Site icon अग्नि आलोक

ताजा समाचार:एशिया कप के फाइनल में भारत:MP कांग्रेस के प्रत्याशियों पर दिल्ली में मंथन,मोनू मानेसर गिरफ्तार, आईफोन-15 में मिलेगा 48 MP कैमरा और टाइप-C चार्जिंग पोर्ट

Share

हरियाणा के नूंह जिले में जुलाई में हुई हिंसा के मामले में मंगलवार को गोरक्षक मोनू मानेसर को गिरफ्तार कर लिया गया। सुप्रीम कोर्ट ने राजद्रोह कानून संबंधी प्रावधानों की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं को मंगलवार को कम से कम पांच जजों की संविधान पीठ के पास भेज दिया। इंडिया गठबंधन की 14-सदस्यीय समन्वय समिति की बुधवार को पहली बैठक होगी। इसमें आगे की रणनीति, सीटों के तालमेल, चुनाव अभियान कार्यक्रम और जनसभाओं पर चर्चा होने की संभावना है। इंफाल, मणिपुर के कांगपोकपी जिले में मंगलवार सुबह अज्ञात लोगों ने कम से कम तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को कहा कि निपाह वायरस के कारण केरल के कोझिकोड जिले में दो लोगों की मौत हुई है

आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. दिल्ली में विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक होगी। 14 मेंबर्स वाली कमेटी की ये मीटिंग NCP चीफ शरद पवार के आवास पर होगी। इस बैठक में भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
  2. दिल्ली में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। इसमें मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कैंडिडेट्स के नाम अनाउंस किए जा सकते हैं।

भारत एशिया कप के फाइनल में; रोहित की 51वीं फिफ्टी, 10 हजार वनडे रन भी पूरे किए

1. जीत के बाद जश्न मनाने भारतीय टीम के खिलाड़ी 2. रोहित शर्मा वनडे में 10 हजार रन बनाने वाले छठे भारतीय खिलाड़ी हैं।

भारत ने एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में श्रीलंका को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 214 रन का टारगेट दिया। लेकिन श्रीलंकाई टीम 41.3 ओवर में 172 रन ही बना सकी। कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 53 रन बनाए। उन्होंने वनडे करियर की 51वीं फिफ्टी जमाई। रोहित ने 10 हजार वनडे रन भी पूरे किए।

 टीम इंडिया ने 10वीं बार एशिया कप फाइनल में जगह बनाई है। भारत ने 7 खिताबों के साथ सबसे अधिक बार एशिया कप जीता है। रवींद्र जडेजा ने श्रीलंका के खिलाफ 2 विकेट लिए। इसी के साथ उनके वनडे एशिया कप में 24 विकेट हो गए और टूर्नामेंट इतिहास में भारत के सबसे सफल गेंदबाज बन गए।

एनालिसिस : लंका का टॉप ऑर्डर फेल, जडेजा-कुलदीप ने अहम मौकों पर विकेट दिलाए
मंगलवार को प्रेमदासा स्टेडियम स्पिनर्स पर मेहरबना रहा। मुकाबले में गिरे 20 में से 16 विकेट स्पिनर्स को मिले, जबकि चार पेसर्स के हिस्से आए।

टीम इंडिया ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी और भारतीय ओपनर्स ने 80 रनों की पार्टनरशिप कर इस फैसले को सही साबित किया। मिडिल ऑर्डर पर ईशान किशन और केएल राहुल ने संघर्षपूर्ण पारियां खेलीं, लेकिन पिछले मुकाबले के टॉप स्कोरर विराट कोहली 3 रन ही बना सके। निचले क्रम में अक्षर पटेल ने अहम 26 रन बनाए।

इस पारी के दौरान मेजबान स्पिनर्स ने भारतीय बल्लेबाजों की अग्नि परीक्षा ली। वनडे इतिहास में पहली बार टीम के सभी विकेट स्पिनर के खिलाफ गिरे। ऐसे में वर्ल्ड कप से पहले टीम की एक कमजोरी भी सामने आ गई।

बॉलिंग-फील्डिंग डिपार्टमेंट में टीम का प्रदर्शन सराहनीय रहा। पेसर्स ने श्रीलंका के टॉप ऑर्डर को सस्ते में पवेलियन लौटाया। जडेजा और कुलदीप की जोड़ी ने मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी। दोनों ने अहम मौकों पर विकेट दिलाए। 

मोनू मानेसर को नासिर-जुनैद हत्याकांड में रिमांड पर लिया गया, नूंह हिंसा में पकड़ा था
हरियाणा पुलिस ने बजरंग दल से जुड़े गोरक्षक मोनू मानेसर को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। उस पर 31 जुलाई को हुई नूंह हिंसा से पहले सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने का आरोप है। मोनू पर राजस्थान के नासिर-जुनैद हत्याकांड में शामिल होने का भी आरोप है। इसलिए हरियाणा पुलिस ने उसे राजस्थान पुलिस को सौंप दिया है।

 नासिर-जुनैद हत्याकांड में नाम आने के बाद से मोनू मानेसर 8 महीने से फरार था। 16 फरवरी 2023 को हरियाणा के भिवानी में बोलेरो कार में नासिर (28) और जुनैद (33) की जली हुई लाशें मिली थीं। वे राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे।

मोनू की गिरफ्तारी का पता चलते ही राजस्थान पुलिस भी कोर्ट पहुंच गई। उसे जेल ले जाने से पहले ही राजस्थान पुलिस को उसकी ट्रांजिट रिमांड मिल गई। उसे लेकर राजस्थान पुलिस रवाना हो गई है।

गिरफ्तारी के बाद साइबर क्राइम पुलिस थाने में जमीन पर बैठा मोनू मानेसर।

सोशल मीडिया पोस्ट केस में हुई मोनू की गिरफ्तारी
मोनू मानेसर के नाम से 26 अगस्त को एक पोस्ट डाली गई थी। जिसमें लिखा था, ”परिणाम की चिंता हम नहीं करते, वार एक ही होगा, पर आखिरी होगा…। Monumanesar”। सोशल मीडिया सैल के सिपाही मनोज कुमार ने नूंह साइबर क्राइम थाने में इसकी शिकायत दी। साइबर पुलिस ने इसकी जांच की तो पता चला कि यह पोस्ट मोनू मानेसर नाम के अकाउंट से डाली गई।

पुलिस के मुताबिक इस अकाउंट होल्डर ने धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता फैलाई। अभद्र शब्दों का प्रयोग किया। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई। लोक शांति भंग की। पुलिस ने इसकी जांच की तो पता चला कि मोनू मानेसर उर्फ मोहित यादव के नाम पर चल रहे मोबाइल नंबर से ही यह पोस्ट डाली गई। इसके बाद उसके खिलाफ धारा 153, 153A, 295A, 504, 109 IPC और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया।

गिरफ्तारी के वक्त मोनू से 2 सिम कार्ड वाला मोबाइल, 45 बोर की पिस्टल और 3 कारतूस बरामद किए गए।

मोनू मानेसर को गुरुग्राम मार्केट से गिरफ्तार कर ले जाती हरियाणा पुलिस।

मोनू मानेसर के 2 वीडियो सामने आए थे
नूंह में 31 जुलाई को ब्रजमंडल यात्रा के दौरान हुई हिंसा से पहले 2 वीडियो वायरल हुए थे। पहले वीडियो में मोनू मानेसर ने कहा था कि 31 जुलाई को वह ब्रजमंडल यात्रा में शामिल होगा। उसने लोगों को भी इस यात्रा में शामिल होने की अपील की थी। इसके बाद नूंह से भी दूसरे समुदाय से मोनू मानेसर को सोशल मीडिया पर चैलेंज किया गया था।

इसके बाद मोनू मानेसर का एक और वीडियो सामने आया था। जिसमें कहा गया कि बोला है तो आना ही पड़ेगा। कथित तौर पर इसी से दंगाइयों को शक हुआ कि मोनू यात्रा में आया हुआ है।

मोनू मानेसर की रिहाई के लिए प्रदर्शन, गुरुग्राम में महापंचायत बुलाई
मोनू मानेसर की गिरफ्तारी का पता चलते ही उसके समर्थकों ने गुरुग्राम में प्रदर्शन किया। वहीं विश्व हिंदू परिषद ने पंचायत बुलाकर बड़ा फैसला लेने की चेतावनी दी है। गांव मानेसर के लोगों ने भी इसे राजनीतिक साजिश बताकर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। VHP के जिला संयोजक देविंदर सिंह ने कहा कि नूंह पुलिस ने कांग्रेस MLA मामन खान को तो गिरफ्तार नहीं किया, बल्कि मोनू को अरेस्ट कर लिया।

मोनू मानेसर की गिरफ्तारी के बाद गुरुग्राम पुलिस के पास इनपुट यह भी है कि मानेसर और आसपास के गुस्साए गांवावाले नेशनल हाईवे- 48 को जाम कर सकते हैं। जिसके बाद एहतियात के तौर पर भीष्म मंदिर के पास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

मोनू की रिहाई के लिए गुरुग्राम में प्रदर्शन करते उसके समर्थक।

राजस्थान का नासिर-जुनैद हत्याकांड, जिसमें मोनू आरोपी

फरवरी में मिली थीं नासिर-जुनैद की जली लाशें
16 फरवरी 2023 को हरियाणा के भिवानी में बोलेरो गाड़ी में दो जली हुई लाशें मिली थीं। जांच में पता चला कि ये लाशें राजस्थान के भरतपुर जिले के घाटमिका गांव के जुनैद और नासिर की थीं। हरियाणा के कई गो-रक्षकों पर उन्हें जिंदा जलाने का आरोप लगा था। इनमें सबसे चर्चित नाम मोनू मानेसर उर्फ मोहित यादव का था।

राजस्थान के जिला भरतपुर के पहाड़ी इलाके के गांव घाटमीका निवासी नासिर (28) और जुनैद (33) को 15 फरवरी को किडनैप किया गया था। अगले दिन हरियाणा के भिवानी में बोलेरो में दोनों के कंकाल बरामद हुए थे। इस मामले में दोनों के परिवार ने बजरंग दल से जुड़े गोरक्षक मोनू मानेसर और उसके साथियों पर मारपीट करने और जिंदा जलाकर मार देने का आरोप लगाया था।

इसके बाद भरतपुर थाना पुलिस ने मोनू मानेसर सहित अन्य लोगों पर कई धाराओं में केस दर्ज किया था। पुलिस इस केस में फरार 8 आरोपियों की फोटो भी जारी कर चुकी है।

नासिर-जुनैद हत्याकांड की पूरी कहानी

भाई की ससुराल से लौट रहे थे, बीच रास्ते में रोक लिया
जुनैद के चचेरे भाई इस्माइल ने आरोप लगाया था कि जुनैद और नासिर 14 फरवरी को भोरूबास सिकरी गांव गए थे। यहां उनके भाई की ससुराल है। रात में वहीं रुक गए थे। बुधवार सुबह यानी 15 फरवरी को दोनों घर आ रहे थे।

रास्ते में उनको बजरंग दल वालों ने रोक लिया। इनका नाम पूछा। इसके बाद दोनों को खींचकर बोलेरो से बाहर निकालने की कोशिश की गई। नासिर-जुनैद ने जैसे ही देखा कि उन्हें ये खींच रहे है, तो जान बचाने के लिए उन्होंने अपनी बोलेरो गाड़ी को भगा दिया।

बोलेरो का पीछा कर दोनों तरफ से टक्कर मारी गई
परिवार का आरोप था कि जुनैद-नासिर को बोलेरो से जान बचाकर भागते देख आगे-पीछे से टक्कर मारी गई। इसके बाद दोनों को गाड़ी से निकालकर मारपीट की गई। मारपीट के बाद बजरंग दल वाले नासिर-जुनैद को पुलिस थाना फिरोजपुर झिरका ले गए। जहां पर उन्हें पुलिस को सौंपने की कोशिश की, लेकिन दोनों की हालत इस कदर खराब हो गई थी कि पुलिस ने लेने से मना कर दिया।

जिंदा जलाकर मार दिया
परिवार का कहना था कि पुलिस के हिरासत में लेने से इनकार करने के बाद बजरंग दल के नेता मोनू मानेसर, रिंकू सैनी के अलावा 7 से 8 अन्य लोग दोनों को भिवानी ले गए। वहां उन्हें पिछली सीट पर बैठाकर बोलेरो समेत जिंदा जलाकर मार डाला। हमें सोशल मीडिया पर चली खबर के बाद दोनों की मौत का पता चला। गाड़ी के इंजन और चेसिस नंबर से पता चला कि ये हमारी गाड़ी है। मरने वाले हमारे दोनों भाई हैं।

राजस्थान पुलिस ने इस मामले में पहले इन 8 आरोपियों की फोटो जारी की थी। जिसके बाद कहा गया कि मोनू मानेसर आरोपी नहीं है। हालांकि बाद में राजस्थान पुलिस ने कहा कि मोनू भी जांच के दायरे में है।

नासिर-जुनैद मर्डर केस में अब तक क्या हुआ
जुनैद के चचेरे भाई इस्माइल ने 15 फरवरी को गोपालगढ़ थाना (भरतपुर) में दोनों के किडनैप और मारपीट का मामला दर्ज कराया था। इसमें अनिल निवासी मूलथान, श्रीकांत निवासी मरोड़ा, रिंकू सैनी निवासी फिरोजपुर झिरका, लोकेश सिंगला निवासी मानेसर (हरियाणा) पर आरोप लगाए गए थे।

इस FIR के अगले दिन 16 फरवरी को जुनैद और नासिर दोनों की लाशें हरियाणा में भिवानी जिले के लोहारू में जली हुई हालत में बोलेरो गाड़ी में मिली थीं। इस मामले में भरतपुर थाना पुलिस ने किडनैप और हत्या का मामला दर्ज किया था।

राजस्थान पुलिस ने मुख्य आरोपी रिंकू सैनी को गिरफ्तार कर लिया था। रिंकू सैनी से पूछताछ के आधार पर 8 आरोपियों के नाम फोटो सहित जारी किए। सभी 8 आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम भी रखा गया। इसके बाद इनमें से दो आरोपियों गोगी निवासी भिवानी और मोनू राणा निवासी पलुवास भिवानी को भी गिरफ्तार कर लिया गया था।

गोपालगढ़ पुलिस ने 16 मई को गिरफ्तार 3 आरोपियों रिंकू सैनी, गोगी और मोनू राणा के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट पेश की, तब इस बात का खुलासा हुआ कि नासिर और जुनैद की हत्या में अभी 27 आरोपियों के खिलाफ इन्वेस्टिगेशन पेंडिंग है।

इन 27 आरोपियों में मोहित उर्फ मोनू मानेसर, श्रीकांत मरोड़ा, अनिल मूलथान, लोकेश सिंगला, विकास आर्य, विशाल जेवली उर्फ नटवर, कालू उर्फ कृष्ण, बादल, शशिकांत, देवी लाल, भोलू, नवनीत, संजय परमार, दीपक, आजाद आचार्य, किशोर सैन, शिवम, तुषार उर्फ तन्नू, राजवीर, मनोज गुहाना, योगेन्द्र आचार्य, भोला सिलानी, रमेश उर्फ मेस्सा सिसर, आशु जांगडा, सुखविंद्र उर्फ सुक्खी, प्रवेश बॉक्सर और रविंद्र उर्फ के नाम हैं। ये सभी हरियाणा के रहने वाले हैं।

जुनैद-नासिर हत्याकांड में शामिल आरोपी।

मोनू मानेसर ने कहा था- इससे मेरा लेना-देना नहीं
फरवरी में हुए राजस्थान के भरतपुर निवासी नासिर-जुनैद हत्याकांड को लेकर मोनू मानेसर ने कहा कि मेरा इस केस से कोई लेना-देना नहीं है, क्योंकि मैं उस दिन मेवात या राजस्थान या फिर भिवानी किसी जगह नहीं था। इसके मेरे पास सबूत है क्योंकि उस दिन मैं गुरुग्राम के एक होटल में था। मेरा तो नाम बेवजह घसीट दिया गया।

मोनू मानेसर ने सोशल मीडिया पर भी लिखा कि इस घटना से उसकी टीम का कोई लेना-देना नहीं है। न ही बजरंग दल हरियाणा का कोई संबंध है। जो भी आरोपी मिलें, पुलिस उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे।

आईफोन-15 लॉन्च, शुरुआती कीमत 79,990 रुपए, 22 सितंबर से मिलेगा आईफोन और वॉच

एपल ने अपने वंडरलस्ट इवेंट में आईफोन 15 सीरीज और एपल वॉच सीरीज 9 लॉन्च की। इसके अलावा एपल वॉच अल्ट्रा 2 भी लॉन्च की है। कंपनी ने पहली बार चार्जिंग के लिए टाइप-C पोर्ट दिया है। इस बार आईफोन-15 में 48 मेगापिक्सल का मेन कैमरा दिया गया है, जो पहले से 4 गुना ज्यादा है।

भारत में आईफोन-15 के 128 GB वैरिएंट की कीमत ₹79,900 और आईफोन-15 प्लस के 128 GB वैरिएंट की कीमत ₹89,900 है। वहीं आईफोन-15 प्रो के 128 GB वैरिएंट की कीमत ₹1,34,900 और प्रो मैक्स का 256 GB वैरिएंट ₹1,59,900 में मिलेगा। नया आईफोन और एपल वॉच 15 सितंबर शाम 5.30 बजे से प्री ऑर्डर किया जा सकता है। ये 22 सितंबर से मिलने लगेंगे।

 ‘वंडरलस्ट’ एपल का सबसे बड़ा सालाना इवेंट है। पहला आईफोन 2007 में स्टीव जॉब्स ने लॉन्च किया था। तब से अब तक दुनिया में 230 करोड़ से ज्यादा आईफोन बिक चुके हैं। एपल ने 2017 में आईफोन SE के साथ भारत में आईफोन्स बनाना शुरू किया था।

भारत में आईफोन-15 के 128 GB वैरिएंट की कीमत 79,900 और आईफोन-15 प्लस के 128 GB वैरिएंट की कीमत 89,900 रुपए हैं। वहीं आईफोन-15 प्रो के 128 GB वैरिएंट की कीमत 1,34,900 रुपए और प्रो मैक्स का 256 GB वैरिएंट 1,59,900 रुपए में मिलेगा।

22 सिंतबर से मिलेगा आईफोन और वॉच
नए आईफोन को 15 सितंबर शाम 5.30 बजे से प्री ऑर्डर किया जा सकता है। ये 22 सिंतबर से मिलने लगेगा। नई एपल वॉच अभी से ही प्री ऑर्डर के लिए अवेलेबल है। ये भी 22 सिंतबर से मिलेगी। एयरपॉड प्रो सेकेंड जनरेशन टाइप सी पोर्ट के साथ 22 सिंतबर से मिलेगा।

एपल ने आईफोन-15 और 15 प्लस को 5 कलर वैरिएंट में उतारा है।

एपल ने आईफोन-15 प्रो और 15 प्रो मैक्स को 4 कलर वैरिएंट में उतारा है।

एपल ने पहले बार अपने प्रो मॉडल में टाइटेनियम का इस्तेमाल किया है।

एपल ने वॉच सीरीज 9 भी लॉन्च की
कंपनी ने 8 कलर ऑप्शन में एपल वॉच सीरीज 9 लॉन्च की है। इस वॉच में डबल टैप फीचर दिया गया है। यानी उंगलियों को दो बार टैप करने पर फोन कॉल उठ जाएगा। डबल टैप से ही फोन कट भी जाएगा। कंपनी ने एपल वॉच अल्ट्रा 2 भी लॉन्च की।

एपल ने कहा कि अब वो अपने किसी भी प्रोडक्ट में चमड़े का उपयोग नहीं करेगा। अमेरिका में एपल वॉच सीरीज 9 के GPS वैरिएंट की कीमत 399 डॉलर है। GPS+सेलुलर की कीमत 499 डॉलर और वॉच अल्ट्रा 2 की कीमत 799 डॉलर है।

एपल ने अपने सालाना इवेंट में वॉच सीरीज 9 लॉन्च की।

नई एपल वॉच प्रो अभी से ही प्री ऑर्डर के लिए अवेलेबल है। ये भी 22 सिंतबर से मिलेगी।

भारत में फॉक्सकॉन बना रही है iPhone 15
ताइवान की इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरर कंपनी फॉक्सकॉन भारत के अपने तमिलनाडु प्लांट में iPhone 15 बना रही है। उत्पादन में तेजी लाने के लिए फॉक्सकॉन ने चेन्नई स्थित प्लांट में प्रोडक्शन लाइनें भी बढ़ा दी हैं। एपल हर साल सितंबर में नए आईफोन सीरीज के साथ कई अन्य प्रोडक्ट लॉन्च करती है।

फॉक्सकॉन भारत के अपने तमिलनाडु प्लांट में iPhone 15 बना रही है। फाइल फोटो

भारत में 2017 से बन रहे आईफोन
एपल ने 2017 में आईफोन SE के साथ भारत में आईफोन्स की मैन्युफैक्चरिंग शुरू की थी। इसके तीन इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विस (EMS) पार्टनर- फॉक्सकॉन, विस्ट्रॉन और पेगाट्रॉन है। आईफोन SE के बाद भारत में आईफोन 11, आईफोन 12, आईफोन 13 और आईफोन 14 की मैन्युफैक्चरिंग भी की गई। फॉक्सकॉन का प्लांट चेन्नई के पास श्रीपेरंबदूर में है।

भारत सरकार की PLI स्कीम का हिस्सा एपल
एपल के तीनों कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरर (फॉक्सकॉन, विस्ट्रॉन और पेगाट्रॉन) भारत सरकार की 41,000 करोड़ रुपए की प्रोडक्शन-लिंक्ड इन्सेंटिव स्कीम (PLI) का हिस्सा हैं। इस स्कीम के बाद ही भारत में आईफोन मैन्युफैक्चरिंग में तेजी आई है। 2020 में भारत सरकार ने PLI Scheme को लॉन्च किया था।

इस स्कीम से बाहर के देशों की कंपनीज को मौका मिलता है कि वो लोकल मैन्युफैक्चरिंग का फायदा उठा सकें, साथ ही उस पर इन्सेंटिव भी कमा सकें।

राजस्थान में आज से दो दिन के लिए पेट्रोल पंप बंद, संचालक बोले- वैट कम करे सरकार
राजस्थान में आज से दो दिन तक राज्य के सभी पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक पेट्रोल पंप बंद रखने का ऐलान किया है। इनका कहना है कि राजस्थान में वैट ज्यादा है। जबकि पंजाब और गुजरात में कम। ऐसे में इन राज्यों के बॉर्डर पर मौजूद पंप पर पेट्रोल-डीजल नहीं बिकता।

 एसोसिएशन ने वैट कम न किए जाने पर 15 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की बात कही है। यहां पेट्रोल पर 31.04% जबकि डीजल पर 19.30% वैट लगता है। देश में सबसे महंगा फ्यूल राजस्थान के श्रीगंगानगर में बिक रहा है। यहां एक लीटर पेट्रोल की कीमत 113.30 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 98.07 रुपए प्रति लीटर है।

MP कांग्रेस के प्रत्याशियों पर दिल्ली में मंथन, 100 सीटों पर चर्चा लेकिन नाम फाइनल नहीं हुए

पीसीसी चीफ कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की मीटिंग में जाते हुए।

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम को लेकर दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। करीब साढ़े 4 घंटे चली बैठक में 100 सीटों पर चर्चा हुई। ​​कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि अभी हमने 100 सीटों पर नामों को लेकर चर्चा की है। अभी कोई नाम फाइनल नहीं किया है।

 आज सुबह साढ़े 9 बजे फिर से कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की मीटिंग होगी। उम्मीदवार घोषित करने को लेकर कांग्रेस दो टाइप के प्लान पर काम कर रही है। पहला- लंबे समय से हार रही 66 सीटों पर कैंडिडेट्स का ऐलान हो सकता है। दूसरा- उन सीटों पर पहले कैंडिडेट्स घोषित किए जा सकते हैं, जहां कांग्रेस के विधायक हैं।

बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि अभी हमने 100 सीटों पर नामों को लेकर चर्चा की है। अभी कोई नाम फाइनल नहीं किया है। वहीं स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष भंवर जितेन्द्र सिंह ने बताया कि 150 सीटों पर चर्चा की गई। अभी कुछ भी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

दिल्ली में कांग्रेस के वार रूम में मंगलवार शाम करीब 6 बजे बैठक शुरू हुई थी। जो रात साढ़े 10 बजे तक चली। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मौजूद रहे। साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह भी बैठक में शामिल हुए।

कैंडिडेट्स को लेकर कांग्रेस के दो प्लान

उम्मीदवार घोषित करने को लेकर कांग्रेस दो टाइप के प्लान पर काम कर रही है।

पहला– लंबे समय से हार रही 66 सीटों पर कांग्रेस चेहरे तय कर घोषित कर सकती है। इसे लेकर तैयारियां चल रही हैं।

दूसरा- कांग्रेस उन सीटों पर पहले उम्मीदवार घोषित करने की तैयारी कर रही है। जिन सीटों पर कांग्रेस के विधायक हैं। सर्वे में एंटी इनकमबेंसी नहीं मिली है। वर्तमान में कांग्रेस के 96 विधायकों में से करीब 35 विधायक ऐसे हैं, जिनके टिकट काटे जा सकते हैं। इन सीटों को छोड़कर करीब 60 विधायकों के टिकट घोषित किए जा सकते हैं।

मंगलवार सुबह भोपाल में पीसीसी चीफ कमलनाथ के बंगले पर लोकसभा ऑब्जर्वर की बैठक हुई।

इन विधायकों के तय हो सकते हैं नाम

नामविधानसभा सीट
बाबू जंडेलश्योपुर
राकेश मावईमुरैना
डॉ. गोविन्द सिंहलहार
डॉ. सतीश सिकरवारग्वालियर पूर्व
लाखन सिंह यादवभितरवार
घनश्याम सिंहसेंवढ़ा
केपी सिंहपिछोर
लक्ष्मण सिंहचाचौड़ा
जयवर्द्धन सिंहराघौगढ़
गोपाल सिंह चौहानचंदेरी
तरवर लोधीबंड़ा
विक्रम सिंह नातीराजाराजनगर
आलोक चतुर्वेदीछतरपुर
नीलांशु चतुर्वेदीचित्रकूट
कमलेश्वर पटेलसिंहावल
फुन्देलाल सिंह मार्कोपुष्पराजगढ़
विजयराघवेन्द्र सिंहबड़वारा
संजय यादवबरगी
जबलपुर पूर्वलखन घनघोरिया
जबलपुर उत्तरविनय सक्सेना
जबलपुर पश्चिमतरुण भनोत
भूपेन्द्र मरावीशहपुरा
ओमकार सिंह मरकामडिंडौरी
नारायण सिंह पट्‌टाबिछिया
डॉ. अशोक मर्सकोलेनिवास
हिना कांवरेलांजी
अर्जुन काकोडियाबरघाट
योगेन्द्र सिंहलखनादौन
एनपी प्रजापतिगोटेगांव
संजय शर्मातेंदूखेड़ा
सुनील उईकेजुन्नारदेव
चौधरी सुजीत सिंहचौरई
सौंसरविजय चौरे
छिंदवाड़ाकमलनाथ
परासियासोहनलाल वाल्मीकि
सुखदेव पांसेमुलताई
निलय डागाबैतूल
ब्रह्मा भलावीघोड़ाडोंगरी
आरिफ मसूदभोपाल मध्य
रामचंद्र दांगीब्यावरा
बापू सिंह तंवरराजगढ़
प्रियव्रत सिंहखिलचीपुर
विपिन वानखेड़ेआगर
हुकुम सिंह कराड़ाशाजापुर
कुणाल चौधरीकालापीपल
सज्जन सिंह वर्मासोनकच्छ
झूमा सोलंकीभीकनगांव
डॉ. विजयलक्ष्मी साधौमहेश्वर
सचिन यादवकसरावद
रवि जोशीखरगोन
बाला बच्चनराजपुर
चंद्रभागा किराडे़पानसेमल
मुकेश रावतआलीराजपुर
कांतिलाल भूरियाझाबुआ
वीरसिंह भूरियाथांदला
प्रताप ग्रेवालसरदारपुर
उमंग सिंघारगंधवानी
सुरेन्द्र सिंह बघेलकुक्षी
डॉ. हीरालाल अलावामनावर
पांचीलाल मेड़ाधरमपुरी
विशाल पटेलदेपालपुर
संजय शुक्लाइंदौर-1
जीतू पटवारीराऊ
दिलीप सिंह गुर्जरनागदा-खाचरौद
महेश परमारतराना
हर्ष विजय गेहलोतसैलाना
मनोज चावलाआलोट

भाजपा में भी 64 सीटों पर चल रहा मंथन

बीजेपी में भी मध्यप्रदेश चुनाव को लेकर 64 सीटों पर मंथन चल रहा है। सोमवार रात दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा के बंगले पर सीएम शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की जेपी नड्‌डा, अमित शाह और बीएल संतोष के साथ करीब चार घंटे तक बैठक हुई। इसके बाद देर रात करीब डेढ़ बजे सीएम शिवराज और भूपेन्द्र यादव भोपाल पहुंचे। बैठक में करीब 45 हारी हुई सीटों पर नामों पर सहमति बन गई है।

जहां कांग्रेस के लंबे समय से विधायक, उन सीटों पर घोषित हो सकते हैं उम्मीदवार
बीजेपी अब उन सीटों पर प्रत्याशी घोषित करने की तैयारी कर रही है, जहां कांग्रेस के प्रत्याशी लंबे समय से चुनाव जीतते आ रहे हैं। इस लिस्ट में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह, कमलनाथ, जयवर्द्धन सिंह समेत कुछ अन्य सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जा सकते हैं।

जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर मीटिंग
उम्मीदवारों के साथ ही बीजेपी प्रदेश में चल रही पांचों जन आशीर्वाद यात्राओं के फीडबैक पर भी काम कर रही है। केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र सिंह और मप्र के नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेन्द्र सिंह के साथ भोपाल में प्रदेश बीजेपी ऑफिस में बैठक हुई।

पीएम मोदी गुरुवार को आएंगे सागर
पीएम नरेन्द्र मोदी गुरुवार को सागर के बीना में आएंगे। यहां वे बीना रिफाइनरी में 50 हजार के प्रोजेक्ट्स की आधारशिला रखेंगे। पीएम के इस दौरे के चलते लिस्ट को टाला जा सकता है।

मणिपुर में फायरिंग, फिर 3 की मौत; भाजपा के 23 विधायक अलग प्रशासन के खिलाफ
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में हुई गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले 8 सितंबर को हिंसा में 2 लोग मारे गए थे। इधर, भाजपा के 23 विधायकों ने एक प्रस्ताव पास किया, जिसमें उन्होंने 10 कुकी MLA’s के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कुकी विधायक राज्य में अलग प्रशासन की मांग कर रहे हैं।

 राज्य में कुकी और मैतेई समुदाय के बीच 3 मई से जारी हिंसा में अब तक 160 मौतें हो चुकी हैं। केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि मणिपुर में 6523 FIR दर्ज की गई हैं। इनमें से 19 केस महिलाओं और बच्चों की हिंसा से जुड़े हैं। राज्य में हुई हिंसा के मामलों की जांच CBI के 53 अफसर कर रहे हैं। इनमें 29 महिलाएं शामिल हैं।

देश में 763 सांसद, 306 पर क्रिमिनल केस, बिहार के आधे सांसदों पर गंभीर मामले दर्ज

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की रिपोर्ट के मुताबिक, देश के कुल 763 सांसदों में से 306 पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं। इनमें से 194 सांसदों के खिलाफ हत्या और महिलाओं से अत्याचार जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। बिहार के 56 में से 41 सांसदों के खिलाफ केस दर्ज हैं। इनमें 28 यानी 50% सांसदों पर गंभीर मामले हैं। वहीं UP के सबसे ज्यादा 37 सांसदों के खिलाफ गंभीर मामले दर्ज हैं।

 ADR ने ये रिपोर्ट लोकसभा और राज्यसभा सदस्यों की ओर से दाखिल चुनावी हलफनामे के हवाले से जारी की है। इसके मुताबिक, लोकसभा और राज्यसभा के हर सदस्य के पास औसतन ₹38.33 करोड़ की संपत्ति है। इस तरह हमारे देश का हर सांसद करोड़पति है। वहीं 53 सांसद अरबपति हैं, जो कुल सांसदों की संख्या का 7% हैं।

राजद्रोह कानून केस अब 5 जजों की बेंच में: CJI बोले- अदालत ऐसे कानूनों के इस्तेमाल को लेकर चिंतित
152 साल पुराने राजद्रोह कानून को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। CJI डीवाई चंद्रचूड़ की अगुआई वाली 3 जजों की बेंच ने IPC की धारा 124ए को चुनौती देने वाली याचिकाओं को 5 जजों की बेंच को ट्रांसफर कर दिया। CJI ने कहा कि अदालत ऐसे कानूनों के इस्तेमाल को लेकर चिंतित है। इनका इस्तेमाल बढ़ई को लकड़ी का एक टुकड़ा काटने के लिए आरी देने जैसा है, जो उसका इस्तेमाल पूरे जंगल को काटने के लिए करता है।

 11 अगस्त 2023 को गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा में 163 साल पुराने 3 कानूनों में बदलाव के लिए बिल पेश किया। इसमें राजद्रोह कानून खत्म करना भी शामिल है। वहीं लॉ कमीशन ने 2 जून को सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। आयोग का कहना था कि भारतीय दंड संहिता की धारा 124A को IPC में बनाए रखने की जरूरत है। इसको हटाने का कोई वैलिड रीजन नहीं है।

लीबिया में तूफान और बाढ़ से 6 हजार की मौत, 10 हजार लोग लापता, इनमें 123 सैनिक

कई इलाकों में पानी में लाशें तैरती नजर आ रही हैं। यहां 2 डैम फूट गए हैं। इनकी वजह से शहर का 25% हिस्सा खत्म हो गया है।

लीबिया में 9 सितंबर को आए डेनियल तूफान और इसके बाद आई बाढ़ की वजह से अब तक 6 हजार मौतें हो चुकी हैं। इनमें से 700 शवों की पहचान हो सकी है। 7 से 10 हजार लोग अभी भी लापता हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे 123 सैनिक भी लापता हैं।

लीबिया के हेल्थ मिनिस्टर के मुताबिक, मरने वालों का आंकड़ा 10 हजार तक पहुंच सकता है। यहां के चुनिंदा एयरपोर्ट्स इस लायक नहीं बचे हैं कि वहां कोई हैवी या कार्गो एयरक्राफ्ट लैंड कर सके। इस वजह से मदद पहुंचाना भी मुश्किल है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे 123 सैनिक भी लापता हैं। 12 फौजियों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। सबसे बड़ी दिक्कत ये है कि देश में मौजूद चुनिंदा एयरपोर्ट्स इस लायक नहीं बचे हैं कि वहां कोई हैवी या कार्गो एयरक्राफ्ट लैंड कर सके। यही वजह है कि यहां मदद पहुंचाना भी मुश्किल है।

बेनगाजी शहर की यह तस्वीर लीबिया सरकार ने जारी की है। इस शहर में 283 इमारतें बाढ़ की वजह से गिर चुकी हैं। यहां 147 लोग मारे गए हैं।

पूर्वी हिस्से में हालात बेकाबू

लीबिया ने कहा है कि देश के कुछ एयरपोर्ट्स की हालत खराब है और यहां बड़े या कार्गो एयरक्राफ्ट्स लैंड नहीं कर सकते। इसके बावजूद तुर्किये ने कुछ रिलीफ मटेरियल यहां तक पहुंचाने में कामयाबी हासिल की है।

कई जगह पहुंचना नामुमकिन

लीबिया में 2011 के बाद से किसी एक सरकार का वजूद नहीं है। यहां कबीलों का आपसी झगड़ा है और इसी वजह से बाढ़ के बाद हालात संभालना बेहद मुश्किल हो रहा है।

2011 से देश में दो सरकारें

दो हाई कोर्ट में 7 अतिरिक्त न्यायाधीश प्रमोट कर पर्मानेंट जज बनाये गए

मद्रास और कर्नाटक उच्च न्यायालयों के सात अतिरिक्त न्यायाधीशों को मंगलवार को स्थायी न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। मद्रास उच्च न्यायालय से पांच अतिरिक्त न्यायाधीशों को, जबकि कर्नाटक उच्च न्यायालय से दो अतिरिक्त न्यायाधीशों को स्थायी न्यायाधीशों के रूप में पदोन्नत किया। कर्नाटक उच्च न्यायालय के एक अतरिक्ति न्यायाधीश और एक साल इसी पद पर रहेंगे, जो इस साल आठ नवंबर से प्रभावी होगा। स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किये जाने से पहले, अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में आमतौर पर दो साल के लिए नियुक्ति की जाती है। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इन नियुक्तियों की घोषणा की। (भाषा)

राजस्थान: अपनी ही सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, कांग्रेस विधायक ने मुंडवाया सिर

राजस्थान के कोटा में कांग्रेस विधायक भरत सिंह ने अपने आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और अपना सिर मुंडवाया। उन्होंने कहा कि बहुत बार बेईमान लोगों को बचाना सरकार की मजबूरी है। जिसके खिलाफ हम प्रदर्शन कर रहे हैं उसने मुख्यमंत्री की कोई ऐसी नस पकड़ रखी है जिसे वो दबाएगा तो मुख्यमंत्री को परेशानी होगी। उन्होंने कहा कि लेकिन मेरी मजबूरी नहीं है कि मैं चुप बैठा रहूं…मैंने बाल कटाए हैं, ये मेरे विरोध का प्रतीक है।

कावेरी जल विवाद: हमने सारा पानी छोड़ दिया, बोले शिवकुमार

कावेरी जल बंटवारे मुद्दे पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्र डी. के. शिवकुमार का कहना है, ‘जितना भी पानी है उसको हमने छोड़ दिया है और जो पानी बचा है उसको हम पीने के लिए जमा करेंगे… हम यह बात कमेटी के सामने उठाएंगे… भाजपा और जनता दल (JD(S)) राजनीति कर रहे हैं। जब उनके पास मौका था तब वे इस मुद्दों का समाधान नहीं निकाल पाए।’ (ANI)

भूमि नौकरी घोटाला: 21 सितंबर को अगली सुनवाई

सीबीआई ने दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट को सूचित किया कि पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के खिलाफ कथित भूमि नौकरी घोटाला मामले में एक ताजा आरोप पत्र के संबंध में गृह मंत्रालय से मंजूरी प्राप्त कर ली गई है। CBI के मुताबिक हालांकि 3 रेलवे अधिकारियों के खिलाफ मंजूरी अभी तक नहीं मिली है। सीबीआई ने कहा कि शेष मंजूरी एक सप्ताह के भीतर मिलने की उम्मीद है। मामले को 21 सितंबर को आगे की सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है।

ED के सामने पेश हुईं TMC सांसद नुसरत जहां

TMC सांसद नुसरत जहां कोलकाता स्थित प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय पहुंची। वरिष्ठ नागरिकों द्वारा एक रियल एस्टेट कंपनी पर कोलकाता के न्यू टाउन में फ्लैट देने का वादा कर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाने वाली शिकायत के संबंध में एजेंसी ने उन्हें तलब किया है। शिकायत के मुताबिक, सांसद कंपनी के पूर्व निदेशक रहीं हैं।

Exit mobile version