छत्तीसगढ़ के 7 राज्य प्रशासनिक अधिकारियों को आईएएस अवार्ड
रायपुर: छत्तीसगढ़ में राज्य प्रशासनिक सेवा के 7 अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में पदोन्नति मिली है. केंद्र सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है. प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में तीर्थराज अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल, लीना कोसम, सौमिल रंजन चौबे, बीरेंद्र बहादुर पंचभाई और आशीष टिकरिहा शामिल हैं. ये सभी अधिकारी अब आईएएस कैडर में शामिल हो जाएंगे. राज्य सरकार जल्द ही इनकी नई नियुक्तियों के आदेश जारी कर सकती है. इस पदोन्नति से प्रशासनिक ढांचे में मजबूती आएगी. अधिकारियों ने खुशी जताई और बेहतर सेवा का संकल्प लिया. यह फैसला राज्य के प्रशासनिक सुधारों का हिस्सा माना जा रहा है.
शक्तिपुंज एक्सप्रेस से बच्चियों को किया रेस्क्यू, चारों पलामू की
आरपीएफ ने शक्तिपुंज एक्सप्रेस से चार बच्चियों को दस्तयाब कर लिया है. सूचना मिली थी कि दो लड़के बच्चियों को बहला-फुसलाकर झारखंड से जबलपुर ले जा रहे हैं. एनकेजे आउटर पर ट्रेन रुकवाकर बच्चियों को उतारा गया. आरपीएफ ने तुरंत बाल कल्याण अधिकारी और समिति सदस्यों के साथ कार्रवाई की. ट्रेन में सिर्फ चार बच्चियां ही मिलीं, जबकि लड़के फरार हो गए. चारों बच्चियां पलामू, झारखंड की निवासी हैं. उन्हें आरपीएफ थाने लाकर पूछताछ की जा रही है. मामले में ट्रैफिकिंग की आशंका जताई जा रही है.
शाजापुर जिला आबकारी अधिकारी निलंबित, इनको मिला प्रभार
उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह ने जिला आबकारी अधिकारी शाजापुर विनय रंगशाही को पदीय कर्तव्यों एवं शासकीय कार्य संपादन में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि में रंगशाही का मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय जिला शाजापुर नियत किया गया है. वहीं, उज्जैन जिला आबकारी अधिकारी निधि जैन को शाजापुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. यह कार्रवाई आबकारी विभाग में अनुशासन और कार्यकुशलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है.
MBBS छात्रा की संदिग्ध मौत में SIT गठित
एमबीबीएस फर्स्ट ईयर की छात्रा रोशनी की संदिग्ध मौत की जांच के लिए 3 सदस्यीय SIT का गठन किया गया है. एसीपी अंकिता खातरकर टीम की लीड करेंगी. कोहेफिजा इलाके के एक पीजी में रहने वाली रोशनी का शव बाथरूम के पास मिला था, जहां एसिड की खाली बोतल भी पड़ी थी. पुलिस ने मोबाइल से रिकवर डिलीटेड मैसेज को सुसाइड नोट माना है. मैसेज में पढ़ाई के दबाव का जिक्र है. रोशनी ने मौत से कुछ घंटे पहले खुद को व्हाट्सएप किया था. पुलिस ने नोट जब्त कर तकनीकी जांच शुरू की.
रायपुर: बहुचर्चित बिरनपुर हिंसा मामले में 17 आरोपी दोषमुक्त
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित बिरनपुर हिंसा मामले में जिला सत्र न्यायालय बेमेतरा ने 17 आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया है. यह फैसला 8 अप्रैल 2023 को हुई घटना से जुड़ा है, जिसमें साजा विधायक ईश्वर साहू के 22 वर्षीय बेटे की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी. मामला दो बच्चों की मामूली लड़ाई से शुरू हुआ, जो हिंदू-मुस्लिम समुदायों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया. कोर्ट ने सबूतों के अभाव में आरोपियों को बरी किया. फैसले से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है. पीड़ित परिवार ने फैसले पर असंतोष जताया और उच्च न्यायालय जाने की बात कही.

भाजपा नेता सत्यनारायण सत्तन की बेटी कनुप्रिया कांग्रेस में शामिल
भोपाल: भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश खाद एवं ग्रामोद्योग निगम के पूर्व अध्यक्ष सत्यनारायण सत्तन की पुत्री कनुप्रिया ने आज कांग्रेस का दामन थाम लिया. भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने आधिकारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की. इस कदम से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है, क्योंकि सत्तन लंबे समय से भाजपा के दिग्गज नेता रहे हैं. कनुप्रिया ने कहा, वे युवाओं और महिलाओं के मुद्दों पर काम करने के लिए कांग्रेस से जुड़ी हैं. कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए इसे भाजपा के लिए झटका बताया. सत्तन ने अभी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
दमोह: दो बच्चे और महिला समेत कार सुनार नदी में गिरी
जिले के नरसिंहगढ़ चौकी के समीप सुनार नदी में एक चार पहिया वाहन गिरने की घटना सामने आई है. वाहन में दो बच्चे और एक महिला सवार होने की खबर है. मौके पर नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी अभिषेक पटेल सहित पुलिस बल पहुंच गया है. क्रेन की मदद से वाहन को निकालने का कार्य जारी है. एसपी के अनुसार, एक व्यक्ति खुद बाहर निकल आया, लेकिन कार में सवार कुल लोगों की संख्या की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है. घटना की जांच की जा रही है और बचाव टीम सतर्क है.
श्योपुर में कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल पर एफआईआर, हर्ष फायरिंग विवाद में घेराव
श्योपुर में कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. बड़ौदा थाना पुलिस ने शिव बारात के दौरान मूंडला गांव में घोड़ी पर बैठकर कथित हर्ष फायरिंग करने के मामले में कार्रवाई की. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसपी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की थी. एफआईआर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ौदा थाने का घेराव कर पुलिस पर भाजपा के दबाव में कार्रवाई करने का आरोप लगाया और मामला वापस लेने की मांग की. विधायक जंडेल ने आरोप लगाया कि उन्हें 2028 के चुनाव तक जेल में रखने की साजिश की जा रही है और जनहित के मुद्दे उठाने पर उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं.
जबलपुर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, कफ सिरप कांड में नहीं मिली राहत
जबलपुर से बड़ी खबर सामने आई है. छिंदवाड़ा कफ सिरप कांड मामले में आरोपी डॉक्टर प्रवीण सोनी समेत चार आरोपियों को हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है. हाईकोर्ट ने डॉक्टर प्रवीण सोनी, ज्योति सोनी, राजेश सोनी और सौरभ जैन की जमानत याचिका खारिज कर दी. अदालत ने अपने आदेश में कहा कि मामला बेहद संवेदनशील और गंभीर है, क्योंकि इसमें बच्चों की मौत हुई है. कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि डॉक्टर द्वारा सरकारी निर्देशों का पालन नहीं किया गया और चार साल से कम उम्र के बच्चों को प्रतिबंधित कफ सिरप दिया गया. हाईकोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रखा था, जिसे अब सुनाते हुए जमानत याचिकाएं खारिज कर दी गईं. इस फैसले के बाद आरोपियों को फिलहाल राहत नहीं मिल सकी है.
रायपुर में बैडमिंटन खेलते व्यापारी की मौत
रायपुर में 57 साल के व्यापारी अमृत बजाज की बैडमिंटन खेलते समय मौत हो गई. शुरुआती अनुमान के अनुसार उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई हो सकती है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. यह दुखद घटना रविवार को खेलते समय हुई.
भोपाल: अशोका गार्डन में बीच सड़क पर फैमिली ड्रामा, पति-पत्नी में विवाद
भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में देर रात बीच सड़क पर परिवारिक विवाद हुआ. नशे में धुत बबलू पंडा ने पत्नी से मारपीट की, जिसके बाद पत्नी ने भी जवाबी कार्रवाई की. एक युवक ने बच्ची की पिटाई का विरोध करते हुए पति-पत्नी से भिड़ाई की. पुलिस ने घटना के बाद आरोपी को समझाइश देकर छोड़ दिया.
मंडला में रेल सुविधाओं को लेकर आंदोलन
मंडला जिले में रेलवे संघर्ष समिति ने रेल सुविधाओं को बढ़ाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट मार्ग पर धरना प्रदर्शन और रैली निकाली. प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर से ज्ञापन देने की कोशिश कर रहे थे. कलेक्टर के न पहुंचने पर वे उग्र हो गए और कलेक्ट्रेट गेट के सामने धरने पर बैठकर जमकर नारेबाजी की.
डिण्डौरी: ग्राम खम्हरिया में भीषण जल संकट, ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में रखी मांग
डिण्डौरी के मेहंदवानी विकासखंड अंतर्गत ग्राम खम्हरिया के ग्रामीण भीषण जल संकट से परेशान होकर जिला मुख्यालय पहुंचे. करीब 40-50 घरों वाले इस टोले में पीने के पानी का एकमात्र साधन केवल एक हैंडपंप है, जिससे पर्याप्त पानी नहीं मिलता. ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में बताया कि महिलाओं को लंबी दूरी तय कर पानी लाना पड़ता है और बार-बार शिकायत के बावजूद नल-जल योजना का लाभ नहीं मिला. उन्होंने प्रशासन से बोर उत्खनन और पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर पानी पहुँचाने की मांग की.
बुरहानपुर में 10वीं बोर्ड अंग्रेजी पेपर लीक, शिक्षिका सस्पेंड
बुरहानपुर में 10वीं बोर्ड की अंग्रेजी परीक्षा के पेपर लीक होने का मामला सामने आया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुकईथड में परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट में अंग्रेजी का पेपर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. शिक्षिका राजकुमारी सोनी ने पेपर का WhatsApp स्टेटस लगाया था. इस मामले के सामने आने पर शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और कलेक्टर हर्ष सिंह ने शिक्षिका को सस्पेंड कर सख्त एक्शन लिया. केंद्र अध्यक्ष पर भी कार्रवाई की तैयारी है. खकनार थाना पुलिस मामले की जांच और पूछताछ में जुटी है.
ग्वालियर के गिरगांव में पुरानी रंजिश भड़की
ग्वालियर के गिरगांव में दो परिवारों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद भड़क गया, जिसमें गोली चलने से डालचंद गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया. यह विवाद 15 दिन पहले हुई मारपीट से जुड़ा है, जिसकी FIR महाराजपुरा थाना में दर्ज की गई थी. आज की घटना के बाद गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है.
गरियाबंद की महिलाओं ने मेले में लगाई धूम, 15 दिन में कमाई लाखों में
राजिम कुंभ कल्प मेले में बिहान के 126 महिला सदस्यों ने 15 दिन के मेले में स्टाल लगाकर 13 लाख रुपये की कमाई की. इन महिलाओं ने गरियाबंद, धमतरी, बलौदाबाजार, महासमुंद और रायपुर-धमतरी के समूह से स्टाल लगाया. मेले में छत्तीसगढ़ी व्यंजन, अरसा रोटी, सोहारी, बांस की टोकरी, सूपा, झाड़ू और गुलदस्तों की बिक्री ने अच्छा व्यापार किया. इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार के साथ-साथ आर्थिक सशक्तीकरण भी मिला.
छत्तीसगढ़ के सुकमा में 22 नक्सलियों ने किया सरेंडर
CRPF के वरिष्ठ अधिकारियों, स्थानीय पुलिस और DRG सुकमा के सामने सरेंडर किया गया. सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर इन 22 नक्सलियों ने सरेंडर किया है. सरेंडर करने वाले 22 नक्सलियों में एक महिला नक्सली भी शामिल है.
छिंदवाड़ा रैली में टी राजा सिंह का आरोप, भारत में छिपे हैं पड़ोसी देशों के लोग
छिंदवाड़ा में आयोजित हिंदू गर्जना रैली में शामिल होने पहुंचे टी राजा सिंह ने बयान देते हुए कहा कि बांग्लादेश और पाकिस्तान में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं और अल्पसंख्यक होने के कारण वे जुल्म झेल रहे हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बांग्लादेश और पाकिस्तान के कुछ लोग भारत में छिपे हुए हैं. उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है.
Burhanpur News: शॉर्ट सर्किट से लगी आग, सिलेंडर ब्लास्ट से दहला चाकबारा गांव
बुरहानपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चाकबारा में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई. आग योगेश सीताराम महाजन के घर में भड़की और देखते ही देखते लपटें बेकाबू हो गईं. घर में रखा गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई.आग की चपेट में पड़ोसी रविन्द्र राजाराम का घर भी आ गया और दोनों मकानों का सामान जलकर खाक हो गया.घटना के समय मकान मालिक खेत में थे.फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया.
मिडवे होटल के सामने 6 गायों की रहस्यमयी मौत, गौसेवकों का चक्का जाम
मिडवे होटल के सामने आधा दर्जन गायों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभाले. गायों की मौत के विरोध में गौसेवकों ने चक्का जाम कर आक्रोश जताया. हिंदू चेतना मंच के जिला अध्यक्ष बृजमोहन सरावत ने घटना पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि अगर इसमें किसी तरह की साजिश पाई जाती है तो जिला प्रशासन दोषियों पर कठोर कार्रवाई करे. पशु चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की है, जिसके बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा.
रतलाम डैम हादसा: पिकनिक पर गए दो नौवीं के छात्र डूबे, एसडीआरएफ ने निकाले शव
रतलाम के पलसोड़ी गांव स्थित डैम में दो छात्रों के डूबने का दुखद मामला सामने आया है. रविवार को 8 छात्र पिकनिक मनाने पहुंचे थे. नहाने के दौरान दो छात्र गहरे पानी में चले गए और डूब गए. मृतकों की पहचान नौवीं कक्षा के छात्र आशुतोष मंडलोई और ध्रुव बेलसोरे के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों के शव बाहर निकाले. दीनदयाल नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
सीधी में सनसनी: मंदिर के पुजारी की गड़ासे से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
सीधी जिले के कुसमी तहसील परिसर स्थित मंदिर के पुजारी की निर्मम हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. महाशिवरात्रि के दिन पूजा-अर्चना कर लौट रहे पुजारी पर आरोपी कामता केवट ने धारदार गड़ासे से हमला कर हत्या कर दी. पुलिस अधीक्षक के मुताबिक मंदिर में हो रहे पूजन-पाठ से आरोपी को आपत्ति थी और वह पहले भी विवाद कर चुका था. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, साथ ही उसके मकान को सीज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
MP सरकार देगी ₹1.01 करोड़ का ‘विक्रमादित्य शांति पुरस्कार’, ग्लोबल लेवल पर होगा सम्मान
मध्यप्रदेश सरकार वैश्विक स्तर पर शांति और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ‘विक्रमादित्य अवॉर्ड’ शुरू करने की घोषणा की है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिया जाएगा. यह पुरस्कार वैश्विक शांति, रक्षा नवाचार और मानव जीवन विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को दिया जाएगा. इस अवॉर्ड में ₹1.01 करोड़ की नकद राशि दी जाएगी. मुख्यमंत्री ने इसे “देश का सबसे प्रतिष्ठित सम्मान” बताते हुए कहा कि यह भारत की सांस्कृतिक गरिमा को विश्व मंच पर नई ऊंचाई देगा. इसके साथ ही राज्य सरकार चार और पुरस्कार शुरू करने की योजना बना रही है, जिनमें एक राष्ट्रीय स्तर का सम्मान भी शामिल होगा. सरकार का मानना है कि इससे मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान मिलेगी.
विधानसभा बजट सत्र का दूसरा दिन हंगामेदार! विपक्ष करेगा सरकार का जोरदार घेराव
मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन आज सदन में तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है. विपक्ष ने विधायक दल की बैठक में रणनीति तय कर सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी कर ली है. दूषित पेयजल, किसानों की समस्याएं, कर्ज, सरकारी भर्तियां, महिला अपराध, भ्रष्टाचार और मनरेगा जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे. इसके साथ ही दलित, आदिवासी और ओबीसी वर्ग के अधिकारों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए जाएंगे. सदन के अंदर बहस के साथ बाहर भी विपक्ष प्रदर्शन कर सकता है, जिससे कार्यवाही हंगामेदार रहने की संभावना है.