Site icon अग्नि आलोक

कांग्रेस को कपिल सिब्बल के सुझाव: बोले- कांग्रेस देश की जरूरत, लेकिन पार्टी को दिखाना होगा कि वह एक्टिव है

Share

नई दिल्ली

कांग्रेस के सीनियर लीडर कपिल सिब्बल ने पार्टी को बुरे वक्त से उबारने के लिए कुछ सुझाव दिए हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस में दोबारा उभार देश की जरूरत है। इसके लिए पार्टी को भी यह दिखाने की जरूरत है कि वह एक्टिव है और सार्थक रूप से जुड़ना चाहती है।

न्यूज एजेंसी PTI से बातचीत में सिब्बल ने रविवार को कहा कि पार्टी संगठन के चुनाव जल्द कराए जाने चाहिए। केंद्र और राज्यों के स्तर पर बड़े सुधारों की जरूरत है, ताकि हम यह दिखा सकें कि पार्टी अब जड़ता की स्थिति में नहीं है। देश में राजनीतिक विकल्प का अभाव है। इसलिए इस समय एक मजबूत और भरोसेमंद विपक्ष जरूरी है। कांग्रेस में अनुभव और युवाओं के बीच संतुलन बनाने की तुरंत जरूरत है।

पार्टी में सुधारों के पक्षधर हैं सिब्बल
सिब्बल कांग्रेस नेताओं के G-23 ग्रुप के मुखर सदस्यों में से एक हैं, जिसने संगठन में सुधार की मांग करते हुए पार्टी की टॉप लीडरशिप को चिट्‌ठी लिखी थी। तब राहुल गांधी ने चिट्ठी लिखने वाले नेताओं को BJP के मददगार बता दिया था। इन नेताओं में गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा जैसे गांधी परिवार के करीबी रहे नेता भी शामिल हैं।

कांग्रेस लीडरशिप से नाराज चल रहे नेताओं का ग्रुप G-23 लगातार पार्टी में सुधार की वकालत कर रहा है।

पहले भी सवाल उठा चुके हैं सिब्बल
बिहार चुनाव के बाद सिब्बल ने एक इंटरव्यू में कहा था कि बिहार और उप-चुनावों के नतीजों से ऐसा लग रहा है कि देश की जनता कांग्रेस को प्रभावी विकल्प नहीं मान रही है। गुजरात उपचुनाव में हमें एक सीट नहीं मिली। लोकसभा चुनाव में भी यही हाल रहा था। उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में कुछ सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को 2% से भी कम वोट मिले।

सिब्बल का कहना था कि पार्टी ने इसके बाद भी आत्ममंथन नहीं किया तो अब इसकी उम्मीद कैसे कर सकते हैं? हमें कमजोरियां पता हैं, यह भी जानते हैं संगठन के स्तर पर क्या समस्या है। शायद समाधान भी सबको पता है, लेकिन इसे अपनाना नहीं चाहते। अगर यही हाल रहा तो पार्टी को नुकसान होता रहेगा। कांग्रेस की दुर्दशा से सबको चिंता है।

आपसी लड़ाई में कमजोर हो रही कांग्रेस

हाल में हुए चुनावों में कांग्रेस का हाल
हाल में 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में एक भी जगह कांग्रेस को बड़ी कामयाबी नहीं मिली। बंगाल में तो उसे एक भी सीट नहीं मिली। असम में पार्टी को भाजपा गठबंधन के सामने लगातार दूसरी बार हार झेलनी पड़ी। केरल में वह सत्ताधारी लेफ्ट फ्रंट से पार नहीं पा सकी। तमिलनाडु में कांग्रेस सरकार में है, लेकिन वहां बड़ी पार्टी DMK है।

Exit mobile version