अग्नि आलोक

*सुबह की ताजा खबरे:देश में कई जगह भारी बारिश,महाराष्ट्र-कर्नाटक में तबाही,अमेरिका ने भारत की मान ली ये बात तो चीन की खड़ी होगी खाट, वक्फ पर तीसरे दिन सुनवाई,  मुंबई इंडियंस ने यूं दबंग अंदाज में मारी प्लेऑफ में एंट्री*

Share

भीषण गर्मी के बीच अचानक बदले मौसम और बारिश के कारण लोगों को बढ़ते तापमान से राहत तो मिली, लेकिन बारिश का कहर भी दिखा। घरों में पानी घुसने और सड़कें बंद होने की तस्वीरें हालात बयां कर रही हैं। दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बिजली के खंभे और पेड़ गिरने से जानमाल का नुकसान हुआ है। वहीं भारत सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए देश की आतंकवाद के खिलाफ जारी सख्त नीति और सैन्य कार्रवाई को दुनिया के सामने प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने की पहल की है। इसी मकसद से सात प्रतिनिधिमंडल में दो सर्वदलीय सांसदों का प्रतिनिधिमंडल इस समय अलग-अलग देशों के दौरे पर पहुंच चुका है। एक प्रतिनिधिमंडल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी पहुंचा है, तो दूसरा जापान की राजधानी टोक्यो में है। एक तरफ जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन पुनर्वास विभाग ने पाकिस्तानी गोलाबारी को राज्य आपदा घोषित कर दिया है। युद्ध जैसे हालात में मारे गए लोगों के आश्रितों और घायलों को अब प्रदेश आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) से भी मदद मिलेगी। वहीं दूसरी ओर सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को स्पष्ट किया कि राज्य आयोग के अध्यक्ष, राज्य आयोग के न्यायिक सदस्यों और जिला आयोग के अध्यक्ष के पदों पर नियुक्ति और पुनर्नियुक्ति के लिए लिखित परीक्षा और उसके बाद मौखिक परीक्षा की आवश्यकता नहीं होगी। 

भीषण गर्मी के बीच अचानक बदले मौसम और बारिश के कारण लोगों को बढ़ते तापमान से राहत तो मिली, लेकिन बारिश का कहर भी दिखा। घरों में पानी घुसने और सड़कें बंद होने की तस्वीरें हालात बयां कर रही हैं। दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बिजली के खंभे और पेड़ गिरने से जानमाल का नुकसान हुआ है। कई जगहों पर दिन में रात जैसा नजारा दिखा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले हफ्ते दस्तक देने जा रहा मानसून दहलीज पर खड़ा है।

 आंधी तूफान के साथ भारी बारिश का दौर जारी

अगले चार से पांच दिनों के दौरान केरल में मानसून के दस्तक देने की संभावना है। लेकिन मानसून के पहुंचने से पहले पश्चिमी घाट के कुछ हिस्सों, कर्नाटक से लेकर महाराष्ट्र के कई इलाकों में आंधी तूफान के साथ भारी बारिश का दौर जारी है। पालघर जिले के नाला सोपारा में भारी बारिश के कारण एक घर का छज्जा गिर गया, जिसमें दो लोगों को बचा लिया गया। पश्चिमी हिमालयी राज्य हिमाचल प्रदेश में सुबह धूप खिली तो दोपहर के बाद भारी बारिश और ओलावृष्टि के चलते अंधेरा छा गया। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर, पश्चिम और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई।

जलभराव के कारण सड़कें बंद, बिजली भी गुल
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि कर्नाटक और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मानसून से पहले की बारिश हो रही है। पुणे और बंगलूरू जैसे प्रमुख शहरों में भारी बारिश में जलभराव के कारण सड़कें बंद हो गई हैं। कई घरों में अब भी बारिश का पानी घुसा हुआ है। कई जगह पेड़ गिरने से रास्ते बंद हैं तो बिजली भी गुल है।

वज्रपात और भारी वर्षा का पूर्वानुमान
कर्नाटक के तटीय और घाटी क्षेत्रों में 204.5 मिमी से अधिक वर्षा की संभावना जताई गई है। असम, मेघालय, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और उत्तरी कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही वज्रपात और भारी वर्षा भी संभावित है और 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।

इन राज्यों में बिगड़ेगा मौसम
आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, मराठवाड़ा, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ 64.5 से 115.5 मिमी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार समुद्र तल से औसतन 1.5 किमी ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है और एक पश्चिम पूर्व ट्रफ लाइन मध्य पाकिस्तान से शुरू होकर राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल होते हुए उत्तरी बांग्लादेश तक फैली हुई है।

आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की भी आशंका
इस ट्रफ के प्रभाव से 21 से 26 मई के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 30-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं, बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना है। उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

उत्तर-पश्चिम व मध्य भारत में गर्मी का सितम
जहां दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मानसून की हलचल दिख रही है, वहीं उत्तर पश्चिम तथा मध्य भारत के एक बड़े हिस्से में भीषण गर्मी और लू से लोग परेशान हैं । मौसम विभाग ने चेताया है कि अगले दो से तीन दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दक्षिण हरियाणा, पंजाब, पूर्वी महाराष्ट्र और राजस्थान के कई क्षेत्रों में लू का प्रकोप बना रहेगा। राजस्थान और ओडिशा के कुछ हिस्सों में रात के समय भी गर्म हवाएं चलने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

6 दिन पहले दस्तक दे सकता है मानसून, 16 साल बाद होगा ऐसा
मौसम विभाग के अनुसार केरल में आमतौर पर मानसून 1 जून को आता है, लेकिन इस साल 26 मई के आसपास आने की संभावना है, जो सामान्य तारीख से करीब छह दिन पहले है। यह 2009 के बाद पहला मौका हो सकता है जब मानसून इतनी जल्दी केरल में दस्तक देगा।

अब इन राज्यों की तरफ बढ़ेगा मानसून
इस बीच 22 मई से दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण अरब सागर के कुछ और हिस्सों, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र के बाकी इलाकों, लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।

पीएम मोदी बीकानेर में आज देश को देंगे कई सौगातें,तपते बीकानेर में जोश की परीक्षा!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। सबसे पहले वह बीकानेर जाएंगे और सुबह करीब 10:30 बजे देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में दर्शन करेंगे। पीएम मोदी सुबह करीब 11 बजे अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित देशनोक स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद 26,000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन करेंगे। पलाना में एक सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री पहली बार राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं। गुरुवार सुबह 11 बजे वे बीकानेर के देशनोक स्थित पलाना गांव में सभा को संबोधित करेंगे। बीकानेर राजस्थान के उन सीमावर्ती जिलों में शामिल है जिनकी सीमा पाकिस्तान से लगती है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी सीमावर्ती क्षेत्र का दौरा करके प्रदेश के लोगों में नया जोश भरेंगे। सीजफायर के बाद पीएम मोदी पंजाब के आदमपुर एयरबेस भी गए जहां वे भारतीय सैनिकों से मिले और पाकिस्तान के हवाई हमलों का माकूल जवाब देने पर उन्होंने बधाई भी दी। अब बीकानेर दौरे पर वे पहली बार जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। इस दौरान वे नाल में वायु सेना के जवानों से भी मिल सकते हैं।

प्रचंड गर्मी में भी पीएम मोदी की सभा

राजस्थान में इन दिनों बहुत तेज गर्मी पड़ रही है। खासतौर पर गंगानगर और बीकानेर सहित अन्य सीमावर्ती जिलों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा है। इस प्रचंड गर्मी में भी पीएम मोदी की सभा का आयोजन किया जा रहा है। गर्मी के बावजूद लोगों में पीएम मोदी के दौरे को लेकर काफी उत्साह है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद लोग पीएम मोदी का संबोधन सुनने को बेताब हैं। हालांकि पिछले दिनों राष्ट्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी साफ कह चुके हैं कि ऑपरेशन सिंदूर को खत्म नहीं किया बल्कि स्थगित किया है। आतंकियों के खिलाफ भारतीय सेना का ऑपरेशन सिंदूर आगे भी जारी रहेगा।

दिल्ली-एनसीआर आंधी-बारिश से कोहराम, कई फ्लाइट हुईं प्रभावित

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को दिनभर गर्मी और उमस के बाद देर शाम 79 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। इसके साथ ही तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे कई इलाकों में पेड़ गिर गए, जलभराव हुआ और यातायात जाम हो गया। दिल्ली एयरपोर्ट फ्लाइट परिचालन प्रभावित हुआ, जबकि येलो लाइन पर मेट्रो यात्री घंटों फंसे रहे।

बुधवार की शाम दिल्ली में मौसम ने ऐसा करवट बदली कि हर कोई हैरान रह गया। धूल भरी आंधी, तेज बारिश और ओलों ने न सिर्फ दिल्लीवालों को चौंकाया, बल्कि कई जगहों पर पेड़ गिरने से रास्ते जाम हो गए। दिल्ली मेट्रो की सेवाएं भी प्रभावित हुईं। इसके अलावा इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) हवाई अड्डे पर हवाई सेवाएं भी ठप कर दी। आईजीआई एयरपोर्ट ने बताया कि घंटेभर में 50 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं।

आंधी ने उड़ाया धूल का गुबार, हवाई सेवाएं ठप
बुधवार की शाम दिल्ली में मौसम ने अचानक तेवर दिखाए। धूल भरी आंधी ने शहर को धुंध के आगोश में ले लिया, और इसके बाद तेज बारिश और ओले गिरने शुरू हो गए। इस मौसमी हंगामे ने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर हड़कंप मचा दिया। अधिकारियों के मुताबिक, खराब मौसम के चलते कम से कम 10 विमानों को जयपुर और एक को मुंबई डायवर्ट करना पड़ा। शाम 7:45 से 8:45 के बीच 50 से ज्यादा उड़ानें देरी का शिकार हुईं। हवा के तेज झोंकों और बारिश ने पायलटों के लिए उड़ान भरना और उतरना मुश्किल कर दिया।

श्रीनगर जा रही फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग
इसी बीच, दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक उड़ान मौसम की मार झेलते हुए मुश्किल में फंस गई। तेज हवाओं और झटकों के कारण विमान को श्रीनगर हवाई अड्डे पर शाम 6:30 बजे इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। विमान की नाक को नुकसान पहुंचा, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुईं। इस फ्लाइट में 220 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिन्हें इस हादसे ने डरा दिया।

प्लेऑफ में मुंबई इंडियंस की धमाकेदार एंट्री, दिल्ली को करारी शिकस्त

मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को रौंदकर आईपीएल प्लेऑफ में एंट्री मार ली है। इस तरह दिल्ली का सफर खत्म हो चुका है, जबकि मुंबई इंडियंस अब टॉप-2 की जंग में शामिल हो गई है। मुंबई इंडियंस 11वीं बार प्लेऑफ में पहुंची है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स का एक बार फिर खिताब जीतने का सपना पूरा नहीं हो सका।

 स्लो स्टार्टर कही जाने वाली मुंबई इंडियंस ने अपने अभेद्य किला वानखेड़े स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स का शिकार करते हुए कमाल कर दिया है। उसने आखिरी 8 में से 7 मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इस तरह से मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बाद आईपीएल 2025 प्लेऑफ की चौथी टीम बन गई है। हालांकि, क्वालीफायर मुकाबले अभी तय नहीं हैं, क्योंकि अभी भी टॉप-4 में कौन कहां फिनिश करेगा यह तय नहीं है। मैच में मुंबई इंडियंस ने सूर्या की हाफ सेंचुरी के दम पर 180 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने घुटने टेक दिए। पूरी टीम 121 रनों पर ढेर हो गई, जबकि मुंबई ने यह मैच 59 रनों से जीत लिया। उसके पास मुंबई की पेस और स्पिन का कोई जवाब नहीं था। मिचेल सेंटनर ने 3 विकेट झटके, जबकि जसप्रीत बुमराह के नाम भी 3 विकेट रहे।

11वीं बार मुंबई इंडियंस आईपीएल प्लेऑफ में पहुंची
मुंबई इंडियंस 11वीं बार प्लेऑफ में पहुंची है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स का एक बार फिर खिताब जीतने का सपना पूरा नहीं हो सका। 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआती अच्छी नहीं रही। उसे पहला झटका फाफ डु प्लेसिस के रूप में लगा, जो आज अक्षर पटेल की जगह कप्तानी कर रहे थे। वह 6 रन बनाकर दीपक चाहर की गेंद का शिकार बने। इसके बाद ट्रेंट बोल्ट ने केएल राहुल को 11 रनों पर चलता करते हुए मुंबई के खेमे में खुशी की लहर दौड़ा दी। केएल राहुल मुंबई के लिए सबसे बड़ा कांटा थे।

यूं गिरते गए दिल्ली के विकेट
इसके बाद तो निरंतर अंतराल पर विकेट गिरते रहे। समीर रिजवी ने 35 गेंदों में 39 और विपराज निगम 11 गेंदों में 20 और आशुतोष शर्मा ने 16 गेंदों में 18 रन की पारी जरूर खेली, लेकिन ये पारियां दिल्ली को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थीं। जसप्रीत बुमराह और सेंटनर के अलावा ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, विल जैक्स और कर्ण शर्मा के नाम 1-1 विकेट रहे। मुंबई और दिल्ली दोनों को ही लीग में आखिरी मैच पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलना है।

सूर्यकुमार यादव के दम पर मुंबई ने दिखाए तेवर
इससे पहले मुंबई इंडियंस सूर्यकुमार यादव (नाबाद 73 रन) के अर्धशतक और अंत में नमन धीर (नाबाद 24 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 21 गेंद में नाबाद 57 रन की साझेदारी से दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ धीमी पिच पर पांच विकेट पर 180 रन बनाने में सफल रही। पांच दफा की आईपीएल विजेता टीम के लिए सूर्यकुमार ने 43 गेंद की बेहतरीन नाबाद पारी खेली जिसमें सात चौके और चार छक्के जड़े थे। उनके अलावा तिलक वर्मा ने 27 रन और रेयान रिकलटन ने 25 रन का योगदान दिया। नमन ने अंत में आठ गेंद में दो चौके और इतने ही छक्के से नाबाद 24 रन का योगदान दिया।

वक्फ इस्लाम का जरूरी हिस्सा नहीं… केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट से ऐसा क्यों कहा

केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि वक्फ इस्लाम का जरूरी हिस्सा नहीं है, इसलिए इसे मौलिक अधिकार नहीं माना जा सकता। सरकार वक्फ (संशोधन) अधिनियम की वैधता पर बहस कर रही है। शीर्ष अदालत में आज भी इस पर सुनवाई है। पूरी खबर पढ़ना चाहते हैं तो ‘क्लिक करें’

अमेरिका ने भारत की मान ली ये बात तो चीन की खड़ी होगी खाट, ‘महाडील’ पर बड़ा अपडेट

भारत और अमेरिका के बीच जल्द ही एक अंतरिम व्यापार समझौता होने की उम्मीद है, जो 8 जुलाई से पहले हो सकता है। इस समझौते में भारत ने घरेलू उत्पादों पर लगने वाले 26% अतिरिक्त टैरिफ से छूट मांगी है, जिससे भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी।

भारत और अमेरिका के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौता जल्द हो सकता है। यह समझौता 8 जुलाई से पहले होने की उम्मीद है। इस समझौते में भारत ने घरेलू उत्पादों पर लगने वाले 26% अतिरिक्त टैरिफ से पूरी तरह छूट की मांग की है। एक सरकारी अधिकारी ने यह जानकारी दी है। दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ावा देने के लिए यह समझौता किया जा रहा है। अगर भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौता में भारत को घरेलू उत्पादों पर लगने वाले 26% अतिरिक्त टैरिफ से पूरी तरह छूट मिलती है तो इसके जबरदस्‍त फायदे होंगे। यह कुछ क्षेत्रों में हमें चीन के मुकाबले अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकता है। अमेरिका चीन से आयात कम करके भारत से आयात बढ़ा सकता है।

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। भारत चाहता है कि कुछ खास क्षेत्रों को इस समझौते में सुरक्षा मिले। इनमें कृषि उत्पाद और डेयरी जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों के लिए भारत कोटा या न्यूनतम आयात मूल्य (एमआईपी) जैसे उपाय चाहता है।

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल इस सिलसिले में अमेरिका दौरे पर गए थे। उन्होंने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) जेमिसन ग्रीर और अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक से मुलाकात की। इस दौरान व्यापार समझौते पर बातचीत को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि समझौते पर बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा, ‘समझौते पर बातचीत सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रही है। हम समझौते के पहले चरण से पूर्व एक अंतरिम समझौते को आठ जुलाई से पहले पूरा करने पर विचार कर रहे हैं। इसमें सामान, गैर-शुल्क बाधाएं, डिजिटल सेवाओं के कुछ क्षेत्र भी शामिल होंगे। हम कोशिश कर रहे हैं कि भारत के लिए 26 फीसदी अतिरिक्त शुल्क और 10 फीसदी बुनियादी शुल्क न हो।’ इसका मतलब है कि भारत चाहता है कि अमेरिका उस पर लगने वाले अतिरिक्त शुल्क को हटा दे।

रियायतों पर अमेरिका से कुछ वादे चाहता है भारत

भारत चाहता है कि द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) का पहला चरण इस साल सितंबर-अक्टूबर तक पूरा हो जाए। भारत इसमें अपने श्रम-प्रधान क्षेत्र के लिए शुल्क रियायतों पर अमेरिका से कुछ वादे चाहता है। दोनों देशों ने मिलकर यह लक्ष्य रखा है कि 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना से अधिक करके 500 अरब डॉलर तक पहुंचाया जाए। इसके लिए बीटीए को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भारत और अमेरिका के मंत्रियों की बैठकों के बाद दोनों देशों के मुख्य वार्ताकारों के बीच बातचीत शुरू हो गई है। यह बातचीत 22 मई तक चलेगी।दोनों देशों के अधिकारी चाहते हैं कि ऊचें सीमा शुल्क पर 90 दिन के लिए लगाई गई रोक की अवधि खत्म होने से पहले एक अंतरिम समझौता हो जाए। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार में स्थिरता बनी रहेगी।

समझौता होने पर क्‍या होंगे फायदे?

अगर भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौता हो जाता है जिसमें भारत को घरेलू उत्पादों पर लगने वाले 26% अतिरिक्त टैरिफ से पूरी तरह छूट मिलती है तो इसके कई फायदे होंगे।

अतिरिक्त टैरिफ हटने से भारतीय वस्तुओं की प्रतिस्पर्धात्मकता अमेरिकी बाजार में बढ़ेगी। इससे भारत से अमेरिका को होने वाले निर्यात में बढ़ोतरी हो सकती है। विशेष रूप से कपड़ा, चमड़ा, रत्न और आभूषण जैसे श्रम-गहन क्षेत्रों को इसका लाभ मिल सकता है। निर्यात में बढ़ोतरी से भारत के समग्र आर्थिक विकास को रफ्तार मिलेगी। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और औद्योगिक उत्पादन में तेजी आएगी। यह समझौता दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करेगा और भविष्य में व्यापक व्यापार समझौते की दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित हो सकता है।

चीन को टक्कर देने में कैसे मिलेगी मदद?

अगर भारत को अमेरिकी टैरिफ से छूट मिलती है तो वह कुछ क्षेत्रों में चीन के मुकाबले अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकता है। अमेरिका चीन से आयात कम करके भारत से आयात बढ़ा सकता है। अमेरिका लंबे समय से चीन पर अपनी निर्भरता कम करने और अपनी सप्‍लाई चेन को विविधीकृत करने की कोशिश कर रहा है। भारत के साथ एक मजबूत व्यापारिक समझौता इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हो सकता है। अमेरिकी कंपनियां चीन के बजाय भारत को एक विश्वसनीय व्यापारिक भागीदार के रूप में देख सकती हैं। भारत और अमेरिका के बीच मजबूत आर्थिक संबंध दोनों देशों को चीन के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करने में मदद कर सकते हैं। यह एक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा। हालांकि, यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि यह एक अंतरिम समझौता होगा। इसके दायरे सीमित हो सकते हैं। पूरा लाभ हासिल करने और चीन को प्रभावी ढंग से टक्कर देने के लिए भारत और अमेरिका को एक व्यापक और दीर्घकालिक व्यापार समझौते की दिशा में काम करना होगा।

 NCW ने कहा- यौन उत्पीड़न आरोपी DMK नेता पर कार्रवाई हो

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रमुक की युवा शाखा के एक नेता के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट पर स्वत: संज्ञान लिया है और पुलिस को तत्काल उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोप संबंधित पदाधिकारी की पत्नी ने लगाए हैं। उसने दावा किया कि आरोपी ने लड़कियों को राजनेताओं से संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। आयोग की चेयरपर्सन विजया राहटकर ने तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर तत्काल, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच का आग्रह किया।

बिहार में कांग्रेस ने की माई बहिन मान योजना घोषित
विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बिहार में महागठबंधन के प्रमुख घटक कांग्रेस ने बुधवार को महिलाओं के लिए ‘माई बहिन मान योजना’ की घोषणा की। कांग्रेस ने इसके लिए महिलाओं के रजिस्ट्रेशन के वास्ते एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने पटना में पार्टी कार्यालय से इस योजना की घोषणा की।

पारंपरिक तरीके के जोड़ से बना जहाज आईएनएसवी कौंडिन्य नौसेना में शामिल
नौसेना ने कर्नाटक के कारवार स्थित नौसैनिक अड्डे पर एक समारोह में बुधवार को अपने जहाजी बेड़े में पारंपरिक तरीके से निर्मित जोड़युक्त जहाज (स्टिच्ड शिप) को शामिल किया।  केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस समारोह की अध्यक्षता की। इस जहाज का नाम हिंद महासागर को पार करके दक्षिण पूर्व एशिया की यात्रा करने वाले महान नाविक कौंडिन्य के नाम पर रखा गया है। यह भारतीय नौसेना नौकायन पोत (आईएनएसवी) कौंडिन्य जहाज पांचवीं शताब्दी के जहाज का पुनर्निर्मित रूप है। 

शराबबंदी वाले बिहार में एसएसपी कार्यालय परिसर से शराब की बोतलें बरामद, एसआईटी करेगी जांच
बिहार में 2016 से शराबबंदी है, बावजूद गयाजी जिले में एसएसपी कार्यालय परिसर से भारी मात्रा में सीलबंद शराब की बोतलें बरामद की गईं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि इस सिलसिले में दो पुलिसकर्मियों को हिरासत में लिया गया, लेकिन बाद में उन्हें जांच के बाद छोड़ दिया गया। गयाजी के एसएसपी अमित कुमार ने बताया, एक गुप्त सूचना के आधार पर, आबकारी विभाग के अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने मंगलवार को मेरे कार्यालय के परिसर का दौरा किया। दो या तीन डिब्बों में भारी मात्रा में शराब की बोतलें छिपाकर रखी गई थीं। परिसर की चारदीवारी का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त पाया गया। मामले की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया गया है।

पाकिस्तान से ‘आजाद’ बलूचिस्तान: क्या सिर्फ एलान करने से मिल सकती है स्वतंत्रता

बलूचिस्तान को लेकर पूरा विवाद क्या है? आजादी के बाद बलूचिस्तान आखिर पाकिस्तान के साथ कैसे चला गया? अब बलूचिस्तान की तरफ से स्वतंत्रता के अलावा क्या-क्या एलान किए गए हैं? और आधुनिक समय में किसी देश की आजादी के क्या मानक हैं? क्या बलूचिस्तान के लिए यह संभव है?बलूचिस्तान ने जहां खुद को पाकिस्तान से आजाद घोषित कर दिया है लेकिन अलग राष्ट्र बनने की प्रक्रिया अभी उतनी आसान नहीं है.

पाकिस्तान भी भारत के साथ ही 1947 में आजाद हुआ था. आजादी के बाद वह दो हिस्सों में बंट गया और 1971 में बांग्लादेश का निर्माण हुआ. हालांकि बांग्लादेश के अलग होने के बाद भी पाकिस्तान की समस्याएं कम नहीं हुईं. देश के कई हिस्सों से अलगाव की मांगें उठती रहीं. इनमें सबसे मुखर आवाज बलूचिस्तान से आई, जहां लंबे समय से पाकिस्तान से अलग होने की मांग की जाती रही है. पाकिस्तान ने बलूचिस्तान की आवाज को कई बार क्रूरता से दबाया है और कई बलूच नेताओं की हत्याएं भी की गई हैं. अब इस संघर्ष में बड़ा मोड़ आया है और पाकिस्तान के दोबारा टूटने की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं.

पाकिस्तान से आजादी की घोषणा

बलूच प्रतिनिधि मीर यार बलूच ने बुधवार को क्षेत्र में दशकों से जारी हिंसा, जबरन गुमशुदगियों और मानवाधिकारों के उल्लंघन का हवाला देते हुए पाकिस्तान से आजादी की घोषणा की है. एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि बलूचिस्तान के लोगों ने अपना राष्ट्रीय निर्णय ले लिया है और अब दुनिया को चुप नहीं रहना चाहिए.

भारत से किया विशेष आग्रह

बलूच नेता ने भारतीय नागरिकों, विशेषकर मीडिया, यूट्यूबर्स और बुद्धिजीवियों से आग्रह किया है कि वे बलूचों को “पाकिस्तान के अपने लोग” कहना बंद करें. उन्होंने एक्स पर लिखा कि प्रिय भारतीयों, देशभक्त मीडिया, यूट्यूब के साथियों, और भारत की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध बुद्धिजीवियों से निवेदन है कि वे बलूचों को पाकिस्तान के अपने लोग न कहें. हम पाकिस्तानी नहीं हैं, हम बलूचिस्तानी हैं. पाकिस्तान के अपने लोग पंजाबी हैं, जिन्होंने कभी हवाई बमबारी, जबरन गुमशुदगियों और नरसंहार का सामना नहीं किया.

मीर यार बलूच ने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoK) को लेकर भारत के रुख का पूर्ण समर्थन किया है. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान पर इस क्षेत्र को खाली करने का दबाव बनाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि 14 मई 2025 को भारत द्वारा पाकिस्तान से पीओके खाली करने की मांग का मैं पूरा समर्थन करता हूं.अंतरराष्ट्रीय समुदाय को पाकिस्तान पर दबाव बनाना चाहिए ताकि वह पीओके को तुरंत खाली करे, जिससे उसे एक और आत्मसमर्पण जैसा कि ढाका में 93,000 सैनिकों ने किया था का सामना न करना पड़े. इसके साथ ही उन्होंने बलूचिस्तान की स्वतंत्रता को वैश्विक मान्यता दिलवाने के लिए भारत और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से समर्थन की अपील भी की है.

क्या राज और उद्धव फिर होंगे साथ?

महाराष्ट्र में राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के साथ आने की अटकलें जोरों पर है और अगर दोनों साथ आते हैं तो ये महाराष्ट्र की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत होगी। दशकों बाद दोनों के साथ आने के संकेत मिल रहे हैं।राज ठाकरे (Raj Thackrey) ने साल 2005 में शिवसेना से अलग होकर अपनी नई पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) का निर्माण किया था। इसके बाद से राज और उद्धव (Uddhav Thackrey) के बीच दूरियां आ गई थी। हालांकि, अब उद्धव और राज ठाकरे ने मराठी संस्कृति और पहचान के लिए कथित खतरों पर चिंताओं के बीच फिर से एक होने के संकेत दिए हैं।

अलग-अलग कार्यक्रमों में बोलते हुए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (UBT) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने एक कॉमन मैसेज दिया है कि महाराष्ट्र के भाषाई और सांस्कृतिक हित राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से ऊपर है।

फिर से एक होने के मिले संकेत

दरअसल, उद्धव और राज ठाकरे ने महाराष्ट्र की जनता को एक कड़ा संदेश दिया है कि राज्य के हित और मराठी संस्कृति राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से ऊपर है। दोनों ने अलग-अलग कार्यक्रमों में बोलते हुए संकेत दिया है कि अगर दोनों साथ आ जाते हैं तो ये राज्य के लिए फायदेमंद होगा।

राज ठाकरे का बयान

एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे ने उद्धव के साथ अपने रिश्ते पर बात करते हुए कहा कि उन दोनों के बीच मतभेद ‘मामूली’ है और इसका असर मराठी लोगों को पड़ रहा है। उन्होंने कहा, “मेरे और उद्धव ठाकरे के बीच मतभेद काफी कम है। महाराष्ट्र इन मतभेदों से ज्यादा अहम है। ये मतभेद महाराष्ट्र के अस्तित्व और मराठी लोगों के लिए महंगे साबित हो रहे हैं।”उन्होंने कहा, “एक साथ आना मुश्किल नहीं है। यह इच्छाशक्ति की बात है। यह सिर्फ मेरी इच्छा और स्वार्थ की बात नहीं है। अगर राज्य चाहता है कि वे एक साथ नजर आएं तो वो अपने अहंकार को बीच में नहीं आने देंगे।” लेकिन अगर वो उद्धव के साथ आते हैं तो इसका मतलब 2024 के चुनावों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए उनके बिना शर्त समर्थन से हटना होगा।

Exit mobile version