Site icon अग्नि आलोक

इंदौर मेट्रो रेल का रेडिसन तक सफर शुरू होगा अप्रैल में

Share

सीएमआरएस की टीम निरीक्षण कर दिल्ली लौटी, मार्च अंत में मिलेगी एनओसी

इंदौर। मेट्रो रेल का इंदौर शहर में दूसरे चरण का सफर अप्रैल में शुरू होने की उम्मीद जताई गई है। इस सफर को शुरू करने के लिए हरी झंडी देने के मकसद से सीएमआरएस की टीम ने इंदौर का दौरा कर लिया है। यह टीम कल शाम वापस दिल्ली लौट गई। इस टीम द्वारा मार्च अंत तक अपनी एनओसी दे दी जाएगी।

मेट्रो रेल के पहले चरण का कमर्शियल रन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल हरी झंडी दिखाए जाने के साथ शुरू हुआ था। यह पहला चरण मेट्रो डिपो से सुपर कॉरिडोर के स्टेशन नंबर 3 तक का था। इस चरण की लंबाई 6.3 किलोमीटर थी। इस पहले चरण का कमर्शियल रन 31 में से शुरू किया गया था। इसके बाद से ही दूसरे चरण का काम तेज गति से चल रहा था। यह दूसरा चरण सुपर कॉरिडोर के स्टेशन नंबर 3 से लेकर रेडिसन चौराहे तक का है। इस दूसरे चरण में मेट्रो ट्रेन 10.9 किलोमीटर का सफर करेगी। इस दूसरे चरण का काम पूरा हो जाने के बाद इसमें कमर्शियल रन शुरू करने से पहले सीएमआरएस की टीम को निरीक्षण के लिए बुलाया गया था।

इस टीम द्वारा कल शाम को निरीक्षण पूरा कर लिया गया। निरीक्षण पूरा करने के बाद टीम दिल्ली के लिए रवाना हो गई। अब इस टीम द्वारा मार्च अंत तक अपनी ओर से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट जारी कर दिया जाएगा। यह सर्टिफिकेट जारी होने के बाद मेट्रो ट्रेन का दूसरे चरण का कमर्शियल रन शुरू हो सकेगा। मेट्रो ट्रेन के अधिकारियों का कहना है कि अप्रैल में हम दूसरे चरण का कमर्शियल रन शुरू कर देंगे। इसके लिए किराया भी निर्धारित कर दिया गया है। इस दूसरे चरण के क्षेत्र में कुल 28 स्टेशन बनाए गए हैं। इन स्टेशन तक सफर करने के लिए व्यक्ति को 20 से लेकर 80 रुपए तक का किराया चुकाना पड़ेगा। अब अप्रैल में सुपर कॉरिडोर से लेकर रेडिसन चौराहा तक मेट्रो ट्रेन का कमर्शियल रन शुरू किया जाएगा।

मोदी को बुलाने की तैयारी
मेट्रो ट्रेन के दूसरे चरण का कमर्शियल रन शुरू करने के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंदौर बुलाने की तैयारी की जा रही है। यदि प्रधानमंत्री की ओर से इस कार्यक्रम में भाग लेने की स्वीकृति मिल जाती है तो उनके द्वारा एक दूसरे चरण में मेट्रो ट्रेन के संचालन का शुभारंभ किया जाएगा। यदि प्रधानमंत्री कार्यालय से मंजूरी नहीं मिलती है तो फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इस दूसरे चरण में मेट्रो ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा।

इस दूसरे चरण के बाद रेडिसन से लेकर पलासिया चौराहे तक का तीसरा चरण बहुत दूर है। इस चरण में मेट्रो ट्रेन को पहले एलिवेटेड रूप से चलाने की योजना थी। जनता द्वारा विरोध किए जाने के कारण पिछले दिनों ही राज्य सरकार द्वारा इस योजना में परिवर्तन किया गया है। अब इस क्षेत्र में मेट्रो ट्रेन को अंडरग्राउंड चलाने की योजना तैयार की जा रही है। अभी तो यह योजना भी पूरी तरह से तैयार नहीं हो सकी है और इसका काम भी शुरू नहीं हुआ है, इसलिए तीसरा चरण अभी बहुत दूर की बात है।

Exit mobile version