अग्नि आलोक

मध्य प्रदेश और छत्‍तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें:दिग्विजय सिंह के कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद,मंदसौर बंद: शहर ठप, गौ तस्करी और अवशेषों के विरोध में दुकानें बंद,नाम बदलकर हिन्दु लड़कियों को फंसाया, अश्वलील वीडियो भी बनाए

Share

सीधी में खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई
सीधी में खनिज माफियों के खिलाफ कलेक्टर के निर्देश पर ताबड़तोड़ कार्यवाही जारी है. ,सोन घडियाल आभ्यरण क्षेत्र में सेण्डबैंक बनाए जाने के नाम पर आधी रात को सोन नदी से अवैध उत्खनन जारी थी. सोन नदी के नकझर घाट से एक पिसी मशीन सहित तीन हाईवा वाहन पकड़े गए. सभी वाहनों को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक सोन नदी से रेत उत्खनन परिवहन करने की सोन घड़ियाल अधिकारियों ने स्वीकृति दी थी, लेकिन आधी रात को सोन नदी के भीतर से मशीन समेत तीनों ट्रक वाहनों को खनिज विभाग ने जब्त कर बहरी थाने में सुरक्षा के लिहाज से सौंपा है.

शाजापुर जिले में नवजात शिशु का मिला शव
शाजापुर जिले के शुजालपुर क्षेत्र में नांदासुरा रोड़ पर एक नवजात शिशु का शव मिला है. राहगीरों ने सड़क किनारे नवजात का शव देखा और तत्काल पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी. सूचना मिलते ही 112 पुलिस वाहन का अमला मौके पर पहुंचा. पुलिस के अनुसार नवजात के शव पर गर्भनाल लिपटी हुई थी, जिससे आशंका है कि उसकी मौत जन्म के कुछ घंटों बाद ही हुई होगी.

नाम बदलकर हिंदु लड़कियों को फंसाता था आवेश खान
यूपी के हापुड़ का रहने वाला आवेश खान, राजा बनकर हिंदू लड़कियों को फंसाता था. आवेश ने राजा बनकर कई हिंदू लड़कियों प्रेमजाल में फंसाकर उनके अश्लील वीडियो बनाए और उसके फोन से कई हिन्दू लड़कियों के 40 से ज्यादा अश्लील वीडियो मिले है. आवेश ने कटारा हिल्स इलाके में एक 20 वर्षीय हिन्दू लड़की को भी प्रेमजाल में फंसाया. लड़की को जब आवेश की असलियत पता लगी, तो उसने बात करना बंद कर दिया. आवेश ने लड़की को वीडियो वायरल करने की धमकी दी, जब आवेश हिन्दू लड़की के घर पहुचा तो बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद उसकी खूब पिटाई हुई. बाद में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया था. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अश्लील वीडियो बनाना कबूल लिया है.

बीजेपी संगठन में जिले प्रभारियों की नियुक्तियां हुईं
बीजेपी संगठन में जिले प्रभारियों की नियुक्तियां हुई हैं. 62 संगठनात्मक जिलों के जिला प्रभारी घोषित किए गए हैं. जसवंत सिंह हाड़ा भोपाल जिले के प्रभारी बनाए गए हैं. राजेश सोलंकी को इंदौर जिले की जिम्मेदारी मिली है. पूर्व सांसद आलोक संजर को जबलपुर नगर की जिम्मेदारी मिली है. वहीं गोपी कृष्ण नेमा को ग्वालियर जिले की कमान सौंपी गई है.
दिग्विजय सिंह के कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद
सिवनी में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के कार्यक्रम के दौरान विवाद का मामला सामने आया है. परासपानी गांव में कार्यक्रम के दौरान एक आदिवासी युवक ने भरी सभा में NSUI जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह पर जातिगत अपमान करने का आरोप लगाया है. मामले पर संज्ञान लेते हुए दिग्विजय सिंह ने मंच से धनंजय सिंह की कड़ी फटकार लगाई और उन्हें 15 दिनों के भीतर संबंधित युवक से माफी मांगकर समझौता करने की नसीहत दी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो पद से इस्तीफा देने पर विचार करना होगा.
साइबर क्राइम ब्रांच ने जारी की एडवाइजरी
साइबर क्राइम ब्रांच ने APK फाइल स्कैम को लेकर एडवायजरी जारी की है. ई-चालान, पीएम आवास योजना, पीएम किसान योजना, आरटीओ चालान के जरिए स्कैम हो रहा है. इन योजनाओं और ईचालान की स्कैमर APK फाइल भेजते हैं. क्राइम ब्रांच की तरफ से बताया गया है कि फर्जी APK फाइल को डाउनलोड ना करें.
महाशिवरात्रि 2026 से विक्रमोत्सव का होगा आयोजन
एमपी में इस साल महाशिवरात्रि 2026 से विक्रमोत्सव का आयोजन शुरू होगा. इस कार्यक्रम के तहत जल गंगा अभियान का आयोजन होगा. 12 फरवरी 2026 से 30 जून 2026 तक 139 दिन तक विक्रमोत्सव चलेगा. महाशिवरात्रि के अवसर पर संगीतकार प्रीतम, महादेव आराधना कार्यक्रम का प्रारंभ करेंगे. कार्यक्रम के दूसरे चरण में 19 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलेगा. कार्यक्रम में कई संस्कृति गतिविधियों की प्रस्तुति दी जाएंगी.
पीतांबरा पीठ परिसर में साधना के बनाए गए नए नियम
पीतांबरा पीठ परिसर में बैठ कर भजन साधना करने वालों के लिए पीठ प्रबंधन ने नए नियम बनाए हैं. अब मंदिर परिसर में बैठ कर कोई भी भजन साधना नहीं कर सकेगा. जप साधना के लिए नवनिर्मित हॉल में ही साधक बैठ सकेंगे. पीठ परिसर के साधक इस नियम के विरोध में सामने आ गए हैं. मामले का विरोध करने पर एक साधक की प्रबंधन से जुड़े लोगों ने मारपीट कर दी. इसकी पीड़ित पंडित ने कोतवाली में रिपोर्ट की है.
शादी से लौट रहे युवक की हादसे में मौत
रीवा में शादी से लौट रही कार की ट्रक से भीषण टक्कर में कार सवार युवक की मौत हो गई. हादसा रीवा सिरमौर मार्ग स्थित सगरा थाना क्षेत्र के ग्राम लौआ के समीप हुआ. कार सवार हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई.मृतक की पहचान बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करौंदा निवासी शिव प्रताप सिंह के रूप में की गई जो बीती रात एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद आज वापस अपने घर लौट रहा था.
सतना: नवजात शिशु को बोरी में बांधकर जंगल में छोड़ भागी मां, सरपंच माया देवी की तत्परता से बची जान
सतना जिले के उचेहरा ब्लॉक के विश्व विख्यात भरहुत गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक बेरहम मां ने नवजात शिशु को जन्म के तुरंत बाद बोरी में बांधकर पुरातत्व विभाग की बाउंड्रीवाल के अंदर जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया और फरार हो गई. ठंड और भूख से तड़प रहे मासूम की जान गांव वालों, सरपंच और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच गई. बच्चे को फिलहाल उचेहरा सिविल अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज दिया जा रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, सुबह शौच के लिए गए कुछ ग्रामीणों को बाउंड्रीवाल के भीतर से नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी. पास जाकर देखने पर उन्होंने एक कपड़े में लिपटा हुआ नवजात शिशु बोरे के अंदर पड़ा देखा. यह दृश्य देखकर ग्रामीणों ने तुरंत गांव की सरपंच माया देवी को सूचित किया. सरपंच ने बिना किसी देरी के उचेहरा थाने को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही उचेहरा थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. सहायक उपनिरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में आरक्षक संतोष वर्मा, कौशल गुर्जर और आरक्षक शिवानी मेहरा ने नवजात को बोरे से सुरक्षित बाहर निकाला. बच्चे की हालत देखते हुए उसे तत्काल नजदीकी सिविल अस्पताल उचेहरा ले जाया गया. वहां महिला चिकित्सक और विकासखंड चिकित्सा अधिकारी ने जांच की. डॉक्टरों ने बताया कि बच्चा ठंड और कमजोरी से प्रभावित था, लेकिन फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह पूरी तरह सुरक्षित है. बच्चे को आवश्यक दवाएं और देखभाल दी जा रही है. सरपंच माया देवी ने इस घटना में मानवीय संवेदना का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है. उन्होंने नवजात को अपने पुत्र की तरह गोद लिया और सुबह से अस्पताल में मौजूद रहकर उसकी सेवा कर रही हैं. सरपंच ने कहा कि बच्चे को कोई कष्ट नहीं होना चाहिए और वे उसकी पूरी जिम्मेदारी लेंगी.
सतना: 102 वर्षीय संत स्वामी परमहंस सच्चिदानंद जी महाराज का निधन, शोक की लहर
सतना जिले के धारकुंडी आश्रम के संस्थापक और प्रसिद्ध संत स्वामी परमहंस सच्चिदानंद जी महाराज का 102 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. उन्होंने मुंबई में अंतिम सांस ली और ब्रह्मलीन हो गए. उनके निधन से आध्यात्मिक जगत और उनके लाखों शिष्यों में गहरा शोक व्याप्त है. स्वामी जी पिछले कई दशकों से साधना, भक्ति और समाज सेवा के माध्यम से लोगों को जीवन का सही मार्ग दिखाते आए थे.स्वामी परमहंस सच्चिदानंद जी का 101वाँ जन्मोत्सव महज एक महीने पहले ही 1 जनवरी 2025 को धारकुंडी आश्रम में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया था. इस अवसर पर उन्होंने बदलापुर (महाराष्ट्र) से वर्चुअल माध्यम से शिष्यों को दर्शन दिए थे और आशीर्वाद प्रदान किया था. यह उनका आखिरी सार्वजनिक दर्शन था, जिसे देखने के लिए हजारों श्रद्धालु आश्रम में एकत्र हुए थे. स्वामी जी ने 22 नवंबर 1956 को अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन स्वामी परमानंद जी महाराज के आशीर्वाद से सतना जिले के घने जंगलों वाले धारकुंडी क्षेत्र में साधना स्थल की शुरुआत की थी. उस समय यह इलाका पूरी तरह निर्जन था, लेकिन उनकी तपस्या और दृढ़ संकल्प से यहां एक विशाल आश्रम का विकास हुआ. धारकुंडी आश्रम आज भक्ति, योग, ध्यान और सेवा का प्रमुख केंद्र बन चुका है. यहां नियमित रूप से सत्संग, कीर्तन, प्रवचन और धार्मिक आयोजन होते हैं.

बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह को अवमानना का नोटिस, हाई कोर्ट में अगली सुनवाई 24 फरवरी को
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह को अवमानना का नोटिस थमा दिया है और सीधे सवाल दागा है कि “जब 28 जनवरी 2024 को कार्रवाई पर रोक थी, तो 9 दिसंबर 2025 को 4500 छात्रों वाले स्कूल को बेदखली का आदेश किस आधार पर जारी किया गया? जस्टिस विशाल मिश्रा की एकलपीठ ने इसे अदालत के आदेश की खुली अवहेलना माना. मामला ताप्ती मिल की जमीन पर चिल्ड्रन एजुकेशनल सोसायटी द्वारा संचालित नेहरू मॉन्टेसरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल से जुड़ा है. जहां चिल्ड्रन्स एजुकेशन सोसायटी की हाईकोर्ट में दलील है कि ताप्ती मिल केंद्र सरकार के अधीन है, इसलिए कलेक्टर को बेदखली का अधिकार नहीं है. हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी से प्रशासन में खलबली है, वहीं स्कूल प्रबंधन और सोसायटी ने मीडिया से दूरी बना ली है. उनका कहना है कि मामला हाईकोर्ट में चल रहा है. इसलिए किसी भी विषय पर बयानबाजी नहीं करेंगे. हालांकि अब अगली सुनवाई 24 फरवरी को है अब सबकी नजर हाईकोर्ट के अगले फैसले पर है.
ग्‍वालियर में बुजुर्ग के साथ लूट करने वाले 2 युवक गिरफ्तार
ग्वालियर: मोहना थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के साथ दिनदहाड़े लूट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी बुजुर्ग महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र और कान के सोने के टॉप्स (बाले) लूटकर फरार हो गए थे. पुलिस ने दोनों आरोपियों से लूट में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है और लूटे गए गहनों की तलाश जारी है. पुलिस के अनुसार, मोहना के पुरानी धर्मशाला के पास रहने वाली रामपुरी धाकड़ (बुजुर्ग महिला) ने 22 जनवरी को मोहना थाने में FIR दर्ज कराई थी. महिला ने शिकायत में बताया कि वह अपने खेत की ओर पैदल जा रही थीं. इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो युवक आए. एक ने महिला को जोर से पकड़ लिया और उनके कान से सोने के बाले तथा गले से मंगलसूत्र खींचकर निकाल लिया. लूट के बाद दोनों ने महिला को धमकी दी और बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए. मोहना पुलिस ने इस घटना में धारा 392 (लूट), 394 (घोर चोट पहुंचाकर लूट) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत डकैती का मामला दर्ज किया. जांच के दौरान पुलिस ने स्थानीय सूत्रों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की तलाश तेज की. 6 फरवरी को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लूट करने वाले दोनों आरोपी गोल पहाड़िया से पनिहार की ओर बाइक पर जा रहे हैं. सूचना मिलते ही मोहना पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी कर ली. घेराबंदी के दौरान दोनों बदमाश बाइक पर सवार थे, जिन्हें पुलिस ने रोककर गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम विकास उर्फ विक्की कुशवाहा और सूरज दिवाकर बताया है. प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने मोहना में बुजुर्ग महिला रामपुरी धाकड़ के साथ लूट की घटना को कबूल लिया है. पुलिस ने आरोपियों से लूट में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है. फिलहाल दोनों से लूटे गए मंगलसूत्र और सोने के टॉप्स (बाले) की बरामदगी के लिए गहन पूछताछ की जा रही है.
कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता आशा ने 5 स्वस्थ शावकों को दिया जन्म, सीएम मोहन यादव ने दी बधाई
श्योपुर: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से बड़ी खुशखबरी आई है. नामीबियाई मूल की मादा चीता आशा ने दूसरी बार मां बनते हुए पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है. सभी नवजात शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं और टीम द्वारा उनकी निरंतर निगरानी की जा रही है. इस जन्म के साथ भारत में जन्मे जीवित चीता शावकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है, जबकि कूनो में कुल चीतों की आबादी अब 35 तक पहुंच गई है. प्रोजेक्ट चीता के तहत यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो चीतों की सफल पुनर्स्थापना और प्रजनन को दर्शाती है. पहले कूनो में 27 चीते थे, नए पांच शावकों के जन्म से संख्या में इजाफा हुआ है. पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट चीता के लिए गर्व और आनंद का क्षण है. आशा अब दूसरी बार मां बनी है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी एक हैंडल पर ट्वीट कर इस सफलता पर बधाई दी और कहा कि कूनो में चीतों का कुनबा लगातार बड़ा हो रहा है. यह भारत की वन्यजीव संरक्षण नीतियों की सफलता का प्रतीक है. प्रोजेक्ट चीता 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया था, जिसमें नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से चीतों को लाकर कूनो में छोड़ा गया. अब तक कई मादा चीताओं ने यहां शावकों को जन्म दिया है, जो प्रजाति की अनुकूलन क्षमता दिखाता है.

सतना में तंत्र-मंत्र ठगी फिर सक्रिय: दो जालसाजों ने सोने की चेन उड़ाई; सीसीटीवी में कैद वारदात
सतना और मैहर जिलों में तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर महिलाओं से सोने के गहने ठगने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है. हाल ही में कोलगवां थाना क्षेत्र में 45 वर्षीय सत्यवती शर्मा को निशाना बनाया गया, जहां दो जालसाजों ने चालाकी से उनकी दो तोला सोने की चेन ठग ली. घटना का पूरा क्रम सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी युवकों की तलाश कर रही है. पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार दोपहर को पुराने राजपरिवहन डिपो के पास हुई. सोहास (थाना कोटर) निवासी सत्यवती शर्मा मायके जाने के लिए बस से सतना पहुंची थीं. वहां 25-30 वर्ष के दो युवक उनसे मिले. एक ने बगल से गुजरते हुए उनकी कमर में सुई जैसी कोई चीज चुभो दी, जिससे वे भ्रमित हो गईं. दूसरे युवक ने तुरंत परिवार में ‘भौतिक बाधा’ का डर दिखाया और तंत्र-मंत्र से समस्या दूर करने का झांसा दिया. जालसाजों ने महिला से गले की सोने की चेन उतरवाकर एक रूमाल में रखवाई. फिर उन्होंने रूमाल अपने हाथ में लिया और सत्यवती को 10 कदम पीछे चलकर माता का जयकारा लगाने को कहा. जैसे ही महिला उलटी दिशा में चलीं, दोनों बदमाश रूमाल समेत फरार हो गए. तब जाकर सत्यवती को ठगी का एहसास हुआ. उन्होंने मदद मांगी, लेकिन तब तक आरोपी गायब हो चुके थे. पीड़िता ने शुक्रवार को कोलगवां थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. फुटेज में दोनों युवक महिला के पास घूमते और वारदात करते दिख रहे हैं. पुलिस का कहना है कि गिरोह पुराने तरीके से महिलाओं को निशाना बना रहा है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. आरोपी युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

मंदसौर बंद: शहर ठप, गौ तस्करी और अवशेषों के विरोध में दुकानें बंद
मंदसौर. शहर आज सुबह से दोपहर 2 बजे तक बंद रहा. विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने गौवंश के अवशेष मिलने की लगातार घटनाओं और गौ तस्करी पर पुलिस की कथित ढीली कार्रवाई के विरोध में यह बंद का ऐलान किया था. शहर के मुख्य बाजारों, व्यावसायिक इलाकों और आमतौर पर व्यस्त रहने वाली दुकानें पूरी तरह बंद रहीं. लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से बंद का समर्थन किया और बाजारों में सन्नाटा छाया रहा. पिछले कुछ दिनों में शहर के जीवागंज और नयापुरा क्षेत्रों में गाय-बछड़े के कटे सिर-पैर मिलने से तनाव बढ़ा था. 13 दिनों के भीतर ऐसी दूसरी घटना होने पर हिंदू संगठनों ने चक्का जाम और विरोध प्रदर्शन किया था. संगठनों का आरोप है कि गौ तस्करों और वध करने वालों पर सख्त कार्रवाई नहीं हो रही. बंद के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखी और शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल लगाया. सर्व समाज से सहयोग की अपील करते हुए संगठनों ने कहा कि यह बंद गौ माता के सम्मान और कानून के प्रति आक्रोश का प्रतीक है. दोपहर 2 बजे के बाद बाजार खुलने की संभावना है.
ग्‍वालियर में शराब दुकान पर सेल्‍समैन को 2 बाइक सवारों ने मारी गोली, हड़कंप
ग्वालियर में शराब की दुकान पर बैठे सेल्समेन को दो बाइक सवार चार अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी. पिंटू पार्क स्थित कंपोजिट शराब की दुकान पर सेल्समेंन प्रशांत शिवहरे दुकान पर बैठा हुआ था. तभी दो बाइक पर आए चार बदमाश प्रशांत से गाली गलौज करने लगे. प्रशांत ने विरोध किया तो, बदमाशों ने गोली चला दी. एक गोली सेल्समैन प्रशांत शिवहरे के कंधे पर जा लगी, इसके बाद बदमाश धमकी देकर फरार हो गए. दुकान पर मौजूद नवीन शर्मा ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी और घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया. गोली लगने की सूचना पर पुलिस घटनास्थल और अस्पताल पर पहुंची. पुलिस को आशंका है कि आरोपियों का दुकान पर मौजूद सेल्समैन से शराब के दाम को लेकर विवाद हुआ होगा. पुलिस ने चार बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
गृहमंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा आज, नक्सलवाद पर हाई लेवल मीटिंग और बस्तर पंडूम में होंगे शामिल
रायपुर. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा शुरू हो रहा है. दौरे को लेकर उनका मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. केंद्रीय गृहमंत्री आज शाम 04:40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. एयरपोर्ट से वे सीधे निजी होटल के लिए रवाना होंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे. 08 फरवरी को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सुबह 11:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक नक्सलवाद को लेकर एक हाई लेवल समीक्षा बैठक लेंगे. इस बैठक में राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल होंगे. बैठक में नक्सल प्रभावित इलाकों की सुरक्षा स्थिति, चल रहे अभियानों और आगे की रणनीति पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है. 09 फरवरी को अमित शाह बस्तर पंडूम के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे. वे सुबह 11:00 बजे विशेष विमान से रायपुर से दंतेश्वरी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे. दंतेश्वरी एयरपोर्ट से वे सड़क मार्ग से बस्तर पंडूम कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे. केंद्रीय गृहमंत्री दोपहर 12:05 बजे से शाम 04:00 बजे तक कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. इसके बाद शाम 04:20 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज छत्तीसगढ़ दौरे पर, बस्तर पण्डुम में होंगी शामिल
रायपुर/जगदलपुर. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज छत्तीसगढ़ के संक्षिप्त लेकिन अहम दौरे पर रहेंगी. वे कुल करीब तीन घंटे छत्तीसगढ़ में प्रवास करेंगी. राष्ट्रपति सुबह 9.10 बजे भुवनेश्वर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगी और 10.30 बजे मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचेंगी. जगदलपुर आगमन के बाद राष्ट्रपति मुर्मू लाल बाघ मैदान में आयोजित बस्तर पण्डुम कार्यक्रम में शामिल होंगी. कार्यक्रम स्थल पर वे 10.55 से 11.10 बजे तक विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन करेंगी और बस्तर पण्डुम में शामिल मेहमानों के साथ फोटोग्राफ सेशन में भाग लेंगी. इस दौरान मांझी और चलकी समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ राष्ट्रपति संवाद भी करेंगी. इसके बाद 11.10 से 12.15 बजे तक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बस्तर पण्डुम कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ करेंगी. कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वे 12.30 बजे मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट से रायपुर के लिए रवाना होंगी. रायपुर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति 1.30 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी. राष्ट्रपति के दौरे को लेकर बस्तर संभाग में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.

सीएम डॉ. यादव-केंद्रीय कृषि मंत्री की उपस्थिति में 7 फरवरी को सीहोर में होगा राष्ट्रीय सम्मेलन
भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में 7 फरवरी को सीहोर जिले के अमलाहा स्थित खाद्य दलहन अनुसंधान केंद्र में दलहन आत्मनिर्भरता राष्ट्रीय मिशन के तहत राष्ट्रीय परामर्श एवं रणनीति सम्मेलन होगा. सम्मेलन में दलहन उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के उपायों पर गहन चर्चा होगी. देश के प्रमुख दलहन उत्पादक राज्यों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक, बीज उत्पादक संस्थाएँ और दाल उद्योग के प्रतिनिधि शामिल होंगे. मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री द्वारा अनुसंधान केंद्र की अत्याधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण भी किया जाएगा. किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्नत तकनीकों से दलहन उत्पादन को मजबूत करना है. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10.45 बजे पौध-रोपण से होगी. केंद्रीय मंत्री नई किस्मों, उन्नत तकनीकों और प्रयोगशालाओं का अवलोकन करेंगे और किसानों से संवाद करेंगे. सम्मेलन में ‘पल्सेस मिशन पोर्टल’ का शुभारंभ होगा और प्रगतिशील किसानों को उन्नत बीज वितरित किए जाएंगे. विभिन्न राज्यों के अनुभवों के आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर दलहन विकास की ठोस रणनीति तय की जाएगी.

Exit mobile version