जबलपुर
माफिया मुक्त अभियान के तहत जिला प्रशासन ने मंगलवार को दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 100 करोड़ रुपए की प्रदेश सरकार, कटनी विकास प्राधिकरण व झुड़पी जंगल की जमीनों पर की जा रही कब्जे की कोशिश नाकाम कर दी। झिंझरी पुलिस लाइन के पीछे और गुलवारा गांव में स्थित 55 एकड़ जमीनों पर अवैध रूप से प्लाटिंग कर कब्जे की तैयारी थी। मौके पर बड़े पैमाने पर चूना डालकर अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा था और 200 से अधिक लोग मौके पर मौजूद थे।
सूचना पर एसडीएम बलवीर रमन ने राजस्व अमले एवं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की। प्रशासन ने मौके से एक स्कार्पियो, बाइक, कुल्हाड़ी एवं अन्य सामान जब्त कर प्रताप वार्ड माधव नगर में रहने वाले रवि यादव पिता चंद्रभान यादव निवासी झिंझरी, अनिल राय पिता शिवचरण राय, सतीश तिवारी पिता रामप्रताप तिवारी, प्रदीप बर्मन पिता अशोक बर्मन को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया।
रवि यादव पर 25 आर्म्स एक्ट और तीन अन्य पर धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने चारों युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया। वहीं, मौके से गिरफ्तार एक अन्य आरोपी को नाबालिग बताया गया है।

