अग्नि आलोक

*भारत-ब्रिटेन में मुक्त व्यापार समझौते पर नहीं बनी बात!*

Share

भारत और ब्रिटेन के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) समेत तीन समझौतों पर बातचीत पूरी होने में कुछ और समय लग सकता है, क्योंकि दोनों पक्षों को अभी कुछ लंबित मुद्दों को सुलझाना है. उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच जिन तीन समझौतों पर बातचीत चल रही है, उनमें चार या पांच मुद्दे हैं.

जिन तीन समझौतों पर बातचीत चल रही है, वे हैं- एफटीए, द्विपक्षीय निवेश समझौता (बीआईटी) और सामाजिक सुरक्षा समझौता (आधिकारिक तौर पर डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन एग्रीमेंट).

पिछले हफ्ते लंदन में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और ब्रिटेन के व्यापार एवं वाणिज्य राज्य मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स के बीच हुई बैठकों के दौरान बातचीत की प्रगति की समीक्षा की गई. एक सूत्र ने कहा कि कुछ महत्वपूर्ण मुद्दे अभी भी बने हुए हैं. कुछ और बैठकें होंगी. जिन मुद्दों पर कुछ और चर्चा की आवश्यकता हो सकती है, उनमें बीआईटी में सनसेट क्लॉज, ब्रिटेन का नया कार्बन कर और डेटा लोकलाइजेशन शामिल हैं. दोनों पक्ष 29 अप्रैल को लंदन में इन वार्ताओं के समापन की घोषणा करने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अंतिम समय में मतभेद उभर आए.

भारत-ब्रिटेन आर्थिक और वित्तीय वार्ता

पीयूष गोयल ने 29 अप्रैल को लंदन की अपनी दो दिवसीय यात्रा पूरी की. इसके बाद उन्होंने दो मई को लंदन लौटने से पहले ओस्लो (नॉर्वे) और ब्रसेल्स का दौरा किया. केंद्रीय मंत्री रविवार को दिल्ली पहुंचे. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नौ अप्रैल को अपने ब्रिटिश समकक्ष चांसलर रेचल रीव्स के साथ 13वीं मंत्रिस्तरीय भारत-ब्रिटेन आर्थिक और वित्तीय वार्ता (ईएफडी) को सकारात्मक रूप से पूरा किया और समझौते की बातचीत को जल्द ही पूरा करने की उत्सुकता व्यक्त की.

एफटीए के लिए बातचीत फिर से शुरू

इससे पहले 24 फरवरी को पीयूष गोयल और ब्रिटेन के व्यापार एवं वाणिज्य मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स ने दोनों देशों के बीच प्रस्तावित एफटीए के लिए बातचीत फिर से शुरू करने की घोषणा की थी. आठ महीने से अधिक समय के अंतराल के बाद बातचीत बहाल हुई. अब तक 14 दौर की बातचीत पूरी हो चुकी है, जिसकी शुरुआत 13 जनवरी, 2022 को हुई थी.

Exit mobile version