आज के बड़े इवेंट्स
- भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की मीटिंग होगी। इसमें 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नाम फाइनल किए जाएंगे।
- राहुल गांधी मध्य प्रदेश में कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा में शामिल होंगे। वे शाजापुर जिले में जनसभा को संबोधित करेंगे।
- भोपाल में एयरफोर्स का एयर शो होगा। इसमें IAF की एयरोबेटिक्स टीम और फाइटर प्लेन्स के साथ ट्रांसपोर्ट प्लेन शामिल होंगे।
उज्जैन रेप केस में आरोपी के पिता बोले- पुलिस ने उसे पकड़ा क्यों, गोली मार देनी चाहिए थी
उज्जैन रेप केस में आरोपी भरत सोनी के पिता ने कहा है कि अगर मेरे बेटे ने अपराध किया है तो उसे मौत की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘बच्ची के साथ बहुत गलत हुआ। मुझे नहीं पता था कि मेरा बेटा ऐसा निकलेगा। अब मैं लोगों को क्या मुंह दिखाऊंगा। पुलिस को उसे पकड़ने की बजाय गोली मार देनी चाहिए थी।’ उधर, कोर्ट ने आरोपी को 7 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 25 सितंबर को 15 साल की बच्ची के साथ रेप किया था। इसके बाद बच्ची ढाई घंटे तक खून से सने कपड़ों में भटकती रही। पुलिस ने 700 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालने के बाद आरोपी को पकड़ा। पुलिस 28 सितंबर को जांच के लिए उसे घटनास्थल पर लेकर पहुंची। आरोपी ने वहां से भागने की कोशिश की। इस दौरान वह घायल हो गया। उसका इंदौर के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बच्ची के साथ बहुत ही गलत हुआ। जो भी दोषी हो उसे सजा मिलनी ही चाहिए। ऐसे अपराधियों को मौत की सजा नहीं तो और क्या सजा देंगे? अगर मेरे बेटे ने अपराध किया है तो उसे मौत की सजा मिलनी चाहिए। पुलिस ने उसे क्यों पकड़ा, उसे गोली मार देनी चाहिए थी।’
ये कहना है उज्जैन में 15 साल की बच्ची से रेप के आरोपी भरत सोनी के पिता राजू सोनी का। वो रोते हुए कहते हैं कि ‘क्या मुंह दिखाऊ मैं लोगों को..? कौन पूछेगा..? मैंने ऐसा सोचा नहीं था कि मेरा बच्चा ऐसा निकल जाएगा।’
आरोपी के पिता का ये भी कहना है कि उन्हें नहीं लगता कि उनके बेटे ने यह किया होगा। पिता का तर्क है कि अगर बेटे ने ऐसा किया होता तो वो यहां से भाग जाता। वो भागा नहीं। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि मैं किसी के अंदर घुसकर तो देख नहीं सकता। अब किया है तो सजा मिलनी ही चाहिए।
दैनिक भास्कर से बातचीत में रेप के आरोपी के पिता रोने लगे। उनका कहना है कि पुलिस ने उसे गिरफ्तार क्यों किया, उसे तो गोली मार देनी चाहिए थी।
आरोपी को 7 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
आरोपी भरत सोनी को शुक्रवार को जिला न्यायालय में पेश किया गया। यहां से कोर्ट ने उसे 7 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हालांकि, आरोपी के घायल होने के चलते उसे डॉक्टर ने इंदौर रेफर किया है।
दरअसल, आरोपी भरत सोनी ने गुरुवार को घटनास्थल से भागने की कोशिश की थी। भागते वक्त गिरने से वो जख्मी हो गया था। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने आरोपी को इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया है।
मुख्य आरोपी भरत सोनी। उम्र 24 साल। उज्जैन के नानाखेड़ा क्षेत्र का रहने वाला है। इस पर पहले भी अलग-अलग धाराओं में 2 केस दर्ज हैं।
ऐसे आरोपी तक पहुंची पुलिस…
एसपी सचिन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने 100 से भी ज्यादा निगरानीशुदा बदमाशों से पूछताछ की। रिक्शा चालकों, बस ऑपरेटरर्स के साथ ही रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर कई लोगों से भी पूछताछ की गई। उज्जैन पहुंचने के बाद पीड़ित करीब 6 लोगों के संपर्क में आई। जिसमें चार ऑटो वाले और दो अन्य लोग थे। जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे।
पुलिस ने करीब 700 से अधिक कैमरे के फुटेज खंगाले। फुटेज में अलग-अलग लोकेशन पर पीड़ित बच्ची दिखाई दी। रेलवे स्टेशन के बाहर पूछताछ में पता चला कि लड़की को भरत सोनी लेकर गया था, लेकिन उसने जुर्म कबूलने से मना कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी भरत सोनी की लोकेशन ट्रेस करवाई तो सुबह 5 से 5.15 बजे के बीच उसकी लोकेशन जीवन खेड़ी के आसपास मिली।
28 सितंबर को मुखबिर ने सूचना दी कि लड़की को आरोपी भरत सोनी अर्जुन लिखे ऑटो में अपने साथ ले गया था, SIT सदस्यों ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी भरत सोनी का ऑटो। इसी में वह बच्ची को रेलवे स्टेशन के सामने से बैठाकर जीवनखेड़ी ले गया था। जहां उसने बच्ची के साथ रेप किया।
सुनसान जगह पर ले जाकर किया रेप
पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी ने जीवन खेड़ी में बच्ची के साथ रेप किया और उसे वहीं छोड़कर भाग गया। इस दौरान राकेश नाम का शख्स अपना ऑटो लेकर पहुंच गया। लड़की के लिफ्ट मांगने पर उसने उसे ऑटो में बैठा लिया। इसी दौरान बच्ची के खून के धब्बे राकेश के ऑटो में लग गए।
राकेश ने कुछ दूर ले जाकर लड़की को हाटकेश्वर कॉलोनी के बाहर छोड़ दिया। यहीं से लड़की तिरुपति ड्रीम्स होते हुए दांडी आश्रम तक पहुंच गयी और इसके बाद ही पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली।
भागने की कोशिश में हाथ-पैर फ्रैक्चर
गुरुवार को पुलिस मुख्य आरोपी भरत सोनी को मौका मुआयना के लिए जीवन खेड़ी में ले गई। यहां लड़की के कपड़े और उसकी चप्पल पुलिस को मिली। पुलिस अपने काम में लगी थी, इसी दौरान आरोपी भरत सोनी ने भागने की कोशिश की। इस दौरान उसके पैर और हाथ में चोट लगी। उसके एक पैर और एक हाथ की हड्डी में फ्रैक्चर आया है, शुक्रवार को उसका ऑपरेशन किया जाएगा।
पुलिस ने बताया की आरोपी पर 376, पॉस्को में मामला दर्ज किया है। अब हिरासत से भागने के आरोप में 224 में भी मामला दर्ज होगा। आरोपी भरत पिता राजू सोनी उम्र 24 वर्ष का पहले का भी आपराधिक रिकॉर्ड मिला। उसके खिलाफ माधव नगर थाना और नानाखेड़ा थाने में अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज है।
पुलिस हिरासत से भाग रहा आरोपी गिरकर घायल हो गया।
बच्ची सतना की रहने वाली
पीड़ित बच्ची सतना जिले की रहने वाली है। शुरुआती में पुलिस और एक्सपर्ट ने बच्ची से बातचीत की थी, तब यह अनुमान लगाया गया था कि वह प्रयागराज (UP) की रहने वाली हो सकती है।
पुलिस ने पहले बच्ची की उम्र 12 साल बताई थी। हालांकि FIR कॉपी में उम्र 15 साल दर्ज है। SP सचिन शर्मा ने बताया कि पीड़ित सतना जिले के एक गांव की रहने वाली है।
CCTV फुटेज देवास गेट, बस स्टैंड का है। इसमें लड़की एक ऑटो में बैठकर जाते हुए दिखाई दे रही है।
मां बचपन में छोड़कर चली गई, पिता अर्धविक्षिप्त
जैतवारा पुलिस ने बताया कि बच्ची की मां बचपन में ही उसे छोड़कर चली गई थी। पिता अर्धविक्षिप्त है। बच्ची अपने दादा और बड़े भाई के साथ एक गांव में रहती है। गांव के ही स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ती है। उसके लापता होने पर दादा ने 24 सितंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
CM शिवराज बोले- अपराधी को कड़ी सजा दिलाएंगे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- उज्जैन में मासूम बिटिया के साथ जघन्य अपराध करने वाला आरोपी पकड़ा गया है। वह उज्जैन का ही है। उसे कठोरतम दंड दिया जाएगा। हम कसर नहीं छोड़ेंगे, अपराधी को कड़ी सजा दिलाएंगे। मैं लगातार हर घंटे स्थिति पता कर रहा था।
इस तरह के अपराधी समाज में रहने के लायक नहीं है। उसने मध्यप्रदेश की आत्मा को घायल किया है। बेटी मध्यप्रदेश की है। उसकी हर तरह से हम चिंता करेंगे। वो मेरी बेटी है, मध्यप्रदेश की है। मैं चिंता करूंगा।
महिला आरक्षण बिल को राष्ट्रपति की मंजूरी, जनगणना और परिसीमन होने के बाद लागू होगा कानून
नारी शक्ति वंदन अधिनियम यानी महिला आरक्षण बिल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंजूरी दे दी है। अब यह कानून बन गया है। सरकार ने इसका गजट नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। इसके तहत लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में 33% सीटें महिलाओं के लिए रिजर्व की जाएंगी। हालांकि, यह कानून अगली जनगणना और परिसीमन पूरा होने के बाद ही लागू होगा। ऐसा होने में कई साल लग सकते हैं।
18 से 21 सितंबर तक चले संसद के विशेष सत्र में यह बिल पास हुआ। 20 सितंबर को लोकसभा में इस पर 7 घंटे चर्चा हुई। इसके बाद हुई वोटिंग में बिल के पक्ष में 454 और विपक्ष में सिर्फ 2 वोट पड़े। 21 सितंबर को राज्यसभा में इस पर चर्चा हुई। वहां हुई वोटिंग में बिल सर्वसम्मति से पास हुआ, यानी इसके खिलाफ कोई वोट नहीं पड़ा। नई संसद में पास होने वाला यह पहला बिल है।
केंद्रीय मंत्री शेखावत बोले- गहलोत मानसिक संतुलन खो चुके, PM के राजस्थान आने पर घबराने लगते हैं
गजेंद्र सिंह शेखावत ने यह बातें जोधपुर में कहीं। वे PM मोदी की 5 अक्टूबर को होने वाली रैली की तैयारियों का जायजा लेने यहां पहुंचे थे।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘गहलोत कभी कोर्ट तो कभी उपराष्ट्रपति के राजस्थान दौरे को लेकर कमेंट करते हैं। जब भी प्रधानमंत्री राजस्थान आते हैं तो राजस्थान के लोगों को सौगात देकर जाते हैं। गहलोत को इससे घबराहट और खिसियाहट होती है। लगता है उन्होंने अपनी हार स्वीकार कर ली है।’
उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री ही क्या, देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठे राष्ट्रपति या उप राष्ट्रपति के राजस्थान आने को लेकर सीएम जिस तरह की टिप्पणी करते हैं, इससे लगता है कि वे घबराहट में अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं।
शेखावत आज जोधपुर प्रवास पर हैं। पीएम मोदी की 5 अक्टूबर को प्रस्तावित चुनावी सभा की तैयारियों को लेकर सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने यह बात कही।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे से गहलोत घबरा जाते हैं।
सीएम लगातार कर रहे हैं कमेंट्स
शेखावत ने कहा- सीएम गहलोत कभी न्यायालय को लेकर टिप्पणी करते हैं, कभी न्यायपालिका को लेकर। कभी राष्ट्रपति को लेकर तो कभी उप राष्ट्रपति को लेकर टीका-टिप्पणी करते हैं। मेरे लिए तो वे रोज ही टिप्पणी करते हैं।
उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री मोदी का 5 अक्टूबर को सुबह 10 बजे जोधपुर पहुंचना प्रस्तावित है। वे यहां रावण का चबूतरा मैदान पर जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग का शिलान्यास करेंगे। एम्स के नए ट्रॉमा सेंटर का शिलान्यास करेंगे। जोधपुर आईआईटी देश को समर्पित करेंगे।
पार्टी जो तय करेगी, उस पर प्रश्न चिह्न नहीं लगा सकते
केंद्रीय मंत्री ने मध्यप्रदेश में सांसदों के विधानसभा चुनाव लड़ने की बात को लेकर कहा- मध्यप्रदेश और राजस्थान की स्थिति एक सी नहीं है। पार्टी जो तय करेगी, वही करेंगे। इस पर प्रश्न चिह्न नहीं लगा सकते। पार्टी अगर यह कह दे कि मंत्री विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे तो मन हो या न हो, चुनाव लड़ना होगा।
वसुंधरा हमारी नेता
वसुंधरा राजे से मुलाकात को लेकर वे बोले- वसुंधरा राजे पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। दो बार राजस्थान की मुख्यमंत्री रही हैं। दो बार प्रदेश अध्यक्ष रही हैं। वे हमारी नेता हैं, इसलिए मुलाकात की। आगामी चुनाव को लेकर किस रणनीति से चुनाव लड़ना है, उन्हें इसका अनुभव है, इसलिए उनसे मुलाकात की।
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर और जोधपुर कमिश्नर के साथ मीटिंग की।
एलिवेटेड रोड का नहीं हुआ टेंडर
शेखावत ने जोधपुर में एलिवेटेड रोड को लेकर कहा- इस कार्यक्रम में शिलान्यास नहीं होगा, क्योंकि इसका अभी तक टेंडर नहीं हुआ। कांग्रेस में कई प्रोजेक्ट का शिलान्यास हो गया, लेकिन वर्षों से उस पर कार्य नहीं हुए। जबकि भाजपा का यह नियम है कि पहले टेंडर होगा, इसके बाद ही शिलान्यास होगा।
शिलान्यास के बाद ही प्रयास रहता है कि उद्घाटन भी करें। उन्होंने कहा- यह तय है कि एलिवेटेड रोड का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री ही करेंगे, क्योंकि लाल किले से इसकी घोषणा की गई थी।
5 साल बाद जोधपुर आ रहे पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी 5 साल बाद जोधपुर आ रहे हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान में एक के बाद एक चुनावी दौरे कर रहे हैं। पीएम मोदी 2 अक्टूबर को चित्तौड़गढ़ और 5 अक्टूबर को जोधपुर के दौरे पर होंगे। सीएम गहलोत के गृह जिले जोधपुर में पीएम मोदी कई सौगातें देंगे।
जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ की मीटिंग
पीएम के जोधपुर दौरे की तैयारियों को लेकर केंद्रीय मंत्री शेखावत ने सर्किट हाउस में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ मीटिंग कर दिशा निर्देश दिए। इससे पहले उन्होंने अपने निवास स्थान पर भाजपा के नेताओं के साथ बैठक ली थी।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जोधपुर कमिश्नर रविदत्त गौड़, कलेक्टर हिमांशु गुप्ता और प्रशासन के अधिकारियों के साथ पीएम दौरे की तैयारियों को लेकर चर्चा करते हुए।
जैसलमेर से नई दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेन
पीएम मोदी जोधपुर दौरे के दौरान जैसलमेर से नई दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं मारवाड़ जंक्शन से कामली घाट के लिए हेरिटेज ट्रेन की सौगात देंगे। मोदी रेलवे के दो डबलिंग प्रोजेक्ट का भी इनॉगरेशन करेंगे, जिनमें कुचामन से राइकाबाग और कुचामन से डेगाना स्टेशन तक ट्रैक का दोहरीकरण शामिल है।
मोदी जोधपुर एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग के रिनोवेशन वर्क को भी हरी झंडी दिखाएंगे। जोधपुर एयरपोर्ट पर 307 करोड़ रुपए खर्च कर बनाए जा रहे हेरिटेज भवन का भी शिलान्यास करेंगे। जोधपुर एयरपोर्ट पर 49 एकड़ में विस्तार कार्य होगा। प्लेन की पार्किंग के लिए अप्रोन एरिया बनने के बाद 13 बे बनेंगे। इन बे पर 13 फ्लाइट एक साथ खड़ी हो सकेंगी।
जोधपुर आईआईटी में आयोजित कार्यक्रम डेडिकेटिंग आईआईटी टू नेशन का इनॉगरेशन करेंगे। वहीं भारतमाला प्रोजेक्ट के गंगानगर फेज का वर्चुअल इनॉगरेशन करेंगे।
गहलोत ने क्या कहा: गहलोत ने नर्सिंग काउंसिल की नेशनल कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘इस बार चुनाव मैं नहीं बल्कि जनता लड़ेगी। जनता खुद मैदान में उतरेगी और दोबारा हमारी सरकार बनाएगी। हमने हर वर्ग के लिए बड़े फैसले किए हैं। कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) दी है। किसानों के लिए अलग बजट पेश किया है। आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए मिशन 2030 बना रहे हैं।
राइट टू सोशल सिक्योरिटी एक्ट बनाना चाहिए
गहलोत ने कहा- मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहूंगा कि वे पांचवां कानून बनाएं, राइट टू सोशल सिक्योरिटी एक्ट लागू करवाएं। राजस्थान में 8वीं की जगह 12वीं तक की फीस सरकार देगी। इतना बड़ा फैसला हमने किया है। विश्व गुरु तब बनोगे, जब भुखमरी खत्म होगी। असमानता खत्म होगी।
सबको स्वास्थ्य सेवाएं मिले, सबको शिक्षा मिले, पानी-बिजली की कमी नहीं रहे। सबको सोशल सिक्योरिटी मिलनी चाहिए। राइट टू सोशल सिक्योरिटी एक्ट बनाना चाहिए।
सीएम गहलोत बिड़ला ऑडिटोरियम में नर्सिंग काउंसिल की नेशनल कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे।
नींद खुल जाए तो समझो गुजरात आ गया
गहलोत ने कहा- राजस्थान में सड़कें शानदार है। पहले गुजरात की सड़कें शानदार थीं। गुजरात से गाड़ी में आते वक्त रास्ते में नींद खुल जाए तो समझो राजस्थान आ गया। अब हालात उलटे हो गए हैं। अब राजस्थान से जाते वक्त सड़क के गड्ढों से नींद खुल जाए तो समझो गुजरात आ गया।
जब राज्य सरकार 25 लाख का स्वस्थ्य बीमा लागू कर सकती है तो केंद्र क्यों नहीं?
सीएम ने कहा- केंद्र सरकार की स्वास्थ्य बीमा स्कीम केवल 5 लाख तक की है, लोग समझ नहीं पा रहे हैं। उस स्कीम का फायदा केवल सामाजिक-आर्थिक जनगणना में शामिल लोगों के लिए है। ये बहुत लिमिटेड है। राजस्थान सरकार ने सबके लिए स्वास्थ्य बीमा लागू किया है।
देश में संघीय ढांचा है। अगर हमारी स्कीम उनको अच्छी लगे तो केंद्रीय स्तर पर लागू करें। केंद्र 25 लाख का बीमा लागू करें। जब राज्य सरकार कर सकती है तो केंद्र क्यों नहीं कर सकता? जब करने की इच्छा शक्ति हो तो क्या नहीं हो सकता है?
देश में कर्जा लेकर ही सरकारें चलती हैं, विपक्ष के लोगों की भाषा गलत
गहलोत ने कहा- विपक्ष के लोग किस तरह की भाषा बोल रहे हैं, कह रहे हैं कर्ज बढ़ रहा है। कर्जा लेकर देश में सरकार चलती है, लेकिन चुनाव आने पर गलत बोल रहे हैं।
केंद्र सरकार भी कर्जा लेकर चलती है। कर्जा तय लिमिट में लिया जाता है। हर राज्य सरकारी कर्ज लेती है। बिना केंद्र के अनुमति के एक रुपए का कर्ज नहीं ले सकते। हमारी कैपेसिटी है, उसके हिसाब से कर्ज लेते हैं।
विपक्ष के लोग गुमराह कर रहे हैं। हमारा वित्तीय प्रबंधन शानदार है। इसलिए हम स्कीम्स लेकर आए। महंगाई की मार बहुत भारी है। इसलिए हम महंगाई राहत की योजनाएं लाए। उत्तर भारत में राजस्थान नंबर वन है। बड़े राज्यों में नंबर दो पर है।
4. बैंकों में ₹2000 के नोट बदलने की आज लास्ट डेट, एक महीने के लिए बढ़ सकती है डेडलाइन
बैंकों में दो हजार रुपए के नोट जमा करने और बदलने की आज आखिरी तारीख है। RBI ने 19 मई को 2000 के नोट को सर्कुलेशन से बाहर करने की घोषणा की थी। साथ ही इन नोटों को 30 सितंबर तक बैंक में जमा करने या बदलने का सुझाव दिया था। हालांकि, इसके बाद भी ये नोट लीगल बने रहेंगे। रिजर्व बैंक के मुताबिक, 1 सितंबर तक 2000 के 90% यानी 3,056 अरब रुपए के नोट बैंकों में लौट आए हैं।
: इस डेडलाइन को एक महीने के लिए बढ़ाया जा सकता है। मनी कंट्रोल ने RBI के सीनियर अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी है। अधिकारी के मुताबिक, नॉन-रेजिडेंट इंडियंस (NRI) और विदेश में रहने वाले दूसरे लोगों को ध्यान में रखकर ऐसा किया जाएगा। अभी भी ₹2000 के 7% यानी 25 हजार करोड़ रुपए के नोट बैंकों में वापस नहीं आए हैं।
7% यानी 25 हजार करोड़ रु मूल्य के नोट बैंकों में वापस नहीं लौटे
₹2,000 के नोट लौटाने के लिए अब सिर्फ 1 दिन बचा है। तीन दिन पहले आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, अभी भी 7% यानी 25 हजार करोड़ रुपए मूल्य के नोट बैंकों में वापस नहीं लौटे हैं। RBI ने इसी साल 19 मई को सर्कुलर जारी कर इन नोटों को 30 सितंबर तक बैंकों में जमा करने या बदलने के लिए कहा था।
अब तक 3,056 अरब रु के नोट बैंकों में वापस आए
RBI ने 2000 के नोट बैंकों में बदलने या अकाउंट में जमा करने को कहा है, लेकिन यह भी कहा है कि यह इसके बाद भी लीगल रहेगा। ऐसा सिर्फ लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए है, ताकि वे यह नोट बैंकों को वापस करें। अब तक 93% यानी 3,056 अरब रुपए के नोट बैंकों में लौट आए हैं।
नोट बदलने के लिए डॉक्यूमेंट की जरूरत नहीं
सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार, बैंक में नोट बदलने के लिए किसी तरह के कोई डॉक्यूमेंट नहीं देने होंगे। एक बार में ₹20,000 की सीमा तक ₹2000 के नोट बदलवा यानी दूसरे डिनॉमिनेशन में एक्सचेंज करवा सकते हैं। वहीं अगर आपका अकाउंट है तो आप कितने भी 2000 के नोट अकाउंट में जमा कर सकते हैं।
डेडलाइन तक नोट जमा नहीं किए तो क्या होगा?
लेन-देन के लिए ₹2000 के नोटों का इस्तेमाल जारी रख सकते हैं और उन्हें पेमेंट के रूप में रिसीव भी कर सकते हैं। हालांकि, RBI ने 30 सितंबर 2023 तक या उससे पहले इन बैंक नोटों को जमा करने या बदलने की सलाह दी है। इस डेडलाइन को अब अक्टूबर के आखिरी तक बढ़ाया जा सकता है।
2016 में आया था 2000 का नोट
2 हजार का नोट नवंबर 2016 में मार्केट में आया था। तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 500 और 1000 के नोट बंद कर दिए थे। इसकी जगह नए पैटर्न में 500 का नया नोट और 2000 का नोट जारी किया गया था। RBI साल 2018-19 से 2000 के नोटों की छपाई बंद कर चुका है। वहीं 2021-22 में 38 करोड़ 2000 के नोट नष्ट किए जा चुके हैं।
. पाकिस्तान में ईद-ए-मिलाद के दिन हुए 2 सुसाइड ब्लास्ट, 55 से ज्यादा लोगों की मौत
पाकिस्तान में ईद-ए-मिलाद के दिन 2 सुसाइड ब्लास्ट हुए। पहला धमाका बलूचिस्तान के मस्तुंग शहर में एक मस्जिद के पास हुआ। यहां लोग जुलूस के लिए इकट्ठे हो रहे थे। ब्लास्ट में DSP समेत 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई, जबकि 92 लोग घायल हुए। दूसरा धमाका खैबर पख्तूनख्वा के हंगू शहर की मस्जिद में हुआ। यहां एक पुलिस ऑफिसर समेत 4 लोगों की मौत हुई। धमाके से मस्जिद की छत गिर पड़ी, जिसमें कई लोग दब गए।
: बलूचिस्तान के चीफ मिनिस्टर ने राज्य में 3 दिन के शोक का ऐलान किया है। सरकार ने घायलों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी उठाने की बात कही है। धमाके में आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) का हाथ माना जा रहा है, लेकिन संगठन ने इससे इनकार किया है। इससे पहले 28 सितंबर को TTP के हमले में पाकिस्तानी सेना के 4 जवानों की मौत हुई थी।
में 3 दिन का शोक
बलूचिस्तान के चीफ मिनिस्टर ने पूरे प्रांत में 3 दिन के शोक का ऐलान किया है। हमले को बलूचिस्तान में एक्टिव आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी TTP से जोड़कर देखा जा रहा था लेकिन TTP ने कहा है कि इस विस्फोट के पीछे उनका हाथ नहीं है। हमारा मकसद साफ है कि हम मस्जिद और पब्लिक गैदरिंग को निशाना नहीं बनाते हैं। उन्होंने इस हमले की निंदा की है।
बलूचिस्तान में हुए धमाके की तस्वीरें देखें…
मस्जिद के पास हुए धमाके में बच्चे भी घायल हुए हैं।
आत्मघाती हमले में घायल हुए लोगों को मस्तुंग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुसाइड ब्लास्ट में मरने वालों में एक पुलिस अफसर भी शामिल है।
जरूरत पड़ने पर घायलों को कराची शिफ्ट किया जाएगा।
बलूचिस्तान धमाके में घायल लोगों का इलाज करवाएगी सरकार
पहला धमाका बलूचिस्तान के मस्तुंग शहर में हुआ। यहां के असिस्टेंट कमिश्नर ने बताया कि ब्लास्ट DSP नवाज गिशकोरी की कार के पास हुआ। जियो न्यूज के मुताबिक, हमले में जिस पुलिस ऑफिसर की मौत हुई है वो DSP नवाज ही हैं।
बलूचिस्तान के कार्यवाहक सूचना मंत्री जन अचकजई ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है। जरूरत पड़ी तो उन्हें कराची शिफ्ट किया जाएगा। घायलों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी सरकार उठाएगी।
अब खैबर पख्तूनख्वा में हुए धमाके की तस्वीरें देखें…
धमाके के बाद मस्जिद की छत गिर गई। मलबे में कई लोग दब गए। 12 लोगों को रेस्क्यू किया गया।
मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
खैबर में पुलिस ने एक धमाका रोका
पहले खबर थी कि हंगू शहर में दो धमाके हुए। एक पुलिस स्टेशन के बाहर और एक मस्जिद के अंदर। अब पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी है कि पुलिस स्टेशन के बाहर धमाका नहीं हुआ। वहां पुलिस अफसरों ने धमाके से पहले ही स्टेशन के अंदर घुस रहे एक आतंकी को मार गिराया।
खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस अधिकारियों ने कहा- दो आतंकी पुलिस स्टेशन में घुसने की कोशिश कर रहे थे। एक को हमने मार गिराया और दूसरा फरार हो गया। भागने वाला ये आतंकी सुसाइड बॉम्बर था, जिसने पास की मस्जिद में हमला कर दिया।
सूचना मंत्री बोले- विदेशी ताकतों की मदद से बलूचिस्तान में शांति भंग कर रहे दुश्मन
बलूचिस्तान के कार्यवाहक सूचना मंत्री जन अचकजई ने कहा- हमारे दुश्मन विदेशी ताकतों की मदद से बलूचिस्तान में धार्मिक जगहों को निशाना बनाकर शांति भंग करना चाहते हैं। इस तरह के हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बलूचिस्तान में सरकार के मंत्रियों और दूसरे कई नेताओं ने हमले की निंदा की है।
दरअसल, बलूचिस्तान में बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) की हुकूमत चलती है। यह संगठन पाकिस्तान से आजादी की मांग कर रहा है। बलूचिस्तान के नागरिक 1947-1948 से ही खुद को पाकिस्तान का हिस्सा नहीं मानते। इसके बावजूद ये प्रांत किसी तरह पाकिस्तान के नक्शे पर मौजूद रहा। इन्हें दोयम दर्जे का नागरिक माना जाता रहा।
पंजाब, सिंध या खैबर पख्तूनख्वा की तरह उन्हें कभी अपने जायज हक भी नहीं मिले। वक्त गुजरता रहा और इसके साथ ही इनका गुस्सा भी बढ़ता गया।
पिछले साल कराची में एक फिदायीन हमले में चार चीनी महिला प्रोफेसर मारी गई थीं। इस हमले की जिम्मेदारी BLA ने ली थी।
पाकिस्तान के PM, राष्ट्रपति ने हमले की निंदा की
पाकिस्तान के केयरटेकर प्रधानमंत्री अनवार-उल-हक काकड़ ने भी मस्जिद के पास हुए हमले की निंदा की है। काकड़ ने मरने वालों के परिजन के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को घायलों को हरसंभव मदद पहुंचाने का आदेश दिया है। राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने दुख जताया है।
कल TTP के हमले में मारे गए थे 4 सैनिक
28 सितंबर को पाकिस्तानी सैनिकों और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के आतंकियों के बीच झड़प हो गई थी। आज इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने बयान जारी करते हुए कहा कि झड़प में 4 सैनिकों की मौत हुई। आतंकी अफगानिस्तान से पाकिस्तान में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे।
TTP के आतंकियों ने 28 सितंबर की शाम 5:45 बजे पाकिस्तान में घुसपैठ की कोशिश की थी।
अफगानिस्तान में तालिबानी सत्ता आने के बाद पाकिस्तान में आतंक बढ़ा
अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में आने के बाद से पाकिस्तान में आंतकी संगठन TTP को मजबूती मिली है। आतंकवाद की फैक्ट्री कहे जाने वाले पाकिस्तान में अब तक जितने भी आतंकी संगठन हैं, उनमें तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान सबसे खतरनाक माना जाता है।
इसी संगठन ने मलाला यूसुफजई पर हमले की जिम्मेदारी ली थी। इसी ने पेशावर में सैनिक स्कूल पर हमला करके 114 बच्चों को मार दिया था।
दरअसल, पाकिस्तानी तालिबान की जड़ें जमना उसी वक्त शुरू हो गई थीं, जब 2002 में अमेरिकी कार्रवाई के बाद अफगानिस्तान से भागकर कई आतंकी पाकिस्तान के कबाइली इलाकों में छुपे थे। इन आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई तो स्वात घाटी में पाकिस्तानी आर्मी की मुखालफत होने लगी। कबाइली इलाकों में कई विद्रोही गुट पनपने लगे।
ऐसे में दिसंबर 2007 को बेतुल्लाह महसूद की अगुआई में 13 गुटों ने एक तहरीक यानी अभियान में शामिल होने का फैसला किया, लिहाजा संगठन का नाम तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान रखा गया। शॉर्ट में इसे TTP या फिर पाकिस्तानी तालिबान भी कहा जाता है। यह अफगानिस्तान के तालिबान संगठन से अलग है, लेकिन इरादे करीब-करीब एक जैसे हैं। दोनों ही संगठन शरिया कानून लागू करना चाहते हैं।
. लॉ कमीशन बोला- 2029 में देश में एक साथ हो सकते हैं चुनाव, विधानसभाओं का कार्यकाल बदलना होगा
लॉ कमीशन ने कहा है कि 2029 में लोकसभा चुनावों के साथ सभी राज्यों के विधानसभा चुनाव भी कराए जा सकते हैं। इसके लिए राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल घटाना या बढ़ाना होगा। 22वें लॉ कमीशन के अध्यक्ष जस्टिस ऋतुराज अवस्थी के मुताबिक, इस मुद्दे पर काम अभी जारी है। फाइनल रिपोर्ट बनाने से पहले कमीशन को कुछ और मीटिंग भी करनी होंगी।
: लॉ कमीशन ने पॉक्सो एक्ट 2012 पर अपनी रिपोर्ट कानून मंत्रालय को सौंप दी है। इसमें आपसी सहमति से शारीरिक संबंध बनाने की न्यूनतम उम्र 18 साल बनाए रखने का सुझाव दिया है। हालांकि, यह भी कहा है कि कई पेरेंट्स इस कानून का गलत इस्तेमाल करते हैं। सहमति से संबंध बनाने वाले कई युवकों को भी सजा काटनी पड़ती है। इसलिए कुछ मामलों को अपवाद मानकर छूट देनी चाहिए।
. एस जयशंकर ने अमेरिका के विदेशी मंत्री से मुलाकात की, कनाडा के साथ तनाव का मुद्दा उठाया
मीटिंग से पहले जयशंकर और ब्लिकंन मीडिया के सामने आए। जयशंकर ने G20 समिट में सपोर्ट करने के लिए अमेरिका को धन्यवाद दिया।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से मुलाकात की। इस दौरान खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का मुद्दा भी उठा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्लिंकन ने भारत सरकार से मामले की जांच में सहयोग करने के लिए कहा है। वहीं, जयशंकर ने बताया कि उन्होंने भी कनाडा के साथ जारी तनाव के बारे में अमेरिका से चर्चा की।
मीटिंग में ब्लिंकन-जयशंकर के बीच द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने भारत की G20 प्रेसिडेंसी, इंडिया-मिडिल ईस्ट कॉरिडोर के अलावा ट्रेड, डिफेंस, स्पेस और क्लीन एनर्जी पर बातचीत की। जयशंकर ने अमेरिका के NSA जेक सुलीवन, कई अमेरिकी सांसद और थिंक टैंक्स से भी मुलाकात की।

