अग्नि आलोक

ताजा खबर: बिहार चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग आज,राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल सहित दिल्ली धमाके पर किसने क्या कहा

Share

बिहार में आज दूसरे चरण में 22 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग होगी. 3.70 करोड़ वोटर 122 सीटों पर 1302 उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे. दिल्ली ब्लास्ट की जांच शुरू हो गई है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अधिकारियों की बड़ी बैठक बुलाई है

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण की वोटिंग होगी. 3.70 करोड़ वोटर 122 सीटों पर 1302 उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे. इनमें नीतीश सरकार के कई मंत्री भी चुनाव मैदान में हैं. सुप्रीम कोर्ट उन याचिकाओं पर सुनवाई शुरू करेगा, जिनमें चुनाव आयोग के देशभर में वोटर लिस्ट की विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) के फैसले को चुनौती दी गई है. दिल्ली ब्लास्ट की जांच शुरू हो गई है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अधिकारियों की बड़ी बैठक बुलाई है. दिल्ली में धमाके के बाद से कई राज्यों में हाई अलर्ट है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल से भूटान की दो दिन की यात्रा पर रहेंगे. देश-दुनिया से जुड़े सभी बड़े अपडेट्स के लिए पेज पर बने रहें

भारत में अमेरिका के मनोनीत राजदूत सर्जियो गोर ने ली शपथ

भारत में अमेरिका के मनोनीत राजदूत सर्जियो गोर के शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता करते हुए, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, मैं सर्जियो पर भरोसा कर रहा हूं कि वह हमारे देश के सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय संबंधों में से एक को मजबूत करने में मदद करेंगे, और वह है भारत गणराज्य के साथ रणनीतिक साझेदारी. यह बहुत बड़ी बात है. भारत दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक का घर है, दुनिया का सबसे बड़ा देश है और इसकी आबादी 1.5 अरब से ज़्यादा है और प्रधानमंत्री मोदी के साथ हमारे शानदार संबंध हैं और सर्जियो ने इसे और भी बेहतर बनाया है क्योंकि वह पहले से ही प्रधानमंत्री के साथ मित्रवत हो गए हैं. यह सबसे तेज़ी से बढ़ने वाला मध्यम वर्ग भी है, और यह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण आर्थिक और रणनीतिक सुरक्षा साझेदार है. राजदूत के रूप में सर्जियो हमारे देश के बंधन को मजबूत करने, प्रमुख अमेरिकी उद्योगों और तकनीकों में निवेश को बढ़ावा देने, अमेरिकी ऊर्जा निर्यात बढ़ाने और हमारे सुरक्षा सहयोग का विस्तार करने के लिए काम करेंगे.

आतंकवादियों की नजर लंबे समय से दिल्ली पर थी: जीतन राम मांझी

दिल्ली के लाल किले के पास विस्फोट: केंद्रीय मंत्री और हम अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कहा, आतंकवादियों की नज़र लंबे समय से दिल्ली पर थी, उन्हें घुसपैठ की खबरें थीं. आज उन्हें कामयाबी मिल गई. एक साज़िश चल रही थी. ऑपरेशन सिंदूर के बाद आतंकवादी बदला लेना चाहते हैं.

दिल्ली ब्लास्ट के बाद ब्रिटेन ने भारत में यात्रा के लिए जारी किया ट्रैवेल एडवाइजरी

लाल किला मेट्रो स्टेशन पर हुए विस्फोट के बाद, ब्रिटेन ने भारत के विभिन्न हिस्सों की यात्रा के विरुद्ध यात्रा परामर्श जारी किया है. एफसीडीओ ने भारत-पाकिस्तान सीमा के 10 किमी के भीतर किसी भी यात्रा के विरुद्ध सलाह दी है. वाघा-अटारी सीमा क्रॉसिंग बंद कर दी गई है. एफसीडीओ ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर (पहलगाम, गुलमर्ग, सोनमर्ग, श्रीनगर शहर और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित) की सभी यात्राओं के विरुद्ध सलाह दी है, सिवाय इसके कि: जम्मू शहर से हवाई यात्रा और जम्मू शहर के भीतर यात्रा.

एफसीडीओ ने राजधानी इंफाल सहित मणिपुर राज्य की सभी आवश्यक यात्राओं के अलावा अन्य यात्राओं के विरुद्ध सलाह दी है. 2023 में भड़की हिंसक जातीय झड़पों के बाद मणिपुर के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू और प्रतिबंध जारी हैं. मई से जुलाई 2025 तक रुक-रुक कर हिंसा जारी है

भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने दिल्ली ब्लास्ट पर जताया दुख

भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ओएएम ने पोस्ट किया, दिल्ली के लालकिले के पास हुई घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है. हमारी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं..

दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के व्यस्त इलाके के पास खड़ी एक कार में सोमवार शाम एक भयानक विस्फोट हुआ। रिपोर्ट्स दावा किया जा रहा है कि 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल हैं, जिन्हें एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। इसके साथ ही देश के अन्य बड़े शहर भी हाई अलर्ट पर हैं, जबकि बिहार में विधानसभा के दूसरे चरण का मतदान एक दिन बाद यानी मंगलवार को होना है।

गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली पुलिस और इंटेलिजेंस ब्यूरो के संपर्क में हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी स्थिति की जानकारी दे रहे हैं। इस बीच इस हृदय विदारक घटना पर देश के नेताओं ने दुख वक्त किया है, जिसमें विपक्ष के नेता राहुल गांधी, बंगाल की सीएम सहित कई बड़े नाम हैं।।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक्स पर दुख जताते हुए लिखा- दिल्ली में हुए धमाके में कई लोगों की मृत्यु एवं कई के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लिखा- नई दिल्ली में हुए दुखद विस्फोट के बारे में सुनकर मुझे गहरा सदमा लगा है। मेरी संवेदना उन परिवारों के साथ है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और मैं सभी घायलों के लिए शक्ति और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लिखा- दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की ख़बर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। इस दुखद हादसे में कई निर्दोष लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुख की घड़ी में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा हूं और उनको अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने लिखा- लाल किले के पास हुए धमाके की खबर बेहद चिंताजनक है। बताया जा रहा है कि इसमें कुछ लोगों की जान भी गई है, ये बेहद दुखद है। पुलिस और सरकार को तुरंत इसकी जांच करनी चाहिए कि ये धमाका कैसे हुआ और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है। दिल्ली की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

आप नेता संजय सिंह ने लिखा- ऐसी घटिया हरकत पाकिस्तान ही कर सकता है। मोदी ने सीजफ़ायर करके पाकिस्तानी दरिंदों का मनोबल बढ़ा दिया। जिन आतंकियों ने हमारे निर्दोष नागरिकों की जान ली है, उनको भी मौत के घाट उतारो। लाल क़िले पर हमला हमारे गौरव के प्रतीक पर हमला है। देश मोदी के हाथों सुरक्षित नहीं। ईश्वर मृतकों की पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करे।


कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर लिखा- दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि इस घटना में कई अनमोल जानें गई हैं। इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं, और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। सरकार को इस विस्फोट की शीघ्र और गहन जांच सुनिश्चित करनी चाहिए, जो एक उच्च सुरक्षा और अक्सर भीड़-भाड़ वाली जगह पर हुआ है, ताकि इस चूक और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जा सके।

Exit mobile version