Site icon अग्नि आलोक

ताजा समाचार:ज्ञानवापी की गुंबद में ASI को मिलीं कई डिजाइनें,पाकिस्तान में रेल हादसा, 30 लोगों की मौत,नूंह हिंसा में AAP नेता पर हत्या का आरोप; पाकिस्तान वर्ल्ड कप खेलने भारत आएगा

Share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूरे भारत में 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखी। पाकिस्तान में रविवार को शहजादपुर और नवाबशाह के बीच स्थित सहारा रेलवे स्टेशन के पास रावलपिंडी जाने वाली हजारा एक्सप्रेस के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे कम से कम 50 लोग घायल हो गए हैं। सोमवार को राज्यसभा में दिल्ली से जुड़ा विधेयक पेश किया जाएगा। राज्यसभा से पास होने के बाद यह कानून बन जाएगा। सीएम केजरीवाल सहित पूरा विपक्ष इसका शुरू से विरोध कर रहे हैं। उधर एडीजी एस.परमेश को नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में भारतीय तटरक्षक बल का अतिरिक्त महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वह पहले विशाखापत्तनम में कमांडर (पूर्वी समुद्री तट) का कार्यभार संभाल रहे थे। 

आज के प्रमुख इवेंट्स

  1. गृह मंत्री अमित शाह राज्यसभा में दिल्ली सर्विसेज बिल पेश करेंगे। ये बिल लोकसभा में 3 अगस्त को पास हो चुका है। इसके जरिए केंद्र सरकार उस अध्यादेश को कानून बनाना चाहती है, जिसमें दिल्ली में अफसरों की पोस्टिंग या ट्रांसफर का अधिकार राज्यपाल के पास होगा।
  2. मणिपुर हिंसा को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। अदालत ने राज्य के DGP को कोर्ट में हाजिर होकर हिंसा रोकने को लेकर उठाए गए कदमों की जानकारी देने को कहा है।
  3. सुप्रीम कोर्ट में उत्तराखंड के हल्द्वानी अतिक्रमण मामले की सुनवाई होगी। इससे पहले अदालत हाईकोर्ट के उस फैसले पर रोक लगा चुकी है, जिसमें रेलवे की 29 एकड़ जमीन पर बने अवैध अतिक्रमण को ढहाने को कहा गया था।

ज्ञानवापी में मंदिर शैली के 20 से ज्यादा आले मिले; ASI ने दीवारों की 3-डी फोटोग्राफी की

तीसरे दिन का सर्वे करने के बाद ज्ञानवापी से बाहर निकलती ASI की टीम।

ASI ने तीसरे दिन ज्ञानवापी के तीनों गुंबदों और परिसर का सर्वे किया। टीम को गुंबदों के सर्वे के दौरान गोलाकार छत में कई डिजाइन मिलीं। इनमें मंदिरों में दिखने वाले 20 से अधिक आले यानी दीवार में बनी अलमारी भी मिली हैं। आलों की संरचना और आसपास उभरे चिह्नों की 3-D मैपिंग की गई। वहीं मुस्लिम पक्ष का कहना है कि अगर अफवाह फैलाई गई कि मस्जिद में हिंदू धर्म के प्रतीक मिले हैं तो वे पूरे सर्वे का बहिष्कार करेंगे।

 पूरी ज्ञानवापी बिल्डिंग को एक बार में देखने के लिए सैटेलाइट के जरिए 3D मैपिंग की जा रही है। रविवार को सर्वे के दौरान ASI से 58 लोग, हिंदू पक्ष से 8 लोग और मुस्लिम पक्ष से 3 लोग मौजूद रहें। वहीं, वाराणसी कोर्ट ने आदेश दिया कि ASI को अपनी सर्वे रिपोर्ट 2 सितंबर तक सब्मिट करनी होगी।

ज्ञानवापी में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) का चौथे दिन का सर्वे पूरा हो गया। चौथे दिन ASI टीम को गुंबदों के सर्वे के दौरान गोलाकार छत में कई डिजाइनें मिली हैं। हॉल में ही तीनों गुंबद सीलिंग में टीम को कई डिजाइनें दिखीं। इनकी एक-एक करके फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई।

इस हॉल में अब तक मंदिरों में दिखने वाले 20 से अधिक आले (दीवार में बनी अलमारी, इसे पूर्वांचल में ताखे कहते हैं) भी दिखे हैं। आलों की संरचना और उनके आसपास उभरे चिह्नों की 3-D मैपिंग भी हुई। हिंदू पक्ष ने कहा कि हम आगे बढ़ रहे हैं। गुंबद के पूरे सर्वे में अभी समय लगेगा, मगर सीलिंग की डिजाइन ने हमारा उत्साह बढ़ा दिया है।

ASI ने रविवार सुबह सबसे पहले मुस्लिम पक्ष से चाबी लेकर व्यास तहखाने का ताला खुलवाया। सफाई करवाई और एग्जॉस्ट लगवाए। इसके बाद सर्वे शुरू किया।

ज्ञानवापी के सर्वे 4 अगस्त से जारी है। इससे पहले 24 जुलाई को सर्वे हुआ था। ASI उसे पहले दिन का सर्वे मान रही है। इस हिसाब से चार दिन का सर्वे हो चुका है।

ज्ञानवापी के तीनों गुंबदों और परिसर का सर्वे हुआ। ASI ने व्यास तहखाने में पैमाइश की। दीवारों की 3-डी फोटोग्राफी, स्कैनिंग करवाई। चार्ट में दीवारों पर मिली कलाकृतियों के पॉइंट्स नोट किए।

कानपुर आईआईटी के दो GPR एक्सपर्ट भी सर्वे टीम के साथ थे। बताया जा रहा है कि एक-दो दिन में GPR मशीन से सर्वे शुरू हो सकता है।

टीम ने 12.30 बजे लंच और नमाज के लिए ब्रेक लिया। 2.30 बजे से दोबारा सर्वे शुरू किया गया। इसके बाद शाम 5 बजे तक सर्वे का काम हुआ। मुस्लिम पक्ष ने जल्द ही मुख्य तहखाने की चाबी देने की बात कही है।

ज्ञानवापी के आसपास लोगों को बिना किसी काम के खड़ा नहीं होने दिया गया। सुरक्षा में तैनात जवान हर एक्टिविटी पर नजर रखे रहे।

मुस्लिम पक्ष बोला- ASI टीम पर दबाव बना रहा हिंदू पक्ष
अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी के संयुक्त सचिव एसएम यासीन ने दैनिक भास्कर से फोन पर कहा- ASI टीम पर दबाव बनाने के लिए हिंदू पक्ष के वादी बयानबाजी कर रहे हैं। प्रशासन को हिंदू पक्ष के वादियों की बयानबाजी पर नजर रखनी चाहिए। हिंदू पक्ष के वादियों के बयानों पर रोक न लगी तो कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेंगे।

ज्ञानवापी के आसपास फोर्स बढ़ा दी गई है।

2 सितंबर तक कोर्ट में सब्मिट करनी होगी रिपोर्ट
पूरी ज्ञानवापी बिल्डिंग को एक बार में देखने के लिए सैटेलाइट के जरिए 3D इमैजिनेशन तैयार किया जा रहा है। इसमें टीम दीवारों की 3D इमेजिंग, मैपिंग और स्क्रीनिंग भी करेगी। रविवार को ASI से 58 लोग, हिंदू पक्ष से 8 लोग और मुस्लिम पक्ष से 3 लोग मौजूद हैं। वहीं, जिला कोर्ट में शनिवार को सुनवाई हुई। अजय कुमार विश्वेश की अदालत ने आदेश दिया कि ASI को अपनी सर्वे रिपोर्ट 2 सितंबर तक सब्मिट करनी होगी।

हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने कहा- जांच लंबी चलेगी
हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने कहा, “शनिवार को पश्चिमी दीवार का अध्ययन किया गया। मैंने केंद्रीय गुंबद के नीचे एक खोखली जगह से आवाज आने को पॉइंट आउट किया। इसका सर्वे किया जा रहा है। केंद्रीय गुंबद के बगल का एक क्षेत्र जो ढंका है, उसका सर्वे किया जा रहा है। यह लंबा चलेगा।” जैन ने कहा था कि रविवार को व्यासजी का तहखाना खोला जाएगा। तहखाना साफ कर दिया गया है।

वहीं, हिंदू पक्ष की महिलाओं ने कहा कि हम मस्जिद के अंदर नहीं जा रहे, क्योंकि महिलाएं मस्जिद में नहीं जाती हैं। हमें उम्मीद है कि इस सर्वे से बहुत कुछ साफ हो जाएगा। यहां बहुत कुछ ऐसे चिह्न, मूर्ति हैं जो बता रहे कि यहां हिंदू मंदिर था।

सर्वे के लिए ज्ञानवापी जाती ASI टीम।

हिंदू पक्ष के वकील का दावा- मूर्तियों और मंदिर के अवशेष मिले
इसके पहले शनिवार को हिंदू पक्ष के वकील अनुपम द्विवेदी ने दावा किया था कि ज्ञानवापी की 3D इमेजिंग, सैटेलाइट से मैपिंग (फ्रेमिंग-स्कैनिंग) में मूर्तियों के कुछ टुकड़े मिले हैं। साथ ही प्राचीन मंदिर के भग्नावशेष हैं। एक-दो दिन के अंदर ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (जीपीआर) आने वाला है। इसके बाद सब कुछ साफ हो जाएगा। दीवारों पर मिली आकृति और टूटी मूर्तियों के समय का निर्धारण प्रतिमा शास्त्र के ग्रंथों से मिलान कर किया जाएगा।

अब GPR मशीन के सर्वे पर फोकस
सूत्रों ने बताया कि GPR सर्वे के लिए आईआईटी की एक्सपर्ट टीम पहुंच चुकी है। माना जा रहा है कि दो दिन बाद ज्ञानवापी परिसर में GPR मशीन लगाई जाएगी। इसके बाद टीम सर्वे के अगले चरण में पहुंचेगी।

शनिवार को सर्वे के बाद बाहर निकलती ASI टीम। इस दौरान बारिश हो रही थी।

अब तक सर्वे में ASI ने क्या-क्या जुटाया
ASI ने चार सेक्टर बनाकर 100 मीटर एरियल व्यू फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की। पश्चिमी दीवारों के निशान, दीवार पर सफेदी का चूना, ईंट में राख और चूने की जुड़ाई समेत मिट्टी के कई सैंपल जुटाए हैं। इसमें पत्थर के टुकड़े, दीवार की प्राचीनता, नींव और दीवारों की कलाकृतियां, मिट्‌टी और उसका रंग, अवशेष की प्राचीनता सहित अन्न के दाने का सैंपल जुटाया है। इसके अलावा, टूटी मिली प्रतिमा का एक टुकड़ा भी ASI ने सैंपल में शामिल किया है। डिजिटल नक्शे में अंदर की वर्तमान स्थिति को भी अंकित किया जा रहा है।

मणिपुर में सेंट्रल फोर्स की 10 और कंपनियां जाएंगी; कुकी पीपुल्स अलायंस ने सरकार से समर्थन वापस लिया
केंद्र सरकार ने मणिपुर में सेंट्रल फोर्स की 10 और कंपनियां तैनात करने का फैसला लिया है। CRPF की 5, BSF की 3, ITBP और SSB की एक-एक अतिरिक्त कंपनी तैनात करने का आदेश दिया गया है। उधर, मणिपुर में NDA की सहयोगी कुकी पीपुल्स अलायंस (KPA) ने बीरेन सिंह सरकार से समर्थन वापस ले लिया। हालांकि इससे बहुमत पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। KPA के राज्य में दो विधायक हैं।

मणिपुर में अतिरिक्त कंपनिया तैनात करने का फैसला 3 अगस्त को सेना के हथियार लूटे जाने की घटना के बाद लिया गया है। इस दिन भीड़ ने मोइरंग और नारानसेना थाने पर हमला कर 685 हथियार और 20 हजार से ज्यादा कारतूस लूटे थे। इससे पहले राज्य में सेंट्रल फोर्स की 114 कंपनियां तैनात थीं। इनमें CRPF की 52, रैपिड एक्शन फोर्स की 10, BSF की 43 कंपनियां, ITBP की 4 और SSB की 5 कंपनियां शामिल हैं।

नूंह हिंसा में AAP नेता के खिलाफ FIR; जहां से पत्थरबाजी हुई, वो होटल गिराया गया

पुलिस के मुताबिक 31 जुलाई को इस होटल से भी पत्थरबाजी की गई थी।

हरियाणा के नूंह में फैली हिंसा के बाद गुरुग्राम में बजरंग दल के प्रदीप शर्मा की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने AAP नेता जावेद अहमद समेत 150 लोगों पर हत्या के आरोप में FIR दर्ज की है। हालांकि जावेद का कहना है कि वे उस दिन इलाके में थे ही नहीं। नूंह हिंसा के दौरान जिस होटल से पत्थरबाजी की गई थी, प्रशासन ने उसे गिरा दिया है।

 सरकार ने फरीदाबाद और गुरुग्राम के पटोदी, मानेसर और सोहना इलाके से इंटरनेट पर लगाई पाबंदी हटा ली है। हालांकि नूंह में 8 अगस्त और पलवल में आज रात 12 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा। नूंह में आज सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक कर्फ्यू में छूट रहेगी।

वहीं, नूंह हिंसा के दौरान गुरुग्राम के प्रदीप शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता जावेद अहमद समेत 150 लोगों पर हत्या की FIR दर्ज की है। यह केस गुरुग्राम के सोहना में दर्ज कराया गया है। हालांकि जावेद का कहना है कि ये केस गलत है, वे उस दिन इलाके में थे ही नहीं।

AAP नेता जावेद ने कहा- इन्हें मार दो, बाकी मैं संभाल लूंगा
जावेद पर दर्ज FIR में पवन ने बताया- 31 जुलाई की रात 10.30 बजे हम कार में नूंह से सोहना जा रहे थे। बीच में नूंह पुलिस ने मदद करते हुए हमें KMP हाईवे तक छोड़ा। हमें कहा कि आगे रास्ता साफ है, निकल जाओ।

हम निरंकारी कॉलेज के पास पहुंचे तो वहां 150 लोग खड़े थे। उनके हाथ में पत्थर, लोहे की राड और पिस्टल थे। वहां जावेद भी था। उसके कहने पर उग्र भीड़ ने हम पर हमला कर दिया। हमारी कार पर पत्थर मारे। जिससे कार बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई।

मैं कार से नीचे उतरा तो जावेद ने कहा कि इन्हें मार दो। जो होगा, मैं संभाल लूंगा। ये सुनकर 20-25 लोगों ने हम पर अटैक कर दिया। उन्होंने प्रदीप और गनपत को पीटना शुरू कर दिया। मेरे सामने प्रदीप के सिर पर लोहे की राड मारी। जिससे वह नीचे गिर पड़ा।

गोलियां चलनी शुरू हुईं तो पुलिस वहां आ गई। वे मुझे व गनपत को भीड़ से निकाल ले गए और प्रदीप को भीड़ सरिये से मारती रही। उसे नाजुक हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

जख्मी प्रदीप शर्मा की ये सीसीटीवी फुटेज की तस्वीर सामने आई है। जिसमें वह साथियों के साथ दिख रहा है। दूसरी फोटो में AAP नेता जावेद हैं, जिन पर हत्या का केस दर्ज हुआ है।

पानीपत में हंगामा, दुकानें तोड़ी
पानीपत में रविवार को शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। एक विशेष वर्ग पर 12 से अधिक बाइक सवार युवकों ने हमला किया। इतना ही नहीं, झुग्गी-झोपड़ियों समेत दुकानों पर लाठी-डंडों से तोड़फोड़ की गई। इस दौरान महिलाओं समेत कई लोगों को गंभीर चोटें लगी हैं। क्षेत्र में दहशत फैलाने के बाद सभी युवक हाथों में लाठी-डंडे लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

SP अजीत सिंह शेखावत ने कहा कि इस मामले में कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है। जिनसे पूछताछ जारी है। वहीं, चांदनीबाग थाना पुलिस ने इस मामले में 2 अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। इसमें 25 अज्ञात युवकों पर लूटपाट, जान से मारने की धमकी देने, धारा 144 का उल्लंघन करने समेत अन्य संगीन धाराएं लगाई गई हैं।

अभिषेक के नाम पर बनेगा शहीदी द्वार
नूंह में हुई हिंसा में मारे गए पानीपत के रहने वाले अभिषेक के नाम पर शहीदी द्वारा बनाया जाएगा। शहरी MLA प्रमोद विज ने नगर निगम की सोमवार को होने जा रही हाउस बैठक में शहरी विधानसभा से संबंधित 10 प्रमुख प्रस्ताव भेजे हैं। इसमें अभिषेक को शहीद का दर्जा देने के साथ-साथ शहीदी द्वार बनाने की बात भी प्रमुख है।

पानीपत में हुड़दंग मचाते युवक। इस दौरान उन्होंने झुग्गियों पर हमला भी किया।

कांग्रेस MLA की सुरक्षा हटाई गई
सरकार ने कांग्रेस MLA मामन खान की सिक्योरिटी हटा दी है। मामन खान नूंह की फिरोजपुर झिरका सीट से विधायक हैं। नूंह हिंसा को लेकर उन पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। मामन खान का विधानसभा में दिया धमकी वाला पुराना वीडियो और एक ट्वीट को लेकर सरकार की उन पर नजर है। वहीं विधायक मामन खान ने कहा कि मेरी जान को खतरा है, मुझे धमकियां मिल रही हैं।

नूंह हिंसा के बाद कांग्रेस विधायक मामन खान का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह विधानसभा में मोनू मानेसर के खिलाफ बोल रहे थे। जिसको लेकर उनकी गुरुग्राम के विधायक से बहस भी हुई।

गृहमंत्री अनिल विज बोले- मुझे हिंसा के बारे में पुलिस नहीं, प्राइवेट व्यक्ति ने बताया
हरियाणा के गृहमंत्री ने अनिल विज ने कहा- मुझे समय पर नूंह हिंसा की जानकारी नहीं दी गई। यहां तक कि हिंसा के कई घंटे बाद एक प्राइवेट व्यक्ति ने फोन पर बताया। पुलिस के बड़े अधिकारियों तक को इस हिंसा के बारे में पता नहीं था।

नूंह SP वरुण सिंगला पहले से ही लंबी छुट्टी पर थे। जिले का अतिरिक्त प्रभार पलवल SP को सौंपा गया था, जबकि गृह विभाग एडिशनल चीफ सेक्रेटरी टीवीएसएन प्रसाद उस दिन जम्मू में वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा पर थे। CID सीधे मुख्यमंत्री को रिपोर्ट करती है। उसने गृह विभाग के साथ कोई खुफिया इनपुट साझा नहीं किया।

हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज।

2 जिलों से इंटरनेट बैन हटा, नूंह-पलवल में पाबंदी रहेगी
शनिवार देर रात सरकार ने फरीदाबाद और गुरुग्राम के पटोदी, मानेसर व सोहना इलाके से इंटरनेट पर लगाई पाबंदी हटा ली। हालांकि नूंह में 8 अगस्त और पलवल में 7 अगस्त की रात 12 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा।

नूंह में 22 ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाए गए
नूंह में कर्फ्यू के बीच थाना लेवल पर जिले में 22 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। नूंह के डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि अपने-अपने इलाके में लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन करने की जिम्मेदारी इन्हीं की होगी। लोगों के सहयोग के लिए इनके फोन नंबर भी जारी किए गए हैं। किसी भी तरह के हालात से निपटने के लिए ये ड्यूटी मजिस्ट्रेट तुरंत जरूरी फैसले ले सकेंगे। सरकार के इस फैसले को नूंह में दंगे पर बड़ी कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं नूंह में कर्फ्यू में आज भी ढील दी गई है। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक लोग जरूरी सामान खरीद सकते हैं।

नूंह दंगों का पाकिस्तानी कनेक्शन
इस बीच नूंह दंगों का पाकिस्तानी कनेक्शन भी सामने आया है। हरियाणा पुलिस की जांच में पाकिस्तानी यू-ट्यूबर जीशान मुश्ताक के बारे में पता चला है। उसने अहसान मेवाती पाकिस्तानी नाम से सोशल मीडिया पर अकाउंट बना रखा था और इसी से भड़काऊ वीडियो पोस्ट किए। मुश्ताक ने अपनी लोकेशन अलवर (राजस्थान) बताई जबकि हकीकत में वह पाकिस्तान के इस्लामाबाद और लाहौर से वीडियो पोस्ट कर रहा था।

जीशान ने पाकिस्तान एजुकेशन एवं रिसर्च नेटवर्क (PERN) के जरिए ये वीडियो अपलोड किए। इस सेंट्रलाइज्ड नेटवर्क से पाकिस्तान के एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस को इंटरनेट दिया जाता है। यह पाकिस्तान सरकार का ही हिस्सा है।

जीशान ने मोनू मानेसर को मारने और नूंह में दंगों के लिए उकसाया। जिस दिन हिंसा जारी थी, उस दिन वह आगजनी-तोड़फोड़ के फुटेज भी जारी कर रहा था। पुलिस को शक है कि जीशान का नूंह में मजबूत नेटवर्क है। पुलिस ने अब तक की जांच के आधार पर केस दर्ज करने की तैयारी कर ली है।

पाकिस्तानी यूट्यूबर अहसान मेवाती और 31 जुलाई को नूंह में हिंसा के दौरान गाड़ियों में आगजनी करते दंगाई।

नूंह में तीसरे दिन भी बुलडोजर एक्शन
इस बीच, नूंह में हुई हिंसा के राज्य सरकार का बुलडोजर एक्शन तीसरे दिन भी जारी है। रविवार को भी बुलडोजर से अवैध घर-दुकानें गिराई जा रही हैं। शुक्रवार को नूंह में ही 25 घर-दुकानों और रोहिंग्या की 250 झुग्गियों पर बुलडोजर चलाया गया था। शनिवार को नल्हड़ रोड पर 30 मकान-दुकानें गिरा दी गईं। अधिकारियों का कहना है कि ये अवैध निर्माण हैं और इनमें रहने वाले 31 जुलाई की हिंसा में शामिल थे।

नूंह में नल्हड़ रोड पर अवैध निर्माण तोड़ता बुलडोजर और उससे इकट्‌ठा हुए मलबा। पुलिस का कहना है कि ये लोग हिंसा में शामिल थे।

फरीदाबाद में बिट्‌टू बजरंगी पर FIR, थाने से जमानत पर छोड़ा
नूंह हिंसा में उकसाने के आरोपी बिट्‌टू बजरंगी पर फरीदाबाद पुलिस थाने में FIR सामने आई है। धार्मिक भावनाओं को आहत करने का यह केस नूंह हिंसा के अगले दिन यानी 1 अगस्त को दर्ज हुआ। इसमें बिट्‌टू बजरंगी के लोकेशन बताकर मेवात आने के लाइव वीडियो को आधार बनाया गया है। पुलिस ने कहा कि बिट्‌टू ने पाली गांव में समर्थकों के साथ ऐसी बातें कर लोगों को भड़काया है।

हालांकि इसको लेकर फरीदाबाद पुलिस पर सवाल भी उठ रहे हैं कि उन्होंने केस के बाद थाने से ही बिट्‌टू को जमानत दे दी। इससे पहले भी बिट्‌टू पर 2 FIR दर्ज हैं। वहीं इस मामले में फरीदाबाद पुलिस के पीआरओ सूबे सिंह ने कहा कि बिट्‌टू को थाने से ही जमानत दी गई क्योंकि इसके ऊपर जो एफआईआर दर्ज हुई, इसमें 7 साल से कम की सजा का प्रावधान है।

पैरामिलिट्री फोर्स के साथ पुलिस तैनात
हिंसा में 6 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। हालांकि पिछले 3 दिनों के दौरान नूंह, गुरुग्राम और पलवल में हिंसा की कोई नई घटना सामने नहीं आई है। इसके बावजूद तनावपूर्ण हालात को देखते हुए सभी जगह पैरामिलिट्री फोर्स के अलावा पुलिस तैनात है।

पाक टीम वर्ल्ड कप खेलने भारत आएगी; कहा- स्पोर्ट्स को पॉलिटिक्स से दूर रखना चाहिए
पाकिस्तान सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप खेलने के लिए भारत जाने की परमिशन दे दी है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया, ‘स्पोर्ट्स को पॉलिटिक्स से हमेशा से ही दूर रखना चाहिए। इसलिए हम अपनी टीम को भारत भेजने के लिए तैयार है।’ भारत में वनडे वर्ल्ड कप 5 अक्टूबर से खेला जाना है। पाकिस्तान का पहला मैच 6 अक्टूबर को नीदरलैंड्स से होगा।

पाकिस्तान टीम आखिरी बार 2016 में टी-20 वर्ल्ड कप खेलने भारत आई थी। इसके बाद दोनों ही देशों के बीच मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेले गए हैं। 2008 के बाद भारत कोई भी क्रिकेट मैच खेलने पाकिस्तान नहीं गया है। भारत ने पाकिस्तान में आखिरी मैच 2 जुलाई 2008 को कराची में खेला था।

इंडिगो की चंडीगढ़-जयपुर फ्लाइट में डेढ़ घंटे AC बंद रहा; पूरे सफर के दौरान नहीं चला

घटना का वीडियो पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने शेयर किया है।

चंडीगढ़ से जयपुर जा रही इंडिगो फ्लाइट में AC बंद हो गया। फ्लाइट एक घंटे 22 मिनट का सफर पूरा कर जयपुर पहुंची। लेकिन पूरे सफर के दौरान AC बंद रहा। इससे पैसेंजर्स को परेशानी झेलनी पड़ी। लोग हाथ से हवा करते हुए दिखे। एयर होस्टेस ने पैसेंजर्स को पसीना पोंछने के लिए टिश्यू पेपर बांटे।

 गर्मी से पैसेंजर्स खासकर बच्चे और महिलाएं बेचैन हो रहे थे। ये एक बड़ी टेक्निकल प्रॉब्लम थी, लेकिन एयरलांइस के अधिकारियों ने पैसेंजर्स के स्वास्थ्य और कम्फर्ट को दांव पर लगा दिया। पैसेंजर्स ने डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) से इंडिगो के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

लाइव स्ट्रीम होगी मस्क-जुकरबर्ग की फाइट; इसके लिए ट्रेनिंग ले रहे दोनों सीईओ
टेस्ला के CEO एलन मस्क और मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग की फाइट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लाइव स्ट्रीम होगी। मस्क ने एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी है। मस्क और जुकरबर्ग ने केज फाइट के लिए कुछ दिन पहले ट्रेनिंग शुरू की थी।

 एलन मस्क का कहना है कि केज फाइट से होने वाली इनकम को बुजुर्गों के लिए दान करेंगे। दोनों सीईओ के बीच कॉम्पिटिशन की खबरें सामने आती रहती हैं। हाल ही में जुकबर्ग ने ट्विटर जैसा ऐप थ्रेड लॉन्च किया है। मस्क सोशल मीडिया पर जुकरबर्ग का मजाक उड़ाते रहते हैं।

शाह-अजित पवार पहली बार साथ नजर आएं; गृह मंत्री बोले- दादा बहुत समय बाद सही जगह बैठे हो

गृह मंत्री अमित शाह ने पहली बार महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार के साथ मंच साझा किया। दोनों सेंट्रल रजिस्ट्रार को-ऑपरेटिव सोसाइटी (CRCS) के पोर्टल लॉन्चिंग के लिए पुणे पहुंचे थे। शाह ने भाषण में कहा, ‘मैं पहली बार अजित दादा के साथ मंच साझा कर रहा हूं। मैं दादा को एक बात कहना चाहता हूं। आप बहुत समय के बाद सही जगह पर बैठे हो। यही जगह सही थी, मगर बहुत देर कर दी आपने।’

 अजित पवार ने 8 विधायकों सहित 2 जुलाई को महाराष्ट्र की शिंदे सरकार में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके पास वित्त मंत्रालय का भी प्रभार है। 13 साल में अजित पवार को 5वीं बार डिप्टी CM का पद मिला है।

श्रीलंका ने चीन-पाक से LNG प्रोजेक्ट छीना; रानिल विक्रमसिंघे के दिल्ली दौरे के बाद फैसला
श्रीलंका ने चीन-पाकिस्तान की कंपनियों के समूह को दिया LNG (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) प्रोजेक्ट वापस ले लिया है। अब ये भारतीय कंपनी को दिया जाएगा। राष्ट्रपति विक्रमसिंघे के दिल्ली दौरे के बाद श्रीलंका सरकार ने अपना फैसला बदला है। जुलाई में 2 दिन की यात्रा पर आए विक्रमसिंघे ने PM मोदी से मुलाकात की थी।

श्रीलंका ने बिजली उत्पादन की लागत को कम करने के लिए LNG प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी। जिसमें लिक्विफाइड नेचुरल गैस के जरिए बिजली बनाई जाएगी। श्रीलंका के अधिकारियों ने सरकार के इस कदम की आलोचना की है।

पाकिस्तान में रेल हादसा, 30 लोगों की मौत; कराची जा रही हजारा एक्सप्रेस पटरी से उतरी

हजारा एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते पाक आर्मी के जवान।

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के नवाबशाह जिले में एक रेल हादसे में 30 लोगों की मौत हो गई। 80 लोग घायल हैं। इनमें 31 की हालत गंभीर है। रावलपिंडी से चलने वाली हजारा एक्सप्रेस सहारा स्टेशन के पास पटरी से उतर गई। कुछ बोगियां पलटकर पास के एक तालाब में भी गिर गईं।

 अफसरों के मुताबिक भारी बारिश की वजह से ट्रैक खराब हो गया था और इसी वजह से हादसा हुआ। जिस जगह हादसा हुआ, वहां से कराची 275 किलोमीटर दूर है। पाकिस्तान में ज्यादातर रेलवे ट्रैक्स अंग्रेजी हुकूमत के दौर के हैं और इन्हें न तो कभी अपग्रेड किया गया और न ही नई लाइन बिछाई गईं। सिंध और पंजाब के कुछ हिस्सों में तो हालात बेहद खराब हैं।

जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचे

हादसे के बाद रेस्क्यू के लिए पाकिस्तान आर्मी की एक यूनिट को बुलाया गया।

रेस्क्यू के लिए आर्मी तलब

‘द न्यूज’ वेबसाइट के मुताबिक लोकल एडमिनिस्ट्रेशन के पास रेस्क्यू के कोई साधन मौजूद नहीं हैं। लिहाजा, लोकल एडमिनिस्ट्रेशन ने पास के कैंटोनमेंट से आर्मी की एक यूनिट को बुलाया है। फिलहाल, आर्मी भी इस हालत में नहीं है कि ब्रिज और तालाब से घायलों या मारे गए लोगों के शव निकाल सके। इसकी वजह यह है कि इस इलाके में काफी कीचड़ है और वहां किसी तरह के इक्युपमेंट्स भी नहीं पहुंचाए जा सकते। पुलिस ने एक क्रेन जरूर बुलाई, लेकिन वो हादसे वाले जगह तक नहीं पहुंच सकी।

रेलवे मिनिस्टर को हादसे की गंभीरता ही नहीं पता
एक हफ्ते में टेन्योर पूरा करने जा रही पाकिस्तान सरकार के रेलवे मिनिस्टर ख्वाजा साद रफीद को दो घंटे बाद तक इस हादसे की जानकारी ही नहीं थी। मीडिया ने जब उनसे इस बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा- मुझे अभी एक्सीडेंट के बारे में पता लगा है। मैं जानकारी जुटा रहा हूं। फिलहाल, ये नहीं बता सकता कि कितनी बोगियां पटरी से उतरी हैं। वहां की लोकल एडमिनिस्ट्रेशन से संपर्क किया है।

‘द न्यूज’ के मुताबिक हादसे के बाद बदइंतजामी का आलम ये था कि कोई आला अफसर मौके पर नहीं पहुंच सका। इसकी वजह भारी बारिश बताई गई है। हैरानी की बात ये है कि रेलवे और सिविल एविएशन की जिम्मेदारी एक ही मंत्री के पास है और वो अपने चुनाव क्षेत्र में व्यस्त हैं।

रेलवे अफसरों के मुताबिक पांच बोगियां पटरी से उतरी हैं। दूसरी तरफ, लोकल मीडिया ने इनकी तादाद 10 बताई है।

इस इलाके में तीसरा एक्सीडेंट
2021 के आखिर में सिंध के इसी इलाके में दो रेल हादसे हुए थे। पहले में 21 लोग मारे गए थे, जबकि दूसरे में 50 लोगों को जान गंवानी पड़ी थी। दूसरे हादसे में भिड़ंत मिल्लत एक्सप्रेस और सर सैय्यद एक्सप्रेस के बीच हुई थी।

मिल्लत एक्सप्रेस कराची से सरगोधा और सर सैयद एक्सप्रेस रावलपिंडी से कराची जा रही थी। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, मिल्लत एक्सप्रेस की बोगियां दूसरे ट्रैक पर जा गिरीं। इससे सामने से आ रही सर सैयद एक्सप्रेस उससे टकरा गई। इस कारण बोगियों को काफी नुकसान हुआ था। कई बोगियों को काटा गया था, ताकि घायलों को बाहर निकाला जा सके।

  1. मोरक्को में बस दुर्घटना में 24 लोगों की मौत

रबात: मोरक्को के अजीलल प्रांत में रविवार को एक बस दुर्घटना में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई। यह देश में हाल के वर्षों में सबसे भीषण दुर्घटनाओं में से एक है।मोरक्को की आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘एमएपी’ ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि यह दुर्घटना उस वक्त हुई, जब एक मिनीबस मोरक्को के छोटे से शहर डेम्नेट में साप्ताहिक बाजार के रास्ते में एक मोड़ पर पलट गई।दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

अखिलेश यादव कह रहे हैं कि असली ‘हिंदुत्व’ को बचाना जरूरी है। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें एकतरफा मुस्लिम वोट मिला है…भाजपा पूरे देश में मुसलमानों को निशाना बना रही है और अखिलेश कह रहे हैं कि असली ‘हिंदुत्व’ को बचाना है। आप संविधान को नहीं बचाएंगे, आप धर्मनिरपेक्षता को नहीं बचाएंगे? : AIMIM प्रमुख असदुद्दीन औवेसी

आज हमें खड़ा होना पड़ेगा और ऐसे लोग जो हमारा अमन-चैन और भाईचारा तोड़ते हैं उन्हें जवाब देना होगा: हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, हिसार

Exit mobile version