Site icon अग्नि आलोक

इंडिया पोस्ट का ’24 स्पीड पोस्ट’ सेवा शुरू, 24 घंटे में मिलेगी डिलीवरी

Share

डाक विभाग 17 मार्च 2026 से अपनी नई 24 स्पीड पोस्ट सेवा शुरू करने जा रहा है। इस सेवा का शुभारंभ केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया और संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी नई दिल्ली के आकाशवाणी भवन स्थित रंगभवन सभागार में दोपहर 12:30 बजे करेंगे। इस दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

नई 24 स्पीड पोस्ट सेवा के तहत ग्राहकों को तत्काल और समयबद्ध शिपमेंट के लिए अगले दिन डिलीवरी की गारंटी दी जाएगी। पहले चरण में यह सुविधा दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बंगलूरू और हैदराबाद में उपलब्ध होगी। डाक विभाग का कहना है कि इस पहल से प्रीमियम एक्सप्रेस डिलीवरी सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही विभाग 24 और 48 स्पीड पोस्ट सेवाओं के जरिए क्रमशः डी+1 और डी+2 डिलीवरी समय-सीमा सुनिश्चित करेगा। इसके लिए समर्पित प्रोसेसिंग विंडो और प्राथमिकता वाले हवाई परिवहन की व्यवस्था की गई है, ताकि पार्सल और दस्तावेज तय समय के भीतर पहुंच सकें।

नई सेवा में ग्राहकों को कई आधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगी। इनमें ओटीपी आधारित सुरक्षित डिलीवरी, एसएमएस अलर्ट के साथ एंड-टू-एंड ट्रैकिंग, व्यावसायिक ग्राहकों के लिए बीएनपीएल सुविधा, बल्क बुकिंग पर मुफ्त पिकअप, एपीआई इंटीग्रेशन और केंद्रीकृत बिलिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि तय समय से देरी होने पर मनी-बैक गारंटी दी जाएगी।

Exit mobile version