अग्नि आलोक

इंदौर की सबसे बड़ी कावड़ यात्रा अन्नपूर्णा से रवाना, तीन सौ से ज्यादा मंचों पर स्वागत

Share

मालवा अंचल की सबसे बड़ी बाणेश्वरी कावड़ यात्रा उज्जैन के लिए रवाना हो गई है। यह कावड़ यात्रा महेश्वर से गुरुवार शाम इंदौर पहुंची और शुक्रवार सुबह अन्नपूर्णा लोक से शुरू हुई। इसमें तीन हजार से ज्यादा कावड़िये शामिल हैं। कावड़ यात्रा सोमवार 17 जुलाई को उज्जैन पहुंचेगी। यहां भगवान महाकाल के दर्शन कर प्रदेश एवं देश में सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना कर जलाभिषेक करेंगे।

10 जुलाई को महेश्वर के अहिल्या घाट से महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन के लिए निकल रही है। यह यात्रा महेश्वर, गुजरी, मानपुर और महू तक के रास्ते इंदौर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह जबर्दस्त स्वागत हुआ। कावड़ यात्रा आज इंदौर से निकलेगी। इसका 300 से ज्यादा जगहों पर मंच बनाकर स्वागत किया जाएगा।

यात्रा प्रभारी दीपेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि शुक्रवार सुबह 9 बजे सबसे पहले मां अन्नपूर्णा को चुनरी अर्पित की गई। इसके बाद कावड़ यात्रा अन्नपूर्णा मंदिर से महूनाका, लालबाग, कलेक्ट्रेट, मोती तबेला, हरसिद्धि, यशवंत निवास रोड, राजवाड़ा होते हुए सदर बाजार, मरीमाता चौराहा, बाणगंगा मेनरोड होते हुए रेवती रेंज जाएगी।

राजवाड़ा पर मां अहिल्या का दुग्धाभिषेक करने के बाद शहर के सभी प्रमुख राजनेता एवं जनप्रतिनिधि यात्रा की अगवानी करेंगे। शहर के अनेक धार्मिक, सामाजिक संगठनों ने यात्रा एवं संयोजक गोलू शुक्ला के आत्मीय स्वागत की जोरदार तैयारियां कर रखी है।

कावड़ यात्रा में झांकियां भी निकाली जा रही हैं।

अन्नपूर्णा से मरीमाता तक पहुंचने के दौरान एक ओर का रास्ता बंद किया जाएगा। कावड़ यात्रा के दौरान कोई भी रूट परिवर्तित नहीं किया गया है। रोड के किनारे जगह-जगह स्वागत मंच बने हैं। यहां कावड़ियों पर गुलाब की पंखुड़ियों से स्वागत किया जा रहा है।

Exit mobile version