Site icon अग्नि आलोक

खंडवा सीट खाली हुए 6 माह बीते, अभी तक नहीं हुआ उप चुनाव का ऐलान:चुनाव आयोग जाएगी कांग्रेस

Share

भोपाल. मध्य प्रदेश फिर से एक उपचुनाव के मुहाने पर खड़ा हुआ है. कुल 4 सीटों पर उपचुनाव होना हैं उसमें खंडवा लोकसभा सीट भी शामिल है. ये सीट खाली हुए पूरे 6 महीने हो चुके हैं लेकिन अभी तक उपचुनाव की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है. इससे राजनीतिक दलों में बेचैनी है.

मध्य प्रदेश की खंडवा लोकसभा सीट से बीजेपी के नंद कुमार सिंह चौहान सांसद थे. कोरोना के कारण 2 मार्च को उनका निधन हो गया और तब से ये सीट खाली पड़ी है. इस पर उपचुनाव होना हैं. नियम के मुताबिक 6 महीने में चुनाव हो जाना चाहिए लेकिन चुनाव की तारीख का ऐलान तो दूर अभी कोई सुगबुगाहट तक नहीं है. कांग्रेस अब चुनाव आयोग को ज्ञापन देकर उपचुनाव की तारीख का ऐलान करने की मांग करेगी.

चुनाव आयोग जाएगी कांग्रेस
कांग्रेस नेता जेपी धनोपिया का कहना है 2 मार्च को बीजेपी सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन के कारण खंडवा सीट खाली हुई थी. संवैधानिक नियमों के तहत 6 महीने के अंदर उपचुनाव कराया जाना जरूरी है. कांग्रेस पार्टी चुनाव आयोग को ज्ञापन देकर इस बात की मांग करेगी कि खंडवा लोकसभा सीट का चुनाव घोषित किया जाए. धनोपिया ने बीजेपी पर उपचुनाव से भागने का भी आरोप लगाया है. उनका कहना है कि जब पश्चिम बंगाल और उड़ीसा में उपचुनाव हो सकता है तो एमपी में उपचुनाव क्यों नहीं कराए जा रहे हैं. प्रदेश के मुख्य सचिव की तरफ से फिलहाल चुनाव नहीं कराने के चुनाव आयोग को दिए गए अभिमत को भी कांग्रेस ने गैर वाजिब बताया है.

संवैधानिक संस्थानों का सम्मान करे कांग्रेस
कांग्रेस के खंडवा सीट पर उपचुनाव कराने की मांग पर बीजेपी ने कहा पार्टी सभी तरह के उपचुनाव के लिए तैयार है. लेकिन सभी को संवैधानिक संस्थाओं के फैसलों का सम्मान करना चाहिए. संवैधानिक संस्थाओं को लेकर कांग्रेस गंदा खेल खेलने की कोशिश करती है.

Exit mobile version