भारत ने चौथी बार एशियन चैंपियंस ट्राफी का खिताब जीता है। राजस्थान के CM अशोक गहलोत के उस बयान की रही, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है।
आज के प्रमुख इवेंट्स
- आज कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के वायनाड दौरे का दूसरा दिन है। वे अपने संसदीय क्षेत्र में कई आम लोगों से मुलाकात करेंगे।
- भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का पांचवां मैच अमेरिका के फ्लोरिडा शहर में खेला जाएगा।
गहलोत बोले- मोदी के खिलाफ BJP में बगावत शुरू; उनकी पार्टी के नेता सम्मान नहीं करते
CM अशोक गहलोत जयपुर के दुर्गापुरा कृषि अनुसंधान केंद्र में कार्यक्रम अटेंड करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए।
राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा में फूट पड़ चुकी है। मोदी की अब उनकी पार्टी के नेता ही इज्जत नहीं करते। BJP में जल्द बगावत बड़ा रूप ले सकती है। ये उनके लिए चिंता की बात होनी चाहिए, क्योंकि पब्लिक में उनकी रिस्पेक्ट पहले ही कम हो चुकी है।
राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। PM मोदी इस साल 7 बार राज्य का दौरा कर चुके हैं। वे जल्द ही राजस्थान के विधायकों के साथ बात करेंगे। टिकट बंटवारे पर भी PM मोदी की कोर टीम ही फैसले करेगी। सूत्र बता रहे विधायकों की पहली मीटिंग 25-26 अगस्त के आसपास हो सकती है। ऐसे में गहलोत हमलावर मोड में आ गए हैं।
बीजेपी मीटिंग में नहीं मिलती मोदी को रिस्पेक्ट
गहलोत ने कहा- भाजपा के किसी भी बड़े नेता से पूछ लीजिए कि पहले उनकी पार्टी की संसदीय दल की मीटिंग में क्या हालात हुआ करते थे? वहीं अब किस तरह के हालात बन गए हैं। पहले और अब, मोदी को लेकर किस तरह के हालात बदल गए हैं।
मैं पीएम मोदी को भी समझाना चाहूंगा। आप अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय से प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे हो। कम से कम ओबीसी का मान और सम्मान तो रखो, लेकिन जिस तरह की सोच उनकी है। उसके बाद अब उनकी पार्टी भी उनके खिलाफ हो गई है। आपके खिलाफ धीरे-धीरे बगावत हो सकती है।
गहलोत ने कहा कि हम सुनते हैं कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और इनके बीच नहीं बन रही है, लेकिन हमें क्या मतलब, इनके बीच बने या न बने। हम तो सिर्फ यही चाहते हैं कि भारत देश एक और अखंड रहे। उसके लिए पूरे देशवासियों को चाहिए कि वह किसी भी पार्टी या विचारधारा के क्यों न हों, सबको देश प्रेम और भारत माता के लिए एकजुट रहना चाहिए।
जयपुर के दुर्गापुरा स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र में राज्य स्तरीय युवा महापंचायत हुई, जिसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी ने शिरकत की।
पद कोई भी ले सकता है, ऐसे लोगों से देश का भला नहीं होगा
गहलोत ने कहा कि देश में आज हिंसा और अराजकता का माहौल पैदा हो चुका है। मोदी के राज में लगातार हिंसा फैल रही है। संविधान की धज्जियां उड़ रही हैं। लोकतंत्र खतरे में आ चुका है। इनकम टैक्स, सीबीआई का जिस तरह से इस्तेमाल हो रहा है, उसे अब जनता भी समझ गई है।
मैं तो यह चाहता हूं कि नई पीढ़ी के लोग भी राजनीति में आएं, लेकिन वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी से पार्टी के प्रति समर्पित होकर साथ कम करें। इससे न सिर्फ उनका बल्कि देश का भविष्य भी उज्ज्वल होगा।
अगर नई पीढ़ी का कमिटमेंट ही नहीं होगा। सिर्फ पद लेने तक ही सीमित हो जाएंगे। मैं कुछ बन जाऊं, पद लेकर बैठ जाऊं। पद ले सकते हैं। कई लोगों को पद मिल भी जाते हैं, लेकिन ऐसे लोग पार्टी और देश का भला नहीं कर सकते।
सभी जातियों में प्रेम होना चाहिए
भाजपा के नेताओं का मुस्लिम प्रेम जाग रहा है। यह अच्छी बात है। मैं तो चाहता हूं कि सभी धर्मों के लोगों और जातियों के प्रति उनका प्यार जागृत हो। मैं तो प्रार्थना करता हूं प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और संघ के लोगों का मुस्लिम, ईसाई, फारसी, जैन, सिख और दलितों समेत सभी जातियों के प्रति प्रेम जागृत हो।
हालांकि मेरा अनुभव कहता है कि ये लोग ऐसा नहीं कर सकते क्योंकि इन्होंने 70 साल में न महात्मा गांधी का नाम लिया और न ही सरदार पटेल और डॉ. भीमराव अंबेडकर का। सिर्फ गुजरात में चुनाव जीतने के लिए सरदार पटेल का बड़ा स्टैच्यू बना दिया, जो अच्छी बात है।
मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि आखिर 70 साल तक उन्हें सरदार पटेल क्यों नहीं याद आए, क्योंकि सरदार पटेल ने ही संघ पर बैन लगाया था। वह टीस भाजपा के दिल में थी। गांधी का नाम नहीं लिया, क्योंकि गोडसे कौन था, यह सब जानते हैं। पंडित नेहरू का त्याग-बलिदान छिपाने की कोशिश की गई। अगर इतिहास के महापुरुषों का नाम छुपाया जाएगा, तो वह खुद महापुरुष नहीं बन पाएंगे। मैं दिल से बोल रहा हूं, इन लोगों का एप्रोच काफी गलत है।
कांग्रेस के वंशवाद पर पंचायती क्यों करती है बीजेपी?
गहलोत ने कहा कि बीजेपी के नेता कहते हैं कांग्रेस में वंशवाद चल रहा है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं हमारी पार्टी की आपको क्या पंचायती है। हम आपसे पूछते हैं क्या कि RSS वाले क्या करते हैं? बीजेपी वाले क्या करते हैं? उनके परिवार में क्या चल रहा है हम भी तो नहीं पूछते हैं। तो फिर वह लोग कौन होते हैं यह कहने वाले कि हमारी पार्टी में वंशवाद है।
बीजेपी के नेता कांग्रेस मुक्त भारत बनाने की बात करते हैं, लेकिन कांग्रेस कभी खत्म नहीं होगी, क्योंकि देश के हर घर में कांग्रेस बसती है। कांग्रेस की नहीं बल्कि इनकी पार्टी की हालत खराब होने वाली है, इनकी पार्टी में फूट पड़ चुकी है। इनकी पार्टी में मोदी की इज्जत खत्म हो चुकी है। यह प्रधानमंत्री के लिए चिंता की बात होनी चाहिए।
प्रदेश की युवा नीति को और बेहतर बनाने के लिए युवा महापंचायत की ओर से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को जरूरी सुझाव दिए गए।
मणिपुर पर मोदी के पास 2 मिनट
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि मणिपुर में हालात बद से बदतर हो चुके हैं। महिलाओं के साथ लगातार रेप, हिंसा की घटनाएं हो रही है। 100 से ज्यादा रेप के मामले सामने आ चुके हैं। हजारों की संख्या में एफआईआर दर्ज हो चुकी है, लेकिन प्रधानमंत्री संसद में जाकर सिर्फ हंसी ठिठोली करते हैं। उन्होंने 2 घंटे के भाषण में मणिपुर का सिर्फ 2 मिनट जिक्र किया, जबकि इस तरह के गंभीर मुद्दे पर उन्हें अच्छे से अपनी बात रखनी चाहिए थी।
गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं मेरे हाथ में कुछ नहीं है, जबकि उन्हें वहां राष्ट्रपति शासन लागू करवा देना चाहिए। वहां गवर्नर उनके ही तो हैं। उन्हीं के एडवाइजर होते, शासन उन्हीं का रहता, लेकिन न जाने क्यों वह सख्त कदम नहीं उठा रहे। ऐसे में अब देश की जनता भी जानना चाहती है कि प्रधानमंत्री मणिपुर मामले पर चुप क्यों हैं।
लड़के-लड़कियां रात को 12 बजे क्लब में घुसते हैं और सुबह निकलते हैं
गहलोत ने कहा कि ड्रग्स बहुत बड़ी बीमारी है। जिसे रोकने के लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। इससे राजस्थान के बच्चे भी बिगड़ रहे हैं। रात को हुक्का बार चलता है। लड़के-लड़कियां वहां डांस करते हैं, ड्रिंक करते हैं।
मैंने उन्हें बंद करवाने के लिए जयपुर और राजस्थान में अभियान चल रखा है। रात को 12 बजे क्लब में घुसते हैं और सुबह 6, 7, 8 बजे निकलते हैं। क्या करते हैं, बेवकूफ की तरह ड्रिंक भी करते हैं, डांस भी करते हैं और ड्रग्स भी लेते हैं। होटल वाले तो कमाई कर रहे हैं।
मनचलों के लिए भी हिस्ट्री शीट की तरह एक कॉलम बनेगा
गहलोत ने कहा- ये जो मनचले हैं। कॉलेज के बाहर जो लड़कियों पर कमेंट करते हैं। मैंने इन मनचलों का इलाज करने का फैसला कर लिया है। जैसे थानों में हिस्ट्रीशीटर की हिस्ट्री शीट खुलती है। जैसे एक बार किसी की हिस्ट्री शीट खुल गई, फिर चाहे वह सुधर जाए तो उस पर एक्शन नहीं होता, लेकिन हिस्ट्री शीट बंद नहीं होती है। ऐसे ही मनचलों के लिए भी हिस्ट्री शीट की तरह एक कॉलम बना दिया जाएगा। उसी तरह मनचलों की फोटो लगाने की तैयारी कर रहा हूं। ताकि राजस्थान की बच्चियां सुरक्षित रहें।
राजेंद्र यादव करेंगे छात्र संघ चुनाव पर फैसला
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव को लेकर शिक्षा राज्य मंत्री राजेंद्र यादव ही फैसला करेंगे। हालांकि मैं यह जरूर कहना चाहूंगा कि जब चुनाव बंद हो गए थे। तब मैं ही वह मुख्यमंत्री हूं, जिसने फिर से चुनाव शुरू करवाए थे। हमसे बड़ा कमिटमेंट चुनाव को लेकर किसी और का नहीं हो सकता।
आज इस तरह से स्टूडेंट पैसे खर्च कर रहे हैं, जैसे एमएलए-एमपी के चुनाव लड़ रहे हों। आखिर कहां से पैसा आ रहा है और इतने पैसे क्यों खर्च किए जा रहे हैं, जबकि यह सब लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के खिलाफ है। छात्र नेता उसकी धज्जियां उड़ा रहे हैं, उसको हम पसंद नहीं करते हैं।
ABVP को बोलने का हक नहीं
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के तीन नेता जो जोधपुर में रेप के मामले में पकड़ में आए हैं। वह भी छात्रसंघ चुनाव की कैंपेन करने के लिए ही आए हुए थे। जिन लोगों का ऐसा कैरेक्टर हो, वह हमें शिक्षा कैसे दे सकते हैं। रेप की घटनाएं पूरे हिंदुस्तान में हो रही हैं, लेकिन हमारी पुलिस ऐसी है, जो 2 घंटे, 4 घंटे में ही अपराधियों को पकड़ लेती है।
विराट बोले- सोशल मीडिया से कमाई की खबर सच नहीं, मुझे जीवन में जो कुछ मिला, उसका आभारी
विराट कोहली ने सोशल मीडिया से होने वाली कमाई की खबर का खंडन किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा- मुझे जीवन में जो कुछ भी मिला है, मैं उसका आभारी हूं, लेकिन सोशल मीडिया पर जो खबरें चल रही हैं, वह सच नहीं हैं।’
हूपर नाम की संस्था ने 2023 की इंस्टाग्राम रिच लिस्ट जारी की थी। जिसमें बताया गया था कि विराट एक इंस्टाग्राम पोस्ट के लिए 11 करोड़ 45 लाख रुपए चार्ज करते हैं। इंस्टा पर कमाई के मामले में उन्हें पहले नंबर का एशियाई और तीसरे नंबर का स्पोर्ट्समैन बताया गया था।
विराट कोहली ने शनिवार को सोशल मीडिया से होने वाली कमाई की खबर का खंडन किया। उन्होंने एक पोस्ट में कहा, ‘मुझे जीवन में जो कुछ भी मिला है, मैं उसका आभारी हूं, लेकिन सोशल मीडिया पर मेरी कमाई के बारे में जो खबरें चल रही हैं, वह सच नहीं हैं।’
हाल ही में हूपर HQ ने 2023 की इंस्टाग्राम रिच लिस्ट जारी की। इसके मुताबिक, विराट एक इंस्टाग्राम पोस्ट से करीब 11.45 करोड़ रुपए (13 लाख 84 हजार डॉलर) कमाई करते हैं।
ओवरऑल लिस्ट में कोहली का 14वां नंबर
हूपर HQ के मुताबिक, इंस्टाग्राम से एक पोस्ट की कमाई के मामले में टॉप 15 में कोहली का नंबर 14वां है। पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो टॉप पर काबिज हैं। वह एक पोस्ट से 32 लाख 34 हजार डॉलर (करीब 26.75 करोड़ रुपए) कमाई करते हैं। दूसरे नंबर पर अर्जेंटीना के फुटबॉलर लियोनल मेसी हैं।
मेसी की कमाई एक पोस्ट से 25 लाख 97 हजार डॉलर (21.49 करोड़) है। तीसरे नंबर पर अमेरिकी सेलिब्रिटी सेलेना गोमेज हैं, जो एक पोस्ट से 25 लाख 58 हजार डॉलर कमाती हैं।
दुनियाभर की सेलेब्रिटी की लिस्ट में विराट का नंबर 14वां है। इस लिस्ट में कोहली के बाद दूसरी भारतीय एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा हैं। प्रियंका की कमाई एक पोस्ट से 5 लाख 32 हजार डॉलर है।
भारत ने चौथी बार जीती हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी; मलेशिया को 4-3 से हराया
भारतीय हॉकी टीम ने चौथी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता है। चेन्नई के राधाकृष्णन स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने मलेशिया को 4-3 से हरा दिया। भारत की ओर से जुगराज सिंह ने 9वें मिनट, कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 45वें मिनट, गुरजंत सिह ने भी 45वें मिनट और आकाशदीप सिंह ने 56वें मिनट में गोल दागा।
इसी के साथ भारत इस टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाला देश बन गया है। भारत ने 5वीं बार फाइनल में जगह बनाई थी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह टूर्नामेंट में 9 गोल दाग चुके हैं। वे टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर हैं। .
हरमनप्रीत सिंहकी कप्तानी वाली भारतीय हॉकी टीम ने मलेशिया को रोमांचक फाइनल में हराकर रिकॉर्ड चौथी बार एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया. हाफ टाइम तक दो गोल से पिछड़ने के बावजूद भारत ने गजब की वापसी करते हुए आखिरी क्षणों में आकाशदीप सिंह के शानदार गोल के दम पर मैच और ट्रॉफी को अपने नाम कर लिया. चेन्नई में खेले गए मुकाबले में मलेशिया ने भारत को कड़ी टक्कर दी. टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को नकद इनाम देने की घोषणा की है.
हॉकी इंडिया ने प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है जबकि सपोर्ट स्टाफ के हर सदस्य को डेढ लाख रुपये बतौर इनाम दिए जाएंगे. हॉकी इंडिया ने इसकी जानकारी अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर दी है.
ऐसे आए गोल
- पहला (भारत) – मैच का पहला गोल भारत के जुगराज सिंह ने किया। नौवें मिनट में जुगराज ने पेनल्टी कार्नर का फायदा उठाते हुए ड्रैग फ्लिक शॉट खेला और गोल दागा।
- दूसरा (मलेशिया) – भारत के बाद मलेशिया ने भी गोल दाग दिया। 14वें मिनट में अज़ुआन हसन दाईं ओर से सर्कल में आए, और फील्ड गोल दाग दिया।
- तीसरा (मलेशिया) – 18वें मिनट में मलेशिया ने पेनल्टी कार्नर का उपयोग किया और रहीम रजी ने अपने ड्रैग फ्लिक से नेट के टॉप पर गोल दाग दिया।
- चौथा (मलेशिया) – मलेशिया ने अपना तीसरा गोल पेनल्टी कॉर्नर से दागा। 28वें मिनट में मुहम्मद अमीनुदीन ने गेंद को नेट के टॉप पर ड्रैगफ्लिक किया।
- पांचवां (भारत) – कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक लिया। सिंह ने बॉल को गोलपोस्ट टॉप लेफ्ट साइड में पहुंचाया।
- छठा ( भारत) – गुरजंत सिंह ने गोलपोस्ट की ओर शानदार शॉट मारा और भारत को मैच का पहला फील्ड गोल मिला। स्कोर लाइन 3-3 से बराबर।
- सातवां (भारत) – चौथे और आखिरी क्वार्टर में फ्रंटलाइनर आकाशदीप सिंह ने 56वें मिनट में मंदीप सिंह के पास पर फील्ड गोल स्कोर किया। भारत ने 4-3 से बढ़त बना ली।
क्वार्टर-दर-क्वार्टर बदला मैच…
पहला : दोनों टीमों की आक्रामक शुरुआत, स्कोर 1-1 से बराबर
दोनों ही टीमों ने मैच की आक्रमक शुरुआत की। दोनों टीमों ने गोल के चांस बनाए। मलेशिया ने शुरुआती मिनटों में बढ़त लेने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने शानदार बचाव किया।
फिर 9वें मिनट में भारत को पहले गोल मिला। जुगराज सिंह ने पेनल्टी कार्नर पर गोल करते हुए भारत को 1-0 की बढ़त बनाई। कुछ देर बाद 14वें मिनट में मलेशिया अजराई बाबू कमाल ने 14वें मिनट में मैदानी गोलकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
दूसरा: डबल गाेल से मलेशिया बढ़त पर
इस क्वार्टर में डबल गोलकर मलेशिया ने हाफ टाइम तक 3-1 की बढ़त हासिल कर ली। टीम ने शुरुआत से ही भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। यहां मलेशियाई खिलाड़ी PC (पेनल्टी कॉर्नर) की तलाश में थे। उन्हें 18वें मिनट में सफलता मिली। यहां रहीम रजी ने नेट के टॉप में ड्रैग फ्लिककर गोल दाग दिया।
दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों को 1-1 ग्रीन कार्ड मिला यानी प्लेयर्स को 2-2 मिनट केमि सस्पेंशन ले। भारतीय टीम ने क्वार्टर के आखिरी मिनटों में अटैकिंग गेम खेला और सर्कल के अंदर कई मौके बनाए, लेकिन गोल करने में टीम नाकाम रही।
28वें मिनट में मलेशिया को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर मोहम्मद महमुद्दीन ने गोल किया।
तीसरा: डबल गोल से भारत बराबरी पर आया हाफ टाइम तक 3-1 से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने तीसरे क्वार्टर में जोरदार वापसी की। इसमें टीम ने दो गोल दागते हुए स्कोर लाइन 3-3 से बराबर कर ली। पहले 36वें मिनट में कार्थी सेल्वम ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करने का प्रयास किया, लेकिन जुगराज सिंह का ड्रैग फ्लिक गोल पोस्ट के ऊपर से निकल गया। ऐसे में मलेशिया ने लगातार बढ़त को कायम रखने का सोचा और बॉल को अपने पास रखने की कोशिश की। मलेशिया ने डिफेंसिव गेम खेला और भारत के सर्कल में कम चांस बनाए।
इस क्वार्टर के आखिरी और मैच के 45वें मिनट में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर शानदार गोल दागा। फिर कुछ ही सेकंड में गुरजंत सिह ने फील्ड गोलकर भारत को बराबरी दिला दी।
चाैथा: आखिरी क्वार्टर में फील्ड गोल से जीते
भारतीय टीम ने आखिरी क्वार्टर में शानदार खेल दिखाया। इसकी शुरुआत 3-3 के स्कोर के साथ हुई। ऐसे में फ्रंटलाइनर आकाशदीप सिंह ने 56वें मिनट में मंदीप सिंह के पास पर गोल करते हुए मुकाबला भारत के पक्ष में कर दिया। आखिरी के चार मिनट में मलेशियाई खिलाड़ी बराबरी का गोल नहीं कर रहे और ट्रॉफी भारत की झोली में आई।
दोनों टीमों का स्टार्टिंग लाइनअप
भारत: कृष्ण बहादुर पाठक (गोलकीपर), वरुण कुमार, जरमनप्रीत सिंह, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, गुरजंत सिंह, मनदीप सिंह, हरमनप्रीत सिंह, सुमित, शमशेर सिंह, आकाशदीप सिंह।
मलेशिया: हफीजुद्दीन ओथमान (गोलकीपर), मुजाहिर अब्दु, मरहान जलील, अशरन हमसामी, फैजल सारी, रजी रहीम, फैज जली, अज़ुआन हसन, अबू कमाल अजराई, नजमी जाजलान, अमीरुल अजहर।
थर्ड प्लेस मैच में जीता जापान
फाइनल से पहले साउथ कोरिया और जापान के बीच थर्ड प्लेस मैच खेला गया। इसमें जापान ने साउथ कोरिया को 5-3 से हराया। पहला हाफ यानी दो क्वार्टर तक मुकाबला 3-3 से बराबरी पर था, लेकिन फिसर अगले 2 क्वार्टर में जापान ने मैच में बढ़त बना ली।
जापान ने साउथ कोरिया को 5-3 से हरा कर मेडल जीता।
प्रधानमंत्री मोदी ने MP में संत रविदास मंदिर-स्मारक की नींव रखी; 100 करोड़ में बनेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के सागर में संत रविदास मंदिर और स्मारक की आधारशिला रखी। 13 एकड़ में फैले इस मंदिर को बनाने में 100 करोड़ खर्च होंगे। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि रविदास जी ने पराधीनता को सबसे बड़ा पाप बताया है।
बीते 5 महीने में मोदी 5वीं बार मध्य प्रदेश आ चुके हैं। संत रविदास स्मारक स्थल के भूमि पूजन इवेंट को भाजपा ने प्रदेश की 54 विधानसभा सीटों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया था। इनमें 35 सीटें अनुसूचित जाति के लिए हैं। ये राज्य का सबसे बड़ा रविदास मंदिर होगा, जहां कला संग्रहालय और 12,500 स्कॉयर फीट में भक्त निवास का निर्माण किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (12 अगस्त) को मध्यप्रदेश में सागर के बड़तूमा में संत रविदास मंदिर और स्मारक की आधारशिला रखी। इस मौके पर पीएम ने कहा- जब हमारी आस्थाओं पर हमले हो रहे थे, हमारी पहचान मिटाने के लिए पाबंदियां लगाई जा रही थीं, तब रविदास जी ने मुगलों के कालखंड में कहा था- पराधीनता सबसे बड़ा पाप है। जो पराधीनता को स्वीकार कर लेता है, जो लड़ता नहीं है, उससे कोई प्रेम नहीं करता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सागर में संत रविदास मंदिर और स्मारक की आधारशिला रखी।
मोदी बोले- मंदिर के लोकार्पण के लिए भी मैं आऊंगा
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सागर में समरसता का महासागर उमड़ा हुआ है। देश की इसी साझी संस्कृति को और समृद्ध करने के लिए यहां संत रविदास स्मारक एवं कला संग्रहालय की नींव पड़ी। संतों की कृपा से मुझे इस पवित्र स्मारक के भूमिपूजन का पुण्य अवसर मिला है। मैं काशी का सांसद हूं, इसलिए ये मेरे लिए दोहरी खुशी का अवसर है।
पीएम मोदी ने कहा कि पूज्य संत रविदास जी के आशीर्वाद से मैं विश्वास से कहता हूं कि आज मैंने शिलान्यास किया है। एक डेढ़ साल के बाद मंदिर बन जाएगा तो लोकार्पण के लिए भी मैं जरूर आऊंगा। संत रविदास जी मुझे यहां अगली बार आने का मौका देने ही वाले है।
सागर के बड़तूमा गांव में 100 करोड़ रुपए की लागत से संत रविदास मंदिर और स्मारक बनेगा।
भली-भांति जानता हूं, भूखे रहने की तकलीफ क्या होती है?
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रविदास जी ने अपने दोहे में कहा- ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिलै सबन को अन्न, छोट बड़ों सब से, रैदास रहें प्रसन्न। आजादी के अमृतकाल में हम देश को गरीबी-भूख से मुक्त करने के लिए प्रयास कर रहे हैं।
कोरोना के दौर में पूरी दुनिया की व्यवस्थाएं चरमरा गईं। गरीब-दलित के लिए हर कोई आशंका जता रहा था। कहा जा रहा था कि 100 साल बाद इतनी बड़ी आपदा आई है। मैंने कहा था कि किसी को भी खाली पेट सोने नहीं दूंगा। मैं भली-भांति जानता हूं कि भूखे रहने की तकलीफ क्या होती है।
हमारे प्रयासों की तारीफ पूरी दुनिया में हो रही है। देश में गरीब कल्याण की जितनी भी योजनाएं चल रही हैं, उनका लाभ दलित-आदिवासी-पिछड़े समाज को हो रहा है। पहले योजनाएं चुनावी मौसम के हिसाब से आती थीं।
कोई भी दलित, वंचित बिना घर के ना रहे, इसके लिए प्रधानमंत्री आवास भी दिए जा रहे हैं। जल-बिजली कनेक्शन भी मुफ्त दिया गया है। आज एससी-एसटी समाज के लोग खुद अपने पैरों पर खड़े हो रहे हैं।
मंदिर की दीवारों पर संत रविदास के दोहे और शिक्षाएं उकेरी जाएंगी।
हम लाखा बंजारा की योजना आगे बढ़ा रहे
सागर के नाम में ही सागर (समुद्र) है। सागर से लाखा बंजारा का नाम भी जुड़ा है। उन्होंने पानी की जरूरत समझी और इसके लिए काम किया। आज पिछड़े-आदिवासी क्षेत्रों में पानी पहुंच रहा है। हम लाखा बंजारा की योजना आगे बढ़ा रहे हैं।
आदिवासी-दलित-पिछड़े वर्ग के लोगों ने राष्ट्र के विकास में भूमिका निभाई है। बाबा साहब से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का बीड़ा उठाया है। एक स्टेशन का नाम टंट्या मामा के नाम पर किया है। आज आदिवासियों को वो सम्मान मिल रहा है, जिसके वो हकदार थे। मुझे विश्वास है कि संत रविदास की शिक्षाएं एकजुट करती रहेंगी।
सागर में संत रविदास की प्रतिमा का पूजन करते पीएम मोदी।
पीएम मोदी के आशीर्वाद से एमपी लगातार आगे बढ़ रहा: शिवराज
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज का दिन मध्यप्रदेश के लिए, बुंदेलखंड के लिए और सागर के लिए सौभाग्य का दिन है। संत शिरोमणि रविदास जी महाराज, उनका दिव्य, भव्य और आलौकिक मंदिर इस धरती पर बनने जा रहा है। संत रविदास जी महाराज भारत को जोड़ने वाले संत थे।
सीएम कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसे फैसले लिए हैं जो बुंदेलखंड की तस्वीर और यहां के लोगों की तकदीर बदल देंगे। बीना में पेट्रो केमिकल्स बिना रिफाइनरी पर आधारित पेट्रो केमिकल्स उत्पाद पर 50 हजार करोड़ का निवेश आने वाला है। केन-बेतवा प्रोजेक्ट से बुंदेलखंड में 20 लाख एकड़ जमीन पर सिंचाई होंगी। बुंदेलखंड पंजाब और हरियाणा को मात देगा।
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि पीएम मोदी के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है।
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि पीएम मोदी के आशीर्वाद और उनके मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है।
100 करोड़ की लागत से बनेगा मंदिर-स्मारक
संत रविदास मंदिर-स्मारक 11.29 एकड़ जमीन पर 100 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाना है। इसकी दीवारों पर संत रविदास के दोहे और शिक्षाएं उकेरी जाएंगी। पूरा प्रोजेक्ट नागर शैली में होगा। कला वीथिका बनेगी। भक्त निवास के साथ कई अन्य चीजें भी बनेंगी।
53 हजार गांवों से मिट्टी और 350 नदियों का जल लाया जा रहा
8 फरवरी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंदिर और स्मारक निर्माण की घोषणा की थी। संत रविदास मंदिर के लिए पूरे प्रदेश के 53 हजार गांवों से मिट्टी और 350 नदियों का जल लाया जा रहा है। मध्य प्रदेश में इस साल आखिर में विधानसभा चुनाव हैं। बीते 5 महीने में पीएम मोदी पांच बार राज्य का दौरा कर चुके हैं।
बीते 5 महीने में मोदी 5वीं बार मध्य प्रदेश आए
1 अप्रैल (भोपाल): पीएम ने भोपाल-दिल्ली वंदे भारत को हरी झंडी दिखाई।
25 अप्रैल (रीवा): पंचायती राज सम्मेलन में शामिल हुए। वे यहां 31 मिनट बोले। मोदी ने 2300 करोड़ के रेल प्रोजेक्ट्स और 7853 करोड़ रुपए की 5 नल-जल योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। तीन ट्रेनों को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई।
27 जून (भोपाल): भोपाल-जबलपुर और भोपाल-इंदौर वंदे भारत को हरी झंडी दिखाई।
1 जुलाई (शहडोल): राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन 2047 लॉन्च किया। साथ ही एक क्लिक से साढ़े 3 करोड़ हितग्राहियों को डिजिटल आयुष्मान कार्ड बांटे।
12 अगस्त (सागर): संत रविदास मंदिर और स्मारक की आधारशिला रखी।
सभास्थल ढाना में बेगूसराय के श्रवण साह गदा लेकर पहुंचे। उनका दावा है कि वे अब तक प्रधानमंत्री मोदी की 118 सभाओं में शामिल हो चुके हैं।
लोग कार्यक्रम स्थल ढाना सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गए थे।
1.25 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था, 5 हजार पुलिसकर्मी तैनात
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर ढाना में जनसभा कार्यक्रम स्थल पर डोम बनाया गया। 1.25 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई। 4 हजार से ज्यादा गाड़ियों के लिए पार्किंग के इंतजाम किए गए। 5 हजार से ज्यादा पुलिस बल तैनात रहा। 20 से ज्यादा IAS और IPS की भी ड्यूटी लगाई गई।
11.29 एकड़ जमीन पर संत रविदास का मंदिर और स्मारक कला संग्रहालय बनाया जाएगा।
सागर के बड़तूमा में ऐसा बनेगा संत रविदास महाराज का मंदिर।
गगनयान-मिशन के लिए पैराशूट की सफल टेस्टिंग; सेफ लैंडिंग के लिए स्पीड कम करेगा
इसरो ने ड्रोग पैराशूट की टेस्टिंग का वीडियो जारी किया है।
इसरो ने गगनयान मिशन के लिए ड्रोग पैराशूट का सफल परीक्षण किया है। ये पैराशूट एस्ट्रोनॉट्स की सेफ लैंडिंग में मदद करेगा। ये क्रू मॉड्यूल की स्पीड को कम करेगा, साथ ही उसे स्थिर भी रखेगा। गगनयान क्रू मॉड्यूल के पैराशूट सिस्टम में 10 पैराशूट होंगे।
दरअसल गगनयान, इसरो का एक प्रोजेक्ट है, इसमें तीन मिशन होंगे। इसका पहला मिशन मानव रहित होगा। दूसरे मिशन में एक रोबोट को भेजा जाएगा और आखिरी यानी तीसरे मिशन में अंतरिक्ष में तीन एस्ट्रोनॉट्स भेजे जाएंगे।
इंडियन स्पेस रिसर्च आर्गनाइजेशन (ISRO) ने गगनयान मिशन के लिए ड्रोग पैराशूट का सफल परीक्षण किया है। ये पैराशूट एस्ट्रोनॉट्स की सेफ लैंडिंग में मदद करेगा।
यह क्रू मॉड्यूल की स्पीड को कम करेगा, साथ ही उसे स्थिर भी रखेगा। शनिवार को इसरो ने एक वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी।
इसरो ने कहा कि विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (VSSC) ने 8 से 10 अगस्त के बीच चंडीगढ़ के टर्मिनल बैलिस्टिक रिसर्च लेबोरेटरी की रेल ट्रैक रॉकेट स्लेड (RTRS) पर ड्रोग पैराशूट की सफल टेस्टिंग की है। यह टेस्टिंग DRDO और एरियल डिलीवरी रिसर्च और डेवलपमेंट स्टेब्लिशमेंट (ADRDE) ने मिलकर की।
ड्रोग पैराशूट
पायरो बेस्ड डिवाइस के साथ ड्रोग पैराशूट कंमांड देने पर बाहर आ जाते हैं। ये पैराशूट कोन के आकार के हैं। इनका डायमीटर 5.8 मीटर है। इनमें सिंगल स्टेज रिफिलिंग मैकेनिज्म है। इससे इनका कैनोपी एरिया कम हो जाता है। साथ ही इसके खुलने से लगने वाला झटका भी कम हो जाता है। बाद में यह बहुत धीमी गति से नीचे आते हैं।
तीन स्टेप में की गई टेस्टिंग
गगनयान के एस्ट्रोनॉट्स की लैंडिंग के दौरान मिलने वाली कंडीशन्स को टेस्टिंग के दौरान क्रिएट किया गया और इन कंडीशन्स में पैराशूट की परफॉर्मेंस को चैक किया गया। टेस्टिंग 3 स्टेप में की गई।
- पहले टेस्ट में पैराशूट का मैक्सिमम रीफेड लोड चैक किया गया। इसमें पैराशूट की रस्सियों को खींचकर रेफिंग लाइन को छोटा करके देखा गया। इससे लैंडिंग के दौरान क्रू-मॉड्यूल की स्पीड को बढ़ाया जाता है।
- दूसरे टेस्ट में पैराशूट का मैक्सिमम डिस्फ्रीड लोड चैक किया गया। इसमें पैराशूट की रस्सियों को ढीला छोड़कर रेफिंग लाइन को बड़ा करके देखा गया। इससे लैंडिग के दौरान क्रू-मॉड्यूल की स्पीड कम किया जाता है।
- तीसरे टेस्ट में पैराशूट को मैक्सिमम एंगल ऑफ अटैक पर खोलकर देखा गया।
भारत ने 9 विकेट से जीता चौथा टी-20; गिल-जायसवाल की विंडीज के खिलाफ सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप
भारत ने चौथे टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ टीम ने 5 मुकाबलों की सीरीज में 2-2 की बराबरी हासिल कर ली। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 17 ओवर में टारगेट हासिल कर लिया।
इस जीत के हीरो युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल रहे। दोनों ने 165 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की। यह वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय ओपनर्स की सबसे बड़ी साझेदारी है। आज पांच मैचों की सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला है।
. पाकिस्तान के केयरटेकर PM होंगे अनवार उल हक; राष्ट्रपति आरिफ अल्वी आज दिलाएंगे शपथ
पाकिस्तान में नेशनल असेंबली भंग होने के 2 दिन बाद अनवार उल हक को केयरटेकर PM चुना गया है। राष्ट्रपति आरिफ अल्वी आज उन्हें शपथ दिलाएंगे। अनवार बलूचिस्तान अवामी पार्टी (BAP) के सीनेटर हैं। अनवार 2018 में पहली बार बतौर इंडिपेंडेंट कैंडिडेट सीनेटर चुने गए थे।
विपक्ष और सरकार में अनवार के नाम पर सहमति बनी है। पाकिस्तान के संविधान के मुताबिक संसद भंग होने के बाद एक केयरटेकर को 90 दिनों तक सरकार चलाने की जिम्मेदारी दी जाती है। अब मुल्क में निष्पक्ष चुनाव कराने का जिम्मा भी अनवार का ही होगा।
9 अगस्त को संसद के भंग होने के साथ ही शहबाज शरीफ का कार्यकाल भी खत्म हो गया था. ऐसे में शनिवार को कार्यवाहक प्रधानमंत्री के चुने जाने की आखिरी तारीख थी. इससे पहले शहबाज शरीफ और राजा रियाज के बीच कार्यवाहक प्रधानमंत्री तय करने को लेकर कई बैठकों का दौर चला. उधर पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने पत्र लिखकर जल्द से जल्द नया कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त करने को कहा था, जिस पर शहबाज शरीफ ने थोड़ी नाराजगी भी दिखाई थी.
शहबाज शरीफ ने राष्ट्रपति के पत्र पर दी थी प्रतिक्रिया
गौरतलब है कि शुक्रवार को इस्लामाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान शहबाज शरीफ ने कहा था कि शनिवार तक नाम फाइनल हो जाएगा. उन्होंने कहा था कि नाम को लेकर गठबंधन दलों के नेताओं से भी चर्चा की जाएगी और उन्हें विश्वास में लिया जाएगा. राष्ट्रपति के पत्र का जिक्र करते हुए शहबाज शरीफ ने कहा था कि ‘राष्ट्रपति इतनी जल्दी में क्यों हैं? शायद उन्होंने संविधान नहीं पढ़ा होगा.’
श्रीनगर में एडवांस्ड फाइटर मिग-29 तैनात; नाइट विजन और लॉन्ग रेंज मिसाइलों से लैस
इंडियन एयरफोर्स ने श्रीनगर एयरबेस पर मिग-29 फाइटर जेट स्क्वाड्रन तैनात किया है। मॉडर्न फीचर्स से लैस ये स्क्वाड्रन मिग-21 की जगह लेगा। 2020 में गलवान घाटी में चीन के साथ टकराव होने के बाद लद्दाख सेक्टर में भी मिग-29 तैनात किए गए थे।
श्रीनगर एयरबेस चीन और पाकिस्तान के करीब है। मिग-29 अब पाकिस्तान और चीन से आने वाले खतरों का जवाब देने में सक्षम होंगे। नए मिग-29 अपग्रेड किए गए हैं। इनमें लंबी दूरी की एयर-टु-एयर मिसाइलें, नाइट विजन, एयर-टु-एयर रिफ्यूलिंग समेत कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं।
शरद पवार और अजित पवार की सीक्रेट मीटिंग; पुणे में बिजनेसमैन के बंगले पर 1 घंटे रहे
सूत्रों के मुताबिक बिजनेसमैन अतुल चोरडिया के बंगले से निकली इस गाड़ी में अजित पवार मौजूद थे।
महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार और NCP चीफ शरद पवार ने पुणे में सीक्रेट मीटिंग की। ये बैठक बिजनेसमैन अतुल चोरडिया के बंगले पर हुई। चोरडिया पवार फैमिली के करीबी हैं। मीटिंग में किस मुद्दे पर चर्चा हुई, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
NCP में फूट पड़ने के बाद अजित और शरद की ये चौथी मुलाकात है। इस बैठक के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि दो गुटों में बटी NCP के फिर से एक हो सकती है। शरद एक-दो दिन में इस मीटिंग से जुड़ी जानकारी शेयर करेंगे।
वायनाड में राहुल गांधी बोले- PM मोदी राष्ट्रवादी नहीं हैं, वे 4 महीने से मणिपुर नहीं गए
राहुल गांधी ने ऊटी के मुथु नाडु गांव में आदिवासियों के साथ डांस किया।
राहुल गांधी ने वायनाड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि PM 4 महीने से मणिपुर नहीं गए। क्योंकि वे राष्ट्रवादी नहीं हैं। आइडिया ऑफ इंडिया की हत्या करने वाला राष्ट्रवादी नहीं हो सकता। देश से प्यार नहीं कर सकता। वायनाड पहुंचने से पहले राहुल ने ऊटी के पास टोडा आदिवासी समुदाय के साथ डांस किया।
राहुल सांसदी बहाल होने के बाद पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड पहुंचे हैं। वे पिछली बार सांसदी जाने के 16 दिन बाद 10 अप्रैल को वायनाड गए थे। तब उन्होंने जनसभा में कहा था- अब मैं वायनाड का सांसद नहीं हूं, लेकिन यहां से मेरा रिश्ता हमेशा रहेगा।
मणिपुर में आपने भारत माता की हत्या की है। आपने हजारों लोगों को बर्बाद कर दिया। आपने हजारों महिलाओं से रेप करने की अनुमति दी। हजारों लोगों की हत्या करने की अनुमति दी।
इसके बाद भी देश के पीएम होकर आप हंस रहे हैं। आपने संसद में भारत माता की हत्या पर दो मिनट भी बात नहीं की। आपकी हिम्मत कैसे हुई ऐसा करने की? आप चार महीने से वहां क्यों नहीं गए? क्योंकि आप राष्ट्रवादी नहीं है। आइडिया ऑफ इंडिया की हत्या करने वाला राष्ट्रवादी नहीं हो सकता। आइडिया ऑफ इंडिया की हत्या करने वाला देश से प्यार नहीं कर सकता।
राहुल गांधी ने ये बातें वायनाड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। वे सांसदी बहाल होने के बाद पहली बार दो दिन (12-13 अगस्त) के दौरे पर वायनाड पहुंचे हैं।
वायनाड के कलपेट्टा में कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी का माला पहनाकर स्वागत किया।
राहुल की स्पीच की 5 बड़ी बातें…
मणिपुर की दो महिलाओं की कहानी सुनाई
राहुल गांधी बोले- मैंने मणिपुर में जो देखा, वो पिछले 19 सालों के राजनीतिक करियर में नहीं देखा। मैंने वहां रिलीफ कैंप में रहने वाली दो महिलाओं से बात की। एक महिला ने मुझे बताया कि वो अपने बच्चे के साथ अपने घर में सो रही थी। भीड़ ने उसके घर में आग लगा दी। बेटे को उसकी आंखों के सामने गोली मार दी। वह अपने बेटे का शव बाहों में लिए बैठी रही। फिर सोचा कि मेरा बेटा तो वापस नहीं आएगा और वहां से भाग आई। बेटे के अलावा उसका कोई नहीं था। राहुल के मुताबिक दूसरी महिला ने भी ऐसी ही कहानी सुनाई। मणिपुर में ऐसी हजारों कहानियां हैं।
मणिपुर में मैतेई और कुकी की मनोदशा पर बात की
जब हम मणिपुर के मैतेई इलाकों में गए तो वहां के लोगों ने कहा कि अगर आपकी सुरक्षा में कोई कुकी होगा तो हम उसे मार देंगे। जब हम कुकी इलाके में गए तो उन्होंने कहा कि आपकी सुरक्षा में कोई मैतेई होगा तो हम उसे मार देंगे। ऐसे में हमें एक समुदाय के इलाके में जाने पर अपनी सुरक्षा में शामिल दूसरे समुदाय के लोगों को हटाना पड़ा। सोचिए वहां यह स्थिति है, वहां हर जगह खून है।
पिछली बार राहुल गांधी सांसदी जाने के 16 दिन बाद 10 अप्रैल को वायनाड गए थे। तब उन्होंने जनसभा में कहा था- अब मैं वायनाड का सांसद नहीं हूं, लेकिन यहां से मेरा रिश्ता हमेशा रहेगा।
मणिपुर पर बात करते हुए PM हंस रहे थे
राहुल गांधी ने कहा कि मैंने संसद में मणिपुर की स्थिति बताई। इसके बाद पीएम मोदी संसद में दो घंटे बोले, इस दौरान वे हंस रहे थे, मजाक कर रहे थे। दो घंटे 37 मिनट की स्पीच में दो सिर्फ दो मिनट मणिपुर पर बोले। मैंने संसद में कहा कि बीजेपी ने संसद में इंडिया के आइडिया को मार दिया है। मणिपुर में आपने भारत माता की हत्या की है। इसके बाद भी देश के पीएम होकर आप हंस रहे हैं?
आपने भारत माता की हत्या पर दो मिनट भी बात नहीं कही। आपकी हिम्मत कैसे हुई ऐसा करने की। आप ये क्यों कर रहे हैं। आप चार महीने से वहां क्यों नहीं गए क्योंकि आप राष्ट्रवादी नहीं है। इंडिया के आइडिया की हत्या करने वाला राष्ट्रवादी नहीं हो सकता।
बीजेपी और RSS को नहीं पता परिवार क्या होता है
आप मैं अपने परिवार के बारे में बात करता हूं। सोचिए अगर कोई परिवार को अलग करने का प्रयास करे। दो भाइयों को अलग करे। बेटी को पिता को अलग करे। अगर कोई परिवार को अलग करने का प्रयास करेगा तो परिवार और मजबूत होगा, लेकिन बीजेपी और RSS को नहीं पता कि परिवार क्या होता है।
उन्हें लगता है कि अगर वे राहुल गांधी को संसद से बाहर कर देंगे तो वे वायनाड से दूर हो जाएंगे। नहीं, अगर आप राहुल गांधी की सांसदी छीन लेंगे तो वायनाड के लोगों से उनका रिश्ता और मजबूत होगा।
राहुल बोले- हम मणिपुर में शांति वापस लाएंगे
बीजेपी की नीतियों ने मणिपुर के हजारों लोगों को बर्बाद किया है, उन्हें तोड़ने की कोशिश की है, लेकिन हम मणिपुर में शांति वापस लाएंगे। यह बीजेपी और कांग्रेस के बीच लड़ाई है। मैं आपको एक और उदाहरण देता हूं कि कांग्रेस कैसे लोगों को जोड़ रही है।
जब मैं पहली बार यहां आया था, यहां बाढ़ थी, तब सभी पार्टियों के नेता बाढ़ के लिए काम कर रहे थे। कई परिवार टूट गए, लोगों ने अपना परिवार खो दिया। किसी का भाई नहीं रहा, किसी की मां नहीं रही। तब हमने पीड़ितों के लिए घर बनाने का काम शुरू किया। जिसका लोगों को फायदा मिला। आज मैं उनमें से कुछ लोगों को घरों की चाबियां दूंगा।
राहुल गांधी ने मुथु नाडु गांव में आदिवासियों के साथ डांस किया।
राहुल शनिवार को दिल्ली से निकले थे और सुबह 9:30 बजे कोयंबटूर पहुंचे। यहां से वे वायनाड के लिए रवाना हुए। उन्होंने रास्ते में (दोपहर करीब 2 बजे) ऊटी के पास बसे मुथु नाडु गांव में टोडा आदिवासी समुदाय के लोगों से मुलाकात की थी। यहां लोगों ने शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। राहुल गांधी ने आदिवासियों के साथ डांस भी किया।
सांसदी जाने के 16 दिन बाद वायनाड गए थे राहुल
इससे पहले राहुल गांधी सांसदी जाने के 16 दिन बाद 10 अप्रैल 2023 को वायनाड गए थे। तब उन्होंने यहां जनसभा में कहा था- मेरी संसद की सदस्यता छीन ली गई। मेरा घर छीन लिया, मेरे पीछे पुलिस लगा दी, लेकिन इन सबसे मुझे फर्क नहीं पड़ता है। वो मुझे जेल में भी डाल दें, फिर भी मैं सवाल पूछता रहूंगा।
10 अप्रैल को वायनाड में राहुल गांधी ने दिव्यांग कांग्रेस समर्थक से मुलाकात की थी।
24 मार्च को राहुल की सांसदी गई थी
23 मार्च को अहमदाबाद की सेशन कोर्ट ने मोदी सरनेम मामले में राहुल को 2 साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद 24 मार्च को उनकी सांसदी चली गई थी। 4 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस नेता को सुनाई गई दो साल की सजा पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद उनकी सांसदी बहाल हो गई।

