Site icon अग्नि आलोक

भारत का शेयर मार्केट अब परिपक्व ,17 हजार करोड़ की हर महीने एसआईपी

Share

आईसीएआई की इंदौर सीए शाखा दिल्ली की कमेटी फॉर मेंबर इन इंडस्ट्री एंड बिजनेस के तत्वाधान में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उन सदस्यों ने भाग लिया जो इंडस्ट्री एंड बिजनेस में बतौर सीएफओ या अन्य पद पर कार्यरत हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन शेयर बाजार के जाने माने विश्लेषक सीए अनिल सिंघवी, आईसीएआई के पूर्व अध्यक्ष सीए मनोज फडनिस, आईसीएआई के काउंसिल सदस्य एवं कमेटी के चेयरमैन सीए दुर्गेश काबरा के साथ काउंसिल सदस्य सीए केमिशा सोनी एवं सीए रोहित रुआटीया ने किया। इंदौर सीए शाखा के चेयरमैन सीए मौसम राठी ने बताया कि म्यूच्यूअल फंड 50 लाख करोड़ पार पहुंच चुका है। प्रति माह 17000 करोड़ से ऊपर की एसआईपी आ रही है। सही मायनो में भारत का शेयर मार्केट अब परिपक्व हो गया है। भारत की इकोनामी 4 मिलियन डालर पर पहुंच गई है और यह अगले 1 मिलियन का सबसे तेज सफर रहेगा।

मुख्य वक्ता एवं अतिथि सीए अनिल सिंघवी ने शेयर बाजार की गति और उसकी बारीकियों पर अपनी बात रखी एवं उससे संबंधित प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने कहा कि हमेशा आशावान रहना आवश्यक है, बिना आशा के वास्तविकता संभव ही नहीं है। फाइनेंशियल मार्केट के एनफ्लूइंसर के बारे मे बोलते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति पर भरोसा करने के पहले यह देख लेना चाहिए कि उसका अनुभव कितना है। मंदी और गिरावट का कितना दौर उसने देखा है क्योंकि सलाह देना अति सरल है परंतु उसके परिणाम सलाह मानने वाले को भुगतना पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी शेयर को प्राइस वाइस होल्ड करने के बजाय टाइम वाइस रखें, यदि उस शेयर का प्राइस कम हो रहा है तो भी होल्ड करें और बढ़ रहा है तब भी होल्ड करें, लंबे समय मे ऐसे शेयर जबरदस्त मुनाफा देते हैं।

भारत अपने सबसे बड़ी तेज़ी के बाज़ार में बैठा है और इस तेजी में ना केवल आय बनानी है बल्कि इसमें हमको अपनी संपत्ति को कई गुना करना है। ये तेजी सही मायनों में सभी सेक्टर में बढ़ रही है इस बाजार को रिटेलर्स नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएंगे। अमृतकाल पूर्ण होने तक निफ्टी 2 – 2.50 लाख की होगी। डिफेंस, फार्मा और कैपिटल गुड्स वाले सेक्टर में निवेश निश्चित ही बड़ा मुनाफा देगा, अभी इनमें बहुत गुंजाइश है। सीए स्वप्निल कोठारी, सीए पंकज कोठारी, सीए आनंद जोशी, सीए अनीश महेश्वरी और सीए आदित्य चमाडीया ने सीएफओ बनने की यात्रा को कैसे प्लान कर अमल में लाएं इस पर अपना अनुभव साझा किया। 

कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों मे आईसीएआई के पूर्व अध्यक्ष मनोज फाडनिस, सीए दुर्गेश काबरा, सीए कमिशा सोनी, पवन सिंघानिया, सीए रोहित रुआटीया, सीए कीर्ति जोशी, सीए आनंद जैन ने संबोधित किया। कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों का संचालन सीए स्वर्णिम गुप्ता, सीए रजत धानुका, सीए अमितेष जैन ने किया एवं आभार सीए अतिशय खासगीवाला ने माना। कार्यक्रम में विभिन्न इंडस्ट्री के सीएफऔ, वाइस प्रेसिडेंट, डायरेक्टर, एकाउंट हेड सहित 200 से अधिक सदस्य उपस्थित थे। इंदौर ब्रांच के सचिव सीए स्वर्णिम गुप्ता ने बताया कि एक अन्य कार्यक्रम में आईसीएआई ऑडिटोरियम में सीए, सीए स्टूडेंट्स, समाज के प्रबुद्ध जन, स्टॉक ब्रोकर फर्म, इनवेस्टर आदि के लिए एक अलग परिचर्चा रखी गई थी जिसमें कैपिटल मार्केट 2024 विषय पर श्री अनिल सिंघवी ने संबोधित किया। कार्यक्रम मे 600 से अधिक लोगों उपस्थित थे।

 

Exit mobile version