Site icon अग्नि आलोक

ताजा समाचार:लद्दाख में भारतीय सेना के 9 जवानों की मौत ,राहुल गांधी बाइक से पैंगोंग पहुंचे:राजस्थान में जन-आधार कार्ड में शेर-पांडा के फोटो; चंद्रयान-3 अब चांद से 25 किमी दूर

Share

लद्दाख में बड़ा हादसा हुआ है। क्यारी शहर से 7 किमी दूर एक सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के 9 जवानों की जान चली गई। कई अन्य घायल हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा राज्य में भारी बारिश और बाढ़ से हुई तबाही का जायजा लेने के लिए 20 अगस्त को हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे। उद्योगपति रतन टाटा को उनके आवास पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और देवेंद्र फड़नवीस द्वारा उद्योग रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उधर बिहार के अररिया में पत्रकार की हत्या के मामले में 8 लोगों को आरोपी बनाया गया है। 4 आरोपियों विपिन यादव, भावेश यादव, आशीष यादव और उमेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। 2 आरोपी रूपेश यादव और क्रांति यादव अररिया जेल में हैं और पुलिस उन्हें रिमांड पर ले रही है। 

आज के प्रमुख इवेंट्स

  1. भाजपा के गुजरात, बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के विधायक मध्य प्रदेश के अलग- अलग विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
  2. भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल प्रदेश जाएंगे। यहां बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड से हुए नुकसान का जायजा लेंगे।
  3. भारत-आयरलैंड के बीच आज 3 मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। भारत सीरीज में 1-0 से आगे है।

राहुल बाइक से पैंगोंग पहुंचे; कहा- मेरे पिता कहते थे- ये दुनिया की सबसे खूबसूरत जगहों में शामिल

राहुल गांधी 25 अगस्त तक लद्दाख दौरे पर हैं। वे लेह से पैंगोंग त्सो लेक के लिए रवाना हुए। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, इनमें वे केटीएम 390 एडवेंचर की सवारी करते दिखे। राहुल ने लिखा- ‘पैंगोंग त्सो जाने के रास्ते में। मेरे पिता कहते थे, ये दुनिया की सबसे खूबसूरत जगहों में शामिल है।’

राहुल अपने पिता राजीव गांधी की 79वीं जन्मतिथि (20 अगस्त) के मौके पर यहां पहुंचे हैं। वे आज राजीव गांधी को पैंगोंग लेक पर श्रद्धांजलि देंगे। इस दिन को कांग्रेस सद्भावना दिवस के तौर पर मनाती है। लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद राहुल पहली बार यहां पहुंचे हैं।

राहुल गांधी बाइक से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख की यात्रा करना चाहते हैं। उनके पास KTM 90 बाइक है, लेकिन वो पड़ी है, क्योंकि सिक्योरिटी वाले चलाने नहीं देते। वे चिट्ठी लिखना शुरू कर देते हैं।

यह बातें राहुल ने 27 जून को दिल्ली के करोल बाग में बाइक मैकेनिकों से कही थीं। रविवार को इस बातचीत का वीडियो राहुल ने यू-ट्यूब पर शेयर किया।

12 मिनट के इस वीडियो में उनकी करोल बाग की पूरी विजिट है। इसमें वे मैकेनिकों के सवालों के जवाब देते दिखाई दे रहे हैं। एक मैकेनिक ने उनसे पूछा- आप शादी कब कर रहे हैं? तो राहुल ने मुस्कुराते हुए कहा, देखते हैं…।

राहुल ने बाइक का पार्ट हाथ में लिया है।

इसके बाद राहुल गांधी बुलेट एक्सेसरीज की दुकान पर गए। वहां पर उन्होंने करीब 40 मिनट बिताए।

राहुल गांधी ने चाय बिस्किट मंगाए। आर्मी वाली पेंट और बुलेट के बारे में जानकारी ली। वहीं, दुकान के मैकेनिक विक्की से पूछा कि शादी हुई? तो विक्की ने कहा कि आप करोगे तब कर लेंगे….। राहुल ने यहां गाड़ी की सर्विस के बारे में जानकारी ली।

राहुल ने कहा, मैं आप लोगों के काम को जानने आया था
राहुल ने बाइक की सर्विस भी की। इसके बाद मैकेनिक से बात करते हुए कहा कि जो मैकेनिक नहीं हैं, जो गाड़ी का काम नहीं करता, उसको ये नहीं मालूम होता कि गाड़ी को ठीक होने में क्या लगता है।

कितनी मुश्किल होती है, मैं बस वो ही समझना चाहता था। इसके साथ ही कांग्रेस नेता ने कहा कि जैसे आप लोगों के बिना ये नहीं चल सकती है।

मशीन के बारे में कर्मचारी से बात करते राहुल गांधी।

राहुल ने बाद में एक ट्वीट किया था। इसमें लिखा था- भारत जोड़ो का नया पड़ाव, करोल बाग की गलियां। जहां बाइकर्स मार्केट में, उमेद शाह, विक्की सेन और मनोज पासवान के साथ बाइक की सर्विसिंग की और मैकेनिक के काम को गहराई से समझा।

भारत के ऑटोमोबाइल उद्योग को मजबूत बनाने के लिए भारत के मैकेनिकों को सशक्त करने की जरूरत है।

राहुल गांधी से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें:

राहुल गांधी ने बाइक रिपेयरिंग करना सीखा, दिल्ली के एक गैरेज में काम किया, ऑटो पार्ट फिट करते हुए फोटो पोस्ट की

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के करोल बाग के एक गैरेज में पहुंचकर वहां के मैकेनिक्स के साथ काम किया। राहुल ने मंगलवार रात करीब 9.30 बजे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 6 फोटो पोस्ट करके इसकी जानकारी दी।

एक फोटो में राहुल के हाथ में टू व्हीलर का कोई पार्ट दिखाई दे रहा है। उनके सामने एक बाइक खुली हुई है। साथ में कुछ लोग बैठे दिखाई दे रहे हैं। वहीं एक अन्य फोटो में राहुल एक बाइक में स्क्रू ड्राइवर से पेच कसते दिखाई दे रहे हैं। वहीं एक फोटो में वे गैरेज कर्मी से मशीन की जानकारी ले रहे हैं। 

देखिए राहुल की बाइक ट्रिप की 10 तस्वीरें…

युवाओं के साथ संवाद किया, स्थानीय लोगों से मिले
राहुल ने दौरे के पहले दिन शुक्रवार को स्थानीय युवाओं के साथ एक संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। कांग्रेस नेता ने लेह में फुटबॉल मैच भी देखा। राहुल शुक्रवार को कारगिल मेमोरियल भी गए थे।

राहुल ने ये तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की।

राहुल बोले- RSS देश के सभी संस्थानों में अपने लोग भर रहा
राहुल ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) देश के सभी संस्थानों में अपने लोग भर रहा है। उन्होंने कहा कि RSS ही भाजपा की वैचारिक जनक है, वही सब कुछ चला रही है। देश को 1947 में आजादी मिली और ये आजादी बनी रहे ये सुनिश्चित करने के लिए संविधान है। संविधान लागू करने के लिए ऐसे संस्थानों को स्थापित करना चाहिए जो संविधान के विजन को सपोर्ट करते हों। भाजपा और RSS सभी संस्थानों में प्रमुख जगहों पर अपने लोगों को तैनात कर रहे हैं।

कारगिल हिल काउंसिल के चुनाव से पहले राहुल का लद्दाख दौरा
राहुल गांधी 17 अगस्त को दो दिन के दौरे पर लद्दाख गए थे। वे सुबह दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना हुए और दोपहर करीब 1 बजे यहां पहुंचे। लद्दाख में पार्टी कार्यकर्ताओं ने राहुल का स्वागत किया। 18 अगस्त को उनका दौरा 25 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया गया।

लद्दाख और कारगिल के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद राहुल पहली बार यहां पहुंचे हैं। कारगिल में अगले महीने हिल काउंसिल के चुनाव होने वाले हैं। राहुल का दौरा इस वजह से भी महत्वपूर्ण है। कारगिल हिल काउंसिल के चुनाव के लिए कांग्रेस ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन किया है। 

लेह एयरपोर्ट पर कांग्रेस की महिला समर्थकों से मिलते राहुल गांधी।

अब चंद्रयान-3 स्पेसक्राफ्ट चांद से सिर्फ 25 किमी दूर; अब 23 अगस्त को लैंडिंग की तैयारी
इसरो ने डीबूस्टिंग के जरिए चंद्रयान-3 की रफ्तार धीमी की है। अब ये ऐसी ऑर्बिट में आ गया है। जिसमें उसकी चांद से मिनिमम दूरी 25 KM और मैक्सिमम दूरी 134 KM है। सबसे कम दूरी से ही 23 अगस्त की शाम 5:45 बजे सॉफ्ट लैंडिंग की कोशिश होगी।

 अगर सब कुछ ठीक रहा तो चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सॉफ्ट-लैंडिंग करने वाला दुनिया का पहला स्पेसक्राफ्ट बन जाएगा। अगर समस्या आती है तो एक महीने बाद फिर कोशिश होगी क्योंकि चंद्रयान-3 को अगली सुबह का इंतजार करना होगा, जो वहां 28 दिन बाद होगी।

चंद्रयान-3 का दूसरा और फाइनल डीबूस्टिंग ऑपरेशन रविवार सुबह 1 बजकर 50 मिनट पर पूरा हुआ। इस ऑपरेशन के बाद लैंडर की चंद्रमा से न्यूनतम दूरी 25 किमी और अधिकतम दूरी 134 किलोमीटर रह गई है। डीबूस्टिंग में स्पेसक्राफ्ट की स्पीड को धीमा किया जाता है।

इसरो ने ट्वीट कर बताया कि अब लैंडर की इंटरनल जांच होंगी और सूरज के उगने तक वह लैंडिंग साइट पर इंतजार करेगा। यहीं से ही 23 अगस्त को शाम 5:45 बजे सॉफ्ट लैंडिंग की कोशिश की जाएगी।

अगर उस दौरान लैंडिंग में समस्या आती है तो एक महीने बाद फिर कोशिश करनी होगी क्योंकि चंद्रयान-3 को अगली सुबह का इंतजार करना होगा, जो वहां 28 दिन बाद होगी।

लैंडर ने चंद्रमा की तस्वीरें खींची
इससे पहले 17 अगस्त को चंद्रयान-3 के प्रोपल्शन मॉड्यूल को लैंडर-रोवर से अलग किया गया था। सेपरेशन के बाद लैंडर ने प्रोपल्शन मॉड्यूल से कहा- ‘थैक्स फॉर द राइड मेट।’ इस दौरान लैंडर पर लगे कैमरे ने प्रोपल्शन मॉड्यूल की फोटो के साथ चंद्रमा की भी तस्वीरें खींचीं।

4 जरूरी सवालों के जवाब…

5 अगस्त को चंद्रमा की कक्षा में पहुंचा था यान
22 दिन के सफर के बाद चंद्रयान 5 अगस्त को शाम करीब 7:15 बजे चंद्रमा की कक्षा में पहुंचा था। तब उसकी स्पीड कम की गई थी, ताकि यान चंद्रमा की ग्रैविटी में कैप्चर हो सके। स्पीड कम करने के लिए इसरो वैज्ञानिकों ने यान के फेस को पलटकर थ्रस्टर 1,835 सेकेंड यानी करीब आधे घंटे के लिए फायर किए। ये फायरिंग शाम 7:12 बजे शुरू की गई थी।

चंद्रयान ने चांद की तस्वीरें कैप्चर कीं
चंद्रयान ने जब पहली बार चंद्रमा की कक्षा में एंट्री की थी तो उसकी ऑर्बिट 164 Km x 18,074 Km थी। ऑर्बिट में प्रवेश करते समय उसके ऑनबोर्ड कैमरों ने चांद की तस्वीरें भी कैप्चर की थीं। इसरो ने अपनी वेबसाइट पर इसका एक वीडियो बनाकर शेयर किया।

इसरो ने चंद्रयान पर लगे कैमरों से ली गई तस्वीरों का एक वीडियो बनाकर शेयर किया था। इन तस्वीरों में चंद्रमा के क्रेटर्स साफ-साफ दिख रहे हैं।

मैं चंद्रयान-3 हूं… मुझे चांद की ग्रैविटी महसूस हो रही है
मिशन की जानकारी देते हुए इसरो ने X पोस्ट में चंद्रयान के भेजे मैसेज को लिखा था, ‘मैं चंद्रयान-3 हूं… मुझे चांद की ग्रैविटी महसूस हो रही है।’ इसरो ने यह भी बताया था कि चंद्रयान-3 सफलतापूर्वक चंद्रमा की कक्षा में स्थापित हो गया है।’ 23 अगस्त को लैंडिंग से पहले चंद्रयान को कुल 4 बार अपनी ऑर्बिट कम करनी है। वो रविवार को एक बार ऑर्बिट कम कर चुका है।

थ्रस्टर तब फायर किए जब ऑर्बिट में चंद्रमा के सबसे करीब था चंद्रयान
इसरो ने बताया था कि पेरिल्यून में रेट्रो-बर्निंग का कमांड मिशन ऑपरेशंस कॉम्प्लेक्स (MOX), ISTRAC, बेंगलुरु से दिया गया था।

अब तक का चंद्रयान-3 का सफर…
इस मिशन को तीन हिस्सों में बांटा जा सकता है:

1. पृथ्वी से उसकी कक्षा तक का सफर

2. पृथ्वी की कक्षा से चंद्रमा की कक्षा का सफर

3. चंद्रमा की कक्षा से लैंडिंग तक का सफर


राजस्थान में फर्जीवाड़ा, जन-आधार कार्ड में शेर-पांडा के फोटो, भालू को परिवार का सदस्य बताया

परिवार के 4 के अलावा जो 16 सदस्य जोड़े गए हैं, उनके फोटो की जगह 6 गुलाब के फूल, 4 शेर और 6 पांडा के फोटो अपलोड किए गए हैं। फर्जी नामों में भालू नाम भी शामिल है।

राजस्थान के झुंझुनूं में जन-आधार कार्ड में फर्जीवाड़ा सामने आया है। कल्पना नाम की महिला के परिवार में 4 लोग हैं। लेकिन उनके जन-आधार कार्ड में 16 फर्जी नाम जोड़ दिए गए और फोटो की जगह पर गुलाब के फूल, शेर और पांडा के फोटो अपलोड किए गए हैं। महिला ने अफसरों से कार्ड में करेक्शन की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि फर्जीवाड़ा होने से उसे जन आधार का लाभ नहीं मिल रहा है।

 जन आधार कार्ड का इस्तेमाल राजस्थान सरकार की अधिकतर सरकारी योजनाओं में होता है। फिलहाल राज्य में करीब 1 करोड़ 90 लाख परिवारों के पास ये कार्ड है, जिसमें 7 करोड़ 38 लाख से ज्यादा परिवार रजिस्टर्ड है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि सरकार की स्कीम्स का फायदा उठाने के लिए ऐसी ढेरों हेरफेर हुई होंगी।

मामला जिले की मलसीसर तहसील के आनंदपुरा गांव का है।

आनंदपुरा गांव निवासी कल्पना (45) पत्नी सुरेंद्र कुमार ने 18 अगस्त (शुक्रवार) को जिला कलेक्टर के नाम प्रार्थना पत्र देकर उसके जन-आधार कार्ड में करेक्शन की गुहार लगाई है। कल्पना के परिवार में 4 लोग हैं। खुद कल्पना, पति सुरेंद्र, बेटा अक्षय और बेटी अंकिता।

कल्पना ने शुक्रवार को जिला सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग, झुंझुनूं के संयुक्त निदेशक घनश्याम गोयल को प्रार्थना पत्र देकर जन-आधार ठीक करवाने की मांग की है।

4 सदस्यों का परिवार, 16 फर्जी नाम
कल्पना के जन-आधार में 16 अतिरिक्त नाम जुड़े हुए हैं। यहां तक कि एक सदस्य का नाम भालू है। इसमें पांडा का फोटो दिख रहा है। इन फर्जी नामों के फोटो के रूप में 4 शेर, 6 पांडा और 6 गुलाब के फूल दर्शाए गए हैं।

कल्पना का कहना है कि उसे इन अतिरिक्त नामों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। न ही उसका या उसके परिवार का इन नामों से कोई सरोकार है। कल्पना ने अपने प्रार्थना पत्र में लिखा कि यह फर्जीवाड़ा होने से उसे और उसके परिवार को जन-आधार के लाभ भी नहीं मिल रहे हैं।

परिवार के 4 मेंबर के अलावा जो 16 सदस्य जोड़े गए हैं, उनके फोटो के स्थान पर 6 गुलाब के फूल, 4 शेर और 6 पांडा के फोटो अपलोड किए गए हैं।

उसने जन-आधार में गलत विवरण दर्ज करने पर आपत्ति जताई है और इस मामले की जांच की मांग की है।

फर्जीवाड़े की हद यह है कि जो 16 फर्जी नाम जोड़ दिए गए हैं उनमें भालू समेत 15 लोगों के पीपीओ नंबर भी जारी कर दिए गए हैं, ताकि इन सभी की पेंशन शुरू हो सके।

सरकारी स्कीम में पेंशन पाने के लिए जन-आधार में सदस्यों के पीपीओ नंबर जोड़े जाते हैं। कल्पना के जन-आधार में जोड़े गए 15 पीपीओ नंबर्स में से 14 के डेटा उदयपुर जिले के कोटरा गांव से उठाए गए हैं जबकि एक प्रतापगढ़ के धरियावद से लिया गया है। दो-तीन मेंबर का सत्यापन तक 8 अगस्त के बाद हो चुका है।

कल्पना के परिवार के 4 सदस्य, बाकी 16 फर्जी सदस्यों की लिस्ट। इनमें एक सदस्य का नाम भालू है।

कल्पना को बनाया कल्पना का बेटा
कल्पना को कल्पना का बेटा बना दिया गया है। इसके अलावा भगवती देवी, मोहरी देवी, सुरेश चंद्र, अमर सिंह, विमला, कल्पना अंकिता, कल्पना, अक्षय जैसे नामों को परिवार का सदस्य दिखाकर खतिपुरा, आधार, कमल, हंसराज, भालू, सक आदि को भाई बना दिया गया है। रशीम, किट्‌टू, रामजीलाल, कृष्ण को बहन बना दिया गया है।

एक महिला के नाम के साथ गुलाब का फोटो लगाकर एक फर्जी नाम जोड़ दिया गया है।

कल्पना के जन-आधार कार्ड में पति और दो बच्चों के फोटो ठीक हैं, लेकिन कल्पना के फोटो के स्थान पर गुलाब का फोटो अपलोड कर दिया गया है।

एक जन-आधार कार्ड में 15 फर्जी आधार नंबर जोड़े गए हैं। सवाल यह उठता है कि यह सिर्फ एक जन-आधार का मामला है या फिर ऐसे न जाने कितने फर्जी कार्ड बनाकर कितने लोगों को पेंशन के लिए पात्र बना दिया गया है। ऐसे में सरकार की कई स्कीम्स का फायदा उठाने के लिए इस तरह का गोलमाल किए जाने का अंदेशा है।

बड़ा सवाल- बिना जांच कैसे जारी कर दिया जन-आधार
सबसे बड़ा सवाल यह है कि संबंधित अधिकारियों ने बिना जांच किए ही फूल के फोटो वाले जन-आधार कार्ड को जारी कैसे कर दिया। जन-आधार कार्ड में नाम जोड़ने या फिर करेक्शन होने के बाद तीन स्तर की जांच की जाती है।

फर्जीवाड़े की हद यह है कि 15 सदस्यों के पीपीओ नंबर भी जारी कर दिए गए हैं। यानी ये फर्जी 15 लोग पेंशन के भी हकदार हैं।

इस जांच में जानकारी सही पाए जाने के बाद ही कार्ड लाभार्थी को जारी किया जाता है। लेकिन, तीनों ही स्तर पर बिना चेक किए जन-आधार कार्ड जारी कर दिया गया। ये सभी फर्जी नाम 8 अगस्त 2023 को जोड़े गए हैं।

फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद इस जन-आधार कार्ड को रद्द कर दिया गया है। अधिकारी जांच में जुटे हुए हैं।

ऐसे खुला फर्जीवाड़ा
झुंझुनूं के हरिपुरा गांव के पटवारी ने फसल के मुआवजे को लेकर आनंदपुरा गांव की कल्पना को फोन किया था। कल्पना किसान परिवार से आती है। जन-आधार में परिवार की मुखिया होने के नाते फसल मुआवजे के लिए उसे दस्तावेज लेकर बुलाया गया था।

आनंदपुरा गांव निवासी महिला मुखिया कल्पना के इसी जन-आधार में परिवार विवरण में 4 सदस्य दिखाए हैं।

कल्पना और उसका परिवार दस्तावेज लेकर ग्राम पंचायत हरिपुरा पहुंचा तो ग्राम सेवक ने दस्तावेज चेक किए। इस दौरान जन-आधार कार्ड में 4 के स्थान पर 20 सदस्य मिले। इनमें 16 नाम फर्जी थे। ग्राम सेवक ने प्रथम स्तरीय जांच पर ही कार्ड को निरस्त कर दिया। अगर पटवारी ने मुआवजे के लिए दस्तावेज नहीं मंगवाए होते तो मामला सामने नहीं आता।

अधिकारी बोले- नागरिक की SSO आईडी से नाम जोड़े, जांच करेंगे
जिला सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग, झुंझुनूं के संयुक्त निदेशक घनश्याम गोयल ने कहा- यह मामला आज ही मेरे संज्ञान में आया है। कल्पना नाम की महिला मुखिया के जन-आधार कार्ड में नागरिक की एसएसओ आईडी से कुछ मेंबर्स को जोड़ने की गलत कोशिश की गई है।

यह किस एसएसओ आईडी से किया गया है, इसकी जांच के लिए मामला जयपुर भेजा गया है। जल्द ही यह पता चल जाएगा कि किस एसएसओ आईडी से यह फर्जीवाड़ा किया गया है। यह आईपीसी की धारा 420 का मामला बनता है। जो भी प्रावधान हैं, उनके अनुसार कार्रवाई करेंगे।

फिलहाल, पीपीओ नंबर किस मकसद से जोड़े गए, किसने जोड़े, इनके आधार नंबर कहां से हासिल हुए, जोडे़ गए सदस्य जिंदा हैं या मृत, जन-आधार में नाम जोड़ने का प्रोसेस क्या रहा, यह सब जांच का विषय है। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक ने जांच के लिए मामला जयपुर भेज दिया है।

प्रेग्नेंट रेप विक्टिम केस में गुजरात हाईकोर्ट को फटकार; SC ने कहा- 12 दिन बाद तारीख क्यों दी
28 हफ्ते की प्रेग्नेंट रेप विक्टिम के अबॉर्शन को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। अदालत ने गुजरात हाईकोर्ट को फटकार लगाते हुए कहा कि सुनवाई की तारीख 12 दिन बाद क्यों दी गई। ऐसे मामलों में हर एक दिन अहम होता है। दरअसल, हाईकोर्ट ने 11 अगस्त को केस की तत्काल सुनवाई ना करते हुए 23 अगस्त की तारीख दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने पीड़ित का फिर से मेडिकल कराने का आदेश दिया है। मामले में अगली सुनवाई 21 अगस्त को होगी।

 शनिवार को छुट्टी के बावजूद जस्टिस बी.वी. नागरत्ना और जस्टिस उज्जल भुइयां की स्पेशल बेंच ने इस मामले पर अर्जेंट सुनवाई की। पीड़ित इस वक्त 28 हफ्ते की प्रेग्नेंट है। हाईकोर्ट में केस दायर करते समय वह 26 हफ्ते की प्रेग्नेंट थी। मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (MTP) एक्ट के तहत, किसी भी शादीशुदा, रेप विक्टिम या नाबालिग को 24 हफ्ते तक की प्रेग्नेंसी अबॉर्ट करने की इजाजत है।

गुजरात में 25 साल की रेप विक्टिम की 28 हफ्ते की प्रेग्नेंसी के अबॉर्शन को लेकर सुप्रीम कोर्ट में आज यानी 19 अगस्त को सुनवाई हुई। शनिवार की छुट्टी के बावजूद जस्टिस बी.वी. नागरत्ना और जस्टिस उज्जल भुइयां की स्पेशल बेंच ने इस मामले पर अर्जेंट सुनवाई की।

दरअसल, गुजरात हाईकोर्ट ने पीड़ित महिला की अबॉर्शन वाली याचिका 17 अगस्त को खारिज कर दी थी। हालांकि, ऑर्डर की कॉपी जारी नहीं की। इसके बाद याचिकाकर्ता सुप्रीम कोर्ट पहुंची। 19 अगस्त को सुनवाई करते हुए जस्टिस नागरत्ना ने गुजरात हाईकोर्ट को फटकार लगाई। कहा कि ऐसे मामलों में जब एक-एक दिन अहम होता है तो सुनवाई की तारीख क्यों टाली गई? दरअसल, हाईकोर्ट ने 11 अगस्त को इस केस की तत्काल सुनवाई ना करते हुए अगली तारीख 12 दिन बाद दी थी। सुप्रीम कोर्ट में अब मामले की अगली सुनवाई सोमवार (21 अगस्त) को होगी।

कोर्ट रूम LIVE
सुप्रीम कोर्ट में शनिवार को पीड़ित महिला की तरफ से वकील शशांक सिंह वहीं दूसरे पक्ष की वकील स्वाति घिल्डियाल कोर्ट रूम में मौजूद रहीं। अब पढ़िए कोर्ट में किस वकील ने क्या दलील दी….

याचिकाकर्ता के वकील – पीड़ित इस वक्त 28 हफ्ते की प्रेग्नेंट है। हाईकोर्ट में केस दायर करते समय वह 26 हफ्ते की प्रेग्नेंट थी। हमने 7 अगस्त को हाईकोर्ट को अप्रोच किया था। इसके अगले दिन यानी 8 अगस्त को हमारे मैटर पर सुनवाई हुई। इसी दिन कोर्ट ने केस को मेडिकल बोर्ड को रैफर किया। कोर्ट ने प्रेग्नेंसी का स्टेटस बताने को कहा था। 10 अगस्त को मेडिकल कॉलेज ने कोर्ट में रिपोर्ट सबमिट की। कोर्ट ने 11 अगस्त को हमारी याचिका मंजूर की। फिर 17 अगस्त को बिना कारण बताए केस स्टेटस रिजेक्ट दिखाया गया। तब तक एक हफ्ता और बीत गया।

जस्टिस नागरत्ना: कोई भी अदालत ऐसा कैसे कर सकती है। सुनवाई की तारीख 12 दिन बाद रखने में कितना कीमती समय बर्बाद हुआ और अभी तक 17 अगस्त को जारी ऑर्डर की कॉपी अपलोड नहीं की गई। हम सुप्रीम कोर्ट के सेक्रेटरी को गुजरात हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल से पूछताछ करने का निर्देश देते हैं।

जस्टिस नागरत्ना: ऑर्डर की कॉपी सामने होना बहुत जरूरी है। बिना उसे देखे कैसे फैसला लिया जा सकता है। 12 कीमती दिन पहले ही बर्बाद हो चुके हैं।

दूसरे पक्ष की वकील स्वाति घिल्डियाल: यस माई लॉर्ड, कृपया रिपोर्ट देखें, इसमें कहा गया है कि मेडिकली कोई नुकसान नहीं होगा।

जस्टिस नागरत्ना: ऐसे मामलों में तुरंत सुनवाई होनी चाहिए। ऐसा उदासीन रवैया नहीं हो सकता। हमें ये कमेंट करते हुए खेद है। अब हम इसे सोमवार को सुनेंगे।

याचिकाकर्ता के वकील – कृपया नई रिपोर्ट मांगें।

जस्टिस नागरत्ना: याचिकाकर्ता का कहना है कि पीड़ित 27 सप्ताह और 2 दिन की गर्भवती है और जल्द ही 28 हफ्ते के करीब पहुंच जाएगी।

जस्टिस नागरत्ना: चूंकि बहुमूल्य समय नष्ट हो गया है, इसलिए मेडिकल बोर्ड से नई रिपोर्ट मांगी जा रही है। हम याचिकाकर्ता को एक बार फिर से एग्जामिन करने का निर्देश देते हैं। नई स्टेटस रिपोर्ट कल शाम (20 अगस्त) तक इस अदालत को सौंपी जाए। इसे सोमवार (21 अगस्त) को कोर्ट के सामने रखा जाएगा।

जानिए क्या है मामला और हाईकोर्ट में क्या हुआ
याचिकाकर्ता के वकील ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि 7 अगस्त को हाईकोर्ट में अबॉर्शन को लेकर एक याचिका दायर की गई थी। अदालत ने 8 अगस्त को मामले की सुनवाई की। उसी तारीख को गर्भावस्था की स्थिति का पता लगाने के लिए एक मेडिकल बोर्ड गठित करने का निर्देश पारित किया गया था। 10 अगस्त को बोर्ड की रिपोर्ट सौंपी गई। 11 अगस्त को कोर्ट ने रिपोर्ट को रिकॉर्ड पर लिया और मामले को 23 अगस्त के लिए पोस्ट कर दिया।

लद्दाख में सड़क हादसा, 9 जवानों की मौत; क्यारी शहर के पास सेना का वाहन खाई में गिरा

जो वाहन खाई में गिरा उसमें 10 सैनिक सवार थे।

लद्दाख में सेना का एक वाहन खाई में गिर जाने से 9 जवानों की मौत हो गई। जबकि एक घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा दक्षिणी लद्दाख के न्योमा में क्यारी के पास हुआ। लेह पुलिस ने बताया कि सेना के पांच वाहनों का काफिला लेह से न्योमा की ओर जा रहा था। क्यारी के पास काफिले में शामिल एक वाहन के ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया।ये खबर अहम क्यों है: इससे पहले 29 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सेना की एंबुलेंस सड़क से फिसलकर 200 फीट गहरी खाई में गिर गई थी। इस हादसे में दो जवानों की मौत हो गई थी।

लद्दाख में शनिवार शाम 4:45 बजे सेना का एक वाहन खाई में गिर गया। इस हादसे में 9 जवानों की मौत हो गई। जबकि एक घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा दक्षिणी लद्दाख के न्योमा में क्यारी के पास हुआ।

लेह के SSP पीडी नित्या ने बताया कि सेना के पांच वाहनों का काफिला लेह से न्योमा की ओर जा रहा था। क्यारी के पास काफिले में शामिल एक वाहन के ड्राइवर ने गाड़ी पर कंट्रोल खो दिया। जिससे वाहन खाई में जा गिरा। इसमें 10 जवान सवार थे।

घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया। हादसे में 8 जवानों की मौत हो गई और 2 घायल हुए थे। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां इलाज के दौरान एक और जवान की मौत हो गई। दूसरे की हालत भी गंभीर बनी हुई है।

PM मोदी समेत कई नेताओं ने हादसे पर दुख जताया
प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल समेत कई नेताओं ने हादसे पर दुख जताया है।

पीएम मोदी ने लिखा कि हम शहीदों के योगदान को हमेशा याद रखेंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा- लद्दाख में लेह के पास एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम बहादुर जवानों के हमेशा एहसानमंद रहेंगे।

29 अप्रैल को राजौरी में सेना की एंबुलेंस खाई में गिरी थी

इस हादसे में जान गंवाने वाले जवानों में से एक बिहार और दूसरा राजौरी का ही रहने वाला था।

29 अप्रैल 2023 को जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सेना की एंबुलेंस सड़क से फिसलकर 200 फीट गहरी खाई में गिर गई थी। इस हादसे में दो जवानों की मौत हो गई थी। वहीं, 2 जवान घायल भी हुए थे। यह हादसा लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LOC) के पास केरी सेक्टर में हुआ था। हादसें में मरने वाले जवानों की पहचान बिहार के हवलदार सुधीर कुमार और राजौरी के परमवीर शर्मा के रूप में हुई थी।

सिक्कम में सेना का ट्रक खाई में गिरने से 16 जवानों की मौत हुई थी

हादसे में ट्रक के चीथड़े उड़ गए। उसके सारे पार्ट्स अलग हो गए थे।

पिछले साल दिसंबर में सिक्किम के जेमा में आर्मी का ट्रक खाई में गिर गया था। इसमें 16 जवानों की मौत हो गई। आर्मी ने बताया कि वाहन एक मोड़ पर फिसल गया और सीधे खाई में जा गिरा। इस वाहन के साथ आर्मी की दो वैन और थीं। तीनों वाहन सुबह चटन से थंगू के लिए निकले थे। सेना की रेस्क्यू टीम ने 4 घायल जवानों को एयरलिफ्ट करके अस्पताल में भर्ती कराया था। 

हिमाचल में तबाही के बाद 11 हजार लोगों ने घर छोड़ा; बारिश-लैंडस्लाइड से 9 हजार घरों में दरारें

हिमाचल प्रदेश के शिमला में लैंडस्लाइड के बाद निचले इलाकों में रहने वाले लोग अपना घर छोड़कर जा रहे हैं।

हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश और लैंडस्लाइड जारी है। हिमाचल में 9 हजार से अधिक घर तबाह हुए हैं। ऐसे में 11 हजार लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है, वहीं 330 लोगों की मौत हुई है। उत्तराखंड के तोताघाटी में लैंडस्लाइड की वजह से ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे बंद कर दिया गया है।

 हिमाचल में इस हफ्ते हुई तबाही में 70 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 7,500 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। राज्य के 8 जिलों में बारिश ने 100 सालों का रिकॉर्ड तोड़ा है। 12 में से 11 जिलों में 857 सड़कें बंद हैं। इस वजह से कई इलाकों में खाने-पीने के सामान की सप्लाई ठप है।

ही वजह है कि लोग अब घर छोड़कर जाने को मजबूर हैं। इनके घरों में दरारें आ गई हैं और नीचे की मिट्टी बह गई। किसी भी वक्त घर गिर सकता है। कुछ लोगों ने प्रदेश ही छोड़ दिया है।

वहीं राज्य में 12 में से 11 जिलों में 857 सड़कें बंद हैं। 4,285 ट्रांसफार्मर और 889 जल आपूर्ति योजनाएं रुकी हुई हैं। बारिश, बाढ़, फ्लैश फ्लड व जमीन धंसने से 10 हजार करोड़ रुपए से भी अधिक का नुकसान आंका गया है।

वहीं मौसम विभाग ने उत्तराखंड, UP, बिहार और मध्य प्रदेश सहित देश के 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। उधर, दिल्ली में भी शनिवार सुबह तेज बारिश हुई।

पंजाब के 7 जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। फिरोजपुर जिले में भारत-पाक सीमा पर स्थित चेक पोस्ट पूरी तरह पानी में डूब गई। यहां से 50 के करीब किसानों को निकाला गया है।

फिरोजपुर में आरजी पुल टूटने से 15 गांवों से संपर्क टूट गया है। वहीं 4 गांवों से 426 लोगों को बचाया गया है। फिरोजपुर के 50 गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं।

अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण लैंडस्लाइड से के कई जिलों का सड़क संपर्क टूट गया है। लोअर सियांग जिले के सिजी में अकाजान-लिकाबाली-आलो सड़क का एक हिस्सा लैंडस्लाइड के कारण बंद हो गया है। जिले के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि पिछले कुछ दिनों से कई वाहन फंसे हुए हैं। यह सड़क राज्य के लेपराडा, पश्चिमी सियांग, ऊपरी सियांग, सियांग, ऊपरी सुबनसिरी और शि-योमी जिलों को जोड़ती है।

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…

यहां भारी बारिश होगी: उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश।

यहां मध्यम बारिश होगी: उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, गुजरात, राजस्थान।

मानसून से जुड़ी तस्वीरें…

हिमाचल के शिमला में लैंडस्लाइड के बाद जारी रेस्क्यू का यह एरिअल व्यू शनिवार का है।

उत्तराखंड के तोताघाटी में शनिवार को लैंडस्लाइड के कारण NH-58 ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे बंद कर दिया गया है।

यह तस्वीर शनिवार सुबह की है। हरियाणा के गुरुग्राम में दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस वे पर पानी भर गया।

हिमाचल प्रदेश के शिमला में समरहिल में लगातार छठे दिन शनिवार को भी रेस्क्यू जारी है। शिव मंदिर हादसे में अब तक 16 शव निकाले गए।

यह तस्वीर दिल्ली के बदरपुर इलाके की शनिवार सुबह की है। शुक्रवार रात से बारिश में सुबह 8:30 तक 13 मिमी बारिश हुई।

देहरादून के लंघा रोड पर जाखन गांव में लैंडस्लाइड में राहत और बचाव अभियान जारी है। यह तस्वीर शनिवार सुबह की है।

मध्यप्रदेश मानसून अपडेट:तवा डैम में पानी बढ़ा; भोपाल-इंदौर समेत 28 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से जबलपुर, शहडोल, रीवा और सागर संभाग में दो दिन से बारिश हो रही है। यह सिस्टम पश्चिमी हिस्से भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में भी एक्टिव है। शनिवार को प्रदेश के 28 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है।

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव, कवर्धा और मुंगेली में भारी बारिश की चेतावनी, गरज-चमक के साथ पड़ेंगी बौछारें

रायपुर में शुक्रवार शाम से जमकर बारिश हुई, कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

छत्तीसगढ़ में फिर से मानसून एक्टिव हो गया है। मुंगेली, कबीरधाम और राजनांदगांव जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बाकी जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 

हिमाचल में फिर भारी बारिश का अलर्ट:21 से 23 अगस्त तक चेतावनी, 9 जिलों में बाढ़ का खतरा

हिमाचल प्रदेश के ही मंडी में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

मौसम विभाग केंद्र शिमला ने भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, 21 से 23 अगस्त तक चंबा, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, सोलन और सिरमौर जिले में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 9 जिलों में बाढ़ का खतरा है। 

हरियाणा में अगले चार दिन तेज बारिश का अलर्ट, सोनीपत, खरखौदा, रोहतक में होगी बारिश

हरियाणा में पिछले सात दिनों में महज 9.5 MM ही बारिश हुई है।

हरियाणा में आज फिर से बारिश के आसार बन गए हैं। अब 22 अगस्त तक बारिश होने की मौसम विभाग ने संभावना जताई है। गोहाना, गनौर, सोनीपत, खरखौदा, रोहतक, सांपला, बेरीखास, बहादुरगढ़ और मेहम को लेकर विभाग ने वॉर्निंग जारी की है। 

प्याज के एक्सपोर्ट पर सरकार ने 40% ड्यूटी लगाई; कीमतें काबू में रखने के लिए फैसला
केंद्र सरकार ने प्याज की कीमतों पर काबू रखने के लिए इस पर 40% एक्सपोर्ट ड्यूटी लगा दी है। ये फैसला 31 दिसंबर तक लागू रहेगा। इससे पहले प्याज को एक्सपोर्ट करने पर कोई ड्यूटी नहीं देनी होती थी। फिलहाल प्याज की कीमत 15-30 रुपए/ किलो है, जो सितंबर की शुरुआत में 60-70 रुपए तक पहुंच सकती है।

 सरकार इस कदम से देश में प्याज की उपलब्धता बनाए रखना चाहती है। ताकि अक्टूबर में नई खेप आने तक कीमतें कंट्रोल में रहे। एक हफ्ते के अंदर प्याज के दाम करीब 60% तक बढ़े हैं। भारत ने इस साल 1 अप्रैल से 4 अगस्त के बीच 9.75 लाख टन प्याज एक्सपोर्ट किया है। भारत से प्याज खरीद ने वाले टॉ-3 देशों में बांग्लादेश, मलेशिया और सयुंक्त अरब अमीरात हैं।

टमाटर के बाद अब प्याज के बढ़ते दामों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। देश में प्याज की कीमतों को काबू में रखने के लिए केंद्र सरकार ने एक्सपोर्ट पर 40% ड्यूटी लगा दी है।

अभी तक इसके एक्सपोर्ट पर कोई टैक्स नहीं वसूला जाता था। सरकार इस कदम से देश में प्याज की अवेलेबलिटी को बनाए रखना चाहती है और इससे कीमतें भी नियंत्रण में रहेंगी। वित्त मंत्रालय ने नोटिफिकेशन जारी कर बताया है कि प्याज पर एक्सपोर्ट ड्यूटी तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है, जो 31 दिसंबर तक रहेगी।

पिछले साल से 14 गुना महंगा हुआ प्याज
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्याज की कीमतें बढ़ना शुरू हो गई हैं, क्योंकि 10 अगस्त को इसका ऑल इंडिया रिटेल प्राइस ₹27.90/kg था, जो कि एक साल पहले इसी अवधि में ₹2/KG से थोड़ा ज्यादा था। यानी पिछले साल के मुकाबले प्याज 14 गुना महंगा हो चुका है।

सरकार के पास फिलहाल 3 लाख टन स्टॉक
सरकार ने आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राइस स्टैबलाइजेशन फंड (PSF) के तहत 3 लाख टन प्याज का स्टॉक बनाए रखा है, ताकि कम सप्लाई वाले मौसम के दौरान बढ़ती कीमतों को रोका जा सके।

इसके अलावा सरकार प्याज की कीमतों को बाजार में जारी करने के लिए कई विकल्प आजमा रही है, इसमें प्याज का ई-ऑक्शन, ई-कॉमर्स के साथ-साथ राज्यों के साथ मिलकर कंज्यूमर को-ऑपरेटिव रिटेल आउटलेट्स के जरिए प्याज को मार्केट में उतारा जा रहा है।

अगले माह दोगुने हो सकते हैं प्याज के भाव
क्रिसिल के मुताबिक, सप्लाई घटने से सितंबर की शुरुआत में प्याज 60-70 रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकता है। अभी यह 15-30 रुपए किलो बिक रहा है।

क्रिसिल का कहना है कि फरवरी में महाराष्ट्र जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों में रबी की फसल जल्दी पक गई। मार्च में इन इलाकों में बेमौसम बारिश से शेल्फ लाइफ 6 महीने से घटकर 4-5 महीने रह गई।

U-20 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में अंतिम का दूसरा गोल्ड; ऐसा करने वाली पहली भारतीय

अंतिम पंघाल (बाएं) ने फाइनल में यूक्रेन की मारिया को 4-0 से हराया।

अंतिम पंघाल ने अंडर 20 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में लगातार दूसरी बार गोल्ड जीता है। वे ऐसा करने वाली देश की पहली महिला पहलवान बन गई हैं। उन्होंने 53 किलो वेट कैटेगरी में यूक्रेन की मारिया येफ्रेमोवा को 4-0 से हराया।

अंतिम अब सीनियर स्तर पर भी खेलती हैं। वे अगले महीने चीन में होने वाले एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। विनेश फोगाट के चोटिल होने के बाद उन्हें टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का मौका मिला है।

अंतिम ने यूक्रेन की मारिया येफ्रेमोवा को 4-0 से हराया। पिछले साल वो अंडर 20 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी थीं। अंतिम अब सीनियर स्तर पर भी खेलती हैं।

सविता ने 62 किग्रा में गोल्ड जीता

सविता ने (दायें) 62 किग्रा के फाइनल में वेनेजुएला के ए पाओला को हराया।

चैंपियनशिप के एक अन्य मुकाबले में सविता ने 62 किग्रा में खिताब जीता। प्रिया मलिक ने गुरुवार को 76 किलोवर्ग में खिताब जीता था। 62 किग्रा के फाइनल में सविता ने वेनेजुएला की ए पाओला को हराया। अंडर 20 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप 2023 जॉर्डन के अम्मान इंटरनेशनल स्टेडियम में 14 से 20 अगस्त तक खेली जा रही है।

एशियन गेम्स 2023 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी अंतिम
एशियन गेम्स 2023 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी अंतिम अंतिम सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स में 53 किग्रा की कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। दरअसल, चोटिल विनेश फोगाट के नाम वापस लेने से उन्हें इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का मौका मिला है। दरअसल, विनेश रोहतक में ट्रेनिंग के दौरान चोटिल हो गई हैं। चीन के होंगजोऊ में 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक एशियन गेम्स होना हैं।

विनेश का किया था विरोध
इंडियन ओलिंपिक कमेटी की ओर से गठित एडहॉक कमेटी ने विमेंस के 53 किलो वेट में विनेश फोगाट को और मेंस के 65 किलो वेट में बजरंग पूनिया को डायरेक्ट एशियन गेम्स में भेजने का फैसला लिया है।

ओलिंपिक मेडलिस्ट बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट को एशियन गेम्स-2022 में डायरेक्ट एंट्री के विरोध में अंतिम पंघाल और सुजीत कलकल ने दिल्ली हाई कोर्ट में अपील की थी। हालांकि हाईकोर्ट ने उनकी अपील को खारिज कर दिया था।

इसके बाद विनेश और बजरंग के एशियन गेम्स में भाग लेने का रास्ता साफ हो गया था। लेकिन, विनेश चोटिल हो गईं और अब अंतिम एशियन गेम्स के 53 किग्रा वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

ट्रायल में अंतिम रही थी टॉप पर
एडहॉक कमेटी की ओर से 22 और 23 अगस्त को दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में एशियन गेम्स के लिए ट्रायल हुए थे। इसमें 53 किलो वेट कैटेगरी में अंतिम टॉप पर रही थीं।

स्पोर्ट्स की अन्य खबरें भी पढ़ें…

भारत ने आयरलैंड को पहले टी-20 में DLS से हराया:मैक्कार्थी की 8वें नंबर पर फिफ्टी, चोट से वापसी कर बुमराह ने लिए 2 विकेट

टीम इंडिया ने आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 2 रनों से जीत लिया है। टीम को DLS मैथड के तहत जीत मिली। डबलिन के द विलेज स्टेडियम में खेला गया मुकाबला भारतीय पारी के 6.5 ओवर में बारिश के कारण रोका गया। तब तक टीम इंडिया ने दो विकेट पर 47 रन बना लिए थे। ऋतुराज गायकवाड 19 और संजू सैमसन एक रन पर नाबाद लौटे। 

शिवसेना(यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, ”डर का माहौल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के दिल में है…महंगाई, बेरोजगारी, किसानों का दुख और महिलाओं पर अत्याचार में बढ़ोतरी हुई है। लाल किले से यह इनका आखिरी भाषण था। अगला प्रधानमंत्री I.N.D.I.A. गठबंधन से बनेंगे और देश को आगे ले जाएंगे।”

यूएई ने पाकिस्तान में चरमपंथियों द्वारा कई चर्चों और दर्जनों घरों को जलाने की कड़ी निंदा की है और साथ ही हुई हिंसा की भी निंदा की है: संयुक्त अरब अमीरात, विदेश मंत्रालय

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव ने कहा, “चुनाव करीब हैं, सभी राजनीतिक दल अपनी गतिविधियां बढ़ाएंगे। उनका (AAP) भी स्वागत है। सभी (मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी) यहां आएंगे। पहला लक्ष्य है कि हर लोकसभा सीट पर एक वरिष्ठ नेता की पब्लिक मीटिंग हो जाए

लद्दाख में बड़ा सड़क हादसा, खाई में गाड़ी गिरने से सेना के 9 जवानों की मौत

लद्दाख से बड़ी खबर है। यहां क्यारी शहर से 7 किमी दूर एक दुर्घटना में भारतीय सेना के 9 जवानों की जान चली गई। उनका वाहन खाई में गिर गया। घटना में कई अन्य घायल हैं। सैनिक कारू गैरीसन से लेह के पास क्यारी की ओर बढ़ रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। दुर्घटना में कई सैनिकों को चोटें भी आई हैं।

लद्दाख में लेह के पास एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम अपने राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएँ शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल कर्मियों को फील्ड अस्पताल ले जाया गया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

राजस्थान में कैसे होगी ‘रिपीट सरकार’! कांग्रेस की 3 सर्वे रिपोर्ट से उड़ी नींद, जानिए वजह

राजस्थान में विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ सियासी पारा चढ़ा हुआ है। कांग्रेस पूरे आत्मविश्वास के साथ लबरेज है कि इस बार वापस सरकार रिपीट होगी। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी की ओर से तीन सर्वे करवाए गए। इसके बाद जो खुलासे हुए वह चौंकाने वाले हैं। इन सर्वे ने कांग्रेस के कई नेताओं की पोल खोल दी है। तीनों सर्वे की रिपोर्ट कांग्रेस में बड़े बदलाव करने की जरुरत बता रही है। इस रिपोर्ट पर अगर नजर डाली जाए तो 200 विधानसभा सीटों में कांग्रेस पार्टी को प्रत्याशियों के चयन में काफी बड़ी संख्या में बदलाव करना होगा। इनमें गहलोत सरकार के पांच मंत्री और एक दर्जन से अधिक दिग्गज नेताओं के नाम भी शामिल हैं। वहीं इस रिपोर्ट के बाद संबंधित मंत्रियों और नेताओं की रात की नींद उड़ी हुई है।

Exit mobile version