अग्नि आलोक

ऑस्ट्रेलिया को हराकर शान के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में मारी एंट्री

Share

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का दूसरा सेमीफाइनल मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इसके साथ ही टीम इंडिया तीसरी बार फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही है। यह महिला वनडे वर्ल्ड कप में भारत का पांचवां सेमीफाइनल था। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 339 रन का टारगेट रखा था। जवाब में टीम इंडिया ने इस टारगेट को बेहद आसानी से जेमिमा रोड्रिग्ज की शानदार शतकीय पारी के बदौलत 48.3 ओवर में हासिल कर लिया। अब 2 नवंबर को फाइनल में भारत का सामना साउथ अफ्रीका से होगा। आपको बता दें कि यह महिला वनडे क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज है। इससे पहले महिला वनडे में सबसे बड़ा रन चेज 330 रन का था। यह टारगेट ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने भारत के खिलाफ इसी साल हासिल किया था। जेमिमा रोड्रिग्ज के बल्ले से 127 रनों के ऐतिहासिक मैच विनिंग पारी देखने को मिली।

फोएब लिचफील्ड ने ऑस्ट्रेलिया के लिए लगाया शानदार शतक
मुकाबले की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और उसकी पूरी टीम 49.5 ओवर में 338 रन पर ऑलआउट हो गई। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लिए लिचफील्ड ने शानदार बल्लेबाजी की और शतक लगाया। लिचफील्ड और पैरी जब तक क्रीज पर थे लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 350 से अधिक जाएगा, लेकिन अमनजोत ने लिचफील्ड को आउट कर 155 रन की इस साझेदारी को तोड़ा। लिचफील्ड 93 गेंदों में 119 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद पैरी ने मोर्चा संभाला और वह 77 रन बनाकर आउट हुईं। ताहिला मैक्ग्रा इस मैच में कुछ खास नहीं कर सकीं और 12 रन बनाकर रन आउट हो गईं। लेकिन एश्ले गार्डनर ने अंत में तेज तर्रार पारी खेली और ऑस्ट्रेलिया के स्कोर को 300 के पार पहुंचाया। गार्डनर 63 रन बनाकर रन आउट हो गईं। इस मैच में भारत के लिए श्री चरण और दीप्ति शर्मा को दो-दो विकेट मिले, जबकि अमनजोत कौर, क्रांति गौड़ और राधा यादव को एक-एक विकेट मिला।

जेमिमा रोड्रिग्ज ने भारत के लिए खेली मैच विनिंग पारी
टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को इस मैच में अच्छी शुरुआत नहीं मिली। शैफाली वर्मा जो लंबे समय के बाद टीम में वापसी कर रही थी, वह 5 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद भारत को दूसरा झटका स्मृति मंधाना के रूप में लगा, वह 24 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्ज ने भारत की पारी को संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 167 रन की पार्टनरशिप हुई। हरमनप्रीत इस मैच में 89 रन बनाकर आउट हो गई। इसके बाद दीप्ति शर्मा 17 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हो गई। वहीं बचा हुआ काम जेमिमा रोड्रिग्ज ने ऋचा घोष ने मिलकर किया। भारत के लिए इस मैच में जेमिमा रोड्रिग्ज ने मैच विनिंग पारी खेली।

जेमिमा ऐतिहासिक पारी के बाद हुईं भावुक

भारतीय महिला टीम ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल मैच को 5 विकेट से अपने नाम करने के साथ फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है। टीम इंडिया के लिए डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ये मैच बिल्कुल भी आसान नहीं रहने वाला था, क्योंकि उन्होंने लीग स्टेज में एक भी मुकाबले में हार का सामना नहीं किया था। भारतीय टीम को सेमीफाइनल में जीत के लिए 339 रनों का बड़ा टारगेट मिला था, जिसका पीछा उन्होंने 48.3 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर कर लिया, जिसमें नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरी जेमिमा रोड्रिग्ज के बल्ले से 127 रनों की नाबाद ऐतिहासिक पारी देखने को मिली जिसके दम पर टीम इंडिया ने फाइनल में अपनी जगह को पक्का किया। वहीं इस मैच के बाद जेमिमा रोड्रिग्ज काफी भावुक भी दिखाई दी जिसमें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड लेते समय उन्होंने अपनी मानसिक स्थिति को लेकर भी बड़ा खुलासा किया।

मैं मानसिक रूप से ठीक नहीं थी काफी चिंता से गुजर रही थी
जेमिमा रोड्रिग्ज को ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में शानदार मैच विनिंग पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया, जिसके बाद उन्होंने अपने इस प्रदर्शन को लेकर कई बड़े खुलासे भी किए। जेमिमा की आंखों में जहां इस दौरान आंसू देखने को मिले तो वहीं उन्होंने कहा कि मैं ईश्वर का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं, मैं ये अकेले नहीं कर सकती थी। मैं अपनी मां, पिता, कोच और हर उस व्यक्ति का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं जिसने मुझ पर विश्वास जताया। पिछला महीना वाकई मेरे लिए बहुत मुश्किल था, ये एक सपने जैसा लगता है और अभी तक मेरे अंदर नहीं उतरा है।

मुझे नहीं पता था कि मैं तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर रही हूं। मैं उस समय नहा रही थी, बस उन्होंने बताया कि मुझे बता दें। मैदान में उतरने से 5 मिनट पहले, मुझे बताया गया कि मैं तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर रही हूं। मैंने अपने बारे में नहीं देश के लिए ये मैच जीतना चाहती थी और इसे आगे भी जारी रखना चाहती हूं। आज का दिन मेरे अर्धशतक या शतक के बारे में नहीं था, बल्कि देश को जिताने के बारे में था। अब तक जो कुछ भी हुआ, वो इसी की तैयारी थी। पिछले साल, मुझे इस विश्व कप से बाहर कर दिया गया था। मैं अच्छी फॉर्म में थी। लेकिन लगातार कुछ न कुछ होता रहा और मैं कुछ भी नियंत्रित नहीं कर पाई। इस दौरे में मैं लगभग हर दिन रोई हूं। मानसिक रूप से ठीक नहीं थी चिंता से गुज़र रही थी।

पहली बार वर्ल्ड कप के इतिहास में नॉकआउट मैच में 300 प्लस टारगेट हुआ चेज

भारतीय महिला टीम अब महिला वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रनों का सफलतापूर्वक पीछा करने वाली टीम बन गई है। वहीं पुरुष और महिला वनडे वर्ल्ड कप नॉकआउट मैचों में अभी तक का ये सबसे बड़ा रन चेज भी हो गया है। इससे पहले साल 2015 में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच ऑकलैंड के मैदान पर खेले गए वनडे वर्ल्ड कप सेमीफाइनल मैच में कीवी टीम ने 298 रनों के टारगेट का सफलतापूर्वक पीछा किया था, जिसे अब भारतीय महिला टीम ने पीछे छोड़ दिया है।

Exit mobile version