सांसदों ने एक स्वर में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति को पूरी दुनिया के सामने स्पष्टता से रखा
भारत के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल 33 देशों की राजधानियों का दौरा कर रहे हैं। सात अलग-अलग दलों में शामिल 51 सांसदों के अलावा कई राजनयिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और नौकरशाह भी इन शिष्टमंडलों में शामिल हैं। दहशतगर्दों के पनाहगाह पाकिस्तान और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों को बेनकाब करने के लिए ये प्रतिनिमंडल विदेश में अलग-अलग कार्यक्रम कर रहे हैं। कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में गया दल न्यूयॉर्क के रास्ते गुयाना गया, जबकि दो अन्य दल बहरीन और कतर में हैं। इनके अलावा तीन अन्य दल रूस, जापान और यूएई जैसे देशों का दौरा कर चुके हैं। पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद और पड़ोसी देश की नीतियों को अलग-अलग मंचों पर बेनकाब किया जा रहा है।
पाकिस्तान को एफएटीएफ की ग्रे लिस्ट में डालने में मदद करे बहरीन: ओवैसी
एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, इन आतंकवादी संगठनों ने भारत में मासूम लोगों की हत्या को सही ठहराने के लिए कुरान की आयतों को गलत संदर्भ में पेश किया है। हमें इसका अंत करना होगा। इस्लाम में आतंकवाद की निंदा की गई है और कुरान साफ कहती है कि एक मासूम की हत्या पूरे मानवता की हत्या के बराबर है।
ओवैसी ने कहा, हमारे देश में राजनीतिक मतभेदों के बावजूद देश की एकता पर कोई समझौता नहीं होता है। समय आ गया है कि हमारा पड़ोसी देश इस बात को समझे। मैं बहरीन सरकार से उम्मीद करता हूं कि वह पाकिस्तान को एफएटीएफ की ग्रे लिस्ट में डालने में मदद करे, क्योंकि इसी पैसे से आतंकवादियों को समर्थन मिलता है। उन्होंने आगे कहा, हमारी सरकार हर भारतीय की सुरक्षा के लिए कदम उठा रही है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर पाकिस्तान फिर से इस प्रकार की हरकत करता है तो उसका जवाब कड़ा होगा। हम यहां इसलिए आए हैं, ताकि दुनिया को बताया जा सके कि भारत को लंबे समय से किस खतरे का सामना करना पड़ रहा है। यह समस्या केवल पाकिस्तान की वजह से है। जब तक पाकिस्तान इन आतंकवादी समूहों को मदद देना बंद नहीं करेगा, यह समस्या खत्म नहीं होगी।
फिर हमला हुआ तो जवाब देगा भारत: फांगनोन कोन्याक
भाजपा सांसद एस. फांगनोन कोन्याक ने भी प्रमुख व्यक्तित्वों के साथ बातचीत में कहा, विभाजन के बाद से ही पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अपनी आतंकवादी गतिविधियां बंद नहीं की हैं। हमारी विनती है कि बहरीन भी आगे आए और पाकिस्तान से अपने कृत्यों की जिम्मेदारी लेने को कहे। भारत सरकार की इस बार स्थिति बहुत स्पष्ट है…अगर फिर हमला हुआ तो भारत जवाब देगा।
बहरीन पूरी तरह से भारत के साथ खड़ा है: निशिकांत दुबे
वहीं, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, अभी जो बैठक हुई, उसमें बहरीन के कई सांसद शामिल हुए। बहरीन वह पहला देश था जिसने 22 अप्रैल को पहलगाम हमले की निंदा की और भारत का समर्थन किया। आज जो बातचीत हुई, उसके आधार पर मैं कह सकता हूं कि बहरीन पूरी तरह से भारत के साथ खड़ा है और हमेशा खड़ा रहेगा। दुबे भी बैजयंत पांडा के नेतृत्व वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।
दुबे ने कहा, पिछले 2-3 दिनों से आईएमएफ पाकिस्तान को जोर देकर कह रहा है कि वह पैसा किसी और काम में न लगाए और सिर्फ वही काम करे जिसके लिए पैसा मिला है। हमें लगता है कि आईएमएफ कुछ और कर सकता है। हमारी आपसे विनती है कि हम यहां इसलिए आए हैं, क्योंकि हमें पाकिस्तान के साथ बड़ी समस्या का सामना है। हमें आपका समर्थन चाहिए।
भारत की रक्षा प्रणाली ने दिया पाकिस्तान की हर चुनौती का जवाब: हर्षवर्धन श्रृंगला
पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने प्रमुख हस्तियों के साथ बातचीत के दौरान कहा, मुझे यह जोर देकर कहना है कि हमारे देश के हर एक नागरिकों यानी 140 करोड़ लोगों की सुरक्षा बेहद जरूरी है। इसलिए एक परिवार की सुरक्षा और हम सभी की सुरक्षा एक जैसी महत्वपूर्ण है। हमने यह साबित कर दिया है कि भारत में बनी रक्षा प्रणाली के जरिए हमने पाकिस्तान की हर चुनौती का पूरी तरह से जवाब दिया है। आपने देखा कि जब हमने आतंकवादी ढांचों पर बहुत सोच-समझकर हमला किया, तब पाकिस्तान ने ड्रोन, विस्फोटक ड्रोन और अन्य हथियारों के जरिए 800 से ज्यादा हमले की कोशिशें कीं।
श्रृंगला भाजपा सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं। उन्होंने आगे कहा, बहरीन दौरे के पहले चरण में प्रतिनिधिमंडल की बहुत उपयोगी और महत्वपूर्ण बातचीत हुई। आज सुबह ही प्रतिनिधिमंडल ने बहरीन में भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। हमने वहां यह स्पष्ट सबूत दिए कि भारत ने पाकिस्तान से फैले आतंकवाद का पिछले कई दशकों में किस तरह सामना किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस खतरे से निपटने का एक नया और स्पष्ट तरीका सामने आया है, जिसे अब ‘नया सामान्य’ कहा जा सकता है।
रूस के सफल दौरे के बाद लुब्लियाना-स्लोवेनिया रवाना हुआ भारतीय प्रतिनिधिमंडल
द्रमुक सांसद कनिमोझी करुणानिधि के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल मॉस्को के डोमोडेडोवो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपने अगले गंतव्य, लुब्लियाना, स्लोवेनिया के लिए रवाना हुआ। प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद के खिलाफ भारत की निरंतर लड़ाई को प्रदर्शित करने के लिए रूस, स्लोवेनिया, ग्रीस, लातविया और स्पेन का दौरा कर रहा है। इस 8 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में सपा सांसद राजीव राय, भाजपा सांसद कैप्टन बृजेश चौटा (सेवानिवृत्त), आप सांसद अशोक कुमार मित्तल और राजदूत मंजीव एस पुरी भी शामिल हैं।
भारतीय राजदूत ने दी जानकारी
प्रतिनिधिमंडल के दौरे को लेकर रूस में भारतीय राजदूत विनय कुमार ने बताया कि दौरा सफल रहा। उन्होंने कहा, इस दौरे का पहला नतीजा यह है कि पाकिस्तान से फैलने वाले आतंकवाद के खतरे को लेकर अब पूरी समझ बन चुकी है। यह केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए खतरा है। दूसरा, इस बात पर भी पूरी सहमति बनी है कि इस खतरे से मिलकर निपटना जरूरी है। कल रूसी अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि इस लड़ाई में सबको साथ आना होगा और आतंकवाद के खिलाफ भारत को पूरा समर्थन मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा, अब हालात पहले जैसे नहीं रह सकते और इस पर सख्त रुख अपनाने की जरूरत है। हम सभी चाहते हैं कि यह मसला राजनीतिक और कूटनीतिक तरीके से सुलझे, लेकिन अगर पाकिस्तान आतंकवाद को अपनी नीति बनाए रखता है, तो भारत को अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है।

थरूर की अगुवाई में अमेरिका पहुंचा दल
कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। पहले गंतव्य गुयाना जाने से पहले इस दल में शामिल लोग 9/11 आतंकी हमले (वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर 2001 में हुआ हमला) के बाद बनाए गए स्मारक का दौरा करेंगे।
कतर पहुंचा भारतीय सांसदों-राजनयिक का दल
महाराष्ट्र से निर्वाचित महिला सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में गया भारतीय शिष्टमंडल कतर पहुंच गया है।