Site icon अग्नि आलोक

ताजा समाचार:ज्ञानवापी सर्वे आज से, भोपाल में MBBS इंटर्न ने की सुसाइड की कोशिश:राजस्थान में नाबालिग को भट्ठी में जलाया; पाक टीम ने भारत में सुरक्षा गारंटी मांगी

Share

संसद खासकर राज्यसभा में गतिरोध खत्म होने के आसार दिख रहे हैं। सत्र में अब बस छह ही दिन बचे हैं। अब ऐसी आम राय बनाने की कोशिश की जा रही है कि बहस नियम-167 के तहत हो जाए, जिसमें अंत में प्रस्ताव भी पारित हो और जरूरत पड़ने पर वोटिंग भी हो। अगर सहमति बनी तो अगले हफ्ते सदन में सुचारू रूप से कामकाज देखा जा सकता है। उधर, सुप्रीम कोर्ट में आज कई मामलों पर सुनवाई होगी। ‘मोदी’ सरनेम मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की याचिका पर SC सुनवाई करेगा। राहुल ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी है। SC आज दिल्‍ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका भी सुनेगा। ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में ASI सर्वे पर रोक लगाने की मांग करती याचिका भी सुप्रीम कोर्ट के सामने होगी।

आज के प्रमुख इवेंट्स

  1. मोदी सरनेम केस में राहुल गांधी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। राहुल ने कोर्ट में जवाब दाखिल कर कहा है कि कानूनी प्रकिया का दुरुपयोग हुआ है।
  2. गृह मंत्री अमित शाह दो दिन के ओडिशा दौरे पर जाएंगे। वे इससे पहले 17 जून को जाने वाले थे, लेकिन तब ये दौरा टल गया था।

हाईकोर्ट ने ज्ञानवापी के ASI सर्वे को मंजूरी दी; आदेश में कहा- न्याय के लिए सर्वे जरूरी

इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर आज से ज्ञानवापी परिसर का ASI सर्वे शुरू होगा। हाईकोर्ट ने न्याय के लिए सर्वे को जरूरी बताया। अदालत ने कहा कि सर्वे करें, लेकिन बिना खुदाई किए। हालांकि मुस्लिम पक्ष इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचा है। इस केस में बौद्ध समाज की भी एंट्री हो गई है। उनका दावा है कि ज्ञानवापी मंदिर या मस्जिद नहीं, उनका मठ है।

काशी विश्वनाथ ज्ञानवापी केस में 1991 में वाराणसी कोर्ट में पहला मुकदमा दाखिल हुआ था, जिसमें ज्ञानवापी परिसर में पूजा की अनुमति मांगी गई थी। मस्जिद कमेटी इसके खिलाफ हाईकोर्ट पहुंची। 1993 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यथास्थिति कायम रखने का आदेश दिया था। 2019 में वाराणसी कोर्ट में फिर से इस मामले में सुनवाई शुरू हुई, जो अभी भी जारी है।

इससे पहले श्रृंगार गौरी मुकदमे की मुख्य याचिकाकर्ता राखी सिंह ने सुप्रीम कोर्ट में कैविएट पिटीशन दाखिल कर दी। मतलब मुस्लिम पक्ष की याचिका पर किसी फैसले से पहले उनका पक्ष भी सुना जाए।

उधर, इस केस में बौद्ध समाज की भी एंट्री हो गई है। गुरु सुमित रतन भंते ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। उनका दावा है कि ज्ञानवापी उनका मठ है। उन्होंने कहा कि देश में तमाम ऐसे मंदिर हैं, जो बौद्ध मठों को तोड़कर बनाए गए हैं।

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सर्वे की इजाजत दी
इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गुरुवार को अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी की याचिका खारिज कर दी। अदालत ने सेशन कोर्ट के आदेश का तत्काल पालन करने, यानी सर्वे शुरू करने का ऑर्डर दिया। चीफ जस्टिस प्रीतिंकर दिवाकर की सिंगल बेंच ने यह फैसला सुनाया।

हाईकोर्ट ने कहा- न्याय के लिए यह सर्वे जरूरी है। कुछ शर्तों के साथ इसे लागू करने की जरूरत है। सर्वे करिए, लेकिन बिना खुदाई किए।

सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट का आदेश नहीं रोका तो शुक्रवार से होगा सर्वे
सुप्रीम कोर्ट मुस्लिम पक्ष की याचिका पर अगर हाईकोर्ट का आदेश नहीं रोकता है तो सर्वे शुक्रवार से शुरू हो जाएगा। DM एस. राजलिंगम ने इसकी पुष्टि की है। हाईकोर्ट के फैसले के बाद इसे लेकर वाराणसी में ASI टीम और जिला प्रशासन की मीटिंग भी हो चुकी है।

पिछली सुनवाई में हाईकोर्ट ने ASI से सुनवाई खत्म होने तक मस्जिद का सर्वे शुरू नहीं करने को कहा था। जुलाई के अंतिम सप्ताह में कोर्ट में दोनों पक्षों की तरफ से लगातार दो दिन बहस चली थी। 27 जुलाई को कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

ज्ञानवापी के बाहर सुरक्षा में भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया था। पुलिस के साथ ही प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा।

हाईकोर्ट के फैसले के बाद बयानबाजी तेज, फारूक बोले- मंदिर हो या मस्जिद, सबका एक ही है

ये तस्वीर विश्व वैदिक सनातन संघ की संस्थापक सदस्य और श्रृंगार गौरी मुकदमे की मुख्य वादी पक्षकार राखी सिंह की है।

हरिशंकर जैन बोले- ऐसे अनगिनत साक्ष्य जो हिंदू मंदिर बताते हैं
सीनियर एडवोकेट हरिशंकर जैन ने कहा, “वहां ऐसे अनगिनत साक्ष्य मौजूद हैं जो बताते हैं कि यह एक हिंदू मंदिर था। ASI सर्वे से तथ्य सामने आएंगे। मुझे यकीन है कि असली ‘शिवलिंग’ वहां मुख्य गुंबद के नीचे छुपाया गया है। इस सच्चाई को छुपाने के लिए वे (मुस्लिम पक्ष) बार-बार आपत्ति जता रहे हैं। वे जानते हैं कि इसके बाद यह मस्जिद नहीं रहेगी और वहां भव्य मंदिर बनने का रास्ता साफ हो जाएगा।”

ये तस्वीर काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के गेट नंबर-4 से मंदिर जाने के रास्ते की है। बगल में लोहे की बैरिकेडिंग के अंदर ज्ञानवापी दिख रही है।

हिमांगी सखी बोलीं- आदिविश्ववेश्वर का जलाभिषेक करूंगी

किन्नर महामंडलेश्वर हिमांगी सखी ज्ञानवापी परिसर में सर्वे के आदेश के बाद काशी विश्वनाथ पहुंचीं। उन्होंने हाईकोर्ट के फैसले को सही बताते हुए इसे सत्य की जीत कहा। मंदिर गेट से शंखनाद किया। इस दौरान कहा कि वह जल्द ही आदिविश्ववेश्वर का जलाभिषेक करेंगी। त्रिशूल लेकर हर-हर महादेव का जयघोष किया।

ये तस्वीर किन्नर महामंडलेश्वर हिमांगी सखी की है। हिमांगी गुरुवार को काशी विश्वनाथ पहुंचीं और आदिविश्ववेश्वर का जलाभिषेक करने की बात कही।

ज्ञानवापी के 500 मीटर के दायरे में 1600 जवान तैनात
ज्ञानवापी परिसर के आसपास हलचल बढ़ गई है। ज्ञानवापी और काशी विश्वनाथ के 500 मीटर के दायरे में करीब 1600 जवान सुरक्षा में तैनात हैं। पुलिस भी अलर्ट पर है। बैरिकेडिंग बढ़ाई गई है।

ये तस्वीर मई-2022 में हुए ज्ञानवापी के कमीशन सर्वे के दौरान की है। काेर्ट कमिश्नर के नेतृत्व में टीम ने सर्वे किया था।

क्या है ज्ञानवापी विवाद?
ज्ञानवापी परिसर के स्वामित्व को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में कुल 5 याचिकाएं दाखिल हैं। राखी सिंह और तीन अन्य महिलाओं ने वाराणसी कोर्ट में ज्ञानवापी परिसर स्थित स्वयंभू विश्वेश्वर नाथ मंदिर के स्वामित्व को लेकर सिविल वाद दायर किया है। वाराणसी जिला और सत्र न्यायालय ने इस मामले में 8 अप्रैल 2021 को ज्ञानवापी का ASI सर्वे कराने का आदेश दिया था।

इसके खिलाफ मस्जिद की इंतजामिया कमेटी और यूपी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर रखी है। तर्क है कि प्लेसेस ऑफ वर्शिप एक्ट 1991 की धारा 4 के तहत सिविल वाद नहीं बनता है।

हिंदू पक्ष का कहना है कि चूंकि भगवान विश्वेश्वर स्वयंभू हैं। प्रकृत्ति प्रदत्त हैं, मानव निर्मित नहीं हैं ऐसे में प्लेसेस ऑफ वर्शिप एक्ट की धारा 4 इस पर लागू नहीं होती। स्वयंभू भगवान सतयुग से हैं। यहां 15 अगस्त 1947 से पहले और बाद में लगातार निर्बाध रूप से पूजा होती रही है। यही कारण है कि हिंदू पक्ष बार बार साइंटिफिक सर्वे की मांग करता है।

वाराणसी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की ओर से ज्ञानवापी परिसर के ASI सर्वे के आदेश के बाद 24 जुलाई को सर्वे शुरू हुआ। करीब 4 घंटे सर्वे चलने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने मुस्लिम पक्ष की याचिका पर सुनवाई करते हुए सर्वे पर 26 जुलाई शाम पांच बजे तक अंतरिम रोक लगा दी।

ASI की टीम 24 जुलाई को ज्ञानवापी मस्जिद का सर्वे करने पहुंची थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर इसे रोक दिया गया।

सर्वे के दौरान ज्ञानवापी परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

इस मामले से जुड़े अदालती घटनाक्रम

यह तस्वीर जर्मनी के आर्किटेक्ट नील गुट्शॉ ने 8 नवंबर 1991 में खींची थी। इसमें विश्वेश्वर मंदिर के पूर्वी मंडप का एक टुकड़ा दिख रहा है।

सर्वे का मामला: एक नजर में
अगस्त 2021 में पांच महिलाओं ने वाराणसी के सिविल जज के सामने एक केस दायर किया था। इसमें उन्होंने ज्ञानवापी के बगल में बने श्रृंगार गौरी मंदिर में रोजाना पूजा और दर्शन करने की अनुमति देने की मांग की थी। महिलाओं की याचिका पर जज ने ज्ञानवापी परिसर का सर्वे कराने का आदेश दिया था। कोर्ट के आदेश पर पिछली साल तीन दिन तक सर्वे हुआ था।

सर्वे के बाद हिंदू पक्ष ने यहां शिवलिंग मिलने का दावा किया था। दावा था कि ज्ञानवापी के वजूखाने में शिवलिंग है। हालांकि मुस्लिम पक्ष का कहना था कि वो शिवलिंग नहीं, बल्कि फव्वारा है जो हर मस्जिद में होता है। इस मामले की सुनवाई कोर्ट में पूरी हो गई थी। जिला जज ने ऑर्डर रिजर्व कर लिया था। 16 मई 2023 को चारों वादी महिलाओं की तरफ से हिंदू पक्ष ने एक प्रार्थना पत्र दिया था, जिसमें मांग की गई थी कि ज्ञानवापी के विवादित हिस्से को छोड़कर पूरे परिसर की ASI से जांच कराई जाए। 21 जुलाई को इसी याचिका पर कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए ASI सर्वे की इजाजत दी थी।

हरियाणा के नूंह में कर्फ्यू के दौरान हिंसा; अब तक 7 मौतें; नूंह में जुमे की नमाज घरों में होगी
हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा के बाद जुमे की नमाज मस्जिद में नहीं अदा की जाएगी। प्रशासन ने उलेमाओं से घर में ही नमाज अदा करने की अपील की है। हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। नूंह हिंसा में पानीपत के एक युवक की मौत को लेकर के चौथे दिन उपद्रव हुआ।

हिंसा के 4 दिन बाद भी हालात तनावपूर्ण हैं। नूंह, पलवल, फरीदाबाद और गुरुग्राम के सोहना, मानेसर और पटोदी में 5 अगस्त तक इंटरनेट और SMS सर्विस बंद की गई हैं। पैरामिलिट्री फोर्सेज की 20 कंपनियां तैनात की गई हैं। 176 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हिंसा की जांच के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की 8 और 3 स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई गई हैं।

हरियाणा के नूंह में हुए दंगों के बाद कई इलाकों में तनाव बना हुआ है। तनाव के बीच गुरुवार रात साढ़े 9 बजे पानीपत में कुछ शरारती तत्वों ने उपद्रव मचा दिया। यह घटना पानीपत के नूरवाला की धमीजा कॉलोनी में हुई।

नूंह में जान गंवाने वाला पानीपत का युवक धमीजा कॉलोनी का ही रहने वाला था। गुरुवार रात करीब साढ़े 9 बजे धमीजा कॉलोनी में युवक के घर के पास 15 युवकों के झुंड ने एक विशेष समुदाय से जुड़े व्यक्ति के चिकन कॉर्नर पर एकाएक पथराव कर दिया। इसमें उसकी दुकान के शीशे टूट गए। युवकों ने वहां खड़ी दो गाड़ियों पर भी पत्थर और डंडे बरसाए। इससे दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

हमला करने वाले युवक धार्मिक नारे लगा रहे थे।

मौके पर तनाव बढ़ता देखकर इलाके के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले उपद्रवी फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया।

नूंह में अभिषेक की हत्या के बाद से ही पानीपत में नाजुक स्थिति बनी हुई है। डीएसपी सुरेश कुमार ने कहा कि जिला में किसी तरह के तनाव की कोई स्थिति नहीं है। हालात सामान्य हैं। ये महज शरारती तत्वों की हरकत है। उत्पात मचाने वालों की पहचान की जा रही है। शरारती तत्वों को बख्शा नही जाएगा।
4 जिलों में हैं तनाव पूर्ण हालात
राज्य के 4 जिलों में हालात तनाव पूर्ण बने हुए हैं। चारों जिलों में पैरामिलिट्री फोर्सेज की 20 कंपनियां तैनात की गई हैं। हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। छह मौतों का ब्योरा पहले आ चुका था। सातवीं मौत की डिटेल अभी सामने नहीं आई है।

नूंह में बुधवार देर रात कर्फ्यू के दौरान तावडू इलाके में कुछ लोगों ने 2 धार्मिक स्थलों पर आगजनी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

पलवल में बुधवार रात 3 दुकानों, 2 धार्मिक स्थलों और एक टेम्पो में आग लगा दी गई, जिसके बाद पुलिस ने अलग-अलग थानों में 265 लोगों के खिलाफ 5 FIR दर्ज की हैं।

नूंह में शुक्रवार को जुमे की नमाज घर में ही अदा होगी। नूंह के DC प्रशांत पंवार और SP वरुण सिंगला ने इस बारे में उलेमाओं से अपील की है। गुरुग्राम में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट है। ACP क्राइम वरूण दहिया ने खुले में नमाज न करने की अपील की है। सभी मस्जिदों पर पुलिस का पहरा रहेगा।

नूंह, पलवल, फरीदाबाद और गुरुग्राम के सोहना, मानेसर और पटोदी में 5 अगस्त तक इंटरनेट और SMS सेवाएं बंद की गई हैं। हालांकि CET स्क्रीनिंग टेस्ट को देखते हुए बुधवार दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक 3 घंटे के लिए बैन हटाया गया था।

नूंह में बुधवार रात को धार्मिक स्थल में आगजनी की गई, जिसके बाद पुलिस जांच के लिए पहुंची।

रिजर्व बटालियन का हेडक्वार्टर नूंह शिफ्ट किया गया
हरियाणा सरकार ने स्थिति संभालने के लिए सेकेंड इंडिया रिजर्व बटालियन (IRB) का हेडक्वार्टर नूंह जिले में शिफ्ट कर दिया है। इस बटालियन में एक हजार जवान हैं।

नूंह हिंसा की जांच के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की 8 और 3 स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई गई हैं।

अमेरिका ने भी हरियाणा हिंसा पर बयान दिया है। वहां के स्टेट डिपार्टमेंट के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा- हम सभी पक्षों से हिंसा से दूर रहने और शांति स्थापित करने के लिए अपील करते हैं।

हरियाणा में दंगे के गिरफ्तार आरोपी नूंह सदर थाने में। पहचान उजागर न हो इसलिए ज्यादातर आरोपियों ने मुंह पर मास्क लगा रखा है।

मोनू मानेसर बोला- मैंने कुछ गलत बोला हो तो बताएं, जिम्मेदारी लूंगा
मोनू मानेसर ने एक निजी चैनल से कहा- हिंसा से एक दिन पहले की वीडियो में मैंने कुछ गलत बोला हो तो बताएं, मैं हिंसा की जिम्मेदारी ले लूंगा। मैं पिछले 4 साल से लोगों से यात्रा में शामिल होने की अपील कर रहा हूं।

हिंसा के लिए यूट्यूबर जिम्मेदार हैं। ASP ने कह दिया था कि मोनू मानेसर नहीं आया। इसके बाद भी लोगों ने वीडियो बनाए कि सिलेंडर रखे हैं, फूंक देंगे। इससे सारा माहौल बिगड़ा।

इससे पहले हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज भी मोनू मानेसर के वीडियो में कुछ भी आपत्तिजनक न होने की बात कह चुके हैं।

मोनू मानेसर ने 31 जुलाई की हिंसा से एक दिन पहले वीडियो जारी कर कहा था कि लोग यात्रा में शामिल हों, मैं भी इस यात्रा में आऊंगा।

हिंसा में 7 की मौत, 83 केस दर्ज
हिंसा में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 2 होमगार्ड गुरसेवक और नीरज, नूंह के शक्ति, पानीपत के अभिषेक, गुरुग्राम के इमाम, बादशाहपुर के प्रदीप शर्मा व एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं।

प्रदेश के 9 जिलों में धारा 144 लागू है। राज्य में पुलिस ने कुल 83 केस दर्ज किए हैं। 165 लोगों को गिरफ्तार और 78 को हिरासत में लिया है।

नूंह में 42, गुरुग्राम में 22, पलवल में 16 और रेवाड़ी में 3 FIR दर्ज हुई हैं। नूंह में 139, गुरुग्राम में 21 और पलवल में 5 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। रेवाड़ी और फरीदाबाद में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

नूंह जिले में पैरामिलिट्री फोर्सेज की 14 कंपनियां तैनात की गई हैं। गुरुवार को 3 घंटे के लिए कर्फ्यू में छूट दी गई।

CM बोले- नुकसान की भरपाई दंगाइयों से की जाएगी
हरियाणा के CM मनोहर लाल खट्टर ने कहा- हर व्यक्ति की सुरक्षा न पुलिस, न आर्मी और न समाज कर सकता है। सुरक्षा के लिए वातावरण बनाना पड़ता है। हिंसा में हुए नुकसान की भरपाई, दंगाइयों से ही कराई जाएगी। केंद्र सरकार से पैरामिलिट्री फोर्स की 4 और कंपनियां मांगी हैं। 20 कंपनियां पहले से तैनात हैं।

नूंह हिंसा मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों को लेकर जाती पुलिस।

DGP बोले- मोनू मानेसर समेत हर वीडियो की जांच हाेगी
बुधवार को हरियाणा के DGP पीके अग्रवाल ने कहा कि मोनू मानेसर के वीडियो समेत हिंसा से जुड़े हर तथ्य की जांच होगी। इसके लिए SIT बना दी गई है और हर टीम को 7 से 8 केस जांच के लिए दिए जाएंगे।

नूंह के SP वरुण सिंगला ने कहा कि हिंसा को लेकर बिट्‌टू बजरंगी के वायरल वीडियो की पड़ताल होगी। उन्होंने कहा कि हिंसा से पहले, हिंसा के दौरान और उसके बाद के सभी वीडियो जांच के दायरे में होंगे।

नूंह में बनेगा रैपिड एक्शन फोर्स सेंटर
हरियाणा के मेवात में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) का सेंटर बनाया जाएगा। गृह विभाग ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। गृह विभाग के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी टीवीएसएन प्रसाद ने इसका खुलासा किया। साथ ही उन्होंने नूंह हिंसा को लेकर कई सवाल भी खड़े किए। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस की ओर से नूंह जिले में साइबर क्राइम के खिलाफ मुहिम छेड़ी गई थी।

हाल ही में हरियाणा पुलिस ने साइबर मुहिम के दौरान करीब 150 लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद नूंह हिंसा के दौरान उपद्रवियों के ने सबसे पहले साइबर थाने पर हमला किया जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।


राजस्थान में नाबालिग को भट्ठी में जलाया; चांदी के कड़े से पहचान हुई, गैंगरेप की आशंका

ये वही कोयला भट्‌ठी है, जिसमें नाबलिग के शव के जले टुकड़े मिले हैं।

राजस्थान के भीलवाड़ा में 14 साल की नाबालिग को कोयला भट्‌ठी में जला दिया गया। भट्‌ठी में चांदी का कड़ा और हड्‌डी के टुकड़े भी मिले, जिससे लड़की की पहचान हुई। आशंका है कि इससे पहले उसके साथ गैंगरेप भी हुआ था। 3 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। नाबालिग के बड़े भाई ने बताया कि उसकी छोटी बहन बकरियां लेकर घर से निकली थी।

 PM मोदी ने बीकानेर में 8 जुलाई को कहा था कि महिलाओं के खिलाफ अपराध और रेप के मामले में राजस्थान सबसे आगे है। जबकि CM गहलोत का कहना है कि भाजपा राज्य को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप लगाती है। गहलोत अपने ही मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को इस मामले पर बर्खास्त कर चुके हैं। गुढ़ा ने विधानसभा में कहा था कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। हमें इसे स्वीकार करना चाहिए कि हम महिला सुरक्षा में विफल रहे हैं।

पाकिस्तान टीम को भारत में सुरक्षा की चिंता; PCB ने कहा- हिफाजत की लिखित गारंटी दें
पाकिस्तान ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के दौरान टीम की सुरक्षा के लिए लिखित आश्वासन मांगा है। ये टूर्नामेंट इस साल अक्टूबर-नवंबर में होना है। पाकिस्तान 6 अक्टूबर को हैदराबाद में नीदरलैंड के खिलाफ अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करेगा। नॉकआउट से पहले उसे भारत में कुल 9 वनडे मैच खेलेगी।

2008 के बाद भारत कोई भी क्रिकेट मैच खेलने पाकिस्तान नहीं गया है। पाकिस्तान में आखिरी मैच 2 जुलाई 2008 को कराची में खेला गया था। वहीं पाकिस्तान टीम आखिरी बार 2016 में टी-20 वर्ल्ड कप खेलने भारत आई थी। इसके बाद दोनों ही देशों के बीच मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेले गए हैं। पाकिस्तान नाराज इसलिए भी है, क्योंकि भारत के मना करने के बाद उसे 30 सितंबर से शुरू होने वाले एशिया कप के 13 में से 9 मैच न्यूट्रल वेन्यू यानी श्रीलंका में कराने पड़ रहे हैं।
लोकसभा में दिल्ली सर्विसेज बिल पास; शाह बोले- केंद्र को दिल्ली पर कानून बनाने का अधिकार

मानसून सत्र के 11वें दिन लोकसभा में दिल्ली सर्विसेज बिल पास हुआ। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दिल्ली ना तो पूरी तरह राज्य है और ना ही पूरी तरह केंद्र शासित प्रदेश। संसद को आर्टिकल 239 AA के तहत दिल्ली के मुद्दे पर कानून बनाने का अधिकार है। वहीं, लोकसभा स्पीकर ने AAP सांसद सुशील कुमार रिंकू को बाकी बचे सत्र के लिए निलंबित कर दिया। उन पर वेल में आकर कागज फाड़ने का आरोप है।

 सुप्रीम कोर्ट ने 11 मई को ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार दिल्ली सरकार को दिया था। लेकिन 19 मई को केंद्र ने अध्यादेश लाकर ये अधिकार राज्यपाल को दे दिए। दिल्ली सर्विसेज बिल राज्यसभा में पास होने के बाद कानून बनेगा। NDA बहुमत से 9 सीट दूर है। पर BJD के 9 सांसदों का साथ मिलने के बाद यहां बिल के पास होने की संभावना बढ़ गई है।
MP में MBBS इंटर्न ने सुसाइड की कोशिश की; भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज की घटना
भोपाल में एक MBBS इंटर्न ने दवाई का ओवरडोज लेकर सुसाइड की कोशिश की। कार्तिक ने इसी साल गांधी मेडिकल कॉलेज (GMC) से MBBS की डिग्री कम्प्लीट की है। सुसाइड अटेम्प्ट से पहले उन्होंने वॉट्सऐप स्टेटस डाला था। इसमें लिखा- GMC भोपाल में 7 महीने में 2 सुसाइड, शर्मनाक। दोषियों को सजा दो। जस्टिस फॉर डॉ. सरस्वती। प्लीज रीपोस्ट, इससे पहले कि एक मेडिकल कॉलेज कब्रिस्तान में बदल जाए।

 बीते 7 महीने में गांधी मेडिकल कॉलेज की दो जूनियर डॉक्टर सुसाइड कर चुकी हैं। जूनियर डॉक्टर बाला सरस्वती (27) ने 30 जुलाई की रात खुदकुशी कर ली थी। वे 14 हफ्ते की गर्भवती थीं। इससे पहले 4 जनवरी को जूनियर डॉक्टर आकांक्षा माहेश्वरी (24) ने हॉस्टल में सुसाइड कर लिया था। आकांक्षा ने सुसाइड नोट में लिखा था- मैं इतनी मजबूत नहीं हूं, इतना स्ट्रेस नहीं झेल पा रही।

डॉ. बाला सरस्वती की खुदकुशी के बाद स्टूडेंट्स गायनेकोलॉजी डिपार्टमेंट की HOD और स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। छात्राओं ने बताया कि उनसे ओवर ड्यूटी कराई जाती है।

सुसाइड की कोशिश से पहले कार्तिक ने वॉट्सऐप पर स्टेटस भी डाला। लिखा- बदलाव के लिए एकजुट। GMC, भोपाल में 7 महीने में 2 सुसाइड। शर्मनाक। दोषियों को सजा दो। डॉ. सरस्वती के लिए न्याय। प्लीज रीपोस्ट, इससे पहले कि एक मेडिकल कॉलेज कब्रिस्तान में बदल जाए। जस्टिस फॉर डॉ. सरस्वती।

आगे लिखा- द लास्ट कॉल, द लास्ट टेक्स्ट, द लास्ट हेलो, द लास्ट गुड बाय एंड द लास्ट ब्रीथ। GMC से पीजी कर रहीं जूनियर डॉक्टर बाला सरस्वती ने रविवार को एनेस्थीसिया के ओवरडोज लेकर सुसाइड कर ली थी। 7 महीने पहले GMC की ही डॉक्टर आकांक्षा माहेश्वरी ने भी जान दे दी थी।

डॉ. कार्तिक ने बुधवार आधी रात वॉट्सऐप पर यह स्टेटस लगाया था।

फैमिली और कुछ पर्सनल प्रॉब्लम्स भी हैं
बताया जा रहा है कि इंटर्न कार्तिक एक प्राइवेट डॉक्टर से ट्रीटमेंट ले रहे हैं। उनकी जिंदगी में फैमिली और पर्सनल लाइफ को लेकर कुछ परेशानियां हैं। लंबे समय से एंटी डिप्रेशन की दवाइयां भी ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे भोपाल के कोहेफिजा इलाके में दोस्तों के साथ रहते हैं। वही इन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। गांधी मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद राय के मुताबिक, कार्तिक की हालत स्थिर है।

सरस्वती सुसाइड केस में साथी जूनियर डॉक्टर्स हड़ताल पर
GMC के गायनिक डिपार्टमेंट की HOD डॉ. अरुणा कुमार को बुधवार रात पद से हटा दिया गया है। सहायक प्राध्यापक डॉ. भारती परिहार को HOD का प्रभार दिया गया है। गायनेकोलॉजी में पीजी थर्ड ईयर की स्टूडेंट जूनियर डॉक्टर बाला सरस्वती के सुसाइड केस में HOD डॉ. अरुणा कुमार पर प्रताड़ित करने के आरोप हैं। साथी जूनियर डॉक्टर्स स्ट्राइक पर चले गए थे। उन्होंने अभी स्ट्राइक खत्म नहीं की है।

कमलनाथ ने उठाए सवाल

MBBS इंटर्न की सुसाइड की कोशिश मामले में कमलनाथ ने सरकार पर सवाल उठाए है। उन्होंने इस घटना को लेकर ये ट्वीट किया –

GMC में 7 महीने में 2 सुसाइड की ये खबरें भी पढ़िए…

14 हफ्ते की प्रेग्नेंट थीं जूनियर डॉक्टर बाला सरस्वती

जूनियर डॉक्टर बाला सरस्वती (27)। – फाइल फोटो

गांधी मेडिकल कॉलेज की जूनियर डॉक्टर बाला सरस्वती (27) ने रविवार की रात खुदकुशी कर ली। वे 14 हफ्ते की गर्भवती थीं। उनके बेड के पास 5-5 एमएल के एनेस्थीसिया के दो खाली इंजेक्शन मिले। पुलिस ने सरस्वती का मोबाइल फोन जब्त किया है। 2021 में उनकी जयवर्धन चौधरी से शादी हुई थी। 6 महीने पहले ही दोनों कोहेफिजा के अपार्टमेंट में शिफ्ट हुए थे। पढ़िए पूरी खबर

सुसाइड नोट में लिखा- स्ट्रेस नहीं झेल पा रही हूं…

जूनियर डॉक्टर आकांक्षा माहेश्वरी (24)। – फाइल फोटो

भोपाल में 7 महीने पहले जूनियर डॉक्टर आकांक्षा माहेश्वरी (24) ने हॉस्टल में सुसाइड कर लिया था। वे गांधी मेडिकल कॉलेज से पीडियाट्रिक डिपार्टमेंट में पीजी कर रही थीं। पुलिस को मौके से इंजेक्शन और सीरिंज मिली। पुलिस ने मौके से एक पेज का सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें आकांक्षा ने लिखा- मैं इतनी मजबूत नहीं हूं, इतना स्ट्रेस नहीं झेल पा रही हूं..। मम्मी-पापा सॉरी, दोस्तों को भी सॉरी। प्यार देने के लिए धन्यवाद। मैं स्ट्रॉन्ग नही हूं। मैं व्यक्तिगत कारणों से यह कदम उठा रही हूं।

मणिपुर में झड़प, 20 मैतेई महिलाएं घायल; बफर जोन पार कर कुकी इलाके में घुसना चाहती थीं

बिष्णुपुर में मैतेई समुदाय की महिलाओं ने बफर जोन को पार करने का प्रयास किया। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोका। इस दौरान झड़प हुई।

मणिपुर में कुकी समुदाय ने हिंसा में मारे गए लोगों के शवों को चुराचांदपुर के टोइबुंग शांति मैदान में दफनाने की बात कही। इस पर मैतेई समुदाय ने ऐतराज जताया। विरोध में मैतेई महिलाओं ने बिष्णुपुर के थोरबुंग गांव की ओर कूच कर दिया। सुरक्षाबलों ने उन्हें रुकने को कहा, मैतेई महिलाएं नहीं मानीं। असम राइफल्स ने हवाई फायरिंग की और आंसू गैस के गोले दागे, जिसमें 20 महिलाएं घायल हो गईं।

मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदाय के बीच जारी हिंसा को तीन महीने पूरे हो चुके हैं। लेकिन अभी भी राज्य में शांति बहाल नहीं हो पाई है। हिंसा में अब तक 150 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। 50 हजार से ज्यादा लोग बेघर हो चुके हैं।
लैपटॉप, टैबलेट और PC के इंपोर्ट पर सरकार की रोक; इसे लाने के लिए लाइसेंस लेना होगा
भारत सरकार ने लैपटॉप, टैबलेट और पर्सनल कम्प्यूटर के इंपोर्ट पर रोक लगा दी है। अब विदेशों से इन प्रोडक्‍ट्स को लाने के लिए लाइसेंस या सरकार की अनुमति जरूरी होगी। इसके लिए सरकार ने फॉरेन ट्रेड पॉलिसी में बदलाव किया है।

 इस फैसले से मेक इन इंडिया प्रोग्राम और लोकल मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलने की उम्‍मीद है। डेल और एचपी उन कंपनियों में से हैं जिनकी भारत में पहले से ही मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटीज हैं। हालांकि प्रतिबंध उन पैसेंजर्स पर लागू नहीं होगा जो अपने बैगेज में इन आइटम्स को साथ ले जा रहे हैं।

भारत Vs वेस्टइंडीज पहला टी-20; 4 रन से हारा भारत; 5 मैचों की सीरीज में विंडीज 1-0 से आगे

वेस्टइंडीज ने 5 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में भारत को 4 रन से हरा दिया। इस हार के बाद हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली टीम 1-0 से पिछ़ड गई है। अगला मुकाबला 6 अगस्त को गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेला जाएगा।

ये भारत का 200वां टी-20 मैच था। IPL स्टार्स से सजी ये टीम 150 रन भी चेज नहीं कर पाई। IPL के पिछले सीजन में धमाल मचाने वाले शुभमन गिल और ईशान किशन टीम को अच्छी शुरुआत नहीं दिला सके। बीच में सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने अच्छे शॉट खेले, लेकिन संजू सैमसन, कप्तान हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल की तिकड़ी भी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रही।

हेट स्पीच मामले में आजम खान को नोटिस जारी

हेट स्पीच मामले में आजम खान को बरी किए जाने के निर्णय के खिलाफ राज्य सरकार की अपील पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सपा नेता आजम खान को नोटिस जारी किया। राज्य सरकार द्वारा दायर अपील पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति राजबीर सिंह ने रामपुर की निचली अदालत और अपीलीय अदालत के रिकॉर्ड उपलब्ध कराए जाने का भी निर्देश दिया और इस मामले में सुनवाई की अगली तारीख 27 सितंबर, 2023 तय की। आरोप है कि आजम खान ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद, उनके खिलाफ मिलक पुलिस थाने में घृणापूर्ण भाषण के आरोप में आपराधिक मामला दर्ज किया गया था।

बृजभूषण पर अवैध खनन का आरोप

महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे WFI के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह अब अवैध खनन के मामले में घिरे हैं। इस बाबत एनजीटी में एक शिकायत दी गई है। जांच और कार्रवाई के लिए NGT ने एक संयुक्त समिति बनाई है, जिसे दो महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट ट्रिब्यूनल को देनी है।

C ने कहा, संविधान जीवंत न कि स्थिर दस्तावेज

जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद-370 को खत्म किए जाने के मामले में सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि संविधान जीवंत दस्तावेज है, ये स्थिर दस्तावेज नहीं है। क्या आप (याची के वकील सिब्बल) यह कह सकते हैं कि ऐसा कोई मिकेनिज्म ही नहीं है जिससे 370 में बदलाव हो सके? इससे पहले कपिल सिब्बल ने कहा कि 370 किसी भी हाल में निरस्त नहीं हो सकता।

पंजाब की 39 नगर परिषदों, नगर पंचायतों के लिए नवंबर में होंगे चुनाव

पंजाब में 39 नगरपालिका परिषदों और नगर पंचायतों के लिए चुनाव एक से 15 नवंबर के बीच होंगे। एक सरकारी अधिसूचना में यह जानकारी दी गई। सरकारी अधिसूचना के मुताबिक, कुछ नगर परिषदों और नगर पंचायतों के 27 वार्डों तथा बठिंडा, बटाला और होशियारपुर के तीन नगर निगमों के कुछ वार्डों के लिए उपचुनाव भी इस साल नवंबर के पहले पखवाड़े में होंगे। अधिसूचना के मुताबिक, नगरपालिका परिषदों/नगर पंचायतों के सदस्यों के निर्वाचन के लिए आम चुनाव और विभिन्न नगरपालिका परिषदों/नगर पंचायतों के कुछ वार्डों के उपचुनाव नवंबर 2023 के पहले पखवाड़े के भीतर होंगे।

Exit mobile version