प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देंगे। एनडीए सरकार के खिलाफ कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने 8 अगस्त को अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। आज चर्चा का तीसरा और अंतिम दिन है। इधर, सुप्रीम कोर्ट में अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने को चुनौती पर सुनवाई जारी रहेगी। सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ की अगुवाई में पांच जजों की संविधान बेंच दलीलें सुन रही है। वहीं, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में गुरुवार को भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आरोप तय करने पर सुनवाई होगी। सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
आज का प्रमुख इवेंट
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस की ओर से लाए अविश्वास प्रस्ताव पर लोकसभा में जवाब देंगे। वे अपने दूसरे कार्यकाल में दूसरी बार अविश्वास प्रस्ताव का सामना कर रहे हैं।
राहुल बोले- मणिपुर में भारत माता की हत्या हुई; स्मृति ईरानी और अमित शाह का पलटवार
मानसून सत्र के 16वें दिन लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हुई। राहुल गांधी ने 6 महीने बाद संसद में स्पीच दी। उन्होंने मणिपुर मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। भाजपा सांसद स्मृति ईरानी ने राहुल के बयान का जवाब दिया और उन पर अमर्यादित आचरण का आरोप लगाया। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह ने बीते 9 साल में केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और मणिपुर हिंसा की निंदा की।
राहुल ने अपने 35 मिनट के भाषण में भारत जोड़ो यात्रा और मणिपुर पर बात की।
राहुल ने कहा- हमारे प्रधानमंत्री आज तक मणिपुर नहीं गए। उनके लिए मणिपुर हिंदुस्तान नहीं है। मैं रिलीफ कैंप गया। महिलाओं-बच्चों से बात की। प्रधानमंत्रीजी ने आज तक नहीं किया।
सेना एक दिन में वहां शांति ला सकती है। आप ऐसा नहीं कर रहे हो, क्योंकि आप हिंदुस्तान में मणिपुर को मारना चाहते हो। आप भारत माता के रखवाले नहीं, आप भारत माता के हत्यारे हो।
राहुल के भाषण के जवाब में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बोलीं- राहुल भारत माता की हत्या की बात करते हैं। कांग्रेस ताली बजाती है। ये इस बात का संकेत है कि मन में गद्दारी किसके है। स्मृति ने राहुल गांधी पर महिला सांसदों के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। भाजपा ने इसकी शिकायत स्पीकर से की है।
राहुल की स्पीच की 5 बड़ी बातें…
राहुल ने अपनी लोकसभा सदस्यता बहाल करने पर स्पीकर ओम बिड़ला को धन्यवाद दिया।
1. राहुल ने स्पीकर को धन्यवाद दिया और माफी मांगी
राहुल गांधी ने स्पीच की शुरुआत में स्पीकर से कहा- सबसे पहले मैं आपका धन्यवाद करना चाहता हूं कि आपने मेरी सांसदी बहाल की। पिछली बार जब मैं बोला तो थोड़ा कष्ट भी पहुंचाया। इतनी जोर से अडाणी जी पर फोकस किया कि जो आपके सीनियर नेता हैं, उन्हें थोड़ा कष्ट हुआ। जो कष्ट हुआ उसका असर आप पर भी हुआ। इसके लिए माफी मांगता हूं। मैंने सिर्फ सच्चाई रखी थी।
2. भाजपा के साथी डरें नहीं, अडाणी पर नहीं बोलूंगा
राहुल ने कहा- आज जो मेरे भाजपा के मित्र हैं। आज आपको डरने की जरूरत नहीं है। अडाणी जी पर नहीं बोलने जा रहा हूं। आप शांत रह सकते हैं। मेरा भाषण आज दूसरी डायरेक्शन में जा रहा है। रूमी ने कहा था कि जो शब्द दिल से आते हैं, वो शब्द दिल में जाते हैं। आज मैं दिमाग से नहीं बोलना चाहता, आज मैं दिल से बोलूंगा। मैं आज आप लोगों पर इतना आक्रमण नहीं करूंगा। एक-दो गोले जरूर मारूंगा। आप रिलैक्स कर सकते हैं।
3. राहुल बोले- PM के लिए मणिपुर हिन्दुस्तान नहीं है
राहुल गांधी ने कहा- कुछ दिन पहले मैं मणिपुर गया। हमारे प्रधानमंत्री आज तक नहीं गए, क्योंकि उनके लिए मणिपुर हिंदुस्तान नहीं है। मैंने मणिपुर शब्द प्रयोग किया। आज की सच्चाई यह है कि मणिपुर नहीं बचा है। मणिपुर को आपने बांट दिया है, तोड़ दिया है। रिलीफ कैंप में गया, महिलाओं से बात की, बच्चों से बात की। प्रधानमंत्री जी ने आज तक नहीं किया।
इन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है। सिर्फ मणिपुर की नहीं की। इनकी राजनीति ने मणिपुर का नहीं, हिंदुस्तान का मर्डर किया।
इस पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू बोले- राहुल जी ने सदन में जो बातें कही हैं, मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि नॉर्थ-ईस्ट को इन्होंने खत्म किया है। आज की समस्या इनकी पैदा की हुई है।
4. मणिपुर में भारत माता की हत्या हुई
राहुल बोले- जैसे मैंने भाषण की शुरुआत में बोला कि भारत एक आवाज है। जनता की आवाज है, दिल की आवाज है। उस आवाज की हत्या आपने मणिपुर में की, इसका मतलब भारत माता की हत्या आपने मणिपुर में की। आप देशद्रोही हो, आप देशभक्त नहीं हो। इसीलिए आपके प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं जा सकते हैं, क्योंकि उन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान, भारत माता की हत्या की है। आप भारत माता के रखवाले नहीं, आप भारत माता के हत्यारे हो।
स्पीकर बिड़ला बोले- भारत माता हमारी मां है, सदन में बोलते वक्त मर्यादा का ध्यान रखें। इस पर राहुल बोले- मैं अपनी मां की बात कर रहा हूं। आपने मणिपुर में मेरी मां की हत्या की। एक मां यहां बैठी है, दूसरी की हत्या आपने मणिपुर में की। सेना एक दिन में वहां शांति ला सकती है। आप ऐसा नहीं कर रहे हो, क्योंकि आप हिंदुस्तान में मणिपुर को मारना चाहते हो।
5. मोदी जी सिर्फ दो लोगों की सुनते हैं
राहुल ने कहा- मोदी जी अगर मणिपुर की आवाज नहीं सुनते हैं, उसके दिल की आवाज नहीं सुनते हैं तो किसकी सुनते हैं? किसकी आवाज सुनते हैं, सिर्फ दो लोगों की आवाज सुनते हैं। रावण दो लोगों की सुनता था- मेघनाद और कुंभकर्ण। वैसे ही मोदी जी अमित शाह और अडाणी की सुनते हैं।
लंका को हनुमान ने नहीं, रावण के अहंकार ने जलाया। राम ने रावण को नहीं मारा, उसके अहंकार ने मारा था। आप देशभर में केरोसिन छिड़क रहे हो, आपने मणिपुर में केरोसिन छिड़की। आप पूरे देश में केरोसिन छिड़क कर उसे जलाना चाहते हैं।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के भाषण की 5 बड़ी बातें…
1. स्मृति ईरानी ने कहा- आप इंडिया नहीं हैं
स्मृति ईरानी ने कहा- आप इंडिया नहीं हैं। पहली बार राष्ट्र के इतिहास में भारत मां की हत्या की बात की। कांग्रेस पार्टी यहां तालियां बजाती रही। जो भारत की हत्या की बात पर तालियां पीटते हैं, इस बात का संकेत पूरे देश को दिया कि मन में गद्दारी किसके है। मैं आज हिंदुस्तानी होने के नाते कहती हूं, मणिपुर खंडित-विभाजित नहीं है, मेरे देश का अंग है।
इन्हीं के अलायंस के सदस्य ने तमिलनाडु में कहा- भारत का मतलब मात्र उत्तर भारत नहीं है। राहुल के अंदर हिम्मत हो तो वो अपने साथी के बयान का खंडन करें। कांग्रेस के एक साथी ने कश्मीर में रेफरेंडम की बात की। आप में हिम्मत हो तो कश्मीर को देश से अलग करने की साजिश में उसका क्या रोल है, आप बताएं। आप भारत नहीं हैं।
2. मणिपुर ना खंडित था, ना है और ना होगा
स्मृति ने कहा- शायद अपने ही कोलाहल में सुन ना पाए हों, मणिपुर ना खंडित था, ना है और ना होगा। देश का अभिन्न अंग है। हमारे राष्ट्र के संसदीय इतिहास में आज तक भारत मां की हत्या की बात करने वाले कभी भी बैठकर मेज नहीं थपथपाते। कांग्रेसियों ने मां की हत्या के लिए आज बैठकर मेज थपथपाई है।
ये इंसाफ की बात करते हैं, ये चेहरा धूमिल है। मैं बताऊं किसका चेहरा है? ये चेहरा है गिरिजा टिक्कू का। 90 के दशक में एक महिला यूनिवर्सिटी में अपना पे चेक लेने जाती है। बस से घर लौटने का प्रयास करती है। उसको 5 मर्द बस से खींच कर टैक्सी में ले जाते हैं, बलात्कर करते हैं और फिर आरी से उसका बदन काट देते हैं। जब उनके जीवन पर बनी फिल्म आई तो कांग्रेस के कुछ प्रवक्ताओं ने उसे प्रोपेगैंडा कहा।
सरला भट्ट मेडिकल स्टाफ थी। 90 के दशक में उसको उसके इंस्टिट्यूट से अगवा कर गैंगरेप किया गया। आज मैं पूछना चाहती हूं कि इनकी अलायंस के लोग हिंदुस्तान को विभाजित करने की बात करते हैं, ये इंसाफ के पुजारी बताते हैं। गिरिजा टिक्कू और सरला भट्ट को इंसाफ कब मिलेगा। उस समय यह नारे गूंजते थे- रलियू, सलियू, गलियू, यानी या अपना धर्म बदलो या कश्मीर छोड़ दो या यहीं मरो।
3. उनकी आवाज को आपने कभी नहीं सुना
उनकी आवाज को आपने कभी नहीं सुना, वो भारत की आवाज नहीं है? 84 के दौरान मुझ जैसे कुछ लोग राजधानी दिल्ली में थे। प्रणय गुप्ता ने कहा कि सिख बच्चों को नपुंसक बनाकर उनके अंग मांओं के मुंह में ठूंसे गए। त्रिलोक पुरी की 30 महिलाओं का गैंगरेप किया गया। मां के सामने बेटे को केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी।
4. जोड़ों के दर्द पर भाषण नहीं दूंगी
राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान अपने जोड़ों के दर्द की चर्चा की। इस पर स्मृति ने कहा- राहुल कहते हैं कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक चले। जोड़ों के दर्दों पर भाषण नहीं दूंगी। जिन वादियों को खून से सना देखा, जहां हर दिन गोलियां गूंजती थीं, जब ये वहां गए तो अपने परिजन के साथ बर्फ के साथ खेल रहे थे। ये तब संभव हुआ, जब प्रधानमंत्री ने धारा 370 हटाई।
ईरानी ने कहा- कश्मीर की बेटियों को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था तो वहां की बेटियों के पास कानून का सहारा नहीं था, क्योंकि धारा 370 थी। प्रदेश के बाहर ब्याही गईं तो पैतृक सम्पत्ति से हक खत्म हो जाता था। नाबालिग का ब्याह होता था, तो 370 की वजह से कानून का सहारा नहीं मिल पाता था। जो देश से भाग गए हैं, उन्हें बता दूं कि रलियू, सलियू, गलियू कहने वाला बचेगा नहीं।
5. अडाणी खराब तो जीजाजी उनके साथ क्या कर रहे हैं
स्मृति ने कहा- तब से अडाणी-अडाणी कर रहे हैं। अडाणी इतने ही खराब है तो जीजाजी उनके साथ क्या कर रहे हैं। पूछना चाहती हूं 1993 में मुंद्रा पोर्ट में कांग्रेस सरकार ने अडाणी को जगह दी। 72 हजार करोड़ का लोन दिया। राजस्थान में 7 हजार करोड़ से ज्यादा का समझौता किया।
केरल में कांग्रेस की UDF सरकार के साथ पोर्ट का काम दिया। महाराष्ट्र में कांग्रेस सरकार में पोर्ट का काम दिया। बंगाल में हल्दिया पोर्ट का काम क्यों दिया। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने काम क्यों दिया? अब इसमें बेटा किसका सेट होगा और दामाद को कितना भेंट होगा, ये हम क्या जानें?
स्मृति ने कहा- पूरी बला की जड़ परिवारवाद में है। परिवारवाद की राजनीति की जड़ कांग्रेस में हैं। इनके अलायंस के लोग चारा खाते हैं और ये उनके घर जाकर मटन खाते हैं। मजबूरी स्वीकार ली है। इन्होंने मजबूरी स्वीकार कर ली है कि तीसरी बार मोदी की बारी।
भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर BJP सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। ये सभी ‘भ्रष्टाचार भारत छोड़ो, वंशवाद भारत छोड़ो’ के नारे लगाते नजर आए।
संसद में हुई 4 सबसे बड़ी बातें…
(1). राहुल गांधी बोले- मणिपुर में भारत माता की हत्या हुई, PM के लिए मणिपुर हिंदुस्तान नहीं
राहुल ने कहा- प्रधानमंत्री आज तक मणिपुर नहीं गए। वे वहां नहीं जा सकते हैं, क्योंकि उन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान, भारत माता की हत्या की है। आप भारत माता के रखवाले नहीं, हत्यारे हो। सेना एक दिन में वहां शांति ला सकती है, लेकिन आप ऐसा नहीं चाहते। रावण दो लोगों की सुनता था- मेघनाद और कुंभकर्ण। वैसे ही मोदी जी अमित शाह और अडाणी की सुनते हैं।
(2). स्मृति बोलीं- कांग्रेस के मन में गद्दारी; राहुल पर सदन में फ्लाइंग किस देने का आरोप लगाया
स्मृति ईरानी ने कहा- राष्ट्र के इतिहास में पहली बार भारत मां की हत्या की बात हुई। कांग्रेस तालियां बजाती रही। इस बात का संकेत पूरे देश को दिया कि किसके मन में गद्दारी है। स्मृति ने राहुल पर सदन में फ्लाइंग किस देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- एक अभद्र व्यक्ति ही सदन में महिला सदस्यों के रहते ऐसी हरकत कर सकता है। यह उस खानदान के लक्षण हैं। ये आज देश को पता चल गया।
(3). शाह बोले- मणिपुर में हिंसा शर्मनाक, उस पर राजनीति उससे भी ज्यादा शर्मनाक
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- राहुल गांधी मणिपुर गए थे। उन्होंने कहा मुझे चुराचांदपुर जाना है। सेना ने कहा- हेलिकॉप्टर से जाइए, वे नहीं माने। 3 घंटे ऑनलाइन आकर नाटक किया, फिर लौट गए। मणिपुर में जो हुआ शर्मनाक है। उस पर राजनीति करना उससे भी ज्यादा शर्मनाक है। नरसिम्हा राव PM थे, तब भी मणिपुर में 700 लोग मारे गए, लेकिन वे वहां नहीं गए।
(4). विपक्ष का वॉकआउट, राज्यसभा से 4 बिल पास
भारी हंगामे के बाद विपक्ष ने राज्यसभा से वॉकआउट कर दिया। विपक्ष की अनुपस्थिति में यहां 4 बिल पास हुए। इनमें डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन बिल, संविधान (अनुसूचित जाति) आदेश बिल, अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन बिल और कोस्टल एक्वाकल्चर अथॉरिटी बिल शामिल हैं।
2. वर्ल्ड कप का नया शेड्यूल, 9 मैचों की तारीखें बदलीं; भारत-पाकिस्तान मैच 14 अक्टूबर को
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने वनडे वर्ल्ड कप का नया शेड्यूल जारी किया है। 9 मुकाबलों की तारीखें बदली गई हैं। हालांकि वेन्यू में कोई बदलाव नहीं हुआ है। भारत-पाकिस्तान मैच अब 15 की जगह 14 अक्टूबर को खेला जाएगा। वहीं 12 नवंबर को कोलकाता में शेड्यूल्ड पाकिस्तान-इंग्लैंड मैच अब 11 नवंबर को होगा। पाकिस्तान के 3 और भारत के 2 मैच री-शेड्यूल किए गए हैं।
मैच री-शेड्यूल करने का मुद्दा 2 सप्ताह पहले शुरू हुआ, जब अहमदाबाद पुलिस ने कहा कि उन्हें भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबले में सिक्योरिटी देने में दिक्कतें आ सकती हैं क्योंकि 15 अक्टूबर को नवरात्रि शुरू हो रही है। पिछले हफ्ते कोलकाता पुलिस ने कहा कि 12 अक्टूबर को कालीपूजा त्योहार के कारण उन्हें पाकिस्तान-इंग्लैंड मैच की सिक्योरिटी में दिक्कतें आ सकती हैं।
टीम इंडिया ग्रुप स्टेज में अपना आखिरी मैच 11 नवंबर को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलने वाली थी, लेकिन यह मैच अब 12 नवंबर को बेंगलुरु में होगा।
पाकिस्तान के 3, भारत के 2 मैच री-शेड्यूल हुए
वर्ल्ड कप में 9 मैच री-शेड्यूल किए गए हैं, लेकिन किसी भी मैच का वेन्यू चेंज नहीं किया गया। भारत-पाकिस्तान मैच की तारीख बदलने के चलते इंग्लैंड-बांग्लादेश और श्रीलंका-पाकिस्तान मैच को भी री-शेड्यूल करना पड़ा। अब 10 अक्टूबर को इंग्लैंड-बांग्लादेश और पाकिस्तान-श्रीलंका के मैच होंगे। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच बड़ा मुकाबला लखनऊ में 13 की जगह 12 अक्टूबर को खेला जाएगा।
अपडेट शेड्यूल में पाकिस्तान के साथ बांग्लादेश और इंग्लैंड के भी 3-3 मैचों की तारीखें बदली गई हैं। ऑस्ट्रेलिया और भारत के 2-2 मैच री-शेड्यूल किए गए हैं, वहीं न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका और नीदरलैंड का भी एक-एक मैच री-शेड्यूल करना पड़ा है।
11 से 12 नवंबर के बीच 3 मुकाबले री-शेड्यूल करने पड़े
मैच री-शेड्यूल करने का मुद्दा 2 सप्ताह पहले शुरू हुआ, जब अहमदाबाद पुलिस ने कहा कि उन्हें भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले की सिक्योरिटी देने में दिक्कतें आ सकती हैं क्योंकि 15 अक्टूबर को ही हिंदू त्योहार नवरात्रि भी शुरू हो रहा है, जिसके चलते पुलिस को एक साथ 2 जगह सिक्योरिटी प्लानिंग करनी पड़ जाएगी।
सिक्योरिटी के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच मैच अब 14 अक्टूबर को री-शेड्यूल किया गया। इसे मैनेज करने के चक्कर में 10 से 15 अक्टूबर के बीच 5 और मुकाबलों को भी री-शेड्यूल करना पड़ा।
अहमदाबाद के बाद पिछले सप्ताह ही कोलकाता पुलिस ने कहा कि 12 अक्टूबर को कालीपूजा त्योहार के कारण उन्हें पाकिस्तान-इंग्लैंड मैच की सिक्योरिटी में दिक्कतें आ सकती हैं। जिसके चलते पाक-इंग्लैंड मैच अब 11 अक्टूबर को कोलकाता में ही खेला जाएगा। वहीं 12 अक्टूबर को अब भारत और नीदरलैंड के बीच मुकाबला बेंगलुरु में खेला जाएगा, जो पहले 11 नवंबर को खेला जाना था।
वर्ल्ड कप 5 अक्टूबर से होगा
भारत में अक्टूबर-नवंबर में 46 दिन तक वनडे वर्ल्ड होगा, जिसमें 48 मैच खेले जाएंगे। पहला मैच 5 अक्टूबर को पिछले वर्ल्ड कप की विजेता और उप-विजेता इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में होगा। 12 नवंबर तक ग्रुप स्टेज के 45 मैच होंगे। 15 और 16 नवंबर को 2 सेमीफाइनल और 19 नवंबर को अहमदाबाद में फाइनल खेला जाएगा।
ज्ञानवापी सर्वे के खिलाफ फिर याचिका; कोर्ट ने कहा- मीडिया कवरेज करने से बाज आए
ज्ञानवापी में ASI सर्वे पर रोक के लिए मुस्लिम पक्ष एक बार फिर से कोर्ट पहुंचा है। याचिका पर वाराणसी कोर्ट 17 अगस्त को सुनवाई करेगा। अदालत ने निर्देश दिया है कि सर्वे वाली जगह पर किसी तरह की रिपोर्टिंग नहीं होगी। ASI के लोग मीडिया को कोई रिपोर्ट नहीं देंगे। ऐसे विषय सोशल मीडिया पर भी नहीं चलने चाहिए, जिससे शान्ति भंग हो।
मुस्लिम पक्ष ने 5 तकनीकी पॉइंट्स को आधार बनाते हुए सर्वे पर रोक लगाने की मांग की है। इनका कहना है कि सर्वे में कई खामियां हैं। पहला ये कि बिना फीस दिए ही सर्वे हो रहा है। ये मानक के विपरीत है। कोर्ट ने फिलहाल सर्वे पर रोक नहीं लगाई है। हिंदू पक्ष को जवाब दाखिल करने के लिए 17 अगस्त तक का समय दिया गया है।
गहलोत बोले- राजस्थान में जातिगत जनगणना होगी; OBC आरक्षण बढ़ाकर 27% किया जाएगा
राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने राज्य में जातिगत जनगणना करवाने का ऐलान किया है। उन्होंने ये भी कहा कि OBC आरक्षण 21% से बढ़ाकर 27% किया जाएगा। बढ़ा हुआ 6% आरक्षण OBC की सबसे पिछड़ी जातियों के लिए होगा।
प्रदेश में अभी SC को 16%, ST को 12%, OBC को 21%, EWS को 10% और MBC (मोस्ट बैकवर्ड क्लास) को 5% आरक्षण है। OBC का आरक्षण बढ़ाकर 27% करने के बाद राजस्थान में 70% आरक्षण हो जाएगा। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने में 3 महीने से भी कम समय बचा है। इतने कम समय में जातिगत जनगणना पूरी करना संभव नहीं है।
गहलोत ने सभा में कहा- राहुल गांधी ने कहा कि जातिगत जनगणना होनी चाहिए तो पूरे देश में एक मैसेज चला गया। हम चाहेंगे आपकी भावना के हिसाब से राजस्थान में जातिगत जनगणना शुरू होगी। जाति के आधार पर जिसका जितना हक है, उसे मिलेगा। इस प्रकार की सोच को हम आगे बढ़ाना चाहते हैं।
राजस्थान में हो जाएगा 70% आरक्षण
प्रदेश में अभी SC को 16%, ST को 12%, OBC को 21%, EWS को 10% और MBC को 5% आरक्षण है। OBC का आरक्षण बढ़ाकर 27% करने के बाद राजस्थान में 70% आरक्षण हो जाएगा।
बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम में विश्व आदिवासी दिवस पर हुई सभा में राहुल गांधी से सीएम अशोक गहलोत कुछ इस अंदाज में मिले।
OBC वोटर्स को साधने के लिए बड़ा सियासी दांव
गहलोत ने OBC वोटर्स को पक्ष में करने के लिए चुनावी साल में बड़ा ऐलान किया है। OBC आरक्षण को बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। हरीश चौधरी सहित कांग्रेस के कई नेता OBC आरक्षण को बढ़ाकर 27% करने की मांग उठा रहे थे। OBC आरक्षण के वर्गीकरण की मांग भी लंबे समय से उठाई जा रही थी। विधानसभा चुनावों से ठीक पहले OBC आरक्षण बढ़ाने और मूल OBC को अलग से आरक्षण देने का ऐलान करके गहलोत ने बड़ा सियासी दांव खेला है।
जातिगत जनगणना पर विधानसभा में संकल्प पारित कर चुकी है सरकार
विधानसभा में पिछले दिनों सरकार ने जातिगत जनगणना को लेकर संकल्प पारित करके केंद्र सरकार को भिजवाया था। इस संकल्प में केंद्र सरकार से जातिगत जनगणना करवाने और पुराने आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की थी।
आयुष्मान भारत योजना में हुआ फर्जीवाड़ा; एक मोबाइल नंबर से जुड़े 7.50 लाख लोग
भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (CAG) ने आयुष्मान भारत योजना में फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। योजना के लगभग 7.50 लाख लाभार्थियों का मोबाइल नंबर एक ही है। रिपोर्ट के मुताबिक 43,197 परिवार ऐसे हैं, जिनमें मेंबर्स की संख्या 11 से 201 के बीच है। ये रिपोर्ट 8 अगस्त को लोकसभा में पेश हुई, जिसमें सितंबर 2018 से मार्च 2021 तक के रिजल्ट शामिल किए गए हैं।
एक घर में 11 से 201 सदस्यों का होना दिखाता है कि वेरिफिकेशन प्रोसेस में भी फर्जीवाड़ा हुआ। रिपोर्ट में नंबरों का जिक्र भी किया गया है। इसके मुताबिक 7.49 लाख लाभार्थी 9999999999 से जुड़े हुए थे। इनके अलावा 1.39 लाख लाभार्थी 8888888888 और 96,046 लोग 9000000000 नंबर से जुड़े हुए थे।
CAG ने अपनी रिपोर्ट 8 अगस्त को लोकसभा में पेश की, जिसमें सितंबर 2018 से मार्च 2021 तक के परफॉर्मेंस ऑडिट रिजल्ट शामिल किए गए हैं।
CAG ने रिपोर्ट में किया है इन नंबरों का जिक्र
CAG की वेबसाइट पर मौजूद इस ऑडिट रिपोर्ट में नंबरों का जिक्र भी किया गया है। इसके मुताबिक 7 लाख 49 हजार 820 लाभार्थी BIS डेटा बेस में एक ही नंबर 9999999999 से जुड़े हुए थे। इनके अलावा 1.39 लाख लाभार्थी 8888888888 नंबर से जुड़े थे और 96,046 लोग 9000000000 नंबर से जुड़े हुए हैं।
परिवारों के आकार पर भी संदेह
CAG की रिपोर्ट में यह बताया गया है कि 43,197 घरों में परिवार का आकार 11 से 201 सदस्यों तक का था। एक घर में इतने सदस्यों का होना न केवल रजिस्ट्रेशन प्रोसेस के दौरान वेरिफिकेशन में फर्जीवाड़े को दिखाता है, बल्कि इस बात की भी संभावना है कि लाभार्थी इस योजना में परिवार की परिभाषा स्पष्ट न होने का फायदा भी उठा रहे हैं।
गड़बड़ी सामने आने के बाद NHA ने कहा कि वह 15 से ज्यादा सदस्यों वाले किसी भी लाभार्थी परिवार के केस में एड मेम्बर ऑप्शन को डिसेबल करने के लिए सिस्टम डेवलप कर रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक 7.87 करोड़ लाभार्थी परिवार योजना में रजिस्टर्ड थे। जो नवंबर 2022 के टारगेट 10.74 करोड़ का 73% है। बाद में सरकार ने लक्ष्य बढ़ाकर 12 करोड़ कर दिया था।
6 राज्यों में पेंशन भोगी उठा रहे PMJAY का लाभ
PMJAY का लाभ चंडीगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में कई पेंशनभोगी उठा रहे हैं। तमिलनाडु सरकार के पेंशनभोगी डेटाबेस की इस योजना के डेटाबेस से तुलना करने पर पता चला कि 1,07,040 पेंशनभोगियों को लाभार्थियों के रूप में शामिल किया गया था।
इन लोगों के लिए राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बीमा कंपनी को करीब 22.44 करोड़ रुपए का प्रीमियम भुगतान किया गया। ऑडिट में पता चला कि अयोग्य लोगों को हटाने में देरी के चलते बीमा प्रीमियम का भुगतान हुआ था।
तिरुमाला तिरुपति बोर्ड का अध्यक्ष ईसाई को बनाने से विवाद; TDP ने राज्य सरकार से सवाल पूछा
आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर बोर्ड का अध्यक्ष वहां के विधायक करुणाकर रेड्डी को बनाए जाने के बाद विवाद पैदा हो गया है। वजह ये है कि करुणाकर रेड्डी का परिवार ईसाई धर्म को मानता है। राज्य सरकार के इस फैसले पर तेलुगुदेशम पार्टी (TDP), भाजपा और कई विपक्षी पार्टियों ने सवाल उठाया है।
विपक्षी पार्टियों का कहना है कि मंदिर के इस पद उस व्यक्ति को होना चाहिए जो हिंदू धर्म में आस्था रखता है। तिरुमाला का श्री वेंकटेश्वरा मंदिर दुनिया का सबसे अमीर मंदिर है। इसके पास 2.5 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसमें 10.25 टन सोना और 3,000 करोड़ रुपए की सालाना कमाई शामिल है।
TDP के प्रदेश सचिव बुच्ची राम प्रसाद ने पूछा कि हिंदू धर्म में आस्था न रखने वाले व्यक्ति को मंदिर का अध्यक्ष कैसे बना सकते हैं। सबको पता है कि वे ईसाई धर्म मानते हैं, उनके ईसाई लोगों से संबंध हैं। उनकी बेटी की शादी ईसाई रीति-रिवाजों से हुई थी।
विपक्षी दलों का कहना है कि मंदिर की ट्रस्ट का अध्यक्ष ऐसे व्यक्ति को ही बनाया जाना चाहिए जिसकी हिंदू धर्म में पूरी आस्था हो।
भाजपा बोली- इस पद का राजनीतिक इस्तेमाल दुर्भाग्यपूर्ण
वहीं, राज्य की भाजपा इकाई की अध्यक्ष डी पुरंदेश्वरी ने भी कहा कि हिंदू धर्म में विश्वास रखने वाले को ही इस पद पर बैठाना चाहिए। सरकार के फैसले से साबित होता है कि इस पद को सरकार राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है।
तिरुपति बोर्ड में एग्जीक्यूटिव अफसर रह चुके भाजपा नेता और पूर्व चीफ सेक्रेटरी आई वाई आर कृष्णा राव ने भी सरकार के फैसले को गलत ठहराया। उन्होंने कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि TTD ट्रस्ट बोर्ड का अध्यक्ष पद राजनीतिक नियुक्ति बनकर रह गया है।
राज्य सरकार ने अपने फैसले को जायज ठहराया
YSRCP ने अपने फैसले को जायज ठहराया है। पार्टी विधायक श्रीकांत रेड्डी ने कहा कि करुणाकर रेड्डी की धार्मिक आस्था को लेकर कोई कॉन्ट्रोवर्सी नहीं है। विपक्षी दल बिना बात के मुद्दा बना रहे हैं। तिरुपति के लोग करुणाकर रेड्डी और उनके धर्म को लेकर सब जानते हैं।
करुणाकर रेड्डी वाई एस आर परिवार के कट्टर समर्थक हैं।
दूसरी बार ट्रस्ट के अध्यक्ष बनेंगे करुणाकर
करुणाकर रेड्डी 10 अगस्त को तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष पद पर बैठेंगे। ये दूसरी बार है जब उन्हें ये पद सौंपा गया है। जब जगन मोहन रेड्डी के पिता वाई एस राजशेखर रेड्डी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब 2006-2008 के बीच भी करुणाकर रेड्डी को ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाया गया था।
करुणाकर रेड्डी YSR परिवार के कट्टर समर्थक हैं। पहले वे भी जगन मोहन रेड्डी के साथ कांग्रेस में थे। जब जगन मोहन ने अपने पिता की मृत्यु के बाद कांग्रेस छोड़कर YSR कांग्रेस बनाई, तो करुणाकर उनके साथ आ गए। करुणाकर का कहना है कि उनका परिवार ईसाई धर्म का पालन करता है, पर वे हिंदू धर्म को मानते हैं।
प्रभु वेंकटेश्वर भगवान विष्णु का अवतार हैं। ऐसा माना जाता है कि भगवान विष्णु ने कुछ समय के लिए स्वामी पुष्करणी नामक सरोवर के किनारे निवास किया था।
तिरुपति मंदिर के पास 2.5 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति
तिरुमाला का श्री वेंकटेश्वरा मंदिर दुनिया का सबसे अमीर मंदिर है। इसके पास 2.5 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसमें 10.25 टन सोना और 3,000 करोड़ रुपए की सालाना कमाई शामिल है। हर साल हुंडी कलेक्शन या श्रद्धालुओं के दान से 1,500 करोड़ रुपए जमा होते हैं।
2023-24 के लिए तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम बोर्ड ने 4,411 करोड़ रुपए का बजट पास किया था। ये पिछले साल के बजट से 43% ज्यादा है। 1933 में TTD बोर्ड बनाए जाने के बाद से अब तक इस साल का बजट सबसे ज्यादा है।
एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से हराया; PAK टूर्नामेंट से बाहर
मुकाबले चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में खेले गया। पहले हाफ में भारत 3 गोल से आगे था।
भारतीय हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान को 4-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने डबल गोल दागे। एक-एक गोल जुगराज सिंह और आकाशदीप सिंह की स्टिक से आया। ये भारत की पाकिस्तान पर ओवरऑल 65वीं जीत है। अब टीम इंडिया पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है।
भारतीय टीम का सेमीफाइनल मुकाबला जापान से 11 अगस्त को चेन्नई में खेला जाएगा। 12 अगस्त को टूर्नामेंट का फाइनल होगा। इसमें गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम को सीधे ओलिंपिक में जगह मिलेगी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के टॉप स्कोरर हैं। वे अब तक 7 गोल कर चुके हैं।
चंद्रयान-3 ने दूसरी बार अपनी कक्षा घटाई; अब इसकी चांद से मिनिमम दूरी 174 किमी और मैक्सिमम दूरी 1437 किमी
इसरो ने दूसरी बार चंद्रयान-3 की ऑर्बिट घटाई है। अब ये ऐसी अंडाकार ऑर्बिट में आ गया है, जिसमें उसकी चांद से मिनिमम दूरी 174 किमी और मैक्सिमम दूरी 1437 किमी है। 14 अगस्त को फिर से चंद्रयान की ऑर्बिट बदली जाएगी। 23 अगस्त को लैंडिंग से पहले कुल 4 बार ऑर्बिट कम की जानी है।
चंद्रयान-3 में लैंडर, रोवर और प्रोपल्शन मॉड्यूल हैं। लैंडर और रोवर चांद के साउथ पोल पर उतरेंगे और 14 दिन तक वहां प्रयोग करेंगे। प्रोपल्शन मॉड्यूल चंद्रमा की कक्षा में रहकर धरती से आने वाले रेडिएशन्स की स्टडी करेगा। इस मिशन के जरिए इसरो पता लगाएगा कि चांद की सतह पर भूकंप कैसे आते हैं। यह चंद्रमा की मिट्टी की भी स्टडी करेगा।
इमरान की गिरफ्तारी के बाद तोशाखाना गिफ्ट की नीलामी; रकम से गरीबों की मदद की जाएगी
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने ऐलान किया है कि तोशाखाना (सरकारी खजाने) में रखे गिफ्ट्स की नीलामी की जाएगी। इससे जो पैसे जमा होंगे उनका इस्तेमाल गरीबों और जरूरतमंदों की मदद के लिए किया जाएगा। तोशाखाना मामले में पूर्व PM इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद ये फैसला लिया गया है।
5 अगस्त को इस्लामाबाद की ट्रायल कोर्ट ने तोशाखाना मामले में खान को 3 साल की सजा सुनाई थी। खान ने प्रधानमंत्री रहते हुए अलग-अलग देशों से मिले गिफ्ट को बेच दिया था। उन्होंने तोशाखाना से गिफ्ट्स को 2.15 करोड़ रुपए में खरीदा था और बताया कि इन्हें बेचने पर उन्हें 5.8 करोड़ रुपए मिले थे। बाद में खुलासा हुआ कि यह रकम 20 करोड़ से ज्यादा थी।
लोकसभा में राहुल गांधी की ‘फ्लाइंग किस’ विवाद पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि यह उनका बचपना है। ऐसी ही उलटी-सीधी चीजों के चक्कर में हाल में उनकी सांसदी चली गई थी। वह एक वरिष्ठ सांसद हैं। उन्होंने लोकसभा में आपत्तिजनक भाषण दिया। फिर उनका जाते हुए फ्लाइंग किस करना भी आपत्तिजनक था। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
देर रात डोली हिमाचल में धरती, लाहौल और स्पीति जिले में आया भूकंप
हिमाचल प्रदेश की धरती एक बार फिर बुधवार देर रात को डोल गई। लाहौल स्पीति में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.4 थी। यह और बात है कि इससे जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने यह जानकारी दी
वर्ल्ड कप में पाक-भारत की भिड़ंत 14 अक्टूबर को
भारत और पाकिस्तान के बीच वनडे वर्ल्ड कप कप का बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब शुरुआती कार्यक्रम से एक दिन पहले 14 अक्टूबर को खेला जाएगा। ICC ने बुधवार को टूर्नामेंट के नौ मैच का कार्यक्रम बदलने की घोषणा की। इसके बाद पाकिस्तान और इंग्लैंड के तीन-तीन मैच का कार्यक्रम बदला है। भारत के दो मुकाबलों की तारीख बदली गई है।
पाक संसद भंग करने की सिफारिश
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संसद को भंग करने की सिफारिश राष्ट्रपति आरिफ अल्वी के पास भेज दी। संसद का कार्यकाल 12 अगस्त को पूरा होने वाला है। संसद में प्रधानमंत्री के तौर पर आखिरी संबोधन में शहबाज शरीफ ने कहा कि गुरुवार को बैठक की जाएगी। संविधान के मुताबिक, हमारे पास किसी फैसले पर पहुंचने के लिए तीन दिन का समय है।
PM को मारने की धमकी, जांच शुरू
महाराष्ट्र में हिंदुत्व से संबंधित एक वेबसाइट पर दर्ज की गई एक टिप्पणी में एक शख्स ने भारत में बम विस्फोट करने और पीएम नरेंद्र मोदी को जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि वेबसाइट पर 6 अगस्त को कथित तौर पर टिप्पणी करने वाले एम. ए. मोखीम के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

