Site icon अग्नि आलोक

इंदौर में मुठभेड़: कंजर गैंग का पुलिस से सामना; लट्‌ठ के जवाब में कंजरों ने निकाली तलवार; 15 मिनट लड़कर भाग गए

Share

इंदौर

परदेशीपुरा क्षेत्र से बाइक चुरा कर ले जा रहे 5 कंजरों का एमआईजी पुलिस के 4 जवानों से आमना-सामना हो गया। पुलिस के जवानों ने कंजरों को देख ललकारा तो बदमाश भी पीछे नहीं हटे। एक सिपाही ने जैसे ही लट्ठ फेंककर मारा तो कंजर ने तलवार निकाल ली। सिपाही ने हिम्मत दिखाकर बदमाश पर हमला कर दिया। इसके बाद भी बदमाश हवा में तलवार लहराते रहे 15 मिनट तक भिड़े। फिर तलवार के दम पर भाग निकले।

एमआईजी पुलिस के अनुसार घटना अलसुबह 5:30 बजे नेहरू नगर की है। एमआईजी थाने और आसपास के क्षेत्रों से लगातार बाइक चोरी होने के बाद टीआई विनोद दीक्षित ने अलसुबह प्रभात गश्त वालों के लिए पॉइंट लगाया था। उन्हें जानकारी मिली थी कि सुबह-सुबह कंजर गैंग बाइक चुरा कर ले जा रही है। उनकी घेराबंदी के लिए एमआईजी थाने के 4 सिपाही बुधवार तड़के 5 बजे से अलग-अलग पॉइंट पर घूम रहे थे। तभी उन्हें 3 बाइक पर पांच युवक जाते दिखे। उन्हें देखकर जवानों ने ललकारा। बदमाश नहीं रुके तो लट्ठधारी दो जवान उनके पीछे भागे। तभी आगे से आए दो जवानों ने भी उन्हें रोका।

दोनों तरफ से घिरने के बाद भी बदमाशों ने सरेंडर नहीं किया तो पीछे वाले एक सिपाही ने लट्ठ निकाला और बदमाश पर दे मारा। इस पर बदमाश ने अपनी तलवार लहरा दी। लट्ठ की टक्कर से तलवार आधी आड़ी हो गई, लेकिन बदमाश ने हार नहीं मानी। वह तलवार लेकर सिपाहियों पर धावा बोलता रहा। सिपाही ने दूसरी बार फिर लट्ठ मारा, लेकिन तलवार के आगे वो टिक नहीं सका। बदमाश तलवार लहराते हुए बाइक पर सवार होकर गली से होते हुए भाग निकले।

परदेशीपुरा थाना क्षेत्र से चुराई एक बाइक बदमाश वहीं पर छोड़ गए। बदमाशों से संघर्ष कर रहे आगे के दो सिपाहियों ने बंदूक निकालकर फायर करना चाहा, लेकिन तब तक बदमाश निकल चुके थे। इसके बाद शहर में घेराबंदी का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए। एमआईजी थाना क्षेत्र के सिपाहियों का कहना है कि अब ज्यादा फोर्स लेकर निकलना होगा। लट्ठ से बदमाश काबू में नहीं आएंगे। एमआईजी पुलिस के टीआई और अफसर कंजरों से निपटने के लिए नई प्लानिंग कर रहे हैं। वहीं, घटना के वक्त कोई कैमरा नहीं था, जिससे बदमाशों के फुटेज नहीं मिले हैं। पुलिस अब आसपास के कैमरों को खंगाल कर उनकी तलाश कर रही है।

Exit mobile version