लुटेरी दुल्हनें! दो बहनों ने दो भाइयों से की शादी, नशीली खीर खिलाकर किया बेहोश, जेवर-नकदी लेकर भागीं
दोनों बहनों ने खीर में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर दोनों भाइयों के साथ ही परिवार के सदस्यों को खिला दिया। इससे वह बेहोश हो गए, तो रात में ही मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर दोनों बहनें जेवर, कपड़ा, मोबाइल व करीब पांच हजार रुपये लेकर भाग गईं।हरदोई जिले के टड़ियावां क्षेत्र में नवविवाहिताओं ने अपने-अपने पतियों सहित परिवार के सदस्यों को खीर में नशीला पदार्थ खिलाकर जेवर, नकदी और मोबाइल आदि पार कर दिए। चढ़ावे के जेवर सहित घर से चोरी व नवविवाहिताओं के भाग जाने की जानकारी गुरुवार सुबह परिवार के सदस्यों के जागने पर हुई।
पीड़ित परिवार ने शादी कराने वाले सहित दोनों लड़कियों के विरुद्ध एफआईआर के लिए पुलिस को तहरीर दी है। टड़ियावां क्षेत्र के एक गांव निवासी दो भाईयों की शादी न होने पर आंखों से दिव्यांग मां ने बहू की ख्वाहिश में सीतापुर के एक व्यक्ति से शादी कराने का सौदा कर लिया।
जैसा कि पीड़ित ने बताया कि मां से एक व्यक्ति ने 80 हजार में दोनों भाइयों की शादी कराने का सौदा किया था। 78 हजार नकद और दो हजार रुपये फोन-पे से लिए थे। मंगलवार को वह व्यक्ति दो बहनों को लेकर आया और शादी करने की बात कही।
एक मंदिर में दोनों भाइयों की थी शादी
पीड़ित ने बताया कि उसने शादी के लिए दोनों बहनों के लिए करीब एक लाख से अधिक कीमत के जेवर, कपड़ा आदि की खरीदारी की। बताया कि लड़कियां लाने वाले व्यक्ति बुधवार सुबह चला गया। शाम को गांव के पास ही एक मंदिर में दोनों भाइयों ने उन दोनों बहनों के साथ शादी कर दी।
रात में ही जेवर-नकदी लेकर भागीं
बताया कि गांव में ही भंडारा था, इसलिए खाना व खीर आदि आया था। दोनों बहनों ने खीर में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर दोनों भाइयों के साथ ही परिवार के सदस्यों को खिला दिया। इससे वह जब बेहोश हो गए, तो रात में ही मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर दोनों बहनें जेवर, कपड़ा, मोबाइल व करीब पांच हजार रुपये लेकर चंपत हो गईं।
ममता बनर्जी ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- आपने विमानों के लिए विदेश में कितने सौदे किए हैं
ममता बनर्जी गुरुवार को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में एक पार्टी कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजीव गांधी पर भाजपा बोफोर्स घोटाले का आरोप लगाती है। उनके पास सबूत भी नहीं है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा है। कोलकाता में आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि वे बिना सबूत के दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर बोफोर्स घोटाले का आरोप लगाते हैं। भाजपा ने भी विदेश में कई सौदे किए हैं। ममता का दावा है कि इस वजह से भारत की सरकारी आयुध फैक्ट्री को ऑर्डरों की कमी हो रही है। बता दें, यह फैक्ट्री तोपों की बंदूक और गोले बनाती है।
भारतीय कंपनी को ऑर्डर न मिलने पर लगाए आरोप
ममता बनर्जी गुरुवार को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में एक पार्टी कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजीव गांधी पर भाजपा बोफोर्स घोटाले का आरोप लगाती है। उनके पास सबूत भी नहीं है। वहीं, आपने विदेशों में इतने सौदे किए, जिस वजह से भारतीय कंपनी काशीपुर गन एंड शेल फैक्ट्री को कोई ऑर्डर नहीं मिलता। भाजपा साधु बनने का दिखावा करती है और सरकारी कंपनियों को बेचती जा रही है।
तस्करी मामले पर भी साधा निशाना
ममता ने आगे कहा कि एयर इंडिया सहित सार्वजनिक क्षेत्रों की अन्य कंपनियां आपने बेच दीं। सब कुछ तो आप बेच रहे हैं। सब कुछ बेचकर आपने कितना पैसा कमाया। आपके कारण बेरोजगारी दर में बढ़ावा हो रहा है। कोयले और मवेशियों की तस्करी हो रही है। तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने की जिम्मेदारी केंद्र की है। बिना किसी नेता और पार्टी का नाम लिए बिना ममता ने कहा कि बड़े नेता तस्करी का खेल खेल रहे हैं। बता दें, हाल ही में टीएमसी नेताओं पर आरोप लगे कि वे मवेशी और कोयले की तस्करी कर रहे हैं। कथित कोयला घोटाले के सिलसिले में टीएमसी के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी और उनके परिवार के सदस्यों को ईडी ने पूछताछ के लिए भी बुलाया था।
जेई सिविल पेपर लीक मामले में मुकेश भारती और रणजीत को जमानत
एसआईटी ने 17 जून 2023 को पोस्ट कोड 970 जेई सिविल पेपर लीक मामले में भंग हो चुके चयन आयोग के पूर्व सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर, अभ्यर्थी मुकेश कुमार, अभ्यर्थी के पिता रणजीत सिंह, बर्खास्त ट्रैफिक इंस्पेक्टर रवि कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
जिला सत्र न्यायालय हमीरपुर ने गुरुवार को पोस्ट कोड 970 जेई सिविल पेपर लीक मामले में आरोपी अभ्यर्थी मुकेश भारती और उसके पिता एवं प्रदेश बिजली बोर्ड के लाइनमैन पद से निलंबित रणजीत सिंह को सशर्त जमानत पर रिहा कर दिया। जबकि बर्खास्त ट्रैफिक इंस्पेक्टर रवि कुमार की जमानत अर्जी रद्द कर दी। साथ ही रवि कुमार की न्यायिक हिरासत को आगामी चौदह दिनों के लिए बढ़ा दिया। बीते 9 नवंबर को इस मामले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो की ओर से गठित विशेष जांच टीम(एसआईटी) ने अदालत में अपना पक्ष रखते समय दावा किया था कि इस मामले में सभी आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
एसआईटी ने 17 जून 2023 को पोस्ट कोड 970 जेई सिविल पेपर लीक मामले में भंग हो चुके चयन आयोग के पूर्व सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर, अभ्यर्थी मुकेश कुमार, अभ्यर्थी के पिता रणजीत सिंह, बर्खास्त ट्रैफिक इंस्पेक्टर रवि कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया था। एसआईटी की ओर से की गई जांच में पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद मुख्य आरोपी उमा आजाद के खिलाफ भी इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई। अभ्यर्थी मुकेश भारती, अभ्यर्थी के पिता रणजीत सिंह, बर्खास्त ट्रैफिक इंस्पेक्टर रवि कुमार ने एसआईटी की गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रदेश उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय में जमानत की अर्जी लगाई थी।
लेकिन उच्च न्यायालय ने 22 सितंबर, जबकि सर्वोच्च न्यायालय ने 13 अक्तूबर को जमानत देने से इंकार कर दिया। इस पर इन तीनों आरोपियों ने 18 अक्तूबर को विजिलेंस थाना हमीरपुर में आत्मसमर्पण कर दिया था। न्यायिक हिरासत में चल इन चारों में से मुकेश भारती और उसके पिता रणजीत सिंह को वीरवार को जमानत मिल गई। उमा आजाद की जमानत पर 29 नवंबर को जिला न्यायालय में सुनवाई होगी। उधर, एसपी विजिलेंस मंडी राहुल नाथ ने कहा कि मुकेश भारती और उसके पिता रणजीत सिंह को जमानत मिल गई है। 29 नवंबर को उमा आजाद की जमानत पर सुनवाई होनी है।
पीसी एक्ट की धारा 19 में मिलती है चालान पेश करने की अनुमति
भंग हो चुके हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के पूर्व सचिव एवं एचएएस अधिकारी जितेंद्र कंवर के खिलाफ सरकार से पेपर लीक मामले में मुकदमा दर्ज करने की एसआईटी को पीसी एक्ट की धारा 17-ए में मंजूरी मिल चुकी है। एसआईटी ने उन्हें एक दर्जन पेपर लीक मामलों में आरोपी बनाया है। लेकिन अभी तक चालान पेश नहीं हो पाया है। आरोपी अधिकारी के खिलाफ चालान पेश करने के लिए पीसी एक्ट की धारा 19 में प्रदेश सरकार से अनुमति चाहिए।
अनुमति तो दी पर अभी जांच से बाहर नहीं हुए 47 क्रशर, मनमानी रोकने को बनेगी नीति
प्रदेश सरकार ने भले ही 47 स्टोन क्रशरों को संचालन की अनुमति दे दी है, लेकिन अभी यह क्रशर जांच से बाहर नहीं हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश सरकार ने भले ही 47 स्टोन क्रशरों को संचालन की अनुमति दे दी है, लेकिन अभी यह क्रशर जांच से बाहर नहीं हुए हैं। सरकार ने दो आईएसएस अधिकारियों की अगुवाई में हाईपावर कमेटी गठित की है, जो बंद पड़े और संचालित हो रहे सभी क्रशरों की जांच करेगी। गड़बड़ी मिली तो जुर्माना लगेगा। सरकार ने इस कमेटी को क्रशर संचालकों की मनमानी रोकने के लिए कड़े नियम बनाने का भी काम सौंपा है। मौजूदा समय में अवैध खनन पर अंकुश लगाने और कार्रवाई के लिए कोई पुख्ता नियंत्रण नहीं है। सरकार ने जिला प्रशासन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, खनन, पर्यावरण सहित अन्य महकमों को अधिकृत कर रखा है।
कोड स्कैन करते ही मिलेगी कांगड़ा किले की जानकारी, विवरण पुस्तिका भी होगी उपलब्ध
अब गूगल और डिजिटल प्लेटफार्म पर कांगड़ा किले के इतिहास के बारे में जानने के लिए ज्यादा सर्च करने की जरूरत नहीं रहेगी।
भारत के सबसे पुराने किलों में से एक कांगड़ा किले की जानकारी अब एक क्लिक करने से मिल जाएगी। अब गूगल और डिजिटल प्लेटफार्म पर कांगड़ा किले के इतिहास के बारे में जानने के लिए ज्यादा सर्च करने की जरूरत नहीं रहेगी। सिर्फ एक क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद कांगड़ा किले के इतिहास की विवरण पुस्तिका उपलब्ध हो जाएगी, जिसमें कांगड़ा किले के पुराने इतिहास की पूरी जानकारी मिलेगी कि कब किसने इस किले को निर्माण करवाया था। वहीं, इसके इसके अलावा कांगड़ा किले पर बनी डॉक्यूमेंट्री वीडियो भी क्यूआर कोड स्कैन के करने के बाद चलते पड़ेगा। यह यूट्यूब वीडियो हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।
इसके लिए दो अलग-अलग क्यूआरए कोड दिए गए हैं। यह क्यूआर कांगड़ा किले के बाहर और अंदर भी लगाए गए हैं। कांगड़ा किला संग्रहालय के सहायक पुरातत्वविद डॉ. विजय कुमार बोध ने कहा कि अब एक क्यूआर कोड के स्कैन करने के बाद कांगड़ा किले के इतिहास की जानकारी मिल जाएगी। एक क्यूआर कोड को स्कैन करने के बाद कांगड़ा किले की विवरण पुस्तिका खुलेगी तो दूसरे दो क्यूआर कोड से इतिहास और कला संग्रहालय में रखे खंडित अवशेष और अन्य जानकारी मिल जाएगी। यह सभी कोड कांगड़ा किले के बाहर और अंदर पहुंचकर पर्यटक स्कैन कर सकते हैं।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में एक और उपलब्धि, 100 किमी वायाडक्ट निर्माण का काम पूरा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को ‘बुलेट ट्रेन’ परियोजना की प्रगति पर एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। केंद्रीय मंत्री ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना की प्रगति जारी है। 21 नवंबर तक 251.40 किमी तक खंभे (पिअर) और 103.24 किमी तक वायाडक्ट ब्रिज बनाने का कार्य पूरा हो चुका है।
देश की पहली मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना को पूरा करने के लिए तेजी से कार्य जारी है। इसी कड़ी में नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने एक और मील का पत्थर हासिल किया है। बुलेट ट्रेन परियोजना का प्रबंधन कर रही कंपनी एनएचएसआरसीएल ने 100 किमी वायाडक्ट पुल और 250 किमी पिअर का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। वायाडक्ट लंबा पुल जैसी संरचना होती है जो रेलवे लाइन निर्माण के लिए ऊंचे खंभों के बीच लगाई जाती है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को ‘बुलेट ट्रेन’ परियोजना की प्रगति पर एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। केंद्रीय मंत्री ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना की प्रगति जारी है। 21 नवंबर तक 251.40 किमी तक खंभे (पिअर) और 103.24 किमी तक वायाडक्ट ब्रिज बनाने का कार्य पूरा हो चुका है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने 44 फर्जी वेबसाइट पर छह अमेरिकी स्टूडियो के सामग्री प्रसारण को रोका
अदालत ने यह निर्देश छह अमेरिकी स्टूडियो की याचिका पर इन स्टूडियो की मौजूदा और भविष्य की सामग्री को स्ट्रीमिंग या डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराने से रोक दिया। हाईकोर्ट ने 44 फर्जी वेबसाइट पर छह अमेरिकी स्टूडियो की सामग्री स्ट्रीम करने पर रोक लगा दी। अदालत ने यह निर्देश छह अमेरिकी स्टूडियो की याचिका पर इन स्टूडियो की मौजूदा और भविष्य की सामग्री को स्ट्रीमिंग या डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराने से रोक दिया।
न्यायमूर्ति प्रतिभा एम सिंह ने नेटफ्लिक्स स्टूडियो, डिजनी एंटरप्राइजेज, वार्नर ब्रदर्स, कोलंबिया पिक्चर्स, पैरामाउंट पिक्चर्स और यूनिवर्सल सिटी स्टूडियों की ओर से दायर एक मुकदमे पर आदेश पारित किया है। अदालत ने सभी फर्जी वेबसाइट को किसी भी कॉपीराइट सामग्री को स्ट्रीमिंग, पुनरुत्पादन, वितरण, जनता के लिए उपलब्ध कराने से रोका है।
अदालत ने इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (आईएसपी), दूरसंचार विभाग और इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) को इन वेबसाइटों को ब्लॉक करने का आदेश दिया गया है।
न्यायालय ने अगस्त में भी इसी तरह का आदेश पारित किया था, तब 16 पक्षों को इन स्टूडियो के कॉपीराइट कार्य को प्रकाशित करने से रोक दिया गया था। अपने नए मुकदमे में, स्टूडियो ने अदालत को बताया कि अगस्त के आदेश के बाद कई वेबसाइटों को न केवल भारत के क्षेत्र के भीतर, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अवरुद्ध किया जा रहा है, जिसका इंटरनेट पर चोरी को रोकने में सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। कहा गया कि इन आदेशों का असर इस बात से भी जाहिर हुआ कि क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल 2023 में 5.3 करोड़ से ज्यादा की लॉग इन हुई है।
भाजपा सांसद बलूनी बोले- ईगास के जरिये उत्तराखंड की संस्कृति को दुनिया में मिली पहचान
यहां बलूनी के सरकारी निवास पर ईगास पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, सीडीएस जनरल अनिल चौहान, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, हरदीप पुरी, राजीव चंद्रशेखर, असम के सीएम हेमंत विस्व सरमा समेत कई हस्तियों ने शिरकत की।
ईगास पर्व पर भाजपा के राज्यसभा सदस्य और मीडिया विभाग के प्रमुख अनिल बलूनी ने कहा कि इस पर्व के जरिये उत्तराखंड की संस्कृति को दुनियाभर में पहचान मिली। यहां बलूनी के सरकारी निवास पर ईगास पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, सीडीएस जनरल अनिल चौहान, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, हरदीप पुरी, राजीव चंद्रशेखर, असम के सीएम हेमंत विस्व सरमा समेत कई हस्तियों ने शिरकत की।
इस दौरान बलूनी ने कहा कि उन्होंने कुछ वर्ष पूर्व ईगास के बहाने उत्तराखंड की संस्कृति को देश दुनिया के सामने लाने की मुहिम चलाई थी। इस मुहिम को चंद वर्षों बाद ही बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्तराखंड के लोग राज्य के इतर देश के दूसरे हिस्सों के साथ दुनिया भर में इस पर्व को धूमधाम से मना रहे हैं। यह मेरे और उत्तराखंड के लिए सम्मान की बात है।
पतंजलि के आचार्य बालकृष्ण और परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां की संस्कृति दुनिया के लिए दैवीय आशीर्वाद है। दोनों ने कहा कि इसी प्रकार खास त्योहारों के माध्यम से देवभूमि की संस्कृति का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में क्रिकेटर मोहम्मद शमी, बॉलीवुड गायक जुबीन नौटियाल, प्रसून जोशी, उत्तराखंड के पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
अजित पवार गुट की एनसीपी सांसदों को अयोग्य ठहराने की मांग से सुप्रिया सुले हैरान, कही यह बात
अजित गुट के नेताओं ने सांसदों को अयोग्य ठहराने के लिए याचिका दायर की थी। याचिका में पार्टी संस्थापक शरद पवार (राज्यसभा), सुप्रिया सुले (बारामती), और अमोल कोल्हे (शिरूर) का नाम शामिल नहीं है। महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों खींचतान जारी है। इस बीच एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने अजित पवार गुट के खिलाफ निशाना साधा है। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि मुझे समझ नहीं आता कि अजित गुट के नेताओं ने हमारे सांसद श्रीनिवास पाटिल, मोहम्मद फैजल, फौजिया खान और वंदना चव्हाण को अयोग्य घोषित करने की मांग क्यों की। हमारे यह सांसद तो बेहतर काम कर रहे हैं। बता दें, पाटिल (सतारा), फैजल (लक्षदीप) से सांसद हैं। वहीं, खान और चव्हाण राज्यसभा से सांसद हैं।
अजित गुट के नेताओं ने सांसदों को अयोग्य ठहराने के लिए याचिका दायर की थी। याचिका में पार्टी संस्थापक शरद पवार (राज्यसभा), सुप्रिया सुले (बारामती), और अमोल कोल्हे (शिरूर) का नाम शामिल नहीं है।
सुले ने अपने सांसदों का लिया पक्ष
सुले ने कहा कि पाटिल 83 साल के हैं। सतारा से सांसद हैं। वे अपने काम में बेहद कुशल हैं। सतारा ही नहीं पूरा प्रदेश जानता है कि वह कितना अच्छा काम करते हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग, तो कुछ नया ही है, जो मैं देख रही हूं। मुढे समझ ही नहीं आ रहा कि आखिर उन्होंने ऐसा किया क्या, जो उनपर कार्रवाई की मांग हो रही है। मुझे भी नहीं पता कि उन्हें पीड़ित क्यों बनाया गया। सुले ने आगे कहा कि फैजल लक्षदीप के सांसद हैं। युवाओं का प्रतिनिधि हैं। वे कुछ नया करना चाहते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग समझ नहीं आ रहा।
उपराष्ट्रपति ने की मांग
सुप्रिया ने आगे कहा कि फौजिया और वंदना के कामों की उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और राज्यसभा के सभापति ने भी सराहना की है। हमने तो प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। क्योंकि उन्होंने मणिपुर मुद्दे पर लाए गए विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव के दौरान भाजपा के पक्ष में मतदान किया। बता दें, पटेल राज्यसभा सांसद हैं। वहीं, तटकरे रायगढ़ के सासंद हैं।
मथुरा में ब्रज उत्सव की मची धूम हेमा मालिनी ने पेश किया नृत्य नाटिका
मथुरा में ब्रज उत्सव की मची धूम हेमा मालिनी ने पेश किया नृत्य नाटिका गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी मथुरा पहुंचे. वे मीराबाई की 525वीं जयंती के मौके पर आयोजित समारोह में शामिल हुए. इस मौके पर हेमा मालिनी भी मौजूद थी. हेमा मालिनी ने कार्यक्रम में एक नृत्य नाटिका भी पेश किया.

इस्राइल के 13 बंधकों की रिहाई आज, एक दिन की देरी से गाजा में लागू होगा युद्धविराम
कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, गाजा में मानवीय आधार पर संघर्षविराम शुक्रवार सुबह सात बजे (स्थानीय समय) शुरू होगा। बयान में कहा गया है कि गाजा में संघर्षविराम की कार्यान्वयन योजना पर चर्चा के लिए व्यापक बैठकें हुईं।
इस्राइल-हमास के बीच हुए समझौते के तहत 13 बंधकों को शुक्रवार शाम चार बजे (स्थानीय समय) गाजा से रिहा किया जाएगा। कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल अंसारी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिन बंधकों को रिहा किया जाएगा, उनके नामों की सूची इस्राइली खुफिया एजेंसियों को दे दी गई है। अंसारी के अनुसार, गाजा में मानवीय आधार पर चार दिन का संघर्षविराम शुक्रवार सुबह सात बजे (स्थानीय समय) शुरू होगा। बयान में कहा गया है कि गाजा में संघर्षविराम की कार्यान्वयन योजना पर चर्चा के लिए व्यापक बैठकें हुईं।
कतर के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कतर और मिस्र के मध्यस्थों और दोनों पक्षों की भागीदारी के साथ युद्धविराम की योजना पर चर्चा करने के लिए दोहा में व्यापक बैठकें हुईं। गाजा में संघर्षविराम शुक्रवार, 24 नवंबर को सुबह सात बजे शुरू होगा।
इस्राइल ने की बंधकों की सूची मिलने की पुष्टि
कतर की मध्यस्थता से इस्राइल और हमास के बीच संघर्षविराम की पुष्टि होने के बाद गुरुवार को इस्राइली प्रधानमंत्री के कार्यालय ने रिहा किए जाने वाले बंधकों की पहली सूची प्राप्त होने की पुष्टि की। कार्यालय ने कहा कि इस्राइल को गाजा से रिहा किए जाने वाले बंधकों की प्रारंभिक सूची मिल गई है, जिसे शुक्रवार को हमास के साथ संघर्षविराम लागू होने के बाद जारी किया जाएगा। बयान में कहा गया कि संबंधित अधिकारी सूची के विवरण की जांच कर रहे हैं और सभी पीड़ित परिवारों के साथ संपर्क में बने हुए हैं।
इससे पहले घोषणा की गई थी कि संघर्षविराम समझौते के तहत हमास गुरुवार को 50 इस्राइली बंधकों को रिहा करेगा। बाद में इस्राइल के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार तजाची हानेग्बी ने एक बयान में कहा कि बंधकों की रिहाई पर चर्चा लगातार जारी है और समझौता लागू होने में शुक्रवार तक की देरी हुई। बताया गया कि हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों के बदले इस्राइली जेलों में बंद फलस्तीनी नागरिकों की रिहाई का समझौता अंतिम वक्त में लागू नहीं हो सका। इसके चलते युद्धविराम में एक दिन की देरी हुई। इस्राइली सेना के आंकड़ों के अनुसार, हमास ने गाजा में 239 लोगों को बंधक बना रखा है, जिनमें 26 देशों के विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
इस्राइली सेना ने हमास कमांडर को किया ढेर
संघर्षविराम से एक दिन पहले इस्राइली सेना उत्तरी गाजा में भारी बमबारी की। इस्राइली सेना ने एक दिन में 300 हवाई हमलों का दावा किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र के स्कूल पर इस्राइली बमबारी में 27 लोग मारे गए हैं। वहीं, इस्राइली सेना ने हमास कमांडर अमर अबू जलाला को मारने का दावा किया है। इस्राइल का कहना है कि जलालह खान यूनिस में हमास के नौसैनिक बल का कमांडर था। बयान में कहा गया कि हवाई हमले में अबू जलाला और हमास का एक अन्य लड़ाका मारा गया।
शिफा अस्पताल के नीचे हमास के बड़े ठिकाने का खुलासा
इस्राइली सेना ने गाजा के सबसे बड़े शिफा अस्पताल के नीचे हमास का सैन्य केंद्र होने के अपने दावे के लिए विदेशी पत्रकारों के एक समूह को एक भूमिगत ठिकाने के बंकर दिखाए। यहां पत्थर की संकीर्ण सुरंग के जरिये भूमिगत बंकरों में ले जाया गया। सुरंग की लंबाई 150 मीटर है। सुरंग के अंत में स्थित कई क्वार्टर में एयर कंडीशनर, रसोईघर, शौचालय और सफेद टाइल से बने कमरे में धातु की चारपाई दिखी। सेना ने दावा किया कि शिफा अस्पताल की आड़ में हमास ने कमान केंद्र बना रखे हैं और अस्पताल के नीचे कई बंकर हैं। हमास और अस्पताल के प्रशासन ने इस्राइली दावों को खारिज किया, इस्राइल की सेना के मुख्य प्रवक्ता डैनियल हैगारी ने कहा, शिफा अस्पताल में हमास का सबसे बड़ा आतंकी केंद्र है।
जो बाइडन ने की पश्चिम एशियाई नेताओं से फोन पर वार्ता
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने बंधकों की रिहाई पर इस्राइल-हमास समझौते के बाद पश्चिम एशिया में ताजा हालात पर चर्चा के लिए इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से फोन पर बात की। नेताओं ने युद्धविराम पर चर्चा की, ताकि गाजा में जरूरी मानवीय सहायता पहुंच सके। वह सहमत हुए कि काम अभी पूरा नहीं हुआ है और बाइडन ने नेतन्याहू को आश्वस्त किया कि वह बचे हुए सभी बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने की दिशा में काम जारी रखेंगे।
गाजा में 13,000 से अधिक लोग मारे गए
हमास शासित गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि उसने इ्स्राइल-हमास की जंग में मारे गए फलस्तीनियों की विस्तृत जानकारी के साथ गणना करना फिर शुरू कर दिया है और मृत्यु के 13,000 से अधिक मामले दर्ज किए हैं। मंत्रालय ने उत्तर गाजा में आवागमन व संचार बंद होने के बाद 11 नवंबर को आंकड़े जारी करना बंद कर दिया था। ताजा आंकड़े दक्षिण व उत्तर के अस्पतालों के 11 नवंबर के आंकड़ों पर आधारित हैं। वास्तविक मृतक संख्या इससे अधिक हो सकती है। यहां 6,000 अन्य लोग लापता हैं और उनके मलबे में दबे होने की आशंका है।