Site icon अग्नि आलोक

मध्य प्रदेश-CG की लेटेस्ट खबरें…उज्जैन में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की तैयारी,सागर के अस्पताल में फायरिंग,खरगोन में बोले RSS प्रमुख मोहन भागवत- सेवा करना भारत का धर्म

Share

अस्पताल परिसर में फायरिंग, स्टाफ नर्स की मौत
सागर जिले के शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल परिसर में गोली चलने की घटना सामने आई. मुख्य गेट के पास हुई फायरिंग में स्टाफ नर्स दीप शिखा चढ़ार को गोली लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद अज्ञात आरोपी फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल परिसर को घेरकर जांच शुरू की. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ चश्मदीदों से पूछताछ शुरू कर दी है.

ट्रक ने ऑटो को सामने से मारी टक्कर, दो की मौत, कई घायल
पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. झगुवां-कोठी सड़क मार्ग पर पत्थरों से लोड तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में ऑटो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया है. जानकारी के अनुसार ऑटो में करीब छह लोग सवार होकर मोहन्द्रा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रहे पत्थरों से लोड ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी. हादसे में मोहन्द्रा निवासी मुकेश कटेहा पिता विश्वनाथ कटेहा उम्र 45 वर्ष और 12 वर्षीय यश यादव की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं दुर्गा चौधरी, पिंकी यादव, मीना चौधरी और प्रीती चौधरी गंभीर हैं.

: खरगोन में बोले RSS प्रमुख मोहन भागवत- सेवा करना भारत का धर्म
RSS के सरसंघचालक मोहन भागवत ने खरगोन में ‘मनुष्य निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि सेवा से मनुष्य की शुद्धि होती है. सुख बाहर नहीं बल्कि मनुष्य के भीतर है. मनुष्य देखकर सीखता है, सुनकर नहीं. दूसरे की उपेक्षा कर सुख संभव नहीं है. समाज और देश का दुख दूर करना भारत का स्वभाव है. सेवा करना भारत का धर्म है. श्रम की प्रतिष्ठा और आत्मनिर्भरता ही वास्तविक शिक्षा है और कर्म की मान्यता है. जल-जंगल, नदी, पर्वत और मानव सभी की उन्नति ही भारत की उन्नति है. इस दौरान RSS प्रमुख ने गोष्ट- नर्मदालयाची ऑडियो बुक का विमोचन किया. वह खरगोन जिले के लेपा गांव (कसरावद) में विचार-प्रेरक कार्यक्रम में पहुंचे थे.

ग्वारीघाट नर्मदा तट पर अवैध शराब बिक्री का भंडाफोड़
जबलपुर के ग्वारीघाट नर्मदा तट पर अवैध शराब बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है. गोरखपुर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है. पवित्र स्थल घोषित क्षेत्र में शराब बिक्री पूरी तरह से प्रतिबंधित है. वहीं विशाल यादव और राज यादव पर चोरी-छिपे अवैध शराब बेचने का आरोप है. उनके अवैध धंधे में 2-3 अन्य साथी भी शामिल हैं. पुलिस दबिश के दौरान अवैध शराब के साथ कई लोग गिरफ्तार हुए हैं. पूछताछ में विशाल और राज यादव के नाम उजागर हुए हैं. विशाल यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया. वह हत्या के मामले (302) में जमानत पर बाहर है. उसपर अवैध शराब के पुराने मामले भी दर्ज हैं. थाना प्रभारी गोरखपुर नितिन कमल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई. तलाशी में घर से धारदार तलवार बरामद की गई. आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अलग कार्रवाई की गई. उनके पास से प्रतिबंधित चीनी मांझा भी बरामद हुआ है. 3-4 नग खतरनाक चीनी मांझा मिला है. चीनी मांझे पर भी अलग से कार्रवाई हो रही है. 4-5 लड़कों को एजेंट बनाकर शराब सप्लाई की जाती थी. बैग और थैले में छिपाकर शराब सप्लाई की जाती थी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

सागर कलेक्ट्रेट में पुलिसकर्मियों से अभद्रता, 27 के खिलाफ FIR
सागर में कलेक्ट्रेट परिसर के गेट पर टीआई और पुलिसकर्मियों से अभद्रता और झूमा-झटकी का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने 27 लोगों पर मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया है. 12 नामजद सहित 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. अज्ञात लोगों की वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस पहचान करेगी. बड़कुआ ग्राम से आए ग्रामीणों ने टीआई और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की थी. गोपालगंज थाने में मामला दर्ज किया गया है.

सोम डिस्टिलरीज एंड ब्रेवरीज के सभी प्रमुख लाइसेंस सस्पेंड
भोपाल में नकली परमिट और अवैध शराब परिवहन केस में सख्त कार्रवाई हुई है. सोम डिस्टिलरीज एंड ब्रेवरीज के सभी प्रमुख लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं. आबकारी आयुक्त अभिजीत अग्रवाल ने यह आदेश दिया है. तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की गई है. आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 31 और 44 के तहत कार्रवाई की गई है. राज्य को राजस्व का नुकसान पहुंचाने के केस में शराब कंपनी पर गाज गिरी है. हाईकोर्ट से सजा पर रोक लेकिन दोषसिद्धि बरकरार है. आदेश से सोम की सेहतगंज और रोजराचक (रायसेन) स्थित दोनों यूनिट प्रभावित होंगी. डी-1, FL-9, B-3, CS-1 समेत कई लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं. अवैध परमिट बुक और फर्जी बिल्टी से दीव तक शराब परिवहन का यह मामला है, जो 1700 से ज्यादा फर्जी परमिट और बिल्टी बनाकर शराब परिवहन से जुड़ा है. पूर्व में अधिकारियों पर भी विभागीय कार्रवाई हो चुकी है.

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से मध्य प्रदेश में रेल से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की. सीएम डॉ यादव ने प्रदेश में संचालित और प्रगतिरत रेलवे परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार का आभार भी व्यक्त किया.

स्कूली बच्चों का ऑटो पलटा, एक घायल को जबलपुर किया रेफर
दमोह जिले के तेंदूखेड़ा इलाके में एक स्कूली बच्चों से भरा ऑटो पलट गया है, जिसमें सवार तीन बच्चे गंभीर घायल हुए हैं. इनमें से एक को जबलपुर रेफर किया गया है जबकि दो सिविल अस्पताल में इलाजरत हैं. इसके अलावा तीन बच्चों को मामूली चोटें आई हैं. तेंदूखेड़ा के सांदीपनि स्कूल में पढ़ने वाले मिडिल स्कूल के बच्चे रोज की तरह अपने गांव अंवाही से तेंदूखेड़ा आ रहे थे कि अचानक तेज रफ्तार ऑटो नियंत्रण खो बैठा और बादीपुरा के पास पलट गया. रास्ते से गुजर रहे लोगों ने बच्चों को रेस्क्यू कर सिविल अस्पताल पहुंचाया. ऑटो में सवार 6 बच्चों में से तीन गंभीर थे, जिन्हें अस्पताल में एडमिट किया गया लेकिन एक की हालत बिगड़ने पर उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया. बच्चों के परिजनों के मुताबिक, ऑटो ड्राइवर नशे की हालत में था और लापरवाही से ऑटो ड्राइव कर रहा था. इस वजह से हादसा हुआ. फिलहाल पुलिस ने ऑटो को जब्त कर लिया है. चालक को हिरासत में लिया गया है.

ग्वालियर नगर निगम परिषद की बैठक में हंगामा
ग्वालियर नगर निगम परिषद की बैठक में हंगामा हो गया. मोहल्लों के एंट्री गेट पर महापुरुष के नाम पर हंगामा हुआ. बीजेपी के पार्षदों ने हंगामा किया. पार्षदों का आरोप है कि जिस जाति के लोग ज्यादा है, वहां गेट लगाए जा रहे हैं. यह जनता के टैक्स के पैसों की बर्बादी है. गेट के जरिए जन प्रतिनिधि अपना प्रचार रहे हैं. गेट रोड में बाधक बन रहे हैं. इनसे ट्रैफिक अवरुद्ध हो रहा है.

रायसेन में गायों की दुर्दशा दिखाने पर मीडिया से बदसलूकी, कार में तोड़फोड़
रायसेन की गौशाला में गायों की दुर्दशा दिखाने पर मीडिया के साथ बदसलूकी की गई. मामला उजागर करना चाहा तो दबंगई दिखाई गई. गौशाला संचालक के लोगों ने मीडिया की कार में तोड़फोड़ की. डाबरी गांव के दबंग सर्वेश खरे के समर्थकों ने कार में तोड़फोड़ की. घटना से सिलवानी थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. कानून को ताक पर रख गांव के दबंग गौशाला संचालक बेलगाम हुए.

UGC को लेकर सवर्ण समाज का अनोखा विरोध प्रदर्शन
भिंड में यूजीसी नियमों को लेकर सवर्ण समाज ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. सवर्ण समाज के आधा दर्जन युवा करीब एक किलोमीटर तक दंडवत होकर निकले. वे UGC नियमों को वापस लेने को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. परशुराम सेना के आह्वान पर सवर्ण समाज के सैकड़ों लोगों ने विरोध किया. इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. फूप के भदाकुर तिराहे से नगर परिषद कार्यालय तक दंडवत यात्रा निकाली गई. जिसके बाद उन्होंने तहसीलदार को ज्ञापन दिया.

सागर जिला अस्पताल में आत्महत्या की कोशिश
सागर के जिला अस्पताल में आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया है. आइसोलेशन वार्ड में युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया. मरीजों के चिल्लाने पर स्टाफ ने पहुंचकर युवक को नीचे उतारा. युवक ने पलंग की बेडशीट का फंदा बनाया था. वह दो दिन पहले इसी वार्ड में भर्ती था. युवक डिस्चार्ज होने के बाद एक बार फिर वार्ड में पहुंचा था. पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है.

इंदौर में रॉन्ग साइड चलने पर अब दर्ज होगी FIR
इंदौर में रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ अब FIR दर्ज की जाएगी. यह कदम शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है.

लव जिहाद फंडिंग केस में हाईकोर्ट ने कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी को जमानत दी
इंदौर में कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी को लव जिहाद में फंडिंग के मामले में इंदौर हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है. जिला कोर्ट से जमानत रद्द होने के बाद हाईकोर्ट ने राहत दी, हालांकि अनवर कादरी पर 26 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. बाणगंगा थाने में उसके खिलाफ फंडिंग और धर्म परिवर्तन के दबाव का केस दर्ज था. अन्य मामलों में जमानत न मिलने के कारण अनवर कादरी फिलहाल जेल में ही रहेगा.

सुकमा में 21 लाख का इनामी एसीएम माओवादी मौनीता सुखराम का आत्मसमर्पण
सुकमा में एक एसीएम माओवादी कार्यकर्ता मौनीता सुखराम ने मलकानगिरी एसपी के सामने आत्मसमर्पण किया है. उसने एसएलआर बंदूक और गोला-बारूद के साथ सरेंडर किया. मौनीता पर 21 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह मलकानगिरी और छत्तीसगढ़ सीमा क्षेत्र में सक्रिय था.

तीर्थ यात्रियों से भरी कार खाई में गिरी, 8 घायल, 3 महिलाएं गंभीर
दमोह से बड़ी खबर आई है. यहां के मडियादो इलाके में एक तीर्थयात्रियों से भरी बुलेरो हादसे का शिकार हुई है. घटना में तीन महिलाएं गंभीर घायल है जबकि सात लोगों को भी चोटें आई है. दरअसल, छतरपुर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र जटाशंकर धाम से दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं की कार मडियादो के पास तेज रफ्तार होने की वजह से अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी खाई में गिर गई.

कार में दस लोग सवार थे. पुलिस को मिली सूचना के बाद मौके पर से लोगों को रेस्क्यू किया गया है. एम्बुलेंस की मदद से घायलों को मडियादो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां तीन महिलाओं के गंभीर होने के बाद उन्हें दमोह रेफर किया गया है. फिलहाल पुलिस मौके पर है और जांच कर रही है.

इंटरनेशनल एयरपोर्टउज्जैन में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनने की तैयारी
उज्जैन में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की तैयारी चल रही है, जो 2028 के सिंहस्थ से पहले शुरू हो सकता है. प्रस्तावित एयरपोर्ट में 4 किमी लंबा रनवे बनाया जाएगा, जिससे बोइंग C-20 जैसे बड़े विमान भी उतर सकेंगे. वर्तमान में दताना एयरस्ट्रिप केवल ATR-72 जैसे छोटे विमानों के लिए सक्षम है. रनवे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विकसित किया जाएगा. प्रशासन ने AAI को संशोधित प्रस्ताव भेजा है और एयरपोर्ट के लिए लगभग 400 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी. कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की है.

सुप्रीम कोर्ट में 27% OBC आरक्षण की सुनवाई आज
भोपाल में कांग्रेस नेता अरुण यादव ने 27% OBC आरक्षण मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से पहले सरकार और BJP पर हमला किया. उन्होंने BJP और RSS को आरक्षण विरोधी बताते हुए सवाल उठाया कि सरकारी वकील कोर्ट की फटकार के बावजूद तारीख पर तारीख क्यों मांग रहे हैं. कांग्रेस का आरोप है कि BJP सरकार OBC आरक्षण को सही तरीके से लागू करने में नाकाम रही और RSS पृष्ठभूमि वाले महाधिवक्ता इसे रोकने में भूमिका निभा रहे हैं. आज सुप्रीम कोर्ट में फिर सुनवाई है और सवाल है कि OBC आरक्षण को लागू करने में कौन सी नीति दिखाई जाएगी.

मोहन भागवत का खरगोन दौरा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत आज खरगोन प्रवास पर रहेंगे. वे कसरावद के लेपा स्थित नर्मदालय आश्रम में दोपहर 1:30 बजे से शाम 5 बजे तक रामकृष्ण विश्व सद्भावना निकेतन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सेवा कार्य से जुड़े व्यक्तियों को संबोधित करेंगे. कार्यक्रम में वे “मनुष्य निर्माण से राष्ट्र निर्माण” विषय पर अपना उद्बोधन देंगे. मीडिया को आयोजन स्थल पर प्रवेश पर रोक है, केवल प्रेसनोट के साथ फोटो और वीडियो जारी किए जा सकते हैं. सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

कांग्रेस जिला अध्यक्षों के लिए AICC ने जारी की नई गाइडलाइंस
मध्य प्रदेश में कांग्रेस जिला अध्यक्षों के लिए AICC ने नई गाइडलाइंस जारी की हैंजिम्मेदारी के साथ जवाबदेही तय करने का नया फार्मूला है. अब जिला कार्यकारिणी में केवल 31 और 51 पदाधिकारी बनेंगे. एक पदाधिकारी सिर्फ ट्रेनिंग कैंप संभालेगा. डीसीसी, ब्लॉक, मंडल, वार्ड और बूथ पर ट्रेनिंग कैंप अनिवार्य होंगे. हर माह बैठक होगी और उसका रिकॉर्ड मेंटेन होगा. बैठक में वरिष्ठ नेताओं और ब्लॉक अध्यक्ष को बुलाना अनिवार्य होगा. लगातार 3 बैठक से बिना बताए गायब रहने वालों पर एक्शन होगा. हर 3 माह में जिला अध्यक्ष के काम की समीक्षा होगी. जिला अध्यक्षों को टिकट बांटने की पावर तो मिलेगी पर इसके लिए कड़ी रिसर्च करना होगी.

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की डेट बढ़ी, अगले दो दिन जारी रहेगी खरीदी
रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा ऐलान करते हुए छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की घोषणा की है. अब अगले दो दिनों तक धान खरीदी की जाएगी, जिससे वे किसान लाभान्वित होंगे जो अब तक धान बेचने से वंचित रह गए थे. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने शिक्षक भर्ती को लेकर भी बयान दिया और कहा कि प्रदेश में 5000 शिक्षकों के पदों पर भर्ती की जाएगी. इससे शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे.

SIR को लेकर कांग्रेस की आज अहम बैठक, BLA से लिया जाएगा फीडबैक
भोपाल में आज कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें SIR प्रक्रिया को लेकर चर्चा होगी. बैठक के दौरान BLA से फीडबैक लिया जाएगा, खासतौर पर फॉर्म-7 के जरिए वोटर्स के नाम काटे जाने को लेकर की गई शिकायतों पर. पार्टी की ओर से SIR प्रक्रिया को लेकर संगठनात्मक निर्देश भी दिए जाएंगे. मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर फॉर्म-7 के माध्यम से वोटर्स के नाम हटाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं, जिन्हें लेकर कांग्रेस सक्रिय हुई है.

रेलवे स्टेशन पर वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़, 311 कछुए बरामद
भोपाल के बैरागढ़ स्थित संत हिरदाराम रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान आरपीएफ ने एक आरोपी को दो बैग में भरे 311 कछुओं के साथ पकड़ा. आरोपी की पहचान अजय सिंह राजपूत के रूप में हुई है, जो रेलवे कोच में अटेंडर का काम करता है. पूछताछ में उसने बताया कि वह ढाई हजार रुपये के लालच में कछुओं को देवास और इंदौर पार्सल करने ले जा रहा था. इस मामले में रविंद्र कश्यप नामक व्यक्ति के शामिल होने की बात सामने आई है. सूचना मिलने पर एसटीएफ और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आगे की जांच शुरू कर दी गई है.

Exit mobile version