महंगाई के विरोध में इंदौर कांग्रेस गुरुवार को सड़कों पर उतरी। पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने के विरोध में कार खींचकर विरोध दर्ज कराया। सुबह 10 बजे से कांग्रेसी मधुमिलन चौराहे पर जुटे। बैनर-पोस्टर लेकर नारेबाजी करते हुए रीगल तिराहे की और बढ़े। पैदल मार्च के दौरान पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा, विधायक संजय शुक्ला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, कांग्रेस नेता सुरजीत सिंह चड्ढ़ा ने कार को रस्सी से खींचा। कांग्रेस नेता पिंटू जोशी व अन्य कांग्रेस नेता ठेले के ऊपर रखी बाइक पर सवार होकर प्रदर्शन करते दिखाई दिए।
समर्थकों के बीच रहे कांग्रेस नेता
पैदल मार्च के दौरान कांग्रेस के दिग्गज नेता अपने-अपने समर्थकों के साथ ही चलते दिखाई दिए। एक तरफ जहां पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा, विधायक शुक्ला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष बाकलीवाल और समर्थकों के साथ दिखाई दिए। उनके पीछे कुछ दूरी पर पूर्व मंत्री जीतू पटवारी अपने समर्थकों के साथ तो उनके पीछे कांग्रेस नेता सत्यनारायण पटेल अपने समर्थकों के बीच पैदल मार्च में रहे।
महात्मा गांधी की प्रतिमा को सौंपा ज्ञापन
धीरे-धीरे पैदल मार्च रीगल तिराहे पहुंचा। इस बीच कुछ कांग्रेसी डीआईजी ऑफिस गेट के बाहर ही जमा हो गए। मगर वरिष्ठों के निर्देश पर मार्च आगे बढ़ा और रीगल तिराहे से होते हुए महात्मा गांधी की प्रतिमा पर एकत्रित हुआ। जहां देश में बढ़ती महंगाई, अपराध, बेरोजगारी सहित अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा को ज्ञापन सौंपा।
अडानी-अंबानी के गुलाम हैं पीएम: वर्मा
पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने कहा कि आज नवरात्रि पर भाजपा रूपी राक्षसों का दमन करने का सबसे अच्छा दिन है। पीएम नरेंद्र मोदी जैसे लोग अडानी-अंबानी, टाटा-बिड़ला के गुलाम हैं और देश को बेचने का षड़यंत्र कर रहे हैं। आज टेलीकॉम कंपनी, एयरपोर्ट, एलआईसी बेची जा रही है। हमने जो बनाया है, उसे बेचा जा रहा है। सीएम शिवराज सिंह चौहान पर भी उन्हें तंज कसते हुए उन्हें पाखंडी और नौटंकीबाज बताया।
ज्यादातर के मुंह पर मास्क नहीं था।
बिना मास्क के पैदल मार्च
देखा जाए तो गत दिनों पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर कांग्रेस ने निशाना साधा था कि अगर यात्रा से इंदौर में कोरोना संक्रमण फैलता है तो इसकी जिम्मेदार भाजपा और प्रशासन होगा। वहीं गुरुवार को कांग्रेस के इस पैदल मार्च में खुद कांग्रेस नेता बिना मास्क के नजर आए। वहीं इस पैदल मार्च में सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन होता नजर नहीं आया। वहीं मार्च के बाद कांग्रेसजन फोटो सेशन करते भी नजर आए।

