इंदौर
इंदौर अनाज तिलहन व्यापारी संघ के 27 अक्टूबर को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव को लेकर 22 अक्टूबर को अंतिम सूची का प्रकाशन होगा, लेकिन गुरुवार दोपहर तक लगभग सारी स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। इस बार कुल 107 नामांकन भरे गए थे। इनमें से 3 नामांकन पत्र अलग-अलग कारणों के चलते निरस्त किए गए हैं। 15 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए हैं, जबकि एक पद (प्रांगण) समिति पर निर्विरोध की स्थिति है। इस तरह कुल 32 पदों के लिए इस बार 88 प्रत्याशी मैदान में हैं तथा कड़े मुकाबले की स्थिति है।
एसोसिएशन के 32 पदों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मंत्री, उप मंत्री, कोषाध्यक्ष, कार्यकारिणी के 15 सदस्य, संयोजक (प्रांगण व्यवस्था समिति) व संयोजक (लेन-देन निपटारा समिति) के पद हैं। इसके अलावा इंदौर अनाज तिलहन व्यापारी पारमार्थिक न्यास के पांच ट्रस्टियों व शैक्षणिक न्यास के चार ट्रस्टियों के लिए भी मतदान होगा। इस बार मुख्य चुनाव अधिकारी हेंसल कुमार पहाडिया जबकि चुनाव अधिकारी अशोक बूबना व राजेश चंडक को बनाया गया है। इधर, इस बार सत्ताधारी युवा विकास पैनल अपने दो सालों में किए गए कामों को लेकर मैदान में उतरी है तो दूसरी ओर व्यापार विकास पैनल के अपने मु्द्दे हैं।
उपलब्धि और अनुभव पर मांग रहे वोट
मौजूदा सत्ताधारी युवा विकास पैनल अपने कार्यकाल में हुए उपलब्धियों का हवाला देकर वोट मांग रही है, जबकि व्यापार विकास पैनल के पास पुराने अनुभवी नाम हैं। युवा विकास पैनल ने दो साल में हुए अपने कामों का हवाला देकर मंडी की कमान युवा कारोबारियों के हाथ में सौंपने की अपील की है। इसके साथ ही नई अनाज मंडी के लिए 104 एकड़ जमीन आवंटन करवाने व नई मंडी के काम को गति देने की अपनी उपलब्धि भी सदस्यों को बता रही है।
ये उम्मीदवार मैदान में
व्यापार विकास पैनल की ओर से अध्यक्ष पद के लिए गोपालदास अग्रवाल, उपाध्यक्ष के लिए गोविंद लड्ढा, मंत्री पद के लिए काशीनाथ गोयल, उप मंत्री पद के लिए महेंद्र डोसी,कोषाध्यक्ष पद के लिए राजेश अग्रवाल, संयोजक पद के लिए महेश अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल तथा त्रिलोक गोयल मैदान में हैं। ऐसे ही युवा विकास पैनल की ओर से अध्यक्ष पद के लिए श्यामसुंदर अग्रवाल, उपाध्यक्ष के लिए विजय काला, मंत्री के लिए वरुण हरि मंगल, उप मंत्री के लिए आशीष मूंदड़ा तथा कोषाध्यक्ष के लिए जितेंद्र कुमार मंगल, संयोजक पद के लिए महेश अग्रवाल, प्रवीण बिलाला व बसंतीलाल सोमानी मैदान में हैं। संयोजक (प्रांगण व्यवस्था समिति) पद के लिए महेश अग्रवाल की निर्विरोध नियुर्कि को सहमति बन गई है। वैसे कुल 32 पदों पर कितने-कितने प्रत्याशी हैं, इसकी सूची 22 अक्टूबर को पूरी तरह स्पष्ट होगी।

