपमन्यु द्वारा कई बार कंपनी द्वारा नियुक्त लोगों को फोन किए पर सब नंबर बंद मिले।

धीरज गुरुग्राम भी गए, लेकिन वहां भी कोई नहीं मिला। परेशान धीरज उपमन्यु सहित छह लोगों ने इस मामले की एफआईआर करनवास थाने में करवाई है। पुलिस द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार कर दो लोगों की और तलाश की जा रही है। बता दें इस कंपनी के ठगी के शिकार प्रदेश में एक हजार से अधिक किसान हो चुके हैं।

Exit mobile version