आलीराजपुर
भगोरिया मेलों में भीड़ को देखते हुए गुरुवार को जोबट में लगने वाले मेले में झूले नहीं लगाने का आदेश बुधवार शाम एसडीएम श्यामवीर सिंह नरवरिया ने जारी किया।आदेश को लेकर जोबट में राजनीति शुरू हाे गई है। इस पर कांग्रेस विधायक कलावती भूरिया को सूचना मिलते ही वह मेले में पहुंचीं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा और जोबट एसडीएम श्यामवीर सिंह पर तानाशाही के आरोप लगाए। विधायक ने कहा- एसडीएम भाजपा मंत्री के दामाद हैं, तो क्या दादागीरी करेंगे। उन्हें लगता है, उनका कोई कुछ नहीं कर सकता। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा- आदिवासियों के त्यौहार को खराब करने की कोशिश न करें। आदिवासी भड़क गए, तो कुछ भी कर सकते हैं, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
विधायक ने बुधवार रात करीब 2 बजे तक खुद खड़े रहकर झूले लगवाए। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब 10 बजे प्रशासन की टीम मेले में पहुंची। 42 झूले वालों की कोरोना जांच कराई गई। इसमें झूला प्रमुख की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद एसडीएम ने झूले वाले एरिया को सील करवा दिया। यही नहीं, प्रशासन ने झूले निकालने के निर्देश दिए। इधर.. बड़ी संख्या में लोग मेले में झूलों का लुत्फ उठाने लोग पहुंच गए, लेकिन झूले बंद होने से निराश होकर लौटे। इसे लेकर विधायक कलावती भूरिया भड़क गईं।
विधायक की चेतावनी: उदयगढ़ का हाट रोक के दिखाए प्रशासन
विधायक ने कहा, भाजपा के इशारे पर आदिवासियों के त्यौहार बिगाड़े जा रहे हैं। बीजेपी हिंदू का नारा देती है। ये हिंदुओं का सबसे बड़ा त्यौहार था। अब पूर्व विधायक माधौ डावर क्यों चुप हैं? क्यों सांसद गुमानसिंह डामोर कुछ नहीं बोल रहे। मेरे क्षेत्र में प्रशासन जनता को परेशान कर रहा है। विधायक ने चेतावनी दी, अब उदयगढ़ का हाट रोक कर दिखाएं।
चांदपुर, बरझर, बोरी में झूले लगे और जोबट में कोरोना आ गया
विधायक ने कहा, हर मेले में झूले लग रहे हैं। चांदपुर, बरझर, बोरी सब जगह झूले लगे। दो घंटे में ऐसा क्या हो गया कि जोबट में कोरोना आ गया। जानबूझकर एसडीएम अपना पावर बता रहे हैं। कोरोना तो पूरे देश में है। भगोरिया में कोरोना के नियमों का पालन कराने के लिए गाइडलाइन जारी करनी थी।
एसडीएम बोले- मैडम को विश्वास में लेकर किया था
एसडीएम नरवरिया ने कहा कि आरोप बेबुनियाद हैं। बोरी में पहले झूले लगे थे। वहां 10 झूले बड़े और 15-20 झूले छोटे लगना अनुमानित की थी, लेकिन जब अनुमति मिली तो 70 झूले छोटे और 17 झूले बड़े लगे। इस कारण भीड़ ज्यादा हो गई। उदयगढ़ वाली साइड में केसेस भी ज्यादा निकले। इस कारण झूले नहीं लगाने का निर्णय किया था। इस संबंध में विधायक से भी चर्चा की थी। उन्हें कॉन्फिडेंस में लिया गया था। मैडम ने कहा था कि लिखित में आदेश दे दीजिए, हमने दे दिया था। दूसरों के इशारे पर काम करने वाली बात नहीं है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बोले- ग्रामीणों को लेकर करेंगे आंदोलन
मामले में जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल ने विरोध कर आक्रोश जताया है। पटेल ने कहा, भगोरिया हाट को लेकर प्रशासन हिटलरशाही नीति अपना रहा है। इसे कांग्रेस कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगी। ग्रामीणों के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। पटेल ने कहा, क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक सांसद गुमानसिंह डामोर की मौजूदगी में की गई थी। इसमें निर्णय लिया गया था, जिले में भगोरिया मेले होंगे। इनमें झूले लगाने को लेकर स्थिति साफ कर दी गई थी। कलेक्टर की मौजूदगी में हुई बैठक में भगोरिया मनाने का निर्णय लिया गया था।
