Site icon अग्नि आलोक

भारत जोड़ो यात्रा :राहुल बोले- एक व्यक्ति के हाथों में करोड़ों लोगों का भविष्य है , वे इसे संवारने की बजाय विपक्ष को ED और CBI का डर दिखाता है

Share

कांग्रेस ने बुधवार को कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की। यात्रा कश्मीर तक जाएगी। राहुल गांधी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए यात्रा के बारे में लोगों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि न्यूज चैनलों पर दिनभर प्रधानमंत्री मोदी को दिखाया जाता है। हम लोगों को कोई नहीं दिखाता, इसलिए हम यात्रा निकाल रहे हैं।

राहुल ने कहा- एक व्यक्ति के हाथों में करोड़ों लोगों का भविष्य है और वे इसे संवारने की बजाय विपक्ष को ED और CBI का डर दिखाता है। उन्होंने आगे कहा- हम फिर गुलामी के दौर में जा रहे हैं। पहले एक ईस्ट इंडिया कंपनी देश पर राज करती थी, अब 3-4 कंपनियां ये काम कर रही है।

राहुल के अलावा मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल, दिग्विजय सिंह, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल और योगेंद्र यादव ने भी संबोधित किया।

श्रीपेरंबुदुर जाकर पिता को दी श्रद्धांजलि
राहुल गांधी बुधवार सुबह श्रीपेरंबुदुर में पिता राजीव गांधी के स्मारक पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। यहां राहुल ने कहा कि नफरत की वजह से मैंने पिता खोया, लेकिन अब देश नहीं खो सकता हूं। राहुल करीब डेढ़ घंटे तक श्रीपेरंबुदुर में रहे। यहीं पर 1991 में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी।

भारत जोड़ो यात्रा अभियान से पहले राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी।

भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, यूपी, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब होते हुए केंद्र शासित प्रदेश कश्मीर तक जाएगी। राहुल की यह यात्रा करीब 3570 किमी है। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस 372 लोकसभा सीटों पर फोकस कर रही है।

यात्रा को सफल बनाने और लोगों की भीड़ बढ़ाने के लिए कांग्रेस ने 3 स्तर पर प्लानिंग की है।

1. भारत यात्री- कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक राहुल गांधी के साथ 100 लोग रहेंगे। कांग्रेस ने इसका नाम भारत यात्री दिया है। इनमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के सदस्य रहेंगे।

2. अतिथि यात्री- जिन राज्यों में भारत जोड़ो यात्रा की टीम नहीं जाएगी, उन राज्यों से 100 लोग कांग्रेस के इस यात्रा में शामिल होंगे। इन्हें अतिथि यात्री का दर्जा दिया गया है। इनमें बिहार, बंगाल और पूर्वोत्तर भारत से आने वाले नेताओं को जगह दी जाएगी। सिविल सोसाइटी के लोग भी इनमें शामिल रहेंगे।

3. प्रदेश यात्री- भारत जोड़ो यात्रा जिन राज्यों से गुजरेगी, उन राज्यों की सीमा में जहां-जहां राहुल गांधी जाएंगे, उनके साथ राज्य के 100 लोग होंगे। कांग्रेस ने इनका नाम प्रदेश यात्री दिया है।

Exit mobile version