इंदौर|
कोरोना काल के बाद से बंद प्रेस क्लब में लंबे समय बाद शनिवार को चाय पर चर्चा हुई। इसमें राम जन्मभूमि निधि समर्पण अभियान के बारे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मालवा प्रांत के सरकार्यवाह ने कई अहम जानकारियां दीं।
संघ पदाधिकारी विनीत नवाथे और विनय पिंगले ने मंदिर को लेकर जानकारी दी।
चर्चा के दौरान संघ की ओर से बताया गया, अभी राम जन्म भूमि पर मंदिर निर्माण को लेकर चंदा एकत्रित किया जा रहा है। यह चंदा नहीं है, बल्कि आस्था और सहयोग है। मंदिर निर्माण के लिए कई बड़े उद्योगपति राशि दे रहे हैं। वे और राशि देने को भी तैयार हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि मंदिर निर्माण में हर देशवासी का सहयोग मिले। इसी कारण से यह अभियान चला रहे हैं।
उन्होंने बताया, मालवा प्रांत में 14 जनवरी से अभियान शुरू किया जाएगा। 10 दिनों तक चलने वाले अभियान में 22 हजार संगठन और एक लाख से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल रहेंगे। अभियान के तहत घर-घर जाकर सहयोग राशि ली जाएगी। लंबे समय तक रामजन्म भूमि को लेकर चले विवाद पर कहा कि यह जो लड़ाई थी, वह सभ्यता और संस्कृति की लड़ाई थी। सोच और समझ की थी।
देपालपुर में रैली पर हुए पथराव को लेकर कहा, हमने यहां 22 रैलियां निकालीं, जिसमें से 2 रैलियों में ऐसी घटना हुई है। कुछ उपद्रवी हैं, जिन्होंने ऐसी घटनाओं को प्लानिंग के साथ अंजाम दिया। हालांकि इस प्रकार उपद्रव काे समर्थन नहीं मिला। रैली कि जरिए हमने हर गांव को टच किया और कई जगह हम जा भी रहे हैं। हम हर घर में जाएंगे, जिसकी जो इच्छा हो वो राशि दे सकता है। इसके लिए जबरदस्ती नहीं है।

