इंदौर. देश का सबसे स्वच्छ शहर कहलाने वाला शहर लेकिन आज हम आपको दिखाने जा रहे हैं एक ऐसी सच्चाई, जो सीधे आपकी थाली और आपकी सेहत से जुड़ी है. नाले के किनारे उगती सब्ज़ियां और वही सब्ज़ियां, सीधे बाजार और आपके घर तक, News 18 की टीम ने जब शहर में कुछ जगहों की पड़ताल की तो कैमरे में सचाई कैद हो गयी. हमारी टीम उस जगह तक पहुंची जहां यह सब्जियां उगाई जा रही थी, देखिये हमारी खास रिपोर्ट…
ये तस्वीरें इंदौर के भानगढ़ इलाके की हैं, जहां नाले के किनारे खुलेआम सब्ज़ियों की खेती हो रही है, देखिए नाले से सीधा पाइप लाइन बिछाकर खेतों में पानी पहुंचाया जा रहा है, और इसी दूषित पानी से हरी हो रही है आपकी सब्ज़ी. यह तस्वीर उस शहर की है जहां पर कुछ दिनों पहले ही दूषित पानी का मामला सामने आया था, लेकिन इसके बावजूद शहर में उग रही इन सब्जियों पर किसी का ध्यान नहीं गया.
ये सब्जियां जहां उगाई जा रही हैं, वहां पर आसनी से अधिकारियों की नज़र जा सकती है, लेकिन ना तो कभी इन सब्जियों का सैंपल लिया गया और ना ही इन्हें रोका गया. इसके कारण यह सब्जियां सीधे खेतों से निकल कर आपकी थाली तक पहुंच रही हैं. News 18 की टीम ने मौके पर पहुंचकर जब हकीकत देखी,तो साफ हो गया कि यह खेती आज भी खुलेआम जारी है
हाईकोर्ट तक पहुंच चुका मामला
याचिककर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता किशोर कोडवानी ने बताया कि इसे लेकर इंदौर के हाईकोर्ट मे पहले भी मामला जा चुका है, तब हाई कोर्ट ने इस मामले में कारवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन उसके बाद भी शहर में यह खेती हो रही है.
क्य़ा बोले डॉक्टर?
वहीं डॉक्टर निधि जैन मुताबिक ऐसी सब्ज़ियां खाने से पेट की गंभीर बीमारियां, इन्फेक्शन, और लंबे समय में कैंसर तक का खतरा हो सकता है, यानि ये सिर्फ खेती नहीं ये सेहत के साथ खुला खिलवाड़ है. इसके पहले भी इंदौर में इस तरह का मामला सामने आया था, जब कुछ साल पहले नगर निगम ने इन्हीं नाले किनारों की सब्ज़ियों की सैंपलिंग करवाई थी. जांच में सामने आया था कि इन सब्ज़ियों में खतरनाक कोलीफार्म बैक्टीरिया, राउंड वॉर्म, और जहरीले तत्व जैसे आर्सेनिक, कैडमियम और कास्टिक मौजूद थे, तब निगम ने कार्रवाई कर इन फसलों को नष्ट भी किया था, लेकिन आज, वही कहानी फिर दोहराई जा रही है
वही इसे लेकर जब जिम्मेदारों से सवाल किया गया तो इन सब्जियों को नष्ट करने की बात कही गयी, ये जहर खुले आम इंदौर में नाले किनारे उगाया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अभी तक इस ओर ध्यान नहीं दे पाए हैं, जबकि इंदौर में ही दूषित पानी पिने से 30 लोगों की जान जाने जैसे मामले सामने आये थे. जिस शहर को देश का सबसे स्वच्छ शहर कहा जाता है, उसी शहर में नाले के पानी से उग रही सब्जियां आज हर नागरिक की सेहत पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही हैं. सवाल ये नहीं कि ज़हर की खेती कहां हो रही है, सवाल ये है कि कब रुकेगा ये खेल और कब बचेगी आपकी थाली तक पहुंचने वाली ये सब्ज़ियां…
