Site icon अग्नि आलोक

ताजा समाचार -प्रहलाद पटेल पहुंचे भोपाल, चेहरे की मुस्कराहट काफी कुछ बयां कर रही है,मिजोरम में शपथ आज,विजयवर्गीय बोले-सीएम के नाम की घोषणा रविवार तक

Share

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मॉनेटरी पॉलिसी कमिटी (MPC) इस बार भी रीपो रेट को बरकरार रख सकती है। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास छह सदस्यीय एमपीसी के निर्णय की घोषणा शुक्रवार को करेंगे। मॉनेटरी पॉलिसी की मीटिंग हर दो महीने में होती है। आरबीआई ने पिछली चार मीटिंग्स में रीपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया। वहीं, बीजेपी आज मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मुख्यमंत्रियों के नाम तय करने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों के नामों की घोषणा कर सकती है। ये संबंधित राज्यों में जाकर विधायक दल की बैठक में सीएम पद को लेकर चर्चा करेंगे। उधर, जोराम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) के नेता लालदुहोमा शुक्रवार को मिजोरम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मिजोरम में 40 सदस्यीय विधानसभा है और राज्य में मुख्यमंत्री समेत 12 मंत्री हो सकते हैं। 

CM की रेस में आगे चल रहे प्रहलाद पटेल पहुंचे भोपाल, वरिष्ठ नेताओं से आशीर्वाद लेकर आए

मध्य प्रदेश में भाजपा के अंदर सीएम पद को लेकर हलचल तेज हो गई है। इन अटकलों के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल गुरुवार रात दिल्ली से भोपाल पहुंचे। उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा भी आए। पटेल के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर कई कार्यकर्ता पहुंचे। 

इसके साथ ही अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या प्रहलाद पटेल ने मध्य प्रदेश में बाजी मार ली है। इसके संकेत उनके दिल्ली दौरे से ही मिल रहे हैं। दिल्ली दौरे के दौरान प्रहलाद पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तक से मुलाकात की है। साथ ही भोपाल आने से पहले भाजपा के दिग्गज नेता मुरली मनोहर जोशी का आशीर्वाद लेने पहुंचे।  

इन गतिविधियों से यह अटकलें तेज हैं कि उन्हें आलाकमान से संकेत मिल गए हैं। सांसदी छोड़ने के बाद पटेल ने केंद्रीय मंत्री के पद से भी इस्तीफा दे दिया है। अब वे नरसिंहपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। भोपाल में उनके पहुंचते ही हलचल तेज हो गई। उनके भोपाल लौटने से पहले दिल्ली से भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी यहां आ गए हैं। 

भोपाल पहुंचने के विजयवर्गीय ने कहा कि मध्य प्रदेश में सीएम के नाम की घोषणा रविवार तक हो जाएगी। वहीं, जीत का क्रेडिट उन्होंने शिवराज सिंह चौहान और उनकी योजनाओं को देने से इंकार कर  दिया है। कैलाश ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की है। वहीं, भोपाल पहुंचने के बाद प्रह्लाद पटेल का अभी कोई बयान सामने नहीं आया है, लेकिन उनके चेहरे की मुस्कराहट काफी कुछ बयां कर रही है। 

वसुंधरा के बेटे पर विधायकों की बाड़ेबंदी का आरोप, विजयवर्गीय बोले- MP में 3 दिन में सस्पेंस खत्म होगा

वसुंधरा राजे बुधवार रात को ही दिल्ली पहुंच गई थीं। गुरुवार रात उन्होंने जेपी नड्‌डा से उनके आवास पर मुलाकात की।

राजस्थान में मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह पर विधायकों की बाड़ेबंदी का आरोप लगा है। किशनगंज से BJP विधायक ललित मीणा के पिता ने कहा कि उनके बेटे समेत कई विधायकों को एक रिसोर्ट में रखा गया। उन्हें काफी मशक्कत के बाद घर लाया गया।

हालांकि, भाजपा विधायक कंवरलाल मीणा ने बाड़ेबंदी की बात को गलत बताते हुए कहा कि हम सहमति से होटल में रुके थे। वहीं, MP में सीएम के नाम को लेकर BJP नेता कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि रविवार को सस्पेंस खत्म हो जाएगा।

 मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री को लेकर BJP में मंथन जारी है। दिल्ली में लगातार बैठकें हो रही हैं। राजस्थान की पूर्व CM वसुंधरा राजे ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से मिलने दिल्ली पहुंचीं। साथ में उनके बेटे दुष्यंत सिंह भी थे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री की रेस में शामिल रेणुका सिंह ने भी नड्डा से मुलाकात की। हालांकि, अभी भी तीनों राज्यों में सीएम फेस को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।

गोगामेड़ी के हत्यारों पर 5-5 लाख का इनाम, राजपूत करणी सेना अध्यक्ष को 3 चचेरे भाइयों ने मुखाग्नि दी

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के हत्यारों पर पुलिस ने 5 लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। फरार आरोपी रोहित सिंह राठौड़ और नितिन फौजी को पकड़ने के लिए पुलिस राजस्थान समेत कई राज्यों में छापेमारी कर रही है।

 सुखदेव का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव गोगामेड़ी में किया गया। उनके अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान चप्पे-चप्पे में पुलिस तैनात थी। गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में अलवर और हनुमानगढ़ शहर बंद रहा। इसके अलावा कई शहरों में प्रदर्शन हुए।

तेलंगाना में कांग्रेस की 6 गारंटी पर रेड्डी की मुहर, महिलाओं-किसानों को कैश मदद; 200 यूनिट फ्री बिजली

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और उनके मंत्रियों के साथ राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन की ग्रुप फोटो।

कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। डिप्टी सीएम भट्टी विक्रमार्क समेत 10 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की कसम खाई। मुख्यमंत्री बनते ही रेवंत ने कांग्रेस की 6 चुनावी गारंटियों पर मुहर लगाई। इसमें महिलाओं और किसानों को कैश मदद और 200 यूनिट फ्री बिजली की गारंटी शामिल है। इसके अलावा रेड्डी ने एक दिव्यांग महिला को नौकरी देने का वादा भी पूरा किया।

 तेलंगाना का गठन 2014 में हुआ था। तब से लेकर 2023 तक दो बार भारत राष्ट्र समिति (BRS) के के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) मुख्यमंत्री रहे। इस साल हुए विधानसभा चुनाव में केसीआर को हार मिली और रेवंत रेड्डी के रूप में राज्य को दूसरा (कार्यकाल के हिसाब से तीसरा) सीएम मिला।

बॉयफ्रेंड ने दहेज मांगा, डॉक्टर ने सुसाइड किया; लिखा- सबको सिर्फ पैसा चाहिए

केरल में दहेज की मांग से परेशान 26 साल की डॉक्टर शहाना ने आत्महत्या कर ली। उसने सुसाइड नोट में लिखा कि सबको सिर्फ पैसा चाहिए। लड़की की शादी उसके बॉयफ्रेंड डॉ. रूवैस से तय हुई थी। आरोप है कि रूवैस के परिवार ने BMW कार, 15 एकड़ जमीन और सोने की मांग की और दहेज नहीं मिलने पर शादी तोड़ दी। पुलिस ने दहेज एक्ट का केस दर्ज कर लड़के को हिरासत में ले लिया है।

 देश में दहेज की वजह से हर दिन 17 महिलाओं की मौत होती है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2022 में दहेज के लिए 6,516 बेटियों की बलि चढ़ा दी गई। जबकि 2022 में ही देश के अलग-अलग थानों में दहेज प्रताड़ना के 14 लाख 4 हजार 593 मामले दर्ज किए गए।

छह महीने से लापता पूर्व चीनी विदेश मंत्री की मौत, दावा- क्विन गेंग को टॉर्चर किया गया

तस्वीर में क्विन गेंग चीनी एंकर फू जियोतियान के साथ दिख रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस एंकर के साथ क्विन का एक बेटा भी है, जो अमेरिकी नागरिक है। (

6 महीने से लापता चीन के पूर्व विदेश मंत्री क्विन गेंग की मौत हो गई। ये दावा अमेरिकी मीडिया हाउस पॉलिटिको ने किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई में ही बीजिंग के एक मिलिट्री अस्पताल में क्विन की मौत हो गई थी। मौत की वजह सुसाइड या टॉर्चर बताई गई।

 राष्ट्रपति शी जिनपिंग के करीबी रहे क्विन को इसी साल जुलाई में विदेश मंत्री पद से हटा दिया गया था।​​​​​​​ उन पर जासूसी करने का भी आरोप लगा था। इस मामले में अब तक जांच की जा रही है।​​​​​​​ वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि क्विन का चीन की एक पॉपुलर टीवी एंकर फू जियोतियान से अफेयर था, इसी वजह से उन्हें फॉरेन मिनिस्टर की पोस्ट से हटा दिया गया था। ​​​​​​​

तमिलनाडु में बाढ़ से 1.2 करोड़ लोग प्रभावित, स्कूल-कॉलेज लगातार चौथे दिन बंद; 15 ट्रेनें कैंसिल

बंगाल की खाड़ी से उठे मिचौंग तूफान की वजह से आई बाढ़ से तमिलनाडु के 1.2 करोड़ लोग प्रभावित हुए। चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू जिले में सबसे ज्यादा तबाही हुई। गुरुवार को चेन्नई आने-जाने वाली 15 ट्रेनें कैंसिल की गईं। 4 दिसंबर से सभी स्कूल-कॉलेज बंद हैं। उधर, PM मोदी ने फ्लड मैनेजमेंट प्रोजेक्ट के लिए 561 करोड़ के फंड को मंजूरी दे दी है।

 चेन्नई में एक दिन में सबसे ज्यादा 50 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके चलते आई बाढ़ से 20 लोगों की मौत हो चुकी है। शहर के कई हिस्सों में तीन दिन से बिजली और इंटरनेट बंद है। इस बीच CM एमके स्टालिन ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर 561.29 करोड़ रुपए की मदद मांगी थी।

MP में दिग्विजय ने बरैया को मुंह काला करने से रोका, सिर्फ काला टीका लगाया

दिग्विजय सिंह ने नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया को काला टीका लगाकर उनका वचन पूरा कराया।

MP की राजधानी भोपाल में हाई पॉलिटिकल ड्रामा देखने को मिला। नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया अपना मुंह काला करने के लिए राजभवन के लिए निकले। पूर्व CM दिग्विजय सिंह ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया और मुंह काला नहीं करने दिया। दिग्विजय सिंह ने बरैया को काला टीका लगाकर उनका वचन पूरा कराया। बाद में बरैया ने EVM वाले पोस्टर्स पर काली स्याही पोत दी। उन्होंने कहा कि हम EVM का मुंह काला कर रहे हैं।

 फूल सिंह बरैया दतिया जिले की भांडेर सीट से विधायक का चुनाव जीते हैं। इलेक्शन से पहले उन्होंने दावा किया था कि अगर भाजपा की मध्यप्रदेश में 50 सीट भी आती हैं तो वे अपना मुंह काला करेंगे। विधानसभा चुनाव में भाजपा को 230 सीट में से 163 सीट मिली। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर बरैया को अपना वचन निभाने की नसीहत दी जा रही थी।

शोध में खुलासा: रबड़ प्लांट, कढ़ी पत्ता, बसूती, नीम के पौधे कम करेंगे क्षय रोग

पौधों को लगाने से न केवल वायु की गुणवत्ता में सुधार हुआ, बल्कि क्षय रोगियों फेफड़ों पर भी असर नजर आया है। इससे रोगियों की स्थिति छह महीने में ठीक हुई है। इसका खुलासा एक शोध में हुआ है।  रबड़ प्लांट, कढ़ी पत्ता, बसूती, नीम के पौधे क्षय रोगियों के लिए संजीवनी से कम नहीं हैं। पौधों को लगाने से न केवल वायु की गुणवत्ता में सुधार हुआ, बल्कि क्षय रोगियों फेफड़ों पर भी असर नजर आया है। इससे रोगियों की स्थिति छह महीने में ठीक हुई है। इसका खुलासा एक शोध में हुआ है।  शोध जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. एके सिंह ने किया है। शोध में पता चला है कि आबोहवा को ठीक करने के लिए कई स्पेशल पौधे सार्थक साबित हो रहे हैं और टीबी जैसी खतरनाक बीमारी को खत्म किया जा सकता है। देश-प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने के लिए दवाओं के साथ ही इन पौधे को रोपकर भी ठीक किया जा सकता है। इससे मरीज जल्दी स्वस्थ हो रहे है।

शोध के लिए 30 गांवों में क्षय रोगियों का आधारभूत ढांचा तैयार किया गया है। शोध के दौरान टीबी रोगी के घर, आसपास पौधे लगा छह माह बाद जांच की गई। शोध को पेरिस में भी सराहा गया है। साथ ही शोध को (अकादमी काॅन्फ्रेंस नेटवर्क) एएनसी में भी स्थान मिला है। शोध में खुलासा हुआ है कि यदि देश को टीबी मुक्त बनाना है तो कूड़ा-पराली को भी जलाना बंद करना होगा। एलपीजी का प्रयोग करना होगा ताकि फेफड़े ठीक रहें। शोध शुरू होने के छह माह बाद जांच स्पायरोमेट्री से की गई है, इसमें सही आंकड़े सामने आए।

घर में ये पौधे लगाना होगा फायदेमंद 
इंडोर पौधे जैसे एलोवेरा, स्पाइडर प्लांट, स्नेक प्लांट, बैंबू पाम, एरेका पाम, रेफीज पाम, चांदनी, चाइनीज सदाबहार, गोल्डन पोथोज, फिलोडेंड्रोन, रबड़ प्लांट, कढ़ी पत्ता, बसूती, रोजमेरी, गरब्राजड़ी, गुल्दाउदी, इंग्लिश आईवीवाई और पीसलीली हैं। आउटडोर प्लांट में जेट्रोपा, पीपल, बरगद, जामुन, कचनार, अमलतास, आंवला, नीम, चमेली और रात की रानी शामिल हैं।

ये पौधे लगाकर वायु की गुणवत्ता में लाएं सुधार 
क्षय रोग मुक्त देश और प्रदेश बनाने के लिए दवाओं के साथ-साथ इंडोर और आउटडोर पौधे सार्थक साबित होंगे। शोध के दौरान क्षय रोगी के घर में जांच की गई और बेहतर परिणाम सामने आए हैं। लोगों से आग्रह है कि पौधों को अपने घर के आसपास लगाकर वायु की गुणवत्ता में सुधार लाएं।  -डॉ. एके सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी (स्वास्थ्य) सोलन

पुतिन ने की PM मोदी की तारीफ, कहा- राष्ट्र हितों के खिलाफ फैसले लेने के लिए उन्हें मजबूर करना नमुमकिन

पुतिन ने कहा, मैं बाहर से सिर्फ यह देखता हूं कि क्या हो रहा है। ईमानदारी से कहूं, तो मैं कभी-कभी भारतीय लोगों के राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा पर मोदी के सख्त रुख से आश्चर्यचकित भी होता हूं। रशिया कॉलिंग फोरम कार्यक्रम में सवालों के जवाब देते हुए पुतिन ने यह बातें कहीं। 

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम नरेंद्र मोदी की फिर जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि भारत या भारतीय लोगों के हितों के खिलाफ कार्रवाई या निर्णय लेने के लिए मोदी को डराने, धमकाने या मजबूर कर सकने की मैं कल्पना भी नहीं कर सकता। हालांकि मैं जानता हूं कि उन पर ऐसा दबाव है। वैसे हम कभी इस बारे में बात नहीं करते हैं।

रूस-भारत के रिश्ते सभी दिशाओं में विकसित हो रहे हैं
पुतिन ने कहा, मैं बाहर से सिर्फ यह देखता हूं कि क्या हो रहा है। ईमानदारी से कहूं, तो मैं कभी-कभी भारतीय लोगों के राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा पर मोदी के सख्त रुख से आश्चर्यचकित भी होता हूं। रशिया कॉलिंग फोरम कार्यक्रम में सवालों के जवाब देते हुए पुतिन ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा, मैं कहना चाहता हूं कि रूस व भारत के रिश्ते सभी दिशाओं में विकसित हो रहे हैं। खास बात यह है कि इसकी मुख्य गारंटी पीएम मोदी की नीति ही है। पीएम मोदी भारत के हित में लगातार फैसले ले रहे हैं। 

तब मोदी को पुतिन ने बताया था बुद्धिमान
पुतिन ने इसी वर्ष 4 अक्तूबर को पूर्वी आर्थिक फोरम के 8वें सम्मेलन में मोदी और मेड इन इंडिया के प्रति उनके आग्रह की जमकर तारीफ की थी। उन्होंने कहा था, नरेंद्र मोदी एक बहुत बुद्धिमान व्यक्ति हैं। उनके नेतृत्व में भारत विकास के मामले में काफी प्रगति कर रहा है। उनके इस एजेंडे पर काम करना भारत और रूस दोनों के हित से पूरी तरह मेल खाता है।

रूस में 17 मार्च को राष्ट्रपति चुनाव
रूस में नए राष्ट्रपति के लिए अगले साल 17 मार्च को चुनाव होगा। माना जा रहा है कि पुतिन पांचवीं बार चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, पुतिन के सामने विपक्ष बेहद कमजोर है। लेकिन, रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच उन्हें चुनाव में नई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

महिला की हत्या कर शव जलाने के आरोपी समेत दो गिरफ्तार

हरपुर में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर शव जलाने के आरोपी पति पिंटू यादव और उसके भाई अनिल यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को बृहस्पतिवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, देवरिया के गौरीबाजार की मठिया निवासी सुभावती देवी ने केस दर्ज कराया था। उनका कहना है कि बेटी अनीता की शादी 7 जून 2022 को झंगहा क्षेत्र के हरपुर निवासी पिंटू यादव पुत्र परशुराम यादव के साथ हुई थी। शादी में दहेज में जो सामान तय हुए थे, वे सभी दिए गए। शादी के बाद से दामाद पिंटू बेटी को दहेज के लिए अक्सर पीटता था।
29 नवंबर को किसी माध्यम से सूचना मिला कि पिंटू यादव, अनिल, राहुल, निशा पुत्री परशुराम यादव, रजवंती पत्नी परशुराम यादव व परशुराम यादव पुत्र गोरई यादव ने बेटी को पीटकर उसकी हत्या कर शव को जंगल भुसवल गांव के समीप नदी के किनारे ले जाकर जला दिया है। पुलिस केस दर्ज कर तलाश में जुटी थी। बृहस्पतिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया गया।
………….
महिला की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। गगहा पुलिस ने महिला की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार को आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी की पहचान गगहा के ढरसी गांव निवासी सावित्री देवी के रूप में हुई है। एसओ गगहा आशीष सिंह ने बताया कि 15 अक्तूबर 2023 को विवाहिता की मां ने केस दर्ज कराया था। उनका कहना है कि दहेज के लिए ससुरालवालों ने बेटी की हत्या कर दी। उन्हें बिना सूचित किए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को जेल भिजवाया था। बृहस्पतिवार को तीसरे आरोपी पर कार्रवाई की गई। 

हाउस ऑफ हिमालयाज के नाम से पहचाने जाएंगे उत्तराखंड के सभी उत्पाद, पीएम मोदी आज करेंगे लांच

 फरवरी में धामी कैबिनेट ने एक निर्णय लिया था कि प्रदेश के सभी उत्पादों की क्वालिटी, मार्केटिंग व ब्रांडिंग के लिए समिति का गठन किया जाए। इस आधार पर एक समिति का गठन किया गया है। 

राज्य के सभी उत्पादों को अब एक नाम से पहचाना जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को वैश्विक निवेशक सम्मेलन के दौरान हाउस ऑफ हिमालयाज की लांचिंग करेंगे। अभी तक हिमाद्री, हिलांस, ग्राम्यश्री जैसे तमाम उत्पाद अलग-अलग नाम से बाजार में जाते हैं, लेकिन अब सभी हाउस ऑफ हिमालयाज के नाम से पहचाने जाएंगे।

दरअसल, फरवरी में धामी कैबिनेट ने एक निर्णय लिया था कि प्रदेश के सभी उत्पादों की क्वालिटी, मार्केटिंग व ब्रांडिंग के लिए समिति का गठन किया जाए। इस आधार पर एक समिति का गठन किया गया है। इस समिति ने हाउस ऑफ हिमालयाज नाम पर मुहर लगाई। इस नाम का रजिस्ट्रेशन करा दिया गया है। ट्रेडमार्क के लिए आवेदन भी कर दिया गया है।

सचिव ग्राम्य विकास राधिका झा ने बताया कि अब हाउस ऑफ हिमालयाज उत्तराखंड का ब्रांड होगा। हिमाद्री, हिलांस समेत तमाम समितियों, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को इसी ब्रांड नाम के साथ बाजार में उतारा जाएगा। इससे न केवल राष्ट्रीय, बल्कि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्पादों को बेहतर बाजार मिलेगा।

अपर सचिव ग्राम्य विकास नितिका खंडेलवाल ने बताया, हाउस ऑफ हिमालयाज उत्तराखंड का ब्रांड नाम हो गया है। जैसे टाटा या अन्य कंपनियों का एक नाम चलता है और विभिन्न उत्पाद बाजार में आते हैं। उसी तरह यह ब्रांड नाम चलेगा। उन्होंने कहा, सभी उत्पादों की अपनी पहचान के साथ हाउस ऑफ हिमालयाज का टैग उनके साथ रहेगा।

कहा, इससे उत्पाद निर्माताओं की कमाई में भी इजाफा होगा। बाहरी उपभोक्ताओं के सामने भी एक स्थापित पहचान बनेगी। उत्पादों को संबंधित विभागों से मदद पूर्व की भांति जारी रहेगी, लेकिन नाम एक ही रहेगा।

गाजा में संघर्ष के दौरान इस्राइली मंत्री के बेटे की मौत, नेतन्याहू ने शहीद को बताया बहादुर योद्धा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरी गाजा के गुरुवार को जबालिया शिविर में सैनिकों के पास एक सुरंग में बम विस्फोट हो गया था। इसी धमाके में इस्राइली मंत्री और पूर्व सेना प्रमुख गादी ईसेनकोट का बेटा मास्टर सार्जेंट गैल मीर ईसेनकोट (25) घायल हो गया। 

इस्राइल-हमास के बीच युद्ध विराम के बाद से लगातार जंग जारी है। युद्ध में अब तक 16 हजार से भी अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच इस्राइली डिफेंस फोर्स ने बताया कि युद्ध में केंद्रीय मंत्री के बेटे की भी मौत हो गई है। मंत्री का बेटा इस्राइली सेना में सार्जेंट के पद पर तैनात था, जो गुरुवार को उत्तरी गाजा में संघर्ष के दौरान मारा गया। एक रिपोर्ट के अनुसार, युद्ध की शुरुआत के बाद से अब तक कुल 89 इस्राइली सैनिकों की मौत हो चुकी है।

अस्पताल जाते वक्त तोड़ा दम
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरी गाजा के गुरुवार को जबालिया शिविर में सैनिकों के पास एक सुरंग में बम विस्फोट हो गया था। इसी धमाके में इस्राइली मंत्री और पूर्व सेना प्रमुख गादी ईसेनकोट का बेटा मास्टर सार्जेंट गैल मीर ईसेनकोट (25) घायल हो गया। उन्हें घायल हालत में तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन अस्पताल जाते वक्त उन्होंने दम तोड़ दिया। ईसेनकोट के साथ-साथ 6623वीं टोही बटालियन के मेजर जोनाथन डेविड डिच भी गाजा पट्टी में शहीद हो गए। इसके अलावा तीन सैनिक घायल भी हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। इस्राइली सांसदों और नेताओं ने ईसेनकोट के बेटे की मौत पर संवेदनाएं व्यक्त की है।

हम जीत तक लड़ते रहेंगे
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि गैल एक बहादुर योद्धा है और सच्चा नायक है। इस्राइली नेता बेनी गैंट्ज ने कहा कि हम दुखी है। गैल अब हमारे साथ नहीं हैं। जिस मिशन को पूरा करने में गैल ने जान गंवाई, उस मिशन को पूरा करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। इस्राइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने कहा हम जीत तक लड़ते रहेंगे। हमारे नायकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। वहीं, इस्राइली राष्ट्रपति हर्जोग ने कहा कि गैल बचपन से ही राष्ट्र के प्रति समर्पित थे। उन्हें देश प्रेम की शिक्षा दी गई थी। पूरे देश के साथ-साथ मैं शोक ग्रस्त परिजनों के साथ हूं। हम अपने लोगों और अपने प्यारे देशों की रक्षा के लिए तत्पर हैं। 

पेनकिलर Meftal के साइड इफेक्ट पर अलर्ट

इंडियन फार्माकोपिया कमिशन ने पेनकिलर दवा Meftal के साइड इफेक्ट पर नजर रखने को कहा है। आमतौर पर इसका इस्तेमाल बदन और दांत के दर्द, अर्थराइटिस, सूजन और बुखार में होता है। कमिशन ने कहा कि इस दवा के साइड इफेक्ट में DRESS सिंड्रोम जैसी गंभीर एलर्जी हो सकती है, जो शरीर के अंदरूनी अंगों को प्रभावित करती है।

ज्ञानवापी मस्जिद और विश्वेश्वर मंदिर विवाद में सुनवाई जारी

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गुरुवार को ज्ञानवापी मस्जिद और विश्वेश्वर मंदिर विवाद मामले में सुनवाई की। मस्जिद पक्ष ने जहां वाराणसी जिला अदालत में दाखिल घोषणात्मक सिविल वाद की पोषणीयता पर सवाल खड़े किए, वहीं हिंदू पक्ष की ओर से जवाब में कहा गया कि वक्फ बोर्ड का प्रावधान इस मामले में लागू नहीं होता है। दिनभर चली सुनवाई के बाद कोर्ट शुक्रवार को फिर इस मामले में सुनवाई करेगी।

निमोनिया के मामलों का चीन से लिंक नहीं: केंद्र

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली एम्स में माइकोप्लाज्मा निमोनिया के सात मामले आए, लेकिन इनका चीन में फैली बीमारी से कोई संबंध नहीं है। लंग्स स्पेशलिस्ट डॉक्टर अक्षय बुद्धराजा ने कहा कि माइकोप्लाज्मा निमोनिया नॉर्मल एंटीबायोटिक्स से ठीक हो जाता है। इसलिए पैनिक वाली कोई बात नहीं है।

बीजेपी संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “मैं चक्रवात (माइकांग) में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। बीजेपी के सभी कार्यकर्ता वहां लोगों की सेवा में लगे हुए हैं।”

भारत के पूर्व नौसैनिकों की सजा मामले में नरम पड़ा कतर! क्या पीएम मोदी की कूटनीति रंग ला रही?

कतर पूर्व भारतीय नौसैनिकों को दी गई मौत की सजा के मामले में नरम पड़ता दिख रहा है। उसने पूर्व भारतीय नौसैनिकों से मिलने के लिए भारत को दूसरी बार कॉन्सुलर एक्सेस दी है। 3 दिसंबर को कतर में भारतीय राजदूत ने इन पूर्व नौसैनिकों से मुलाकात की थी। इस बात की जानकारी भारतीय विदेश मंत्रालय ने दी है। भारतीय राजदूत को दूसरी कॉन्सुलर एक्सेस तब मिली, जब 1 दिसंबर को दुबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से मुलाकात हुई थी। माना जा रहा है कि भारत को मिली दूसरी कॉन्सुलर एक्सेस में पीएम मोदी और कतर के शासक की मुलाकात अहम कारक हो सकती है।

Exit mobile version