अमेरिका-इजरायल और ईरान को जंग लड़ते-लड़ते 6 दिन हो चुके हैं. इस जंग के बीच मिडिल ईस्ट जल रहा है. कहीं मिसाइलें गिर रही हैं तो कहीं फोड़ी जा रही हैं. दूसरे देशों के टूरिस्ट फंसे हुए हैं और निकलने के रास्ते में मारे जा रहे हैं. इस बीच ओमान ने सभी पक्षों से जंग रोकने की अपील की है. हालांकि, छठवें दिन भी जंग रुकने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं.
लड़ाई अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच हो रही है लेकिन जल पूरा मिडिल ईस्ट रहा है. दूसरे देशों के नागरिक फंसे हुए हैं और आसमान में मिसाइलों की खौफनाक आवाजें गूंज रही हैं. 6 दिनों से चल रही इस बीच ईरान के एक स्कूल पर गिरी मिसाइल को लेकर अलग बवाल शुरू हो गया है. ईरान ने दावा किया कि इजरायल ने स्कूल पर मिसाइल गिराकर 168 लोगों की जान लेली है और इजरायल का कहना है कि स्कूल पर गिरी मिसाइल ईरान की है जो रास्ता भटक कर स्कूल पर गिरी थी.
मिडिल ईस्ट और वेस्ट एशिया में संघर्ष जारी है. अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने बताया कि अमेरिकी सबमरीन ने ईरान का जंगी जहाज डुबो दिया है. यह हमला श्रीलंका के पास हिंद महासागर में हुआ. सबमरीन ने जहाज पर सटीक टॉरपीडो से निशाना साधा. इस जहाज पर करीब 140 लोग सवार थे. अब तक 80 सैनिकों के शव मिल चुके हैं. पेंटागन ने इस हमले का खौफनाक वीडियो भी जारी किया है. हेगसेथ ने इसे केवल एक शुरुआत बताया है. उन्होंने आने वाले समय में और बड़े हमलों की चेतावनी दी है.
ईरान के भीतर भी स्थिति बहुत ज्यादा तनावपूर्ण है. ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने पड़ोसी देशों को संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि ईरान के पास अब कोई विकल्प नहीं बचा है. वे अमेरिका और इजरायल के हमलों का कड़ा जवाब देंगे. ईरान ने आज दोपहर इजरायल पर कई मिसाइलें भी दागीं. पूरे ईरान में इस वक्त इंटरनेट बंद कर दिया गया है. वहां के लोग एक लंबे और खौफनाक युद्ध के डर में हैं.
- कतर के प्रधानमंत्री ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर बात कर हमलों को तुरंत रोकने की अपील की है.
- ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बीच पांच दिनों में मरने वालों की संख्या 1,100 से ज्यादा हो गई है. ईरानी स्टेट मीडिया के मुताबिक लगातार हो रहे हमलों से कई शहरों में भारी तबाही हुई है.
- तुर्किये ने कहा कि ईरान से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को नाटो के एयर और मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने पूर्वी भूमध्यसागर क्षेत्र में मार गिराया. फिलहाल यह साफ नहीं है कि मिसाइल का असली लक्ष्य क्या था.
- शनिवार को मारे गए ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार को भी फिलहाल टाल दिया गया है. वहीं लेबनान में भी इजरायल के हमले जारी हैं.
- दूसरी ओर सऊदी अरब और कुवैत में ईरान से जुड़े नए हमलों की खबरें सामने आई हैं. इस बीच भारत समेत कई देश अपने नागरिकों को मिडिल ईस्ट से निकालने में जुटे हैं. अमेरिका ने तीन देशों में अपने दूतावास बंद कर दिए हैं और नागरिकों को क्षेत्र छोड़ने की चेतावनी दी है.

