Site icon अग्नि आलोक

ताजा समाचार:मोदी बोले- फ्रांस आना घर आने के जैसा,दिल्ली में लाल किले तक बाढ़:राजस्थान में सिंगल फीस फिर हर प्रतियोगी परीक्षा फ्री; सीमा हैदर के लिए भारत को धमकी

Share

दिल्ली में पिछले 4 दिनों से यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। एक खबर राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे प्रतियोगी छात्रों से जुड़ी रही।

आज के प्रमुख इवेंट्स

  1. PM मोदी फ्रांस के नेशनल डे यानी बैस्टिल डे पर बतौर चीफ गेस्ट शामिल होंगे। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ डेलिगेशन लेवल की बातचीत करेंगे। भारतीय और फ्रांसीसी कंपनियों के CEO और प्रमुख फ्रांसीसी हस्तियों से मुलाकात करेंगे।
  2. आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्पेस सेंटर से दोपहर 2:35 बजे चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग होगी। अगर ये मिशन कामयाब होता है तो भारत चंद्रमा पर पहुंचने वाला चौथा देश बन जाएगा। चंद्रयान 24-25 अगस्त को चांद पर उतरेगा।

दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से 3 मीटर ऊपर; 3 वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद, पीने के पानी पर संकट

पटरियों पर जलभराव के कारण दिल्ली में 15 जुलाई तक 300 से अधिक मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें और 406 पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।

दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से 3 मीटर ऊपर बह रही है। हालात ये हैं कि यमुना का पानी लाल किले तक पहुंच गया है। निचले इलाकों में लोगों की मदद के लिए NDRF की 16 टीमें लगाई गई हैं। राजधानी के 3 वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद हैं, दो दिन तक पीने के पानी की किल्लत हो सकती है।

दिल्ली में यमुना के जलस्तर ने 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। यहां आखिरी बार ऐसी बाढ़ साल 1978 में आई थी। सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी 16 जुलाई तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद होने से पानी की सप्लाई 25% तक प्रभावित होगी।

हरियाणा के हथनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात हैं। गुरुवार शाम 6 बजे तक यमुना का जलस्तर 208.66 मीटर पर पहुंच गया। यह खतरे के निशान 205 मीटर से 3 मीटर ज्यादा है। यह लेवल स्टेबल बना हुआ है।

यमुना दिल्ली में वजीराबाद से ओखला तक 22 किमी में है। इसके किनारों पर कई इलाके पानी में डूब गए हैं। 5 से 6 फीट तक पानी भर गया है। निचले इलाकों से 16 हजार से ज्यादा लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

लोगों की मदद के लिए NDRF की 16 टीमें लगाई गई हैं। प्रभावितों की मदद के लिए 2,700 राहत शिविर लगाए गए हैं।

सिंघु बॉर्डर, बदरपुर बॉर्डर, लोनी बॉर्डर और चिल्ला बॉर्डर सील कर दिए हैं। भारी वाहनों को आने से रोक दिया गया है। केवल छोटे वाहनों को एंट्री दी जा रही है।

वजीराबाद, ओखला और चंद्रावल के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद कर दिए गए है। इससे राजधानी के कई इलाकों में पीने के पानी की किल्लत हो सकती है। उधर, सीएम आवास के 500 मीटर तक जलभराव हो गया है। यमुना बाजार, मजनू का टीला, निगम बोध घाट, मोनेस्ट्री मार्केट, वजीराबाद, गीता कॉलोनी और शाहदरा एरिया इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

ये दिल्ली के निगम बोध घाट इलाके के पास का एरियल व्यू है।

दिल्ली में बाढ़ से जुड़े अपडेट्स

यमुना में पानी कहां से आता है?
यमुना पर दो बैराज हैं। एक देहरादून में डाकपत्थर पर तो दूसरा दिल्ली के अपस्ट्रीम में यमुनानगर के हथनीकुंड में। यहां कोई बांध नहीं है। हिमाचल, हरियाणा में जब भी तेज बारिश होती है तो यमुना का जलस्तर बढ़ जाता है। इसका असर दिल्ली में होता है।

यही वजह रही कि रविवार सुबह 11 बजे दिल्ली में यमुना का जलस्तर 203 मीटर था, जो बढ़कर गुरुवार को 208.53 मीटर तक पहुंच गया।

उधर, हरियाणा में भी 13 जिलों में यमुना का पानी घुस चुका है। 240 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। धीरे धीरे यमुना का पानी आगे की ओर बढ़ रहा है, इससे आज पांच जिले- जींद, फतेहाबाद, फरीदाबाद, पलवल और सिरसा में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। राज्य में अब तक 10 मौतें हो चुकी हैं।

तस्वीरों में देखिए दिल्ली के हालात…

यमुना का जलस्तर बढ़ने से दिल्ली के चंदगी राम अखाड़ा चौक एरिया में भी जलभराव हो गया।

दिल्ली के लाल किला के आसपास भी बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

दिल्ली के मोनेस्ट्री और यमुना बाजार मार्केट को खाली करते दुकानदार। यहां 4 से 5 फीट तक पानी भर गया है।

दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में पानी भर गया।

दिल्ली के शास्त्री पार्क एरिया में जलभराव के कारण भारी ट्रैफिक जाम लग गया।

दिल्ली के वजीराबाद में NDRF की टीम ने लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

उत्तर भारत में बारिश की वजह से अब तक 600 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित
उत्तर भारत में रेलवे ट्रैक पर जलभराव के कारण अब तक 600 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। रेलवे ने गुरुवार को बताया कि 7 से 15 जुलाई तक 300 मेल/एक्सप्रेस और 406 पैसेंजर ट्रेनें रद्द की गई हैं। इनके अलावा, 100 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और 191 ट्रेनों के रास्ते बदल दिए गए हैं।

हिमाचल में लैंडस्लाइड और बाढ़ के कारण अब तक लगभग 90 लोगों की मौत हो गई है। हिमाचल के मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि बारिश के कारण अब तक 4000 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी का नुकसान हो चुका है। इधर, मध्य प्रदेश के विदिशा में लगभग 20 गांवों में बाढ़ जैसे हालात हैं। भारी बारिश से लगभग 25 घर ढह चुके हैं।

वहीं, पंजाब में जालंधर के शाहकोट सहित अन्य जगहों पर श्मशानघाट भी बाढ़ के पानी में डूब चुके हैं। लोगों को सड़क के किनारे अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है।

अलग-अलग राज्यों से मानसून की तस्वीरें…

चंडीगढ़ में भारी बारिश से कई सड़कें धंस गईं और वाटर सप्लाई भी प्रभावित हुई।

अंबाला में हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज के घर भी पानी भर गया।

फिरोजपुर में 30 से ज्यादा गांव बाढ़ से प्रभावित। जिला प्रशासन ने सेना और BSF की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

पंजाब के पटियाला में सेना के जवानों ने एक कॉलोनी के 200 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया।

हिमाचल के किन्नौर जिले में NDRF टीम ने 28 लोगों का रेस्क्यू किया।

हिमाचल के मंडी की यह तस्वीर है। बाढ़ और बारिश से सड़क का एक हिस्सा बह गया।

हिमाचल के मंडी में प्राकृतिक आपदा से काफी नुकसान हुआ। हाईवे धंसने का एरिअल व्यू।

गंगोत्री हाईवे पर धराली में खीर गंगा का पानी सड़क पर आ गया। बड़े वाहनों के चालकों ने जान जोखिम में डालकर सड़क पार की।


राजस्थान में एक बार फीस भरकर दे सकेंगे सभी कॉम्पिटिटिव एग्जाम; वन टाइम रजिस्ट्रेशन ही काफी
राजस्थान में सरकारी एग्जाम देने वाले कैंडिडेट्स को हर एग्जाम के लिए बार-बार रजिस्ट्रेशन कराने और एग्जाम फीस देने की जरूरत नहीं होगी। वन टाइम रजिस्ट्रेशन के बाद राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों में निकलने वाली भर्ती परीक्षा में बैठ सकेंगे। ये नियम जुलाई से निकलने वाली भर्तियों पर लागू होगा।

 राजस्थान में हर साल 30 लाख से ज्यादा कैंडिडेट कॉम्पिटिटिव एग्जाम देते हैं। इसमें सबसे ज्यादा भर्ती टीचर, पुलिस, ग्राम विकास अधिकारी समेत अन्य विभागों में होती है। ज्यादातर भर्तियां कर्मचारी चयन बोर्ड और स्टेट पब्लिक सर्विस कमीशन के माध्यम से की जाती है। फिलहाल कैंडिडेट को हर एग्जाम के लिए अलग-अलग फीस देनी पड़ती है।

इस रजिस्ट्रेशन फीस को जमा कराने के बाद अभ्यर्थी राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों में निकलने वाली तमाम भर्ती परीक्षाओं में अपनी योग्यता (आयु, क्वालिफिकेशन) के अनुसार बैठ सकेंगे। इसके लिए उन्हें बार-बार हर एग्जाम में फीस देने की जरूरत नहीं होगी। गौरतलब है कि यह योजना केवल राजस्थान के मूल निवासी अभ्यर्थियों के लिए होगी। अन्य राज्यों से आने वाले अभ्यर्थियों को हर परीक्षा के लिए निर्धारित फीस भरनी पड़ेगी।

400 से 600 रुपए तक होगी फीस

फीस 400 से लेकर 600 रुपए निर्धारित की है, जो अलग-अलग कैटेगरी के हिसाब से अलग-अलग तय की गई है।

कार्मिक विभाग ने 12 जुलाई को इसका एक सर्कुलर जारी किया है।

इसमें जनरल कैटेगरी के अभ्यर्थियों से 600 रुपए, सभी तरह के आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों से 400 और दिव्यांगजनों से 400 रुपए वनटाइम रजिस्ट्रेशन फीस ली जाएगी।

इसके लिए सभी उम्मीदवारों को अपनी अलग-अलग SSO आईडी जनरेट करनी पड़ेगी।

एक बार रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद कैंडिडेट अपनी योग्यता व उम्र की पात्रता के अनुसार जब तक एग्जाम दे सकता है, तब तक वन टाइम रजिस्ट्रेशन मान्य होगा। यह व्यवस्था राजस्थान में एग्जाम कराने वाले एजेंसियों के अलावा ऑटोनॉमस एजेंसी जैसे डीएलबी, डिस्कॉम और हाउसिंग बोर्ड में भी निकलने वाली भर्तियों पर भी लागू होगी।

बताया जा रहा है कि ये नियम जुलाई महीने से निकलने वाली भर्तियों पर लागू हो जाएगा। जुलाई के अंतिम सप्ताह तक हाउसिंग बोर्ड में करीब 250 से ज्यादा भर्ती निकल रही है। ऐसे वन टाइम रजिस्ट्रेशन इसमें भी लागू होगा।

ऐसे करें अपना रजिस्ट्रेशन

हर साल 30 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी देते हैं एग्जाम

राजस्थान में हर साल 30 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी कॉम्पिटिशन एग्जाम देते हैं। इसमें सबसे ज्यादा अभ्यर्थी टीचर, पुलिस, ग्राम विकास अधिकारी समेत अन्य विभागों में होती है, जहां बड़ी संख्या में एक साथ भर्ती निकाली जाती है। ये भर्ती ज्यादातर कर्मचारी चयन बोर्ड और आरपीएससी के माध्यम से की जाती है। अभी हर अभ्यर्थी को हर एग्जाम के लिए अलग-अलग फीस देनी पड़ती है।

बजट घोषणा पर अमल हुआ

इस साल वित्त वर्ष 2023-24 का बजट पेश करते समय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने युवाओं को राहत देने के लिए यह घोषणा की थी। हालांकि, इसके पीछे मुख्य कारण आगामी विधानसभा चुनाव और बार-बार लीक हो रहे पेपर को माना जा रहा है।

चुनाव में बेरोजगार युवाओं को रिझाने और पेपर लीक से अभ्यर्थियों को होने वाले आर्थिक नुकसान को देखते हुए भी ये फैसला किया गया है।

आपको बता दें कि इससे पहले राज्य सरकार कॉम्पिटिशन एग्जाम देने वाले अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज बसों में घर से एग्जाम सेंटर तक आना-जाना फ्री कर चुकी है।

पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, भाजपा नेता की मौत; सांसद को भी पीटा

पटना में विधानसभा तक मार्च निकाल रहे BJP नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करती पुलिस।

बिहार सरकार के खिलाफ विधानसभा तक मार्च निकाल रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान एक नेता की मौत हो गई। भाजपा का आरोप है कि पुलिस की पिटाई की वजह से मौत हुई। वहीं पुलिस का कहना है कि नेता बेहोशी की अवस्था में मिले थे। उनके शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं थे। पुलिस ने एक सांसद को भी लाठी से पीटा और धक्का दिया।

शिक्षकों की भर्ती को लेकर बिहार में कई दिनों से बवाल चल रहा है। BJP विधायकों ने12 जुलाई को नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने और तेजस्वी यादव के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार विधानसभा के बाहर नारेबाजी की थी। इसके बाद विधानसभा मार्च का आह्वान किया था। यहां अगले साल लोकसभा की 40 और 2025 में विधानसभा की 243 सीटों पर चुनाव होने हैं।

सरकार के खिलाफ बिहार विधानसभा मार्च कर रहे बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस पिटाई में कई नेता और कार्यकर्ता घायल हो गए। वहीं, एक बीजेपी नेता की मौत हो गई। नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा समेत कई नेता पार्टी कार्यालय पहुंचे। वहां मृतक बीजेपी कार्यकर्ता को श्रद्धांजलि दी गई।

पुलिस ने महाराजगंज सांसद जनार्दन सिग्रीवाल को भी लाठी से पीटा और धक्का दिया। इसमें वह घायल हो गए। उनके सिर और चेहरे पर चोट आई है। जनार्दन सिंह सिग्रीवाल IGIMS के प्राइवेट वार्ड -1 में एडमिट हैं। उनका CT स्कैन हुआ है। ब्रेन नॉर्मल है। सांसद को Y सुरक्षा मिली हुई है। पिटाई के समय उनके सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे।

बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने रोकने की कोशिश की थी। जब वे नहीं माने तो पहले वाटर कैनन से पानी की बौछार की। आंसू गैस के गोले छोड़े। फिर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी की। पुलिस पर मिर्ची स्प्रे से हमला किया।

बीजेपी के मार्च और लाठीचार्ज की कुछ तस्वीरें

लाठीचार्ज के बाद सड़क पर बैठ गए भाजपा नेता और कार्यकर्ता।

कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार करती पुलिस।

भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करती पुलिस।

पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पहले से ही डागबंगला चौराहे पर तैनात थी।

सिर में लगी थी चोट, अस्पताल में मौत
जहानाबाद के महामंत्री विजय कुमार सिंह को पुलिस ने बुरी तरह से पीटा। उनको नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। सिर में गंभीर चोट थी। उन्हें वहां से गंभीर हालत में पीएमसीएच ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। सुशील मोदी ने कहा कि हमारी महिला कार्यकर्ताओं को भी पीटा गया।

भारत में ₹20 लाख में टेस्ला कार लाएंगे मस्क; यहां हर साल 5 लाख इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने का टारगेट
एलन मस्क की EV मैन्युफैक्चरिंग कंपनी टेस्ला इंडियन मार्केट में 20 लाख रुपए की कीमत में इलेक्ट्रिक कार लेकर आएगी। कंपनी का टारगेट भारत में प्लांट लगाकर हर साल 5 लाख इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने का है। मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने के लिए टेस्ला सरकार से बात कर रही है।

अगर टेस्ला भारत में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाती है तो इससे देश में रोजगार के मौके बढ़ेंगे। अमेरिका में टेस्ला कार की शुरुआती कीमत करीब 26.87 लाख रुपए है। वहीं भारत में कीमत 20 लाख रुपए से शुरू होगी। वहां के मुकाबले भारत में गाड़ियां 15 से 16 लाख रुपए सस्ती होंगी। टेस्ला की सबसे कम दाम वाली कार फुल चार्ज होने पर 535 किलोमीटर चलती है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

. इमैनुएल मैक्रों ने मोदी के लिए डिनर होस्ट किया; मोदी बोले- फ्रांस आना घर आने के जैसा

फ्रांस के प्रेसिडेंट पैलेस पहुंचने पर राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने PM मोदी का गले लगाकर स्वागत किया।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए देर रात प्राइवेट डिनर होस्ट किया। इससे पहले मोदी ने पेरिस में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा- फ्रांस आना घर आने जैसा है। भारत के लोग जहां जाते हैं मिनी इंडिया बना लेते हैं। मोदी ने फ्रांस की प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न से भी मुलाकात की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस दौरे के पहले दिन पेरिस में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। पेरिस के ला सीएन म्यूजिकले में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- फ्रांस आना घर आने जैसा है। भारत के लोग जहां जाते हैं मिनी इंडिया बना लेते हैं।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ल्ड ऑर्डर में भारत खास रोल निभा रहा है। हर चुनौती से निपटने में भारत का अनुभव और प्रयास दुनिया के लिए मददगार साबित हो रहा है।

पेरिस में भारतीय प्रवासियों का अभिनंदन स्वीकारते हुए पीएम मोदी।

फ्रांस में PM मोदी के संबोधन की अहम बातें…
PM मोदी ने भारतीय प्रवासियों से कहा- यहां पर कुछ लोग 12 घंटे सफर करके आए हैं, इससे बड़ा प्यार क्या हो सकता है। इस बार मेरा फ्रांस आना और भी विशेष है कल फ्रांस का नेशनल डे है मैं यहां की जनता को इसकी बधाई देता हूं।

पीएम मोदी ने कहा- भारत इस समय G20 की अध्यक्षता कर रहा है। पहली बार किसी देश की अध्यक्षता में ऐसा हो रहा है कि उस देश के कोने-कोने में 200 से ज्यादा बैठकें हो रही हैं। पूरा G20 समूह भारत के सामर्थ्य को देख रहा है।

उन्होंने कहा- दोनों देशों के लोगों के बीच का कनेक्ट दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी विश्वास, इस साझेदारी का सबसे मज़बूत आधार है। यहां नमस्ते फ्रांस फेस्टिवल होता है तो भारत में लोग बोन्सू इंडिया का आनंद उठाते हैं।

पीएम मोदी ने अपने भाषण में चंद्रयान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा- जब मैं आपसे बात कर रहा हूं तो भारत में चंद्रयान 3 की लॉन्चिंग के लिए रिवर्स काउंटिंग की गूंज सुनाई दे रही है। कुछ घंटों बाद भारत से ऐतिहासिक लॉन्च होने जा रहा है।

पेरिस में होटल के बाहर भारतीय मूल के लोगों ने PM मोदी का स्वागत किया।

एफिल टावर पर UPI से पेमेंट
यूएन की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि सिर्फ 10-15 साल के अंदर ही भारत ने लगभग 42 करोड़ देशवासियों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। ये पूरे युरोप की आबादी से भी ज्यादा है, ये पूरे अमेरिका की आबादी से भी ज्यादा है।

पीएम मोदी ने कहा- भारत अगले 25 वर्षों में विकसित होने के लक्ष्य पर काम कर रहा है। आज हर इंटरनेशनल एजेंसी कह रही है भारत आगे बढ़ रहा है। भारत में निवेश का मौका है। भारत-भारत में UPI को लेकर करार की बात कही। उन्होंने कहा अब भारतीय एफिल टावर पर UPI से भुगतान कर पाएंगे।

डेलीगेशन लेवल की बातचीत हुई…
इससे पहले पेरिस के जिस होटल में मोदी ठहरे हैं, उसके बाहर भारतीय मूल के लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाकर उनका स्वागत किया। इससे पहले शाम करीब 4 बजे फ्रांस की प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बॉर्न ने मोदी को एयरपोर्ट पर रिसीव किया। यहां रेड कार्पेट बिछाकर उनका स्वागत किया गया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

इसके बाद मोदी ने सीनेट के चेयरमैन गेरार्ड लार्शर से मुलाकात की। सीनेट चेयरमैन के साथ मीटिंग के बाद भारत और फ्रांस के बीच डेलिगेशन लेवल की बातचीत हुई। इसमें भारत की तरफ से प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस की तरफ से PM एलिजाबेथ बोर्ने भी शामिल हुईं।

दूसरी तरफ, भारत ने मणिपुर हिंसा को लेकर यूरोपियन पार्लियामेंट के रिजोल्यूशन पर सख्त एतराज जाहिर करते हुए एक बयान भी जारी किया।

भारत और फ्रांस के बीच डेलिगेशन लेवल की बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी। दूसरी ओर फ्रांस की प्राइम मिनिस्टर एलिजाबेथ बोर्ने ।

PM मोदी को फ्रांस के नेशनल डे यानी बैस्टिल डे पर बतौर चीफ गेस्ट इनवाइट किया गया है। दूसरी तरफ, डिफेंस काउंसिल ने इंडियन नेवी के लिए 26 राफेल-M लड़ाकू विमान खरीदने के प्रपोजल को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा नेवी 3 स्कॉर्पीन क्लास सबमरीन भी खरीदेगी।

फ्रांस की सीनेट के चेयरमैन गेरार्ड लार्शर के साथ प्रधानमंत्री मोदी। दोनों नेताओं के बीच 35 मिनट चली मुलाकात में भारत और फ्रांस के बीच सहयोग के क्षेत्रों पर विचार हुआ।

मणिपुर हिंसा पर EU को भारत का जवाब
मणिपुर हिंसा को लेकर यूरोपियन पार्लियामेंट में चर्चा को लेकर भारत ने सख्त रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इस बारे में बयान जारी किया। कहा- यूरोपियन पार्लियामेंट में मणिपुर मामले पर चर्चा और एक रिजोल्यूशन एडॉप्ट किया गया है। यह कदम सीधे तौर पर भारत के अंदरूनी मामलों में दखलंदाजी है। हम इसे कोलोनियल माइंडसेट (गुलामी या औपनिवेशिक मानसिकता) मानते हैं। भारत ज्यूडिशियरी समेत हर स्तर पर मणिपुर के हालात को संभाल रहा है। वहां अमन और भाईचारा कायम रखने की कोशिशें जारी हैं। हमारी यूरोपियन यूनियन को सलाह है कि वो अपना वक्त अपने अंदरूनी मामलों को बेहतर बनाने में खर्च करे।

पेरिस के एयरपोर्ट पर PM मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

भारत-फ्रांस की स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप के 25 साल पूरे
PM मोदी का ये दौरा ऐसे वक्त पर हो रहा है, जब भारत-फ्रांस की स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप को 25 साल पूरे हो गए हैं। मोदी से पहले 2009 में मनमोहन सिंह भारत के पहले ऐसे प्रधानमंत्री बने थे, जिन्हें बैस्टिल डे में चीफ गेस्ट के तौर पर न्योता मिला था।

PM मोदी शाम 4 बजे 2 दिन के दौरे पर फ्रांस पहुंचे।

राष्ट्रपति मैक्रों होस्ट करेंगे प्राइवेट डिनर
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मोदी के लिए अपने ऑफिशियल हाउस एलसी पैलेस में प्राइवेट डिनर होस्ट करेंगे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत भी होगी।

INS विक्रांत को मिलेंगे 26 राफेल लड़ाकू विमान, 3 स्कॉर्पीन क्लास पनडुब्बी डील संभव

डिफेंस सेक्टर के लिहाज से PM मोदी की इस यात्रा को बेहद खास माना जा रहा है। इस दौरान भारत और फ्रांस के बीच राफेल M लड़ाकू विमान को लेकर डील होने की संभावना है। भारत अपनी नौसेना के लिए फ्रांस से 26 राफेल-M यानी मैरीटाइम लड़ाकू विमान खरीदने जा रहा है। ये विमान 5.5 अरब डॉलर (45 हजार करोड़ रुपए) में मिलेंगे। इसके साथ ही 3 स्कॉर्पीन क्लास की पनडुब्बी की डील भी हो सकती है।

ये राफेल का समुद्री वर्जन होगा, जो INS विक्रांत और विक्रमादित्य के लिए आ रहा है। इसके लिए INS विक्रांत के समुद्री परीक्षण भी शुरू हो चुके हैं। उसके डैक से फाइटर ऑपरेशन परखे जाने बाकी हैं। सौदे पर मुहर लगने के कम से कम एक साल तक तकनीकी और लागत संबंधी औपचारिकताएं पूरी होंगी।

एक्सपर्ट का कहना है कि नौसेना के लिए रफाल इसलिए भी उपयुक्त है, क्योंकि वायुसेना रफाल के रखरखाव से जुड़ा इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार कर चुकी है। रफाल एम की पहली खेप आने में 3 साल लग सकते हैं। वायु सेना के लिए 36 रफाल का सौदा 2016 में हुआ था और डिलीवरी पूरी होने में 7 साल लग गए थे।

. सीमा हैदर को पाकिस्तान भेजो, वरना 26/11 जैसा हमला होगा; मुंबई पुलिस को कॉल आया
सीमा हैदर को पाकिस्तान न भेजने पर आतंकी हमले की धमकी दी गई है। मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन कर कहा गया कि सीमा नहीं लौटी, तो भारत बर्बाद हो जाएगा। 26/11 जैसा हमला दोबारा होगा। इंटेलिजेंस एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।

 इससे पहले बलूचिस्तान के आतंकी संगठन ने भी ऐसी ही धमकी दी थी। पबजी गेम के जरिए सीमा का संपर्क नोएडा में रहने वाले सचिन से हुआ था। इसके बाद वह चार बच्चों को लेकर नेपाल होते हुए भारत। नोएडा में सचिन के साथ 50 दिन रही। राज खुला तो दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल, दोनों जमानत पर हैं। सीमा अब सचिन के साथ भारत में ही रहना चाहती है।

ऑनलाइन जॉब के जाल में फंसे मध्य प्रदेश के दंपती; दो बच्चों को जहर देकर की आत्महत्या

दोनों बच्चों को जहर देने के बाद बाद भूपेंद्र ने अपनी भतीजी को परिवार की सेल्फी और सुसाइड नोट भेजा। इसके बाद पत्नी के साथ फांसी लगा ली।

भोपाल में ऑनलाइन ऐप के जाल में फंसे एक दंपती ने अपने दो बेटों को जहर देकर मार डाला, फिर सुसाइड कर लिया। दंपती के शव घर में फांसी के फंदे पर लटके मिले। भूपेंद्र विश्वकर्मा (38) कोलंबिया की कंपनी में ऑनलाइन जॉब करते थे। कंपनी ने उनका लैपटॉप हैक कर लिया और एडिटेड अश्लील वीडियो लैपटॉप पर मिले कॉन्टेक्ट पर वायरल कर दिए थे। इससे परेशान दंपती ने आत्महत्या कर ली।

ये खबर अहम क्यों है: दंपती ने ऑनलाइन जॉब के लिए ऐप्स डाउनलोड किए थे। जब आप ऐप डाउनलोड करते हैं, तो परमिशन में आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट, फोटो शेयर हो जाती हैं। इन्हीं फोटो और कॉन्टैक्ट का मिस यूज करते हुए इनको ब्लैकमेल किया गया। ऐसे में कोई भी ऐप डाउनलोड करने से पहले उसके बारे में जांच-पड़ताल कर लें। 

इस बार मेरा फ्रांस आना और भी ज्यादा विशेष है… पेरिस में भारतीयों से बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 2 दिन के फ्रांस दौरे पर पेरिस पहुंचे। उन्होंने भारतीय समुदाय केप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 2 दिन के फ्रांस दौरे पर पेरिस पहुंचे। उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। मोदी ने भारतीयों को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार मेरा फ्रांस आना और भी ज्यादा विशेष है। उन्होंने आगे कहा कि आज का ये नजारा अपने आप में अद्भूत है, ये उत्साह अभूतपूर्व है, ये स्वागत उल्लास से भर देने वाला है। हम भारतीय जहां भी जाते हैं एक मिनी भारत जरूर बना लेते हैं। यहां पर कुछ लोग 12 घंटे सफर करके आए हैं, इससे बड़ा प्यार क्या हो सकता है। मैं आप सभी का यहां पर आने के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। लोगों को संबोधित किया। मोदी ने भारतीयों को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार मेरा फ्रांस आना और भी ज्यादा विशेष है। उन्होंने आगे कहा कि आज का ये नजारा अपने आप में अद्भूत है, ये उत्साह अभूतपूर्व है, ये स्वागत उल्लास से भर देने वाला है। हम भारतीय जहां भी जाते हैं एक मिनी भारत जरूर बना लेते हैं। यहां पर कुछ लोग 12 घंटे सफर करके आए हैं, इससे बड़ा प्यार क्या हो सकता है। मैं आप सभी का यहां पर आने के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

पीएम मोदी ने एलजी से की फोन पर बात, हरसंभव मदद का दिया भारोसा

प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस से फोन कर दिल्ली बाढ़ की जानकारी ली। दिल्ली के उपराज्यपाल ने कहा कि प्रधामंत्री ने केंद्र सरकार से हरसंभव मदद की बात कही। प्रधानमंत्री ने राहत के पर्याप्त कदम उठाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री इस वक्त फ्रांस दौरे पर हैं। दिल्ली में इस समय बाढ़ जैसे हालात हैं। दिल्ली के कई इलाके जलमग्न हैं। लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

कई दिनों बाद पाकिस्‍तान की सरकार को क्‍यों आई सीमा हैदर की याद, भारत के सामने रखी यह डिमांड

पाकिस्‍तान से भारत आई सीमा हैदर का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सीमा के बारे में अब पाकिस्‍तान की सरकार ने भारत सरकार से कुछ सवाल पूछे हैं। पाकिस्‍तान के विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया है कि उसे भारत के जवाब का इंतजार है।

Exit mobile version