Site icon अग्नि आलोक

भारत में सबसे कम 85 दिनों में 10 करोड़ से ज्यादा टीके लगाए गए, अमेरिका और चीन को पीछे छोड़ा

Share

नई दिल्ली

भारत ने वैक्सीनेशन के मामले में शनिवार को बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश में अब तक कोरोना की 10 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन लगाई जा चुकी हैं। दूसरे देशों के मुकाबले भारत को ऐसा करने में सिर्फ 85 दिन लगे। इतने वक्त में अमरीका ने 9.2 करोड़ और चीन में 6.14 करोड़ टीके लगे थे। हेल्थ मिनिस्ट्री ने यह जानकारी दी। हालांकि कुल वैक्सीनेशन के लिहाज से देखा जाए तो अमेरिका और चीन भारत से काफी आगे हैं।

शनिवार शाम 7:30 बजे तक पूरे देश में कुल 10.12 करोड़ डोज लगाए जा चुके हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री ने एक बयान में कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की मिली जुली कोशिशों के कारण भारत में डेथ रेट दुनिया में सबसे कम (1.28%) है।

सबसे ज्यादा टीके बुजुर्गों को
अब तक भारत में 90 लाख हेल्थकेयर वर्कर्स को पहला और 55 लाख को दूसरा डोज दिया जा चुका है। फ्रंटलाइन वर्कर्स में यह संख्या 99 लाख और 47 लाख है। 45 से 60 साल की उम्र वाले 3 करोड़ लोगों को पहला और 6 लाख से ज्यादा लोगों को दूसरा डोज दिया गया है। 60 साल से ज्यादा उम्र वाले 3.95 करोड़ लोग पहला और 17.88 लाख दूसरा डोज लगवा चुके हैं।

भारत ने पहले फेज में सभी हेल्थकेयर और फ्रंटलाइन वर्कर्स का वैक्सीनेशन 16 जनवरी से शुरू किया था। दूसरा फेज 1 मार्च को शुरू हुआ। इसमें 45 साल से ज्यादा उम्र के बीमार लोगों और 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों को वैक्सीन दी गई। इसके बाद 2 अप्रैल से शुरू हुए फेज में 45 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों को इसके दायरे में शामिल कर लिया गया।

देश में इस समय कोरोना वायरस की दूसरी लहर चल रही है। शनिवार को पूरे देश में 1.45 लाख नए केस मिले हैं। महामारी फैलने के बाद से यह सबसे ज्यादा है।

Exit mobile version