मोदी राज में केरोसिन तेल की कीमत 6 गुना बढ़ी*
एक साल में रसोई गैस सिलेंडर 834 से बढ़ाकर 1050 रूपये कर दिया गया
देश का हर दूसरा नौजवान बेरोजगार है
रासायनिक खाद डीएपी पर 15%, सुपर फास्फेट पर 15%, और पोटाश पर 70% की वृद्धि करने से किसानों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ा है
– डॉ सुनीलम
किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष, पूर्व विधायक डॉ सुनीलम ने कहा कि मोदी सरकार लगातार गरीब एवं किसान विरोधी कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि पहले बीपीएल परिवार को मध्य प्रदेश में 5 लीटर केरोसिन तेल दिया जाता था जिसे घटाकर अब 1 लीटर कर दिया गया है।
श्री नरेंद्र मोदी जब देश के प्रधानमंत्री बने थे तब केरोसिन तेल 16.50 रूपये प्रति लीटर था जो 2019 में बढ़कर 34 रूपये प्रति लीटर हुआ और अब 2022 में 65 रूपये प्रति लीटर हुआ तथा इस माह से 95 रूपये प्रति लीटर हो गया है। जिससे साफ है कि सबसे गरीब व्यक्ति के द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले इंधन के दामों में 6 गुना की बढ़ोतरी की गई है।
डॉ सुनीलम ने कहा कि आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में 60% से अधिक महिलाएं चूल्हे पर खाना बनाने और नहाने का पानी गर्म करने को मजबूर है क्योंकि उज्जवला योजना के तहत मिले सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे है । हाल ही में रसोई गैस सिलेंडर के दाम 50 रूपये बढ़ाकर 1058 रूपये कर दिया गया। जिन नौ करोड़ गरीबों को सब्सिडी देने का वादा मोदी सरकार कर रही है, उन्हें भी समय पर सब्सिडी नहीं मिल रही है। इसी तरह सरकार लगातार रासायनिक खाद के दाम बढ़ा रही है, इस कारण किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है। डीएपी खाद पर 15%, सुपर फास्फेट पर15% पोटाश पर 70% तक की वृद्धि की गई है तथा सोयाबीन बीज पर 1100 प्रति क्विंटल तक वृद्धि की गई है।
उक्त तथ्यों से यह स्पष्ट है कि भाजपा सरकार लगातार गरीब एवं किसान विरोधी कदम उठा रही है तथा केवल समाज को हिंदू -मुसलमान में बांटकर व्यस्त रखने का कार्य कर रही है।
डॉ सुनीलम ने कहा कि जिस तरह महंगाई से पूरे देश के आम नागरिक त्राहिमाम है उसी तरह से बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। हाल ही के सर्वे के अनुसार देश में हर दूसरा युवा बेरोजगार है।
डॉ सुनीलम ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा उक्त मुद्दों को लेकर 7 अगस्त से 14 अगस्त के बीच देशभर में 500 जय जवान जय किसान सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे तथा केंद्र सरकार द्वारा किसानों से की गई वादाखिलाफी को लेकर 31 जुलाई को देश भर में 4 घंटे का चक्का जाम किया जाएगा तथा लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी का इस्तीफा और गिरफ्तारी को लेकर 18, 19, 20 अगस्त को 75 घंटे का धरना आयोजित किया जाएगा।
डॉ सुनीलम ने सभी किसानों से इन सभी कार्यक्रमों मे भागीदारी करने की अपील की है। ।
भागवत परिहार
कार्यालय प्रभारी, किसंस मुलतापी

