अग्नि आलोक

ताजा समाचार-भारत में लोकतंत्र नहीं चुनावी तानाशाह-शशि थरूर, संसद में धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे पीएम मोदी,नहीं थम रही चिली के जंगलों में लगी भीषण आग; 64 लोगों की मौत

Share

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को दावा किया कि आजादी के बाद सत्ता में रहे लोग पूजा स्थलों के महत्व को नहीं समझ सके और उन्होंने राजनीतिक वजहों से अपनी ही संस्कृति पर शर्मिंदा होने की प्रवृत्ति स्थापित की। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने रिक्त सरकारी पदों को लेकर रविवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी बेरोजगारी की गारंटी है। समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव के ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के लिए निमंत्रण न मिलने की बात कहने के एक दिन बाद कांग्रेस ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में यात्रा कार्यक्रम एक या दो दिन में तय होने के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के साथ साझा किया जाएगा। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन नितिन गुप्ता ने कहा है कि आयकर विभाग में 10,000 से 12,000 तक कर्मचारियों की कमी है और खाली पड़े पदों पर नियुक्ति के लिए कदम उठाये जा रहे हैं। युकी भांबरी और साकेत माइनेनी ने रविवार को यहां युगल मुकाबले में जीत के साथ भारत को प्ले ऑफ में 3-0 की विजयी बढ़त दिलाई जिससे भारतीय डेविस कप टेनिस टीम ने 60 साल बाद पाकिस्तान का दौरा करते हुए विश्व ग्रुप एक में जगह सुनिश्चित की

‘भारत में स्वतंत्र संस्थानों को ‘चुनावी तानाशाही’ के तहत दूषित किया जा रहा है’, जयपुर में बोले शशि थरूर

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रविवार को केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पार्टी पर राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। थरूर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि भारतीय राजनीतिक परिदृश्य व्यक्ति केंद्रित हो गया है और पिछले दस वर्षों से देश ने केवल ‘मैं ‘ और ‘सिर्फ मैं’ ही सुना है।राजस्थान के गुलाबी शहर जयपुर में साहित्य उत्सव का आयोजन हो रहा है, जहां थरूर भी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ईडी, सीबीआई जैसी संवैधानिक संस्थाओं के कामकाज पर सवाल उठाए। उन्होंने देश में केंद्रीय एजेंसियों और स्वतंत्र संस्थानों की स्थिति के बारे में चिंता व्यक्त की और इसे ‘चुनावी तानाशाही’ बताया। 

भारत में लोकतंत्र नहीं चुनावी तानाशाह 
थरूर ने आगे स्वीडन का जिक्र किया और कहा कि इस देश की वी-डेम ( वेरायटीज ऑफ डेमोक्रेसी) संस्थान का कहना है कि भारत में लोकतंत्र नहीं, बल्कि ‘चुनावी तानाशाही’ चलती है, जिसका मतलब है कि हम अपने नेताओं का चुनाव करते हैं लेकिन फिर वे ‘तानाशाह’ की तरह व्यवहार करते हैं।’

कांग्रेस सांसद ने आगे कहा, ‘संस्थाएं वे हैं जो हमारे लोकतंत्र को शक्तिशाली बनाती हैं, फिर चाहे वह संसद हो, चाहे वह स्वतंत्र चुनाव आयोग हो, चाहे वह सूचना आयोग हो या भारतीय रिजर्व बैंक। इन सभी संस्थानों ने अपनी स्वतंत्रता को विकृत ही पाया है।’

थरूर ने कहा कि बेशक ईडी, आयकर विभाग और सीबीआई को अपना काम करने दें, लेकिन ये समझ आता आखिर उनके निशाने पर सभी लोग विपक्ष के कैसे आते हैं? ये कैसे संभव है कि विपक्ष के अलावा भी कहीं कोई और अपराधी नहीं है? अभी तक इन सवालों का किसी के पास संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।

अपने प्रतिद्वंदियों पर हमलावर है भाजपा…
सांसद थरूर बोले ‘अब हम देख रहे हैं कि सरकार उन संस्थानों का भी बेशर्मी से दुरुपयोग कर रही है, जिन्हें स्वतंत्र माना जाता था, जैसे ईडी, सीबीआई और कानून प्रवर्तन निकाय, जो गलत काम करने वालों का पीछा करने के लिए बने थे। उन्होंने झारखंड के सीएम सोरेन की गिरफ्तारी पर दावा किया कि ऐसी संस्थानों के जरिए अब केवल उन लोगों पर चुनिंदा रूप से हमला किया जा रहा है, जिन्हें भाजपा अपना राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानती है।’

हमास के प्रशिक्षण शिविर पर इस्राइली सैनिकों का छापा, दावा- सात अक्तूबर के हमले की यहीं रची गई थी साजिश

इस्राइल और हमास के खिलाफ युद्ध जारी है। इस दौरान दोनों पक्षों के करीब 27 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। दोनों के बीच युद्ध को चार महीने से अधिक का समय बीत गया है। इस बीच इस्राइल की सेना ने कहा कि उन्होंने रविवार को गाजा स्थित हमास के पशिक्षण केंद्र पर छापा मारा है। इस्राइल के अनुसार यह वही जगह है, जहां आतंकवादियों ने सात अक्तूबर को इस्राइल पर हमला करने की साजिश रची थी। गौरतलब है कि इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कई बार प्रण किया है कि वह गाजा से हमास को जड़ से खत्म कर देंगे। नेतन्याहू का कहना है कि अपने राष्ट्र और अपने नागरिकों की रक्षा करना उनका अधिकार है।

सेना ने हमास की सशस्त्र शाखा, एजेदीन अल-कासम ब्रिगेड के एक वरिष्ठ कमांडर मोहम्मद सिनवर के दफ्तर पर भी छापेमारी की है। मोहम्मद सिनवर गाजा के हमास प्रमुख याह्वा सिनवर का भाई भी है। मोहम्मद सिनवर ही सात अक्तूबर के हमले का मास्टरमाइंड है। 

मोहम्मद सिनवर ही सात अक्तूबर के हमले का मास्टरमाइंड
इस्राइली सेना ने एक बयान में कहा कि उन्होंने दक्षिणी फलस्तीन के मुख्य शहर खान यूनिस में प्रवेश किया है। सेना ने हमास की सशस्त्र शाखा, एजेदीन अल-कासम ब्रिगेड के एक वरिष्ठ कमांडर मोहम्मद सिनवर के दफ्तर पर भी छापेमारी की है। मोहम्मद सिनवर गाजा के हमास प्रमुख याह्वा सिनवर का भाई भी है। मोहम्मद सिनवर ही सात अक्तूबर के हमले का मास्टरमाइंड है। सेना ने बताया कि खान यूनिस के अल-कादिसिया परिसर में छापेमारी के दौरान सैनिकों को कई आंतकियों का सामना करना पड़ा। आंतकी हमारी सेना पर गोलीबारी कर रहे थे। हालांकि, हमने स्नाइपर, टैंक और हवाईहमलों की मदद से आतंकियों को निष्क्रीय कर दिया। 

अब तक इतने लोगों की मौत
आंकड़ों की बात करें तो सात अक्तूबर से अब तक हमास के हमलों के कारण इस्राइल के 1160 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सबसे अधिक नागरिक शामिल थे। आतंकियों ने 250 इस्राइली लोगों को बंधक बना लिया था। रिहाई समझौते के बाद भी गाजा में अब भी 132 लोग आंतकियों के कब्जे में हैं। इस्राइल ने आशंका जताई है कि हमास के कब्जे में यातनाओं और भूख-प्यास के अभाव में 27 लोगों की मौत हो गई। वहीं, हमास का कहना है कि इस्राइली हमले में 27,365 लोगों की मौत हो गई है। इनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।

नहीं थम रही चिली के जंगलों में लगी भीषण आग; 64 लोगों की मौत

दक्षिण अमेरिकी देश चिली के जंगलों में आग भड़कने से 64 लोग मारे गए, जबकि 1100 से ज्यादा घर राख हो गए। आपाकालीन सेवा विभाग हेलिकॉप्टर व ट्रकों की मदद से शहरी इलाकों में आग बुझाने का प्रयास कर रहा है। बड़ी संख्या में लोग झुलस गए हैं, जिसके कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। लगभग 10 लाख की आबादी वाले मध्य चिली के वालपराइसो क्षेत्र के कई हिस्सों में काला धुआं फैला हुआ है।

तटीय शहर वीना डेल मार के आसपास के इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। गृह मंत्री कैरोलिना टोहा ने कहा, वालपराइसो की स्थिति सबसे नाजुक है। सड़कों पर भी लोगों के शव मिल रहे हैं। वर्ष 2010 के भूकंप के बाद चिली में यह सबसे बड़ी आपदा है। उस वक्त भूकंप के कारण लगभग 500 लोग मारे गए थे। राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक ने टेलीविजन संबोधन में कहा कि स्थिति बहुत कठिन है। फिलहाल आग 43 हजार हेक्टेयर में फैल चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, भीषण आग ने शहर के पहाड़ी इलाके विला इंडिपेंडेंसिया को भी अपनी चपेट में ले लिया है। सड़कों पर जली हुई कारें खड़ी दिखाई दे रही हैं।

92 जंगलों में लगी है आग, तेजी से फैल रही
मध्य और दक्षिण क्षेत्र में 92 जंगलों में आग लगी है। बड़ी चिंता यह है कि आग घनी आबादी वाले क्षेत्रों की ओर फैल रही है। इस कारण लोगों, घरों और सुविधाओं के प्रभावित करने की बहुत अधिक आशंका है। बता दें कि चिली में गर्मियों के दौरान जंगल की आग आम बात है। पिछले साल यहां रिकॉर्ड गर्मी के दौरान लगी आग में 27 लोगों की मौत हो गई और 400,000 हेक्टेयर से अधिक भूमि प्रभावित हुई थी।

चीनियों से सच छुपाएगा ड्रैगन, भारत के उड़ते और अपने लड़खड़ाते हाल से बौखलाया

चीन बौखला गया है। उसे अपनी अर्थव्‍यवस्‍था का निगेटिव कवरेज बिल्‍कुल पसंद नहीं आ रहा है। नौबत यह आ गई है कि उसने इंटरनेट पर सफाई अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत वह अपनी अर्थव्‍यवस्‍था पर तमाम निगेटिव न्‍यूज को हटाने में जुट गया है। चीन की अर्थव्‍यवस्‍था कई तरह की समस्‍याओं का सामना कर रही है।

 वेलेंटाइन डे का ऑर्डर पूरा करने के लिए मंगाया था भारी मात्रा में केमिकल, कामगारों ने ये कहा

झाड़माजरी स्थित परफ्यूम फैक्टरी के स्टोर में आवश्यकता से अधिक केमिकल रखा गया था। इस वजह से आग ने भयंकर रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि 14 फरवरी को वेलेंटाइन डे के चलते कंपनी को परफ्यूम का बड़ा ऑर्डर मिला था। इसके चलते कंपनी प्रबंधन ने आवश्यकता से ज्यादा केमिकल मंगवा लिया था। इस केमिकल से 14 फरवरी से पहले ऑर्डर पूरे किए जाने थे। स्टोर में एक-दूसरे के ऊपर केमिकल के ड्रम रखे गए थे। कामगारों का यह भी आरोप है कि ड्रमों को गर्म किया जा रहा था, जिसके चलते आग लगी। अगर ड्रमों को हीट करने के लिए पर्याप्त जगह होती तो हो सकता था कि हादसा नहीं होता।बताया जा रहा है कि 14 फरवरी को वेलेंटाइन डे के चलते कंपनी को परफ्यूम का बड़ा ऑर्डर मिला था। इसके चलते कंपनी प्रबंधन ने आवश्यकता से ज्यादा केमिकल मंगवा लिया था।

एसआईटी ने शुरू की जांच, फैक्टरी मालिक की तलाश में टीमें रवाना प्रदेश सरकार की ओर से गठित एसआईटी ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। इसमें कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है। कंपनी के फरार मालिक की तलाश में पुलिस टीमें गठित कर दी हैं। बाहरी राज्यों के कई क्षेत्रों में टीमें दबिश दे रही हैं। एक टीम मालिक के घर मध्यप्रदेश के रतलाम भी रवाना हुई है। कंपनी हेड को पुलिस पहले से गिरफ्तार कर चुकी है। उससे भी मामले को लेकर पूछताछ जारी है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तीसरे तीन भी मौके पर मौजूद रहीं। लापता कामगारों की तलाश को लेकर सर्च अभियान जा

राजस्थान के कारीगरों की कला को यूएई के पहले हिंदू मंदिर में मिली जगह

पिछले चार वर्षों से संगमरमर के टुकड़ों को तराशकर उन्हें स्तंभों के साथ ही भगवान राम एवं भगवान गणेश जैसे हिंदू देवताओं की मूर्तियों में तब्दील करने वाले राजस्थान के कारीगर अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं, क्योंकि उनकी कला को अबू धाबी के पहले हिंदू मंदिर में जगह मिली है। इस मंदिर का उद्घाटन 14 फरवरी को होने वाला है। राजस्थान के मकराना के गांवों के कारीगरों ने भव्य मंदिर की कल्पना को साकार करने के लिए अपनी मूर्तिकला के साथ 2019 में एक रचनात्मक यात्रा शुरू की थी, जो कोविड-19 महामारी के दौरान भी जारी रही।

संसद में धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे पीएम मोदी

भाजपा ने लोकसभा के अपने सभी सांसदों को 5 फरवरी, 2024 को सदन में उपस्थित रहने के लिए तीन-लाइन व्हिप जारी किया है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद में 31 जनवरी 2024 को दिए गए राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे।

कश्मीर में बर्फबारी के कारण हवाई यातायात बाधित

श्रीनगर हवाई अड्डे पर आने वाली और यहां से रवाना होने वाली सभी उड़ानें कश्मीर में बर्फबारी के कारण रविवार को रद्द कर दी गईं। भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘श्रीनगर में खराब मौसम के कारण दिन भर के लिए सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।’’ अधिकारी ने बताया कि शनिवार देर रात बर्फबारी शुरु हुई थी। उन्होंने बताया कि बर्फबारी सुबह थोड़ी देर के लिए रुकी जिससे मार्ग को साफ किया जा सका, लेकिन उड़ानों के संचालन से पहले ही बर्फबारी फिर से शुरू हो गई। कश्मीर के मैदानी इलाकों में मध्यम बर्फबारी हो रही है जबकि घाटी के ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है। बर्फ हटाने का काम सुबह से ही जारी है ताकि सड़कों पर यातायात बाधित न हो। अधिकारियों ने सड़कों पर फिसलन को देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी है।

Exit mobile version