Site icon अग्नि आलोक

मध्य प्रदेश-CG की लेटेस्ट खबरें…उज्जैन में नगर निगम गैंग प्रभारी से मारपीट, आफत की ‘रील’, केंद्र में जाएंगे मध्य प्रदेश के दो अधिकारी

Share

पाकिस्तान से बालाघाट पहुंचे प्रसन्नजीत
बालाघाट जिले के खैरलांजी का निवासी युवक प्रसन्नजीत रंगारी पाकिस्तान जेल में 07 साल तक बंद रहने के बाद रिहा कर दिया गया है. रिहाई के बाद उसे वाघा बार्डर पर भारतीय अधिकारियों को सौंपा गया है.लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण अमृतसर से प्रसन्नजीत को परिवार जनों सक्षम नहीं थे. फिर कलेक्टर मृणाल मीना ने प्रसन्नजीत के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए संवेदनशीलता दिखाई और प्रसन्नजीत को अमृतसर से खैरलांजी लाने के इंतजाम कर उसके परिजनों के साथ एक टीम अमृतसर रवाना की थी। यह टीम अमृतसर पहुंच कर प्रसन्नजीत को लेकर बालाघाट के कटंगी पहुंचे. जहां पर कटंगी विधानसभा के विधायक गौरव पारधी ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ प्रसन्नजीत का स्वागत किया.

खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई
ग्वालियर में जिला प्रशासन और खनिज विभाग ने अवैध खनन को रोकने के लिए बड़ी कार्रवाई की है. बिलौआ में खनन इलाके में की गई छापामार कार्रवाई से खदानों से 80 डंपर अवैध बोल्डर जब्त किए गए हैं. तहसीलदार ने एक जगह खनन का काम बंद कराया है.

 कलेक्टर ने लिया एक्शन
जबलपुर रेफर मरीज डॉक्टर रविंद्र कुमार मरावी की रास्ते में जननी एक्सप्रेस एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से मौत हो गई थी. अब कलेक्टर अंजु पवन भदौरिया के निर्देश पर इस मामले में कड़ी कार्रवाई हुई है. स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही पर अब प्रशासन ने सख्ती दिखाई है. जिला अस्पताल की स्टोर इंचार्ज विमला द्विवेदी को सस्पेंड किया गया है. वहीं नर्सिंग स्टाफ जयमती नंदेहा को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

केंद्र में जाएंगे मध्य प्रदेश के दो अधिकारी
मध्य प्रदेश कैडर के 2 अधिकारी केंद्र में इंटेलिजेंस ब्यूरो में बड़ी जिम्मेदारी निभाते हुए नजर आएंगे. इनमें IPS मृगाखी डेका और अभिनव चौकसे के नाम शामिल हैं. इन दोनों को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में सहायक निदेशक के पद पर प्रतिनियुक्ति दी गई है.

नगर निगम गैंग प्रभारी के साथ दुकानदारों ने की मारपीट
उज्जैन में नगर निगम गैंग प्रभारी के साथ दुकानदारों ने मारपीट की. तोड़फोड़ गैंग प्रभारी मोनू थनवार के साथ दुकानदारों ने मारपीट की. दुकानदार अतिक्रमण कार्रवाई में जब्त किए गए सामान को लेने पहुंचे थे. मना करने पर दुकानदारों ने मारपीट की. मारपीट का वीडियो सामने आया है. गैंग प्रभारी मोनू का आरोप है कि दुकानदारों के साथ हिस्ट्रीशीटर बदमाशों ने भी मारपीट की. कोतवाली थाना क्षेत्र का मामला है. पुलिस जांच कर रही है.

रील ने पहुंचाया थाने, बोला- अब नहीं बनाऊंगा
दतिया में एक युवक ने दोस्त की बंदूक लेकर डॉन के अंदाज में रील बनाई. रील बनाकर सोशल मीडिया पर डाली. रील वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई. रीलबाज बदमाश टाइप युवक को हवालात में पहुंचाया. थाने पहुंचते ही युवक के सुर बदले. बोला कि अब ऐसी रील नहीं बनाऊंगा. पुलिस ने बंदूक देने वाले युवक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है.

दतिया में टॉयलेट करने पर विवाद
दतिया में टॉयलेट करने पर विवाद हो गया. स्टेशन के पास युवक टॉयलेट कर रहा था. तीन युवकों ने उसे टॉयलेट करने से मना किया. वह नहीं माना, तो उसे लात-घूंसों और बेल्ट से मारा. युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेशन के पास का वीडियो बताया जा रहा है. पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. जांच जारी है.

खनिज विभाग के अधिकारियों की गुंडागर्दी, मजदूरों से मारपीट
टीकमगढ़ में खनिज विभाग के अधिकारियों की गुंडागर्दी देखने को मिली. उन्होंने मजदूरों के साथ मारपीट की. मजदूर ट्रैक्टर से रेत भरकर ले जा रहे थे. दो मजदूरों को गंभीर चोट आई है. दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे. मजदूरों ने आरोप लगाया कि उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी जा रही है. मारपीट से जुड़े एक वीडियो में खनिज इंस्पेक्टर उनकी स्कूटी फेंकता नजर आ रहा है.

मंदसौर में लव जिहाद का मामला, आरोपी का निकाला जुलूस
मंदसौर में लव जिहाद का मामला सामने आया है. आरोपी नाबालिग युवती को बहला फुसलाकर नोएडा ले गया. 10 दिनों से लापता लड़की को पुलिस ने मेरठ निवासी आरोपी युवक मोहम्मद शकील के कब्जे से छुड़वाया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मंदसौर में कोर्ट में पेश करने के दौरान शकील का जुलूस निकाला गया. पीड़िता का मेडिकल करवाया गया. आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पीड़िता के संपर्क में आया था. दलौदा थाना क्षेत्र का यह मामला है.

पीएम मोदी के ‘परीक्षा पर चर्चा’ पर MP के शिक्षा मंत्री का बयान
 नरसिंहपुर जिले के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तेंदूखेड़ा में आयोजित प्रधानमंत्री परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में शामिल हुए स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री हर वर्ष परीक्षा पर चर्चा के माध्यम से देशभर के स्कूली बच्चों से सीधा संवाद कर उनके परीक्षा तनाव को कम करने का काम करते हैं. पूरी दुनिया में भारत ही ऐसा देश है, जहां प्रधानमंत्री स्वयं बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर इतना गंभीर संवाद करते हैं, जो हम सभी के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि जिन शासकीय स्कूलों में दो-तीन या उससे भी कम विद्यार्थी हैं, उन्हें पास के बड़े स्कूलों में ट्रांसफर किया जाएगा. शासकीय स्कूल शिक्षा में सुधार और प्रवेश दर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि जिन कारणों से अभिभावक बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में भेजने को मजबूर हो रहे हैं, उन सभी कारणों को खत्म किया जा सके.

राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने विवादित बयान पर मांगी माफी
प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह ने लाडली बहनों को लेकर दिए विवादित बयान पर माफी मांगी. उन्होंने कहा कि हमारी भावना यह नहीं थी. उन्होंने खुद बोला था कि सभी लाडली बहनों के समूह को बुलाएं. वह उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ बताएंगे. उनकी भावना ऐसी नहीं थी. लाडली बहनों को जो पैसा मिल रहा है, यह निरंतर मिलता रहेगा. डॉ मोहन यादव की सरकार में महिलाओं को बहुत सम्मान मिल रहा है. उनसे त्रुटि हो गई है, तो उसके लिए सभी के सामने माफी मांग रहे हैं. अपने ही विवादित बयान पर मंत्री ने कहा कि देश में मोदी और प्रदेश में मोहन सरकार है, ऐसे में कौन माई का लाल लाडली बहनों का पैसा काटेगा. पैसा लगातार मिल रहा है और मिलता रहेगा.

मांझी कहार समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन, 121 जोड़ों ने लिए 7 फेरे
खरगोन में मांझी कहार समाज द्वारा सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया. सीएम कन्यादान योजना के तहत 121 जोड़ों ने 7 फेरे लिए. पूर्व कृषि राज्यमंत्री और खरगोन के बीजेपी विधायक बालकृष्ण पाटीदार और कलेक्टर भव्या मित्तल ने विवाह समारोह में पहुंचकर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया. कहार समाज द्वारा आयोजित विवाह सम्मेलन में आयोजन प्लास्टिक मुक्त रखा गया. कहार समाज द्वारा समाज में फैली कुरीतियों को भी समाप्त किया. खरगोन सहित खंडवा, बड़वानी, बुरहानपुर, धार और इंदौर से भी करीब 50 हजार से अधिक समाज के लोग पहुंचे थे. खरगोन के कपास मंडी में सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित हुआ.

जेसीबी में लगी आग, मशीन जलकर खाक
सिंगरौली जिले के थाना सरई इलाके के बरका तिराहा पर एक जेसीबी मशीन में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे वह धू-धू कर जलती रही. जेसीबी मशीन दुधमनिया निवासी राजू पटेल की बताई जा रही है. अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और न ही किसी के हताहत होने की खबर है. औद्योगिक जिला होने के बाद भी JCB में लगी आग बुझाने के लिए कोई भी फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची, जिससे मशीन पूर्ण रूप से जलकर खाक हो गई.

फरार वारंटी गिरफ्तार, तमंचा और जिंदा कारतूस लेकर घूम रहा था
भोपाल में टीटी नगर पुलिस ने फरार स्थायी वारंटी सनी अहिरवार को गिरफ्तार किया. तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ वारंटी को गिरफ्तार किया गया. मुखबिर ने सूचना दी थी कि आरोपी अवैध हथियार लिए घूम रहा है. लाडली लक्ष्मी पार्क के पास पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा. पुलिस ने घेराबंदी कर सनी को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा और जिंदा कारतूस मिला. पुलिस ने आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया.

भोपाल नगर निगम की कमिश्नर IAS संस्कृति जैन को बड़ी राहत
भोपाल नगर निगम की कमिश्नर IAS संस्कृति जैन पर अवमानना कार्रवाई पर जबलपुर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है. चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने सिंगल बेंच के आदेश पर रोक लगा दी. HC ने पक्षकारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा. अदालत ने सुनवाई की अगली तारीख 18 फरवरी तय की. बता दें कि जस्टिस विशाल मिश्रा की बेंच ने IAS संस्कृति जैन को कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट का दोषी माना था. सिंगल बेंच आज IAS के लिए सजा तय करने जा रही थी. भोपाल के बिल्डर मर्लिन बिल्डकॉन का अवैध निर्माण तोड़ने से मामला जुड़ा था. SC की गाइडलाइंस का पालन न होने पर सिंगल बेंच ने कमिश्नर को अवमानना का दोषी पाया था. HC की सिंगल बेंच के आदेश को भोपाल नगर निगम ने डिवीजन बेंच में चुनौती दी थी.

‘घूसखोर पंडत’ पर बवाल, भोपाल में ब्राह्मण समाज का जोरदार प्रदर्शन, FIR की मांग

भोपाल. ‘घूसखोर पंडत’ फिल्म को लेकर राजधानी भोपाल में विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है. ब्राह्मण समाज के लोगों ने इसे समाज की छवि धूमिल करने वाला बताते हुए मोर्चा खोल दिया है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि फिल्म में ब्राह्मण समाज को गलत और अपमानजनक तरीके से दिखाया गया है. इसी मांग को लेकर ब्राह्मण समाज के लोग भोपाल के एमपी नगर जोन-1 में प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि फिल्म के निर्माता और निर्देशक पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और फिल्म पर कार्रवाई हो.

जमानत के बाद ओडिशा में अस्थाई ठिकाना, कवासी लखमा मलकानगिरी में रहेंगे

रायपुर. शराब घोटाले के मामले में सुप्रीम कोर्ट से सशक्त जमानत मिलने के बाद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने ओडिशा में अस्थाई ठिकाना बनाया है. जानकारी के अनुसार लखमा अब कुछ समय तक मलकानगिरी में रहेंगे. मलकानगिरी जिला छत्तीसगढ़ के सुकमा से सटा हुआ है और यह क्षेत्र लखमा के विधानसभा क्षेत्र कोंटा से भी लगा हुआ है. जमानत मिलने के बाद उनके ओडिशा में रहने को लेकर सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं.

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राजस्व मंत्री पर साधा निशाना

उमंग सिंघार की पोस्ट

लाड़ली बहनों के स्वाभिमान पर चोट करना अब भाजपा नेताओं की कार्यशैली बनती जा रही है।
मंत्री करण वर्मा द्वारा लाड़ली बहनों को मंच पर बुलाने की बात कहना और न आने पर “नाम काटने” जैसी धमकी देना केवल एक गैर-जिम्मेदार बयान नहीं, बल्कि सत्ता के दुरुपयोग और महिला-विरोधी मानसिकता का खुला…

— Umang Singhar (@UmangSinghar) February 6, 2026

लाड़ली बहनों के स्वाभिमान पर चोट करना अब भाजपा नेताओं की कार्यशैली बनती जा रही है. मंत्री करण वर्मा द्वारा लाड़ली बहनों को मंच पर बुलाने की बात कहना और न आने पर “नाम काटने” जैसी धमकी देना केवल एक गैर-जिम्मेदार बयान नहीं, बल्कि सत्ता के दुरुपयोग और महिला-विरोधी मानसिकता का खुला प्रमाण है. फिर राशि ₹1500 पर अटक गई, और आज जब बहनें अपना हक़ मांग रही हैं तो उन्हें धमकियाँ दी जा रही हैं. क्या यही भाजपा शासन में महिला सम्मान है.भाजपा के तथाकथित सुशासन की असल तस्वीर उसके मंत्री स्वयं अपने बयानों से सामने ला रहे हैं। यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी भाजपा मंत्री विजय शाह द्वारा प्रदेश की लाड़ली बहनों और देश की बेटी कर्नल सोफिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियाँ की गईं, लेकिन ‘संस्कारों’ की दुहाई देने वाली पार्टी ने तब भी चुप्पी साध ली.

राज्यसभा में गूंजा बैतूल का मुद्दा, इमरान प्रतापगढ़ी ने स्कूल तोड़ने की कार्रवाई पर उठाए सवाल

बैतूल जिले का मामला अब सीधे राज्यसभा तक पहुंच गया है. राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने सदन में अब्दुल नईम के स्कूल को डिस्मेंटल किए जाने का मुद्दा उठाया. उन्होंने बताया कि अब्दुल ने धाबा गांव में निजी जमीन पर करीब 20 लाख की लागत से स्कूल बनाया था, लेकिन मदरसा होने की अफवाह के चलते प्रशासन ने 13 जनवरी को भवन का कुछ हिस्सा तोड़ दिया. आरोप है कि सभी अनुमतियों के बावजूद कार्रवाई हुई. मुद्दा उठते ही बैतूल में सियासत फिर गरमा गई. कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक हेमन्त वागद्रे ने कहा कि यह मामला देर-सवेर राष्ट्रीय मंच पर आना ही था.

SSC MTS परीक्षा 2025 शुरू, रायपुर में तय केंद्र पर 19 फरवरी तक चलेगा एग्जाम

स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (SSC) की एमटीएस परीक्षा 2025 का आयोजन शुरू हो गया है. यह परीक्षा 04 से 06 फरवरी, 09 से 12 फरवरी और 16 से 19 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी. परीक्षा प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक चलेगी. रायपुर में परीक्षा केंद्र प्रोफेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, विधानसभा रोड, मुरा में बनाया गया है. परीक्षा के लिए डिप्टी कलेक्टर उपेन्द्र किण्डो को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है. प्रशासन ने परीक्षा के सुचारू और निष्पक्ष संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.

बाबा महाकाल का आज का श्रंगार

केंद्रीय बजट 2026-27 की विशेषताओं पर महिला संवाद, भोपाल में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे हेमंत खण्डेलवाल

केंद्रीय बजट 2026-27 की विशेषताओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भोपाल में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल संबोधित करेंगे और महिलाओं को बजट की अहम बातें बताएंगे. कार्यक्रम सुबह 11 बजे एलएनसीटी कैंपस में आयोजित होगा. यह आयोजन भाजपा के प्रचार अभियान के तहत किया जा रहा है. महिला संवाद कार्यक्रम में प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहेंगी.

Exit mobile version