भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में होने वाला T20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि इतिहास के पन्नों को फिर से लिखने का मौका है. इस महामुकाबले में टीम इंडिया के पास उन 5 ‘शापित’ भ्रमों को तोड़ने का अवसर है, जिन्होंने सालों से भारतीय फैंस को परेशान कर रखा है. वो 5 बड़े मिथक कौन से हैं, जिन्हें इस बार सूर्या एंड कंपनी चकनाचूर करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. आइए जानते हैं.अहमदाबाद में होने वाला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल भारतीय क्रिकेट के 5 बड़े भ्रमों को तोड़ने का मंच है. लगातार दो बार चैंपियन न बन पाने से लेकर, मेजबान टीम की हार और न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप में खराब रिकॉर्ड तक. टीम इंडिया के पास इन सभी मिथकों को खत्म करने का सुनहरा मौका है. क्या टीम इंडिया 2023 की हार का बदला लेकर नया इतिहास लिखेगी?
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक कोई भी टीम लगातार दो बार ट्रॉफी नहीं जीत पाई है. यहां तक कि डिफेंडिंग चैंपियन अक्सर अगले टूर्नामेंट के फाइनल तक भी नहीं पहुंच पाते. टीम इंडिया ने फाइनल में पहुंचकर आधा भ्रम तो तोड़ दिया है, अब न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनने का कीर्तिमान बनाना बाकी है.
‘मेजबान टीम कभी नहीं जीतती’ वाला मिथक
टी20 वर्ल्ड कप के आंकड़े गवाह हैं कि अब तक कोई भी मेजबान देश (Home Team) अपनी धरती पर वर्ल्ड कप की ट्रॉफी नहीं उठा सका है. भारत इस बार सह-मेजबान है और अहमदाबाद के घरेलू मैदान पर कीवियों को धूल चटाकर टीम इंडिया इस पुराने सिलसिले को हमेशा के लिए खत्म कर सकती है.
अहमदाबाद और आईसीसी फाइनल का हिसाब
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम और आईसीसी फाइनल की याद भारतीय फैंस के लिए 2023 वनडे वर्ल्ड कप की हार की वजह से थोड़ी कड़वी है. टीम इंडिया के पास इस फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर यह साबित करने का मौका है कि पिछला फाइनल महज एक बुरा सपना था और यह मैदान अब भारत की ऐतिहासिक जीत का गवाह बनेगा.
टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड पर पहली जीत की तलाश
यह आंकड़ा हैरान करने वाला है कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत आज तक न्यूजीलैंड को कभी नहीं हरा पाया है. अब तक हुई 3 भिड़ंत में तीनों बार कीवियों ने बाजी मारी है. फाइनल का मंच इस ‘भ्रम’ को तोड़ने के लिए सबसे सटीक है कि भारत वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड को मात नहीं दे सकता.
आईसीसी फाइनल में न्यूजीलैंड का ‘भारत कनेक्शन’
न्यूजीलैंड ने अपने पिछले दो आईसीसी खिताब (2000 नॉकआउट ट्रॉफी और 2021 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप) भारत को फाइनल में हराकर ही जीते थे. कीवियों ने अब तक टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीता है. टीम इंडिया को इस बार यह सुनिश्चित करना होगा कि न्यूजीलैंड अपना पहला टी20 खिताब भारत को हराकर न जीत पाए. इस ‘फाइनल हार’ के पैटर्न को तोड़ना बेहद जरूरी है.

