इंदौर
मंगलवार को खजराना गणेश मंदिर में तिल चतुर्थी मेले की शुरुआत हुई। भगवान गणेश का खूबसूरत श्रृंगार किया गया। स्वर्ण मुकुट भगवान को पहनाया। मंगलवार सुबह कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी और निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने मंदिर में पूजन-अर्चन किया। खजराना गणेश मंदिर में तिल चतुर्थी मेला तीन दिन तक रहेगा। मंदिर में भक्तों के दर्शन की भी खास व्यवस्था की गई है। साथ ही मंदिर में आकर्षक सजावट की गई है।
रात में ही किया भगवान का श्रृंगार
खजराना गणेश मंदिर के पुजारी पं. अशोक भट्ट ने कहा कि तिल चतुर्थी के आयोजन के चलते रात में ही भगवान गणेश का भव्य श्रृंगार किया गया। अभिषेक पूजन कर भगवान को स्वर्ण मुकुट पहनाए गए। सुबह 5 बजे से ही भक्तों का प्रवेश शुरू कर दिया गया था। सुबह कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी और निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने भगवान का पूजन-अर्चन किया। इसके साथ ही भगवान को सवा लाख लड्डूओं का भोग लगाया।
अधिकारियों की किया खजराना गणेश मंदिर में पूजन।
भक्तों को वितरित कर रहे लड्डूओं का प्रसाद
मंदिर में आने वाले भक्तों को सवा लाख लड्डूओं का भोग प्रसाद वितरित किया जा रहा है। इसके लिए अलग से व्यवस्था की गई है। ताकि किसी को परेशानी न हो। इधर, मंदिर के पुजारी पं. अशोक भट्ट ने कहा कि यहां भक्तों के दर्शन के साथ प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है। मंगलवार को करीब दो लाख भक्तों के आने की उम्मीद है। पं. भट्ट ने कहा कि मंदिर में आने वाले एनआरआई भक्तों को वीआईपी दर्शन कराने के साथ ही उन्हें भगवान का चित्र, प्रसाद आदि भेंट दिया जाएगा। तिल चतुर्थी मेला भी मंदिर में लगा है। इसमें झूले और फूड स्टॉल भी लगे है।
मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़, लड्डूओं का प्रसाद किया वितरित।

