भोपाल, इंदौर,
बैंक के साथ धोखाधड़ी के मामलों में सीबीआई द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है और इस क्रम में मध्य प्रदेश में सीबीआई ने बैंक ऑफ इंडिया के साथ इंदौर की कृषिधन सीड्स कंपनी पर आज छापा मारा गया। कंपनी के महाराष्ट्र स्थित ठिकानों पर भी कार्रवाई की सूचना है और कंपनी द्वारा करीब 33 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की गई है।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक इंदौर की कृषिधन सीड्स कंपनी ने बैंक ऑफ इंडिया के साथ धोखाधड़ी की है जिसमें उसने अपनी विभिन्न कंपनियों के माध्यम से उक्त राशि की हानि बैंक को पहुंचाई। सीबीआई ने प्रारंभिक जांच में लगभग 33 करोड़ रुपए के बैंक फ्रॉड की आशंका जताई है जिसके लिए भोपाल की सीबीआई टीम ने इंदौर में छापे मारे। कंपनी के महाराष्ट्र स्थित ठिकानों पर भी कार्रवाई की गई है।
इंदौर में कंपनी में सीबीआई भोपाल की टीम
बताया जाता है कि भोपाल सीबीआई की टीम ने कृषिधन सीड्स प्राइवेट लिमिटेड छावनी इलाके में मोराई मोहल्ले के रॉयल हाऊस में कंपनी के पंजीकृत दफ्तर पर दबिश दी। इसके अलावा कंपनी के महाराष्ट्र के पूणे और जालना में भी दफ्तर पर भी टीम पहुंची है। कृषिधन सीड्स प्राइवेट कंपनी के तीन और सहयोगी कंपनियां है। जिनके नाम कृषि धन रिसर्च फाउंडेशन,राजेन्द्र एग्री प्रोडक्ट्स प्राइवेट लीमिटेड और मेरीगोल्ड इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड है।
बैंक की शिकायत पर की गई कार्रवाई
दरअसल,बैंक ऑफ इंडिया ने कंपनी को 33.09 करोड़ का बैंक लोन दिया था लेकिन बैंक जिस मकसद से दिया गया था। उसकी बजाए लोन का इस्तेमाल गलत तरीके से किया गया। कृषिधन सीड्स प्राइवेट लिमिटेड ने बैंक फंडो की हेराफेरी कर बैंक को धोखा दिया है। बैंक ऑफ इंडिया ने इस मामले की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर सीबीआई की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। फिलहाल,सीबीआई की टीम कंपनी ने कंपनी से जुड़े दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर जांच कर रही है।

