बाणगंगा व कनाडि़या इलाके में 15 दिन में डकैती व लूट की 3 वारदातेें हो चुकी है और तीनों में पुलिस खाली हाथ है। बाणगंगा डकैती में झाबुआ में कार मिलने के बाद पुलिस ने टांडा की गैंग की पहचान कर ली है। इसी गैंग ने बाणगंगा मेें डकैती डाली और बदमाशों के पुलिस से बचने गुजरात भागने की सूचना ही। पुलिस टीम धार, झाबुआ के साथ गुजरात में डेरा डालकर बदमाशों की तलाश में लगी है। बाणगंगा की वारदात में बदमाशों पर इनाम बढाकर 30 हजार कर दिया है।
बाणगंगा इलाके में जब पेट्रोलियम कंपनी के डिपो मैनेजर के निवास पर डकैती हुई, उसी दौरान कनाड़िया रोड की कवर्ड कॉलोनी प्रोजोन सुजतिया पाम में भी लूट की नीयत से बदमाश पहुंचे। फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट के घर के बाहर रखी कार के कांच फोड़कर 60 हजार से भरा बैग निकाल लिया। घर के अंदर घुसने के लिए खिड़की तोड़ने का प्रयास किया। मुख्य गेट के लॉक को भी तोड़ना चाहा, लेकिन सेंट्रल व सेंसर लॉक नहीं खोल पाने से वापस चले गए। शनिवार को वारदात का सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है। प्रोजोन सुजतिया पाम कॉलोनी में 23 फरवरी की रात करीब 2.34 बजे बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट अनिल सिंह के मकान को निशाना बनाया।
फरियादी के मुताबिक, मुंह पर कपड़ा बांधे चार बदमाश उनके मकान के सामने पहुंचे। हाथ में औजार व हथियार थे। बाहर खड़ी कार में टॉर्च से रोशनी की तो अंदर बैग दिखा। आरोपियों ने कार का लॉक खोलने का प्रयास किया। सफल नहीं हुए तो कांच फोड़कर बैग निकाल लिया। बैग में करीब 60 हजार रुपए थे। इसके बाद बदमाश लोहे का गेट खोलकर परिसर में आए। खिड़की की ग्रिल निकालने का नाकाम प्रयास किया, कांच भी फोड़ना चाहा। कार में आरोपियों को घर के लॉक की चाबी मिल गई थी, जिससे उन्हें लगा कि अंदर कोई नहीं है। बदमाश चाबी से लॉक खोलने का प्रयास करने लगे। मुख्य दरवाजे पर तीन लॉक हैं। एक की चाबी बदमाशों को मिली, लेकिन दूसरा सेंट्रल और तीसरा सेंसर लॉक है। यह फंगर प्रिंट या कोड से ही खुल सकता है। बदमाशों ने लॉक खोलने का प्रयास किया, लेकिन सेंट्रल लॉक नहीं खोल पाए। कोड लॉक से कुछ खतरा लगा तो वापस चले गए।
15 दिन पहले हुई लूट में भी खाली हाथ पुलिस
10 फरवरी की रात कनाड़िया के टिगरिया राव में बदमाशों ने बैंड संचालक के मकान पर धावा बोला था। परिवार से मारपीट कर बदमाश लूट कर भागे थे। घटना के 15 दिन बाद भी पुलिस को आरोपियों का सुराग नहीं लगा है। अब इस क्षेत्र में दूसरी वारदात हो गई।
लोनी में छह मकान, एक गार्ड
कॉलोनी कवर्ड है, लेकिन पिछले हिस्से में दीवार काफी नीचे है। फरियादी के मुताबिक, कॉलोनी में एक गार्ड है। घटना वाले दिन क्लब हाउस में शादी समारोह था, जहां गार्ड ड्यूटी दे रहा था। हालांकि घटना के बाद वह घूमता नजर आया। आशंका है कि पिछले हिस्से की दीवार से बदमाश कॉलोनी में आए। फरियादी के मकान के पास के घर का भी ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहे। बदमाश करीब 22-25 मिनट रहे और भाग गए। शनिवार को दूसरे दिन एसीपी व अन्य अधिकारी जांच करने पहुंचे। कनाड़िया टीआइ केपी यादव के मुताबिक, कार से बदमाश नकद राशि ले गए। घर के अंदर जाने की बात सामने नहीं आई है। केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

